रोप-वे निर्माण में बाधक बने मकानों व दुकानों को तोड़ने के लिए गुरुवार को नगर निगम की प्रवर्तन टीम पहुंची तो कुछ लोगों ने हल्का विरोध किया, जिस पर नगर निगम के अधिकारियों ने उन्हें समझाकर शांत कराया। इसके बाद टीम ने निशान लगाने के बाद तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू कर दी।
वाराणसी में रोपवे निर्माण के लिए बाधक बने करीब 12 भवन व दुकानों के निर्माण को तोड़ा जा रहा है। गिरजाघर चौराहा के समीप 9 मीटर की सड़क को 15 मीटर चौड़ा किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने निशान लगाने के बाद तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू कर दी है।
विज्ञापन
ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने हल्का विरोध किया, जिस पर नगर निगम के अधिकारियों ने उन्हें समझाकर शांत कराया। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि सड़क के दोनों तरफ तीन-तीन मीटर की सर्विस लेन होगी। जिसमें एक मीटर में बिजली के तार बिछाए जाएंगे और बाकी 2 मीटर में अन्य संसाधनों को शिफ्ट कराया जाएगा।
इसके बाद सड़क जस की तस चालू कर दी जाएगी। बता दें कि गिरजाघर के पास ही रोपवे का टावर खड़ा किया जाना है। काम शुरू करने से पूर्व मशीनों को खड़ा करने के लिए जगह तैयार कराई जा रही है।