रंगदारी वसूलने के आरोप में वाराणसी जिला जेल में निरुद्ध अभिषेक सिंह उर्फ हनी और उसके गिरोह के सदस्यों की गतिविधियों पर पुलिस की नजर है। इसी क्रम में झुन्ना पंडित के गिरोह के जो सदस्य जिला जेल में बंद हैं उनकी भी निगरानी की जा रही है। इसके मद्देनजर जिला कारागार प्रशासन को पुलिस की ओर से नोटिस दी गई है।
इसमें कहा गया है कि यदि किसी वारदात में इन बदमाशों का नाम आया तो उनसे मुलाकात करने आने वाले और करीबियों के अलावा जिला कारागार के जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई होगी। कैंट थाना के मढ़वा के दिव्यांग दुकानदार की हत्या, एक मजदूर के हत्या के प्रयास और सथवा के पूर्व प्रधान के अपहरण व रंगदारी मांगने का आरोपी झुन्ना पंडित मौजूदा समय में पंजाब की जेल में निरुद्ध है।
वहीं, झुन्ना का साथी हनी रंगदारी मांगने के आरोप में जिला जेल में बंद है। हनी के साथी प्रदीप सिंह, विवेक सिंह कट्टा, रिंकू सिंह, तनुज पांडेय और अजय गुप्ता सहित कुछ अन्य की रंगदारी के मामले में ही पुलिस तलाश कर रही है।
जिला कारागार के अधीक्षक को नोटिस देकर कहा गया है कि हनी व उसके करीबियों और झुन्ना गिरोह के सदस्यों से मुलाकात करने आने वालों की वीडियोग्राफी कराई जाए। उनका नाम, पता, मोबाइल नंबर सहित पूरा विवरण पुलिस को उपलब्ध कराया जाए। हनी और झुन्ना के करीबियों का नाम यदि किसी वारदात में सामने आया तो कारागार प्रशासन के जिम्मेदार लोग भी कार्रवाई की जद में आएंगे।
प्रभाकर चौधरी , एसएसपी
Varanasi district jail
- फोटो : अमर उजाला
झुन्ना की गैंग होगी पंजीकृत, 18 सदस्य चिह्नित
फरार बदमाश अजीम खां की अंतरजनपदीय गैंग के सदस्य झुन्ना पंडित की अलग गैंग पंजीकृत की जाएगी। इस संबंध में एसएसपी ने एसपी क्राइम ज्ञानेंद्र को रिपोर्ट देने को कहा है। झुन्ना के 18 करीबियों को चिह्नित कर सूचीबद्ध किया गया है। वहीं, पुलिस इस प्रयास में भी जुटी है कि हासिमपुर स्थित झुन्ना के घर और अपराध के बलबूते अर्जित उसकी अन्य संपत्तियों को गैंगेस्टर एक्ट के तहत जब्त किया जाए।
चार अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खुली, छह की खोली जाएगी
आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त जिले के चार बदमाशों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है, जबकि छह अन्य की खोलने की तैयारी है। लंका थाना के नरोत्तमपुर के मनीष सिंह सोनू और सुंदरबगिया के गोपाल हेला की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। इससे पहले बीते 26 नवंबर को लोहता थाना के रहीमपुर के साकिर अली और कोतवाली थाना के सप्तसागर के बच्चू यादव उर्फ अभि की हिस्ट्रीशीट खोली गई थी। छह अन्य अपराधियों को चिह्नित कर उनकी हिस्ट्रीशीट खोलने से संबंधित प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है।