दुर्गाकुंड क्षेत्र के कबीर नगर कॉलोनी स्थित अपार्टमेंट में रहने वाली महिला से चाबी मांग कर उनकी स्कूटी लेकर भागने वाली दो छात्राओं को भेलूपुर थाने की पुलिस ने पकड़ लिया है। दोनों ककरमत्ता क्षेत्र की रहने वाली सहेली हैं और 10वीं में पढ़ती हैं। 63 सीसी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद दोनों छात्राएं चिह्नित हुईं।
15 वर्षीय दोनों छात्राओं ने पुलिस को बताया कि उनका स्कूटी चलाने और उससे घूमने का मन था। इसलिए वह स्कूटी चुरा कर स्कूल के समय में उससे घूमती थीं। जब घर जाना होता था तो वह स्कूटी को बनारस रेलवे स्टेशन के वाहन स्टैंड में खड़ा कर देती थीं। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद पुलिस उन्हें रामनगर स्थित बाल सुधार गृह ले गई। वहां जगह न होने पर दोनों को बाराबंकी स्थित बाल सुधार गृह के लिए रवाना कर दिया गया।
कबीर नगर कॉलोनी में अपार्टमेंट के द्वितीय तल पर रहने वाली एक महिला चिकित्सक ने भेलूपुर थाने की पुलिस को गत नौ सितंबर को सूचना दी। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 9.30 बजे स्कूल ड्रेस पहने हुए एक छात्रा उनके फ्लैट में आई। उसने कहा कि उसका कुछ सामान ऊपर के तल पर चढ़ाना है। इसलिए उनकी स्कूटी को एक किनारे खड़ा करना है।