उद्यान विभाग की ओर से कंपनी बाग में आयोजित मंडल स्तरीय शाकभाजी, फल एवं पुष्प प्रदर्शनी के अंतिम दिन प्रतिभागियों को सम्मानित किया। गुलाब में किंग ऑफ शो छावनी परिषद और क्वीन आफ दी शो का खिताब आकाश के जीता। प्रदर्शनी में वाराणसी सहित चंदौली, जौनपुर और गाजीपुर के भी किसानों ने प्रतिभाग किया। जिसमें आल ओवर विजेता का खिताब बनारस के किसानों और विभागों के नाम रहा।
अंतिम दिन मुख्य अतिथि के रूप में राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल उपस्थित थे। उन्होंने विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मंडलीय उद्यान अधिकारी मुन्ना यादव के मुताबिक प्रमुख विजयी प्रतिभागियों में वरिष्ठ अधीक्षक केंद्रीय कारागार वाराणसी को शाकभाजी वर्ग में, फल वर्ग में डीआरएम नार्थ ईस्ट रेलवे को, शाकभाजी एवं फलों से संरक्षित पदार्थ वर्ग में अशोक कुमार को, गुलाब के कटे फूल, गुलाब के सर्वोत्तम वर्ग में मुख्य अधिशासी अधिकारी छावनी परिषद को, डहेलिया के कटे फूल वर्ग में 39 जीटीसी, को पुरस्कृत किया गया।
कटे मौसमी फूल, गमलों में जाड़े के मौसम फूलों के पौधे और कलात्मक ढंग से मौसमी फूलों के गमलों के समूह वर्ग में कुलपति बीएचयू को, गमले में लगी डहेलिया वर्ग के लिए प्रभारी राजकीय सार्वजनिक उद्यान को, सदाबहार पती वाले, फूल वाले गमलों के पौधों के लिए नगर निगम को और शादी के मंडप के लिए भोजूबीर के सुरेश कुमार माली को चल वैजंती मेमोरियल पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इसके अलावा 148 शाकभाजी, फल, पुष्प, प्रसंस्कृत उत्पाद, पुष्प सज्जा, रंगोली, बोनसाई जैसी कई श्रेणियों में प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में ट्राफी, प्रमाण पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला उद्यान अधिकारी संदीप कुमार गुप्त, ममता यादव, राजेश कुमार सिंह, अनुराग सिंह, गोरखनाथ, मनोज सिंह, स्नेहलता, सुधांशु सिंह, हरिशंकर सिंह, पंकज, दिनेश, रविंद्र मनीष जुल्फेकार आदि मौजूद रहे।