कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए बकरीद का त्योहार घर पर ही मनाने और सामूहिक रूप से नमाज न पढ़ने की अपील पुलिस महकमे की ओर से की गई है। इसके साथ ही कहा गया है कि इसके लिए मुस्लिम धर्मगुरु भी लोगों को प्रेरित करें।
एसएसपी अमित पाठक ने बुधवार को बताया कि बकरीद के मद्देनजर रोजाना पीस कमेटियों की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए कह कर उनकी समस्याएं सुनी जा रही हैं। सोशल मीडिया की निगरानी कराई जा रही है ताकि कोई भ्रमात्मक सूचना प्रचारित-प्रसारित न होने पाए।
थानाध्यक्षों को कहा गया है कि वह हर छोटी-बड़ी घटना की सूचना को अपने क्षेत्राधिकारी से साझा करें। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों की निगरानी ड्रोन कैमरे से की जाएगी। संवेदनशील स्थानों की निगरानी सीसी कैमरे और वीडियो कैमरे से कराई जाएगी।
पुलिस रिस्पांस व्हीकल (पीआरवी) को निरंतर भ्रमणशील रहने को कहा गया है। इसके साथ ही सभी पुलिसकर्मियों को कहा गया है कि कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर वह खुद को सुरक्षित रखते हुए ड्यूटी करें।