घूस मांगने की ऑडियो क्लिप वायरल होने से चर्चा में आए वाराणसी के चितईपुर चौकी प्रभारी रामकृपाल सिंह को रविवार को एसएसपी ने निलंबित कर दिया। इससे पहले शनिवार को रवींद्रपुरी स्थित प्रधानमंत्री संसदीय कार्यालय में की गई शिकायत पर दरोगा को लाइन हाजिर किया गया था।
लंका थाना क्षेत्र के ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री संसदीय कार्यालय जाकर राज्य मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी से शिकायत की थी कि चितईपुर चौकी प्रभारी को ट्रैक्टर, मैजिक, ऑटो संचालन से लेकर प्रत्येक मामले में पैसा चाहिए।
पैसा न देने पर मुकदमा दर्ज करने की धमकी देते हैं। इस संबंध में ग्रामीणों ने चितईपुर चौकी प्रभारी की ऑडियो क्लिप भी सुनाई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य मंत्री ने एडीजी जोन को फोन कर चौकी प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।
एडीजी जोन के निर्देश पर चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया। सीओ भेलूपुर की जांच रिपोर्ट में दोषी पाए जाने पर एसएसपी ने चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया।