पीएम मोदी के काशी आगमन के मद्देनजर तैयारियों का जायजा लेने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ शहर पहुंच चुके हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ चौथी बार वाराणसी पहुंचे हैं।
इसके लिए बाबतपुर हवाई अड्डे से सर्किट हाउस और सीएम के कार्यक्रम स्थलों तक चप्पे-चप्पे पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई है। वहीं, इससे पहले शनिवार को बाबतपुर एयरपोर्ट से सर्किट हाउस तक मुख्यमंत्री की डमी फ्लीट का रिहर्सल हुआ और पुलिस लाइन में सीएम सुरक्षा में लगी फोर्स को ब्रीफ किया गया।
एनएसजी कमांडो के सुरक्षा घेरे में रहने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा व्यवस्था में 15 एडिशनल एसपी, 30 डिप्टी एसपी, दस एसआई वाहन के साथ, 203 एसआई, 190 हेड कांस्टेबल, 942 कांस्टेबल, 30 महिला एसआई, 50 महिला कांस्टेबल, दस कंपनी पीएसी, 200 यातायात पुलिसकर्मी और 250 होमगार्ड को तैनात किया गया है।
इसके अलावा बम निरोधक दस्ता, एंटी माइंस डिटेक्शन यूनिट और डॉग स्क्वॉड मुख्यमंत्री के सभी कार्यक्रम स्थल पर तैनात रहेंगे।
उधर, देर शाम कमिश्नरी सभागार में एडीजी जोन बी महापात्रा ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया। एडीजी जोन ने बताया कि 22 सितंबर को शहर आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा व्यवस्था की कमान एडीजी सुरक्षा संभालेंगे।