वाराणसी ट्रैफिक प्रबंधन की नई कार्ययोजना तय
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी में जाम की बढ़ती समस्या से निबटने के लिए ट्रैफिक प्रबंधन की नई कार्ययोजना बनाई गई है। शहर के सात मार्ग आज वन-वे कर दिए गए हैं। रात 10 बजे से सुबह सात बजे तक नो इंट्री खुलने का समय होगा।
एनएच टू से भारी-मध्यम व्यावसायिक वाहन अब सिर्फ मोहनसराय के रास्ते शहर में प्रवेश करेंगे। बाईपास स्थित मलहिया, लौटूबीर, पीतांबरी अस्पताल, नरायनपुर चौराहा, लठिया चौराहा, अमरा अखरी चौराहा, भदवर चौराहा और खमहापुर टड़िया से शहर में भारी-मध्यम व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। यह कार्ययोजना बुधवार से लागू होगी।
एसपी ट्रैफिक सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि रथयात्रा चौराहे से गुरुबाग तिराहा की तरफ वाहन जा सकेंगे लेकिन रथयात्रा चौराहा से गुरुबाग तिराहा की तरफ वाहन नहीं आएंगे। गुरुबाग तिराहा से कमच्छा की ओर वाहन जाएंगे लेकिन कमच्छा की ओर से गुरुबाग तिराहा की ओर नहीं जाएंगे।
गोदौलिया से मैदागिन की ओर वाहन जाएंगे लेकिन मैदागिन से गोदौलिया की ओर नहीं जाएंगे। पांडेयपुर से हुकुलगंज ताड़ीखाना तिराहा की तरफ वाहन जाएंगे लेकिन ताड़ीखाना से पांडेयपुर की ओर नहीं आएंगे।
लोहटिया से डीएवी कालेज की ओर वाहन जाएंगे लेकिन डीएवी कालेज से लोहटिया की ओर नहीं आएंगे। डीएवी कालेज से दारानगर होते हुए मैदागिन की ओर वाहन जाएंगे लेकिन मैदागिन से दारानगर होते हुए डीएवी कालेज की ओर नहीं जाएंगे।
वन-वे की इस व्यवस्था का उल्लंघन पुलिस एक्ट के तहत दंडनीय होगा। निगरानी के लिए तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों पर इसका अनुपालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी होगी।
दिन में हल्के-भारी मालवाहकों और बसों पर प्रतिबंध
वाराणसी में हर दिन रहती है जाम की स्थिति
- फोटो : अमर उजाला
छोटी स्कूल बसों को छोड़कर हल्के-भारी मालवाहक वाहन और यात्री बसें सुबह सात से रात 10 बजे तक भोजूबीर तिराहे से सर्किट हाउस, धर्मशाला तिराहा से इंग्लिशिया लाइन, अंधरापुल से नदेसर होते हुए तेलियाबाग, चौकाघाट से हुकुलगंज, चौकाघाट लकड़ी मंडी से संस्कृत विवि, पांनी टंकी चौराहा से नाटीइमली, भदऊ चुंगी से प्रहलाद घाट, गोलगड्डा से विश्वेश्वरगंज, रविदास गेट लंका से रवींद्रपुरी-दुर्गाकुंड-अस्सी, महमूरगंज से सिगरा-रथयात्रा, पांडेयपुर से चौकाघाट, आशापुर चौराहा से पांडेयपुर चौराहा, वरुणा पुल से नदेसर मार्ग पर नहीं जाएंगे।
सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक ही नगर क्षेत्र में प्रवेश
