काशी और वरुणा जोन के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क पर कभी निर्माण कार्य तो कभी तार बिछाने की प्रक्रिया के चलते खोदाई होती है। कार्य में लापरवाही और ढिलाई के चलते जो काम दो दिन में होना चाहिए, वह हफ्ते भर खींच जाता है। लहरतारा चौड़ीकरण मार्ग के दौरान मलबा सड़क पर फैलाए रखने के कारण वाहनों की रफ्तार सुस्त हो जाती है। लिहाजा जाम लगता है। यही हाल कचहरी से पुलिस लाइन जाने वाले मार्ग का है।
मंडुवाडीह चौराहे पर सड़क निर्माण की वजह से सुबह और शाम जाम लगता है। पुलिस को बिना सूचना दिए कार्यदायी संस्था आधे सड़क पर बैरिकेडिंग कर देती है। मन चाहे जगहों पर कट खोल देती है। संस्था की ओर से कर्मचारी भी तैनात नहीं है, ताकि यातायात सुगमता में राहत हो सके।
गाजीपुर बसों का निजी स्टैंड चांदपुर में बनेगा
गाजीपुर रूट की बसों का संचालन अब अगले हफ्ते से चांदपुर कलेक्ट्री फार्म के आसपास से संचालित होगा। जमीन चिह्नित कर ली गई है। एडीसीपी यातायात अंशुमान मिश्रा ने बताया कि लहरतारा में निजी जमीन पर स्टैंड था, जिसकी जमीन थी, उसने स्टैंड बंद करवा दिया। ऐसे में गाजीपुर रूट की बसों का संचालन अगले हफ्ते से चांदपुर कलेक्ट्री फार्म के आसपास से होगा। निजी जमीन चिह्नित की गई है। यह बसें चांदपुर से बौलिया और फुलवरिया फोरलेन होते हुए आवाजाही करेंगी।
अधिकारी बोले
बीते एक सप्ताह से मेरे पास अतिक्रमण हटवाने का कार्य मिला है। इस दौरान पुलिस ने मौखिक और लिखित जितने पत्र भेजे हैं। सभी पर कार्रवाई की गई है। प्रतिदिन हमारी टीम कहीं न कहीं से अतिक्रमण हटवाती है ताकि यातायात में दिक्कत न आए। -अमित कुमार, अपर नगर आयुक्त
काशी और वरुणा जोन में संबधित थानों की ओर से अतिक्रमण हटाए जाने को लेकर नगर निगम सहित संबंधित विभागों को पत्र भेजा जाता है। अतिक्रमण हटाने के लिए थाने स्तर से ही कार्रवाई की जाती है। -अंशुमान मिश्रा एडीसीपी ट्रैफिक