जमीन विवाद में मारपीट, छह घायल
चोलापुर थाना क्षेत्र के सुल्तानीपुर गांव में जमीन विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्ष का केस दर्ज किया है। घायलों काे चोलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। इंस्पेक्टर योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि मूलचंद की तहरीर पर विजय, धर्मेंद्र, अमित, लालचंद, रमेश और लालचंद की तहरीर पर मूलचंद, हरेंद्र, वीरेंद्र, सोनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
सड़क पर शराब पीने वाले पांच आरोपियों का चालान
सड़क पर अतिक्रमण करने वालों और सड़क पर दुकानों के सामने शराब पीने वालों के खिलाफ कैंट पुलिस ने रविवार की रात अभियान चलाया। पांडेयपुर ओवर ब्रिज के नीचे सड़क पर ठेले के पास खड़े होकर शराब पीने वालों पांच आरोपियों का चालान किया गया। बाद में सभी को माफीनामा के बाद रिहा किया गया। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मुजफ्फपुर निवासी सुनील कुमार मिश्रा, श्रेयांश सिंह, टकटकरपुर निवासी धर्मेंद्र कुमार श्रीवास्तव, बलुआ रोड सारनाथ निवासी प्रमोद कुमार और सलारपुर सारनाथ निवासी देवीलाल सोनकर का चालान किया गया है।
परमानंदपुर में पेड़ की डाली गिरी, 8 घंटे गुल रही
रोहनिया इलाके के परमानंदपुर में पेड़ की डाली गिरने से बिजली का तार टूट गया। इससे शनिवार की आधी रात से बिजली गुल हो गई। ग्रामीणों ने उपकेंद्र पर फोन कर आपूर्ति की जानकारी मांगी लेकिन नहीं मिल सकी। शनिवार की रात एक बजे से गुल बिजली अगले दिन रविवार की सुबह 9 बजे आ सकी। जेई रोहित कुमार ने बताया कि रात में ही टूटे तार को बदल दिया गया।
कादीपुर में आरओबी का काम बंद होने के विरोध में उतरे ग्रामीण
कादीपुर में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज(आरओबी) का काम एक महीने से बंद होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि ओवरब्रिज निर्माण से न केवल जाम और दुर्घटनाओं की समस्या खत्म होगी बल्कि आने जाने में भी राहत होगी। इसके बाद रेलवे की ओर से निर्माण कार्य नहीं शुरू करवाया जा रहा है।
चौबेपुर ग्राम प्रधान राघवेन्द्र जायसवाल ने बताया कि करीब एक माह पूर्व ही रेलवे को एक पत्र भेजा गया था। इसके बाद भी रेल आवागमन प्रतिबंधित करने के लिए कोई समय निर्धारित नहीं किया गया है। प्रधान ने वरिष्ठ खंड अभियंता धीरज श्रीवास्तव से बातचीत की, जिस पर अभियंता ने इस दिशा में जल्द ही फैसला लेने का आश्वासन दिया है। इस दौरान अजीत विश्वकर्मा, आकाश गुप्ता,गोल्डी सोनकर,सोनू जायसवाल,अनिल कुमार,अनूप बरनवाल आदि लोग मौजूद रहे।
रिंग रोड पर दो कार की टक्कर, सात लोग घायल
बड़ागांव थाना क्षेत्र के वाजिदपुर रिंग रोड चौराहे पर शनिवार की रात दो कार की टक्कर में सात लोग घायल हो गए। सभी को बीएचयू स्थित ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। चंदौली के हिमांशु सिंह और उनके पिता चंद्रशेखर सिंह, सुधांशु सिंह (33) अयोध्या से लौट रहे थे। दूसरी कार में गोपीगंज से मऊ पीएटी परीक्षा देने जा रहे छह युवक थे। इनमें प्रशांत कुमार (26), मोनू (26), सत्य प्रकाश (25), गोविंद (25) और संदीप (25) घायल हो गए। तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है। थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है।
वाहन की टक्कर से बाइक सवार घायल
चोलापुर थाना क्षेत्र के गोसाईपुर-मोहांव ओवरब्रिज पर रविवार की सुबह अज्ञात चार पहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार विशाल गुप्ता (25) घायल हो गया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। बहलोलपुर निवासी विशाल गुप्ता अपनी बाइक से शहर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। मौके से भाग निकला। आसपास के लोगों ने पुलिस का सूचना दी और अस्पताल में भर्ती कराया।
युवक की पिटाई, अचेतावस्था में छोड़कर भागे
राजातालाब थाना क्षेत्र के बढ़ैनी गांव में शनिवार की रात अमित सिंह उर्फ गोलू 32 वर्ष की मनबढ़ों ने पिटाई कर दी। अचेतावस्था में अमित को पुलिस ने बीएचयू स्थित ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। परिजनों ने उसे अखरी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। मिर्जापुर चुनार के कुशहा निवासी अमित के परिजनों ने पुलिस को बताया कि छह से सात की संख्या में युवकों ने मारा पीटा है। थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि खाने पीने के दौरान मारपीट हुई है। तहरीर मिलने पर आगे कार्रवाई होगी।
सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से लंका पुलिस ने ढूंढ़े पांच मोबाइल
लंका पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से गुम हुए पांच मोबाइल को बरामद किया और रविवार को मोबाइल उनके मालिकों को सुपुर्द किया। प्रभारी निरीक्षक राजकुमार ने बताया कि मोबाइल गुमशुदगी के संबंध में मिले प्रार्थना पत्र के आधार पर कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम ने सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से खोज निकाला।
जुए के फड़ पर पुलिस ने मारा छापा, छह आरोपी गिरफ्तार
रोहनिया थाना क्षेत्र के करनाडाडी गांव में पुलिस ने रविवार को जुआ के फड़ पर छापा मारकर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। फड़ से 8400 रुपये नकदी और ताश के पत्ते बरामद हुए। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में ढोलापुर निवासी भोला प्रसाद, दूधनाथ पटेल, सुभाष व करनाडाडी निवासी ब्रिजेश कुमार, विकास कुमार, रामराज शामिल हैं।
छह साल की मासूम से छेड़खानी, 58 साल का आरोपी गिरफ्तार
रामनगर थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में छह साल की मासूम के साथ छेड़खानी में 58 वर्ष के आरोपी अमरनाथ गिरी को पुलिस ने रविवार को बंधा रोड से गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष दुर्गा सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अमरनाथ, जौनपुर के जफराबाद थाना क्षेत्र के दरीबा का निवासी है। बच्ची की मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। शुक्रवार की दोपहर अमरनाथ गिरी अपने बेटी-दामाद से मुलाकात के लिए आया था। इस बीच पड़ोस में किराये पर रहने वाली एक महिला अपनी बेटी को घर में बैठाकर बाजार चली गई। आरोप है कि इस बीच अमरनाथ ने बच्ची के संग छेड़खानी की। मां के घर पहुंचने पर बच्ची ने घटना की जानकारी दी थी।