पेट्रोल टैंकर, एलपीजी ट्रक, एफसीआई के खाद्यान्न वाहन, दूध-ब्रेड वाहन, डाक-कोरियर वाहन शहर क्षेत्र में सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक ही प्रवेश कर सकेंगे। लेकिन, इस दौरान पेट्रोल टैंकर गोलगड्डा से पीलीकोठी, संत रविदास गेट से रवींद्रपुरी-दुर्गाकुंड, धर्मशाला तिराहा से सिगरा चौराहा, धर्मशाला तिराहा से इंग्लिशिया लाइन होते हुए जय सिंह चौराहा पेट्रोल पंप और महमूरगंज तिराहा से रथयात्रा मार्ग पर नहीं जाएंगे।
नो इंट्री में यहां रोके जाएंगे भारी-मध्यम मालवाहक
डुबकिया चौराहा, मुहांव चौराहा, पलहीपट्टी, बाबतपुर, हरहुआ चौराहा-रामेश्वर रोड, जंसा चौराहा, मोहनसराय। जबकि, ट्रैक्टर आशापुर रेलवे क्रांसिग, राजघाट पुल, डाफी, अमरा अखरी चौराहा, रोहनिया बाजार, लोहता बाजार, हरहुआ बाजार, लालपुर चौकी, चांदपुर चौकी से आगे शहर की ओर नहीं जाएंगे।
इन मार्गों पर छोटे व्यावसायिक वाहन भी प्रतिबंधित
सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तीन पहिया-चार पहिया छोटे व्यावसायिक वाहनों के भोजूबीर से सर्किट हाउस, गोदौलिया से चितरंजन पार्क, मैदागिन से चौक-लोहटिया, बेनियाबाग तिराहा से रामापुरा, रामापुरा से बेनिया, भेलूपुर से रामापुरा, वरुणा पुल से नदेसर, गोदौलिया से चौक, कबीरचौरा से मैदागिन मार्ग पर प्रतिबंधित रहेगा।
इन रूटों पर चलेंगी महानगरी बस
लगा जाम
- फोटो : अमर उजाला
- आशापुर से आने वाली महानगरी बसें पांडेयपुर, पुलिस लाइन तिराहे से मकबूल आलम रोड, चौकाघाट से दाहिने जीटी रोड, अंधरापुल होते हुए कैंट रोडवेज।
- बीएचयू से आने वाली बसें सुंदरपुर, डीएलडब्लू, महमूरगंज तिराहा, लहरतारा होते हुए रोडवेज, अंधरापुल, चौकाघाट, गोलगड्डा, कज्जाकपुरा, भदऊ चुंगी, राजघाट।
- कैंट से बाबतपुर की ओर जाने वाली बसें अंधरापुल, नदेसर, इंडिया होटल, जेल रोड होते हुए शिवपुर।
पर्यटक बसों पर भी प्रतिबंध
पर्यटक बसों के आवागमन पर सुबह नौ बजे से रात आठ बजे तक इंग्लिशिया लाइन से मलदहिया, भारत माता मंदिर से साजन तिराहा, चौकाघाट से ताड़ीखाना-नदेसर-तेलियाबाग-लकड़ी मंडी, गोलगड्डा से विशेश्वरगंज, मच्छोदरी से विश्वेश्वरगंज, रविदास गेट से रवींद्रपुरी-दुर्गाकुंड-अस्सी, महमूरगंज से सिगरा-रथयात्रा और पांडेयपुर से चौकाघाट मार्ग पर प्रतिबंध लगाया गया है।
यहां बैलगाड़ी और तांगा पर प्रतिबंध
लंका से गोदौलिया, मैदागिन से गोदौलिया, रथयात्रा चौराहा से गोदौलिया, लहुराबीर से गोदौलिया, भेलूपुर से रामापुरा, लहुराबीर चौराहा से मैदागिन मार्ग पर बैलगाड़ी और तांगा का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित होगा।
सुबह 11 बजे से शाम चार बजे के बीच और शाम सात बजे के बाद बैलगाड़ियाें के आवागमन के तीन मार्ग निर्धारित किए गए हैं। इसके तहत, लहरतारा की ओर से आने वाली बैलगाड़ी धर्मशाला से अंधरापुल, चौकाघाट, लकड़ी मंडी तिराहा, गोलगड्डा, विशेश्वरगंज मार्ग तक जाएगी।
पांडेयपुर से विशेश्वरगंज आने-जाने वाली बैलगाड़ी हुकुलगंज, चौकाघाट, गोलगड्डा होते हुए विशेश्वरगंज जाएगी। पड़ाव से आने वाली बैलगाड़ी राजघाट से भदऊ, गोलगड्डा होते हुए विशेश्वरगंज जाएंगी।