फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News Today: 27 साल से भागा पंजाब एंड सिंध बैंक का तत्कालीन प्रबंधक गिरफ्तार, पढ़ें- प्रमुख खबरें

Thu, 19 Feb 2026 05:26 PM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: 27 साल पुराने गबन प्रकरण में पंजाब एंड सिंध बैंक के गोलघर शाखा के तत्कालीन शाखा प्रबंधक को वाराणसी से गिरफ्तार
किया गया। आरोप है कि फर्जी तरीके से अपने रिश्तेदारों के नाम पर बैंक खाते खोले और उन खातों में रुपये भेजकर गबन किया। 
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने 27 साल पुराने गबन प्रकरण में कार्रवाई करते हुए पंजाब एंड सिंध बैंक के गोलघर शाखा के तत्कालीन शाखा प्रबंधक जयदीप मित्रा को वाराणसी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले 27 साल से भागा हुआ था। आरोप है कि उन्होंने और अन्य बैंक अधिकारियों ने फर्जी तरीके से अपने रिश्तेदारों के नाम पर बैंक खाते खोले और उन खातों में रुपये भेजकर कुल 34,78,420 रुपये का गबन किया। 

विज्ञापन


जानकारी के अनुसार, वर्ष 1999 में बैंक की गोलघर शाखा में तैनात शाखा प्रबंधक, कैशियर क्लर्क तथा अन्य अधिकारियों ने कथित रूप से अपने सगे-संबंधियों के नाम पर फर्जी बैंक खाते खुलवाए। इन खातों में अवैध रूप से धनराशि स्थानांतरित कर कुल 34,78,420 रुपये का गबन किया गया। मामले का पर्दाफाश होने के बाद बैंकिंग महकमे में हड़कंप मच गया था। इस संबंध में गोरखपुर के कैंट थाने में आरोपियों के खिलाफ विश्वासघात, फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी, जालसाजी, साजिश की धारा में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। 

प्रारंभिक विवेचना स्थानीय पुलिस ने की, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए शासन के निर्देश पर 10 जुलाई 2000 को जांच आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) को सौंप दी गई। ईओडब्ल्यू की जांच में कुल नौ आरोपियों की संलिप्तता सामने आई थी। इनमें से अधिकांश आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। जबकि दो आरोपी जिनमें जयदीप मित्रा भी शामिल था, लंबे समय से भागा हुआ था। 
विज्ञापन


ईओडब्ल्यू टीम ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार को वाराणसी में दबिश देकर जयदीप मित्रा को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद अब आरोपी को कानूनी प्रक्रिया के तहत न्यायालय में पेश किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक मामले में शेष आरोपियों की तलाश जारी है और सभी के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ई-रिक्शा चालक सनी की हत्या में 25-25 हजार के दो इनामी गिरफ्तार

साड़ी बिक्री के 30 प्रतिशत कमीशन के विवाद में ई-रिक्शा चालक सनी सोनकर (25) की अगवा कर हत्या के मामले में वांछित 25-25 हजार के इनामी दो आरोपियों रवि गुप्ता और राहुल विश्वकर्मा को आदमपुर पुलिस ने मंगलवार रात बसंता कॉलेज यूनियन बैंक के पास से गिरफ्तार किया। शराब पिलाने के बाद सनी की उसके पांच दोस्तों ने हत्या की थी। 

डीसीपी काशी गौरव वंशवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में जलालीपुरा तेलियाना निवासी रवि कुमार गुप्ता और राहुल विश्वकर्मा है। दोनों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित था। सनी की हत्या में तीन अन्य आरोपियों की पूर्व में गिरफ्तारी हो चुकी है। सभी जिला जेल में हैं। 



आदमपुर पुलिस की पूछताछ में रवि और राहुल विश्वकर्मा ने बताया कि 29 जनवरी को सनी सोनकर व अन्य दोस्तों के साथ जलालीपुरा में पनारू पान वाले की दुकान के सामने सड़क पर ऑटो खड़ी कर शराब पी रहे थे। तभी साड़ी के कमीशन को लेकर सनी सोनकर से विवाद हो गया। इस बीच मारपीट में सनी के सिर में ईंट से चोट लग गई। उसे अचेतावस्था में देख लगा कि उसकी मौत हो गई। 

ऑटो में लादकर रामनगर टेंगरा मोड़ होते हुए विश्वसुंदरी पुल पर ले गए और पुल के बीच से उसे गंगा में फेंक दिया। पुलिस की तफ्तीश में सीसी कैमरे से घटना खुल गई। आदमपुर पुलिस के अनुसार, सनी सोनकर की हत्या में वीरू गुप्ता, अभिषेक चौहान और संतोष कुमार उर्फ मोगली जेल में हैं। आरोपियों ने बताया कि साड़ी दुकान पर ग्राहकों को ले जाने पर उन्हें 30 प्रतिशत कमीशन मिलता था। सनी अकसर कमीशन का पैसा अपने पास रख लेता था, जिसे लेकर पहले भी विवाद हो चुका था।  

रास्ते के विवाद में दो पक्षों में मारपीट, दो पर प्राथमिकी

कपसेठी थाना क्षेत्र के केवटान में दो दिन पहले रास्ते के विवाद में दो पक्षों में मारपीट के मामले में दो आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की गई। मारपीट में तीन लोग घायल हैं। पीड़ित आशीष कुमार बिंद ने पुलिस को बताया कि पड़ोसी मनीष कुमार बिंद व प्रहलाद बिंद को घर के सामने स्पीड ब्रेकर बनाने से मना किया तो आरोपियों ने हमला कर दिया। बीचबचाव में छोटे भाई विशाल, पिता रघुनाथ की भी पिटाई की। कपसेठी थानाध्यक्ष सधुवनराम गौतम ने बताया कि मनीष बिंद व प्रहलाद बिंद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। संवाद

नाव हादसे मामले में प्राथमिकी दर्ज
तुलसी घाट के सामने गंगा में नाव हादसे के जिम्मेदारों नाव संचालक भदैनी निवासी गोपाल साहनी और बड़ी नाव चालक मलहिया टोला रामनगर निवासी राजन साहनी के खिलाफ भेलूपुर थाने में मंगलवार रात प्राथमिकी दर्ज की गई है। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि 16 फरवरी को गोपाल साहनी छोटी नाव पर 5 व्यक्तियों को बिना लाइफ जैकेट उस पार ले जा रहा था। दक्षिण दिशा से राजन साहनी बड़ी नाव लापरवाही पूर्वक लेकर पहुंच गया। दोनों नाव में टक्कर हो गई और छोटी नाव अनियंत्रित होकर गंगा में डूब गई। एनडीआरएफ की टीम ने डूब रहे 5 व्यक्तियों को बचाया। ब्यूरो

घायल किसान की इलाज के दौरान मौत
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के छतेरी गांव में मंगलवार को पिकअप की टक्कर से घायल बाइक सवार किसान सुरेंद्र सिंह पटेल (47) की उपचार के दौरान बुधवार तड़के शहर के निजी अस्पताल में मौत हो गई। डंगहरिया निवासी सुरेंद्र सिंह पटेल की मौत की सूचना अस्पताल प्रबंधन ने कैंट पुलिस को दी। वहीं, घटनास्थल मिर्जामुराद होने के नाते पोस्टमार्टम के लिए परिजनों को इंतजार करना पड़ा। एसीपी राजातालाब अजय कुमार श्रीवास्तव ने कैंट पुलिस को पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया। संवाद

नाश्ता की दुकान पर दंपती पर हमला, प्राथमिकी दर्ज
बड़ागांव थाना क्षेत्र के गांगकला बाजार में मंगलवार को दंपती को मनबढ़ों ने पीट दिया। दुकान पर नाश्ते के दौरान हमले में घायल दंपती ने प्राथमिकी दर्ज कराई। गांगकला गांव निवासी रोहित और उसकी पत्नी काजू ने पुलिस को बताया कि वह दोनों नाश्ता कर रहे थे, उसी समय गांव के संजू पटेल, आशीष और पांच अज्ञात ने हमला कर दिया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि नामजद और अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पति समेत चार पर दहेज उत्पीड़न में प्राथमिकी दर्ज

विवाहिता ने पति समेत ससुराल के चार सदस्यों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज कराई है। जंसा थाना क्षेत्र के पचवार गांव की रहने वाली अंकिता पांडेय ने बताया कि सिंधोरा थानाक्षेत्र के ओदार गांव और वर्तमान पता बड़ागांव के धनेसरी गांव निवासी पति प्रवीण कुमार पाठक और ससुर, सास, ननद दहेज को लेकर प्रताड़ित करते हैं। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।  

क्रिप्टो में निवेश पर 1.25 करोड़ रुपये की साइबर ठगी, प्राथमिकी दर्ज
वाराणसी। क्रिप्टो ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर रोहित डोडवानी से 1.25 करोड़ की साइबर ठगी हुई। पीड़ित ने 16 फरवरी को साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। टीम तफ्तीश कर रही है। महमूरगंज के झूलेलाल नगर निवासी पीड़ित रोहित डोडवानी ने साइबर क्राइम थाने की पुलिस को बताया कि 14 दिसंबर 2025 को इंस्टाग्राम पर mahika.arushi_sharma आईडी से आरुषि से संपर्क हुआ और व्हाट्सएप नंबर पर बातचीत हुई। गो ट्रेडिंग हब डॉट काॅम से लॉगिन भेजा गया। 19 दिसंबर से क्रिप्टो ट्रेडिंग शुरू किया। ट्रेडिंग के दौरान जब पैसा निकालना चाहा तो नहीं निकालने दिया गया। 19 दिसंबर से 9 फरवरी के बीच 1,25,00,000 रुपये का 1,25,000 यूएसडीटी ट्रांसफर किया है। सारी जमा पूंजी लगा दी है। साइबर क्राइम थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि विवेचना कराई जा रही है। ब्यूरो

फेसबुक पर आए लिंक पर क्लिक करते ही 10 बार में 5.68 लाख की साइबर ठगी
महिला के खाते से 10 बार में 5.68 लाख रुपये की साइबर ठगी हो गई। फेसबुक पर आए एक लिंक पर क्लिक करने के बाद ही धड़ाधड़ 10 बार में खाते से रकम साफ हो गई। पीड़िता ने साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिवपुर थाना क्षेत्र के दांदूपुर निवासी शिल्पा सिंह ने साइबर क्राइम थाने की पुलिस को बताया कि 13 फरवरी 2026 को अपने फेसबुक अकाउंट को सेट कर रही थी। इस बीच एक लिंक प्राप्त हुआ और उस लिंक पर जैसे ही क्लिक किया तो मोबाइल पूरा ब्लैक हो गया। कुछ नहीं दिखा। घबराहट में मोबाइल ऑफ कर दिया। ऑन करने पर मालूम चला कि खाते से पैसे निकले हैं। मैसेज आते ही तुरंत बैंक ऑफ बड़ौदा ब्रांच पांडेयपुर में संपर्क किया। स्टेटमेंट से पता चला कि यूपीआई के जरिए अलग-अलग ट्रांजेक्शन हुए हैं। साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि बैकिंग विवरण के जरिए जांच कराई जा रही है।  

दुकान लगाकर रास्ता जाम करने पर चार पर प्राथमिकी दर्ज
आशापुर-हवेलिया मार्ग पर बुधवार रात आठ बजे सार्वजनिक मार्ग पर अंडा, कबाब पराठे की दुकान लगाकर रास्ता जाम करने के मामले में सारनाथ पुलिस ने चार दुकानदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि आशापुर चौराहे से हवेलिया की तरफ जाते समय सार्वजनिक मार्ग पर राहगीरों की सुरक्षा और असुविधाओं को लेकर पटरी पर अतिक्रमण करने वालों को हिदायत दी जा रही है। बावजूद विश्वनाथ लॉन के सामने रोड की दूसरी तरफ सड़क, फुटपाथ पर आशापुर निवासी रोहित गुप्ता की ओर से ठेले पर अंडे की बिक्री, बाराबंकी के कोठी थाना क्षेत्र के असौरी निवासी फैयाज की ओर से ठेले पर कबाब पराठे, चौबेपुर के सरिया नंबर दो निवासी विजय कुमार की ओर से अंडे की दुकान और बाराबंकी के कोला गहबादी करीमगंज निवासी लुकमान की ओर से ठेले पर कबाब पराठे बेचे जे रहे थे। सार्वजनिक रास्ते पर राहगीरों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा था।  

10 घंटे बाद गुमशुदा किशोर मिर्जामुराद में मिला

महज 10 घंटे में गुमशुदा 9 साल के बालक को पुलिस ने बरामद कर बुधवार को परिजनों के सुपुर्द किया। भदोही के चौरी थाना क्षेत्र के लाठियां गांव निवासी मुदित चौहान (9) सुबह अपनी मां से कहकर घर से निकला कि वह नानी के घर जा रहा है। मां लक्ष्मी देवी ने उसे समझाया कि अभी छोटे हो बड़े होने पर जाना। मुदित साइकिल से निकल पड़ा। देर शाम तक मुदित का पता नहीं चला तो परिजन घबरा गए। मां लक्ष्मी देवी और पिता श्यामधर चौहान ने रोते-बिलखते हुए चौरी थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी। इधर भटकते हुए मुदित साइकिल से मिर्जामुराद क्षेत्र के रूपापुर पहुंच गया। बच्चे को देख उपनिरीक्षक कौशल किशोर व कांस्टेबल कमलेश यादव ने पूछताछ की। इस बीच उसके परिजनों को फोन कर जानकारी दी। थाने पहुंचे बेटे को देखते ही पिता भावुक हो गए।  

कूटरचित दस्तावेज से 3.55 लाख की धोखाधड़ी का आरोपी गिरफ्तार
चोरी और कूटरचित दस्तावेज से 3.55 लाख की धोखाधड़ी के आरोपी संजय कंतुराम राय को लंका पुलिस ने मंगलवार रात लोहता क्षेत्र से गिरफ्तार किया। नवी मुंबई के कुर्ला पश्चिमी नायर स्टेट नेताजी नगर शांति सेवा संघ 90 फीट रोड निवासी संजय कंतुराम राय वर्तमान में लोहता थाना क्षेत्र के मंगलपुर अलाउद्दीनपुर में रहता है। लंका थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी पर विभिन्न थानों में चार प्राथमिकी दर्ज है। लंका के साकेतनगर निवासी डाॅ. राशिद परवेज ने प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोप था कि आरोपी संजय कांतूराम राय ने चेक चोरी करने के बाद प्रधान डाकघर में खाता खोला था। बैंक कर्मचारियों की मिलीभगत से फर्जी हस्ताक्षर कर बैंक से 3.55 लाख रुपये निकाल लिए थे।  

बकरी चोरी करते हुए तीन आरोपी सीसी कैमरे की फुटेज में हुए कैद
चौबेपुर थाना क्षेत्र के तरया में रविवार को बकरी चोरी के मामले में तीन युवक सीसी कैमरे की फुटेज में कैद हुए हैं। पंचायत भवन के पास नागेंद्र प्रताप के दरवाजे पर बंधी बकरी चोरी हुई है। तीन मिनट के फुटेज में दो युवक पहले चकरोड के पास बकरी के इर्द-गिर्द दो मिनट तक टहलते रहे। आसपास कोई दिखाई नहीं दिया तो एक युवक ने झपट्टा मारकर बकरी को पकड़ा और उसे दूसरे युवक की बाइक पर लेकर भाग निकला। घटना के तीसरे दिन पूर्व ग्राम प्रधान सुरेंद्र पीड़ित को लेकर पंचायत सचिवालय पहुंचे और सीसी कैमरे की फुटेज खंगाली। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि आरोपियों की पहचान की जा रही है। 

कूटरचित दस्तावेज से शादी, फिर मारपीट में आरोपी गिरफ्तार
कूटरचित दस्तावेज से युवती से शादी, मारपीट और धमकी के मामले में आरोपी अमन सैनी को कैंट पुलिस ने बुधवार को बहादुर शहीद मजार फुलवरिया से गिरफ्तार किया। आरोपी लक्सा थाना क्षेत्र के रामापुरा का निवासी है। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि 7 जनवरी 2026 को पीड़िता ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि 2023 में कूटरचित व फर्जी अंकपत्र, सर्टिफिकेट तैयार कर अमन सैनी ने धोखाधड़ी से शादी की। इसके बाद मारपीट और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर जान से मारने की धमकी दी। 

जल निगम का ताला तोड़कर 24 बैटरी चोरी

कपसेठी थाना क्षेत्र के मड़ैया गांव के जल निगम परिसर में मंगलवार देर रात 24 बैटरी चोरी हो गई। बुधवार सुबह ऑपरेटर वरुण सिंह ने ग्राम प्रधान और पुलिस को सूचना दी। कपसेठी थानाध्यक्ष सधुवन राम गौतम ने बताया कि जांच की जा रही है।  

हत्या के आरोपी को रिमांड पर लेकर बरामद किया गया फावड़ा
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चित्रसेनपुर गांव में रास्ते के विवाद को लेकर 17 जनवरी की दोपहर सुनीता देवी की फावड़े से वारकर हत्या के मामले में आरोपी पड़ोसी कुलदीप पटेल को पुलिस ने बुधवार को छह घंटे के लिए रिमांड पर लिया। कुलदीप की निशानदेही पर गांव के नलकूप के पास सरसों के खेत से फावड़े को बरामद किया गया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि 6 घंटे की रिमांड में कुलदीप से पूछताछ की गई। उसे जेल भेज दिया गया है। पति मुन्ना लाल पटेल ने कुलदीप समेत अन्य के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। कुलदीप की माता चंद्रावती और पिता विक्रमा पटेल को गिरफ्तार किया गया। पुलिस को चकमा देकर कुलदीप पटेल ने कोर्ट में आत्मसमर्पण किया। 

कार दिलवाने के नाम पर धोखाधड़ी, प्राथमिकी दर्ज
लंका के प्रकाश पैलेस होटल के पूर्व मैनेजर हिमांशु गुप्ता के खिलाफ कार दिलवाने के नाम पर धोखाधड़ी मामले में मंगलवार को लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। चंदौली के दिग्घी और हाल पता चाणक्यपुरी काॅलोनी भीटी रामनगर निवासी सतीश सिंह की तहरीर के आधार पर कार्रवाई हुई है। आरोपी हिमांशु जिला जेल में बंद है।

सतीश ने पुलिस को बताया कि हिमांशु गुप्ता ने कानपुर आहिखां सदानंद नगर के रहने वाले अरविंद कुमार शर्मा की गाड़ी सात लाख रुपये में तय कराई थी। इसका लोन भरने के नाम पर चार लाख रुपये हिमांशु के बताए खाते में ट्रांसफर किया। गाड़ी के कागज ट्रांसफर करने के नाम पर मनमानी करने लगा। इस बीच मोबाइल बंद कर भाग निकला। हिमांशु गुप्ता को बीते बृहस्पतिवार को लंका पुलिस ने गिरफ्तार किया। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि आरोपी जेल में है।

इसे भी पढ़ें; यूपी में बड़ी वारदात: एक कमरे में दो लाश, फंदे पर लटका था व्यापारी, बक्से में बोरी के अंदर मिला किन्नर का शव

मंदिर न्यास ने कहा- युवक ने सुरक्षा घेरा तोड़ा, आरोप भ्रामक व एकतरफा
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने बुधवार को वीडियो फुटेज और फोटो के साथ अपना पक्ष रखा। न्यास ने कहा कि जिस व्यक्ति ने विवाद किया था उसे आरती के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भंग की थी। इस पर सुरक्षा कर्मियों ने रोका है। न्यास ने सीसीटीवी फुटेज जारी करके कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक व्यक्ति एकपक्षीय और भ्रामक आरोप लगा रहा है। न्यास के अनुसार, संबंधित व्यक्ति ने आरती के समय बैरिकेडिंग कूदकर गर्भगृह में प्रवेश करने का प्रयास किया जिससे मंदिर की व्यवस्था एवं अनुशासन प्रभावित हुआ था।

न्यास ने दावा किया कि उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज और उसके स्क्रीनशॉट इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया को उपलब्ध करा दिए गए हैं। इन साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट है कि मंदिर के किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा संबंधित व्यक्ति के साथ न तो किसी प्रकार का भौतिक और न ही शाब्दिक दुर्व्यवहार किया गया।  
विज्ञापन

शॉर्ट सर्किट से आभूषण की दुकान में लगी आग, पड़ोसी की छत पर जाकर बचाई जान

हवेलिया चौराहे पर आभूषण की दुकान में मंगलवार रात शॉट सर्किट से आग लग गई। मकान मालिक ने परिवार के साथ पड़ोसी की छत पर भागकर जान बचाई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने लगभग डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकानदार संजय वर्मा की आभूषण की दुकान हवेलिया चौराहा पर है। नीचे दुकान ऊपर संजय वर्मा सपरिवार रहते हैं। रात 12 बजे शॉट सर्किट से दुकान में आग लग गई। परिवार के साथ फंसे संजय को कुछ नहीं सूझा तो वह परिवार लेकर बांस की सीढ़ी के जरिये छत से बाहर निकाल कर पड़ोसी की छत पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मकान का मुख्य दरवाजा हथौड़े से तोड़कर अंदर जाने की जगह बनाई और फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा सकीं। मकान मालिक ने बताया कि 20 लाख के घर व दुकान के फर्नीचर, टीवी, पंखा, एसी, सोने चांदी के आभूषण जलकर नष्ट हो गए। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि फायर ब्रिगेड के सहयोग से आग पर काबू पाया गया।
 
बेनीपुर में नमकीन के रैपर में लगी आग, दो घंटे में काबू
पहड़िया के बेनीपुर में बुधवार शाम 5.45 बजे संकठा इंटरप्राइजेज के गोदाम में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। बेसमेंट के गोदाम में नमकीन के रैपर और कार्टन में आग पकड़ने से आग विकराल हो गया। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने दो घंटे में काबू पाया। गोदाम में भरे धुएं को फायर ब्रिगेड ने स्मॉग एग्जास्टर के जरिये निकाला गया। हालांकि रात 10 बजे तक बेसमेंट से धुआं उठता रहा। लालपुर-पांडेयपुर और सारनाथ पुलिस भी मौके पर पहुंची थी।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत ने बताया कि बेनीपुर निवासी अतुल त्रिपाठी की संकठा इंटरप्राइजेज की फर्म है। निर्माणाधीन मकान के बेसमेंट में नमकीन के पैकेट, रैपर और कार्टन रखा गया था। अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। शाम 5.45 बजे सूचना के बाद फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। गोदाम के अंदर जाने का रास्ता बंद था तो फायर कर्मियों ने बिजली आपूर्ति बंद कर आग पर काबू पाया। उधर, गोदाम मालिक ने बताया कि आर्थिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें