उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम के वाराणसी परिक्षेत्र ने कमाई में यूपी टॉप किया है। अक्तूबर माह में लक्ष्य के सापेक्ष रिकार्ड 110.76 फीसदी आय हुई है। इस उपलब्धि के साथ ही सूबे में वाराणसी रोडवेज को पहला स्थान मिला है। अक्टूबर माह में रोडवेज ने 16665.59 लाख रुपये संग्रह किया है। जिससे वाराणसी परिक्षेत्र को 55.85 लाख रुपये का फायदा हुआ है।
लॉकडाउन के पूर्व हमेशा घाटे में रहने वाला रोडवेज वाराणसी परिक्षेत्र कोरोना काल में यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी के साथ ही आय में भी बढ़ोतरी कर रहा है। जून माह के बाद से ही सुधार की रैंकिंग में रोडवेज उठता गया। जुलाई, अगस्त और सितंबर माह में भी रोडवेज टॉप टेन सूची में शामिल रहा।
क्षेत्रीय प्रबंधक एसके राय ने बताया कि अक्टूबर माह में लक्ष्य के सापेक्ष 110.76 फीसदी आय हुई है। यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी के साथ ही इस उपलब्धि को बरकरार रखना है। प्रदेश में पहला स्थान मिलने से हौसला और उत्साह बढ़ा है।
वाराणसी रोडवेज के बेड़े में 538 बसें शामिल हैं। 8 डिपो वाले परिक्षेत्र में कोरोना संक्रमण से बचाव के साथ बसों का संचालन किया जा रहा है।