फिल्में देखकर बगैर मेहनत के कम समय में ज्यादा पैसा कमाने का सपना एक युवा जिम संचालक को भारी पड़ गया। पैसे तो नहीं मिले बल्कि उसे जेल जरूर जाना पड़ गया। रविवार को यह खुलासा कर भदोही के औराई थाना के गिर्द बड़ागांव निवासी चंद्रहास सिंह उर्फ सीपू को पुलिस ने जेल भेज दिया। सीपू के पास से पुलिस ने एक बाइक और दो बाइक बरामद की हैं।
बता दें कि बनारस के ककरमत्ता निवासी वकील अनिल कुमार सिंह को कॉल कर 20 लाख की रंगदारी मांगी गई थी। एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह ने सर्विलांस की मदद से पता किया कि कॉल करने वाला चंद्रहास है और वो वकील के घर की रेकी कर जा रहा है तो उसे महमूरगंज में इंस्पेक्टर भेलूपुर प्रवीण कुमार सिंह के साथ गिरफ्तार कर लिया।
चंद्रहास ने बताया कि वकील के दोपहिया वाहन एजेंसी के सामने उसका जिम है। उसे फिल्म और टीवी सीरियल देखने का बहुत शौक है। दोस्त से पता चला कि वकील आर्थिक रूप से संपन्न है तो उसे लगा कि उनसे रंगदारी मांग कर कम समय में ज्यादा रुपया कमाया जाए।
चंद्रहास ने बताया कि उसने ट्रायल के तौर पर वकील से सात लाख रुपये एडवांस मांगा तो उनका भाई लेकर आया लेकिन पीछे एक कार खड़ी थी तो उसे पुलिस का शक हुआ और वो पैसे लेने नहीं गया। सात लाख ले लेता तो दूसरी किश्त भी मंगवाता।
जानकारी है सर्विलांस की इसलिए मोबाइल चुराया मुंबई से
आरोपी को पकड़ने वाली टीम
- फोटो : amar ujala
चंद्रहास ने बताया कि उसे पता था कि पुलिस मोबाइल के सहारे पकड़ लेगी। इसी वजह से वो मुंबई गया और वापसी के दौरान ट्रेन में सोये हुए एक युवक का मोबाइल चुराया। चुराए गए मोबाइल को वह अपने घर से काफी दूर ले जाता था और सिर्फ वकील को ही कॉल करता था। बावजूद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
वकील से रंगदारी मांगने के मामले के खुलासे की जानकारी वकीलों को मिली तो एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस लाइन पहुंचा। वकील अनूप सिंह सहित उनके अन्य साथियों ने पुलिस टीम को को फूल मालाओं से लाद कर स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से वकीलों के साथ ही जनता में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ेगा।
हर कोई स्तब्ध
वाराणसी के ककरमत्ता निवासी वकील से 20 लाख की रंगदारी मांगने में गिर्द बड़गांव निवासी चंद्रहास सिंह उर्फ सीपू की गिरफ्तारी से हर कोई स्तब्ध है। किसी को यह पता नहीं कि