आईपी मॉल में लगी भीषण आग,मॉल से निकलता धुंआ
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी शहर की घनी आबादी के मध्य आईपी मॉल सिगरा के बेसमेंट स्थित कपड़ा शोरूम के गोदाम में शुक्रवार की दोपहर आग लगने से अफरातफरी मच गई।
मॉल में जब आग लगी तब उसके तीनों थियेटरों में सलमान खान की शुक्रवार को ही रिलीज हुई फिल्म ‘ट्यूबलाइट’ के शो हाउसफुल चल रहे थे। थियेटर और बाहर मिलाकर करीब 11 सौ लोग मौैजूद थे। एनाउंस होते ही लोग थिएटरों से बाहर आए तो धुएं का गुबार देख घबरा गए।
हालांकि उन्हें सीढ़ियों के रास्ते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। तब तक बेसमेंट से उठतीं लपटें इतनी विकराल हो गईं कि चार दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड दस्ते के लिए मुख्य रास्ते से गोदाम तक पहुंचना मुश्किल हो गया।
बेसमेंट की छत तोड़कर गोदाम तक पहुंचने की जगह बनाई गई और तकरीबन तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब जाकर लोग दहशत के साए से उबर पाए। संयोग ही था कि आग ऊपरी मंजिल तक नहीं फैलने पाई और बड़ा हादसा टल गया।
शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
सिगरा स्थित आईपी मॉल के बेसमेंट को दो हिस्से में बांटा गया है। बेसमेंट के एक हिस्से में कपड़े के शोरूम ‘ग्लोबस’ समेत कुछ अन्य कंपनियोंके गोदाम हैं। गोदाम में कपड़े और कार्टन रखे थे।
दोपहर करीब डेढ़ बजे गोदाम से धुएं के गुबार के साथ लपटें उठने लगीं। यह देख कर्मचारियों ने शोर मचाया। बेसमेंट में तैनात कर्मचारी भाग कर ऊपर आए और प्रबंधन को जानकारी दी।
बहुत मुश्किल से बुझी आग
ip mall
- फोटो : अमर उजाला
सबसे पहले बेसमेंट के एक हिस्से में खड़े वाहनों को बाहर निकालने के साथ ही तीन थियेटर में ‘ट्यूबलाइट’ फिल्म देख रहे लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू किया गया। धीरे-धीरे पूरे मॉल को खाली करा दिया गया। एक के बाद दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।
गोदाम से लपट और धुआं निकलने की वजह से मुख्य रास्ते से घुसना मुश्किल था। पाइप अंदर डालकर आग बुझाने का काम शुरू किया गया। इसी बीच एक जेसीबी भी बुलाई। दीवार तोड़ने का प्रयास किया गया लेकिन वह बेसमेंट में आग लगने वाली जगह पर नहीं पहुंच सकी।
बाद में बेसमेंट की छत तोड़ तोड़कर उसमें से पानी डालने के साथ ही सामान बाहर निकाला जाने लगा। धुआं कम होने पर इसी रास्ते कुछ दमकल कर्मियों को अंदर भेजा गया। शाम साढ़े चार बजे तक लंबी मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी।
सीओ चेतगंज राजकुमार यादव ने बताया कि ग्लोबस के गोदाम में आग लगने के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
बेसमेंट में आग और मॉल में आईसक्रीम खाते रहे सिपाही
आईपी मॉल
- फोटो : अमर उजाला
आईपी मॉल में जहां एक ओर दमकल के कर्मचारी जान जोखिम में आग बुझाने में लगे थे तो वही कुछ पुलिसकर्मी मॉल के अंदर आइसक्रीम और पापकार्न खाने में लगे हुए थे। मॉल के ज्यादातर कर्मचारी बाहर थे, ऐेस में उन्हें रोकने वाला नहीं था।
बाहर के जोग लोग अंदर घुसने का प्रयास कर रहे थे उन्हें डांटकर भगा दिया जा रहा था। करीब एक घंटे तक मॉल के अंदर पुलिस का ही कब्जा रहा।
शाम करीब चार बजे तक आग पर लगभग काबू पा लिया गया था। एक टीम आग को पूरी तरह से बुझाने में लगी हुई थी।
दमकल के कर्मचारी बेसमेंट में आग बुझाने में लगे थे तो वहीं पुलिसकर्मी मॉल के अंदर की व्यवस्था देखने के साथ ही मॉल के बाहर तैनात थे। वह भीड़ को अंदर जाने से रोक रहे थे। इसी दौरान कुछ पुलिसकर्मियों ने मॉल के अंदर खूब मस्ती की।