तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब (फाइल फोटो)।
- फोटो : अमर उजाला
अमर उजाला, नगर निगम और जिला प्रशासन के सहयोग से 12 अगस्त, बुधवार को मां तुझे प्रणाम के तहत भव्य तिरंगा यात्रा और बाइक रैली शहर में निकाली जाएगी। राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज से निकलने वाली इस यात्रा में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से देशभक्ति की झलक देखने को मिलेगी। यात्रा में हजारों विद्यार्थियों के साथ ही सामाजिक और व्यापारिक संगठनों सहित अन्य लोग भागीदारी करेंगे। हाथ में तिरंगा लिए विद्यार्थी, बुलेट-बाइकर्स टीम के साथ ही रोलर स्केटिंग के खिलाड़ी भी रास्ते में करतब दिखाकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचेंगे।
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज से सुबह आठ बजे निकलने वाली रैली के दौरान जगह-जगह सामाजिक और व्यापारिक संगठनों की ओर से पुष्प वर्षा कर स्वागत किया जाएगा। आगे-आगे देशभक्ति गीत बजाते वाहन चलेंगे, तो पीछे भारत माता की जय और वीर सपूतों की जयघोष करते हुए हाथ में तिरंगा लेकर विद्यार्थी आगे बढ़ते रहेंगे। रास्ते में जगह-जगह ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे।