कानून व्यवस्था के लिए तैनात पुलिसकर्मियों का एक दिन का वेतन देना होगा आयोजकों को
- फोटो : अमर उजाला
धरना-प्रदर्शन, सार्वजनिक सभा या जुलूस के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित शर्तों और नियम-कायदों का उल्लंघन करने वालों से पुलिस अब पैसे वसूलेगी। इस संबंध में एसएसपी ने बुधवार को जिले के सभी क्षेत्राधिकारियों और थानेदारों को निर्देश जारी किया है।
एसएसपी रामकृष्ण भारद्वाज ने बताया कि जितने भी धरना-प्रदर्शन या जुलूस निकाले जाते हैं, उनके लिए अनुमति देते समय प्रशासन द्वारा शांति एवं कानून व्यवस्था के मद्देनजर शर्तें बनाई जाती हैं। तय किया जाता है कि कोई ऐसा काम आयोजक नहीं करेंगे जिससे लोकशांति और कानून व्यवस्था बिगड़े।
ऐसे में यदि अब नियम-कायदों का उल्लंघन किया जाएगा तो आयोजकों से मौके पर तैनात पुलिस बल के एक दिन की तनख्वाह के बराबर शुल्क जमा कराया जाएगा।
थाने के टॉप फाइव अपराधियों को चिह्नित करें थानेदार
एसएसपी आरके भारद्वाज ने कहा कि थाना क्षेत्र के टॉप फाइव अपराधियों को चिह्नित कर थानेदार उनके खिलाफ कार्रवाई करें। इसके साथ ही प्रत्येक थाने के गंभीर प्रकृति के टॉप फाइव मुकदमों की पैरवी पैरोकोर और कोर्ट मुहर्रिर प्रभावी तरीके से करें।
एसएसपी ने बुधवार को कहा कि इनामी बदमाशों को छोड़कर जिले के सभी थानेदार अपने थाना क्षेत्र के टॉप फाइव आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करें।
इसके अलावा एसएसपी ने क्राइम ब्रांच प्रभारी को इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए प्रभावी तरीके से अभियान चलाकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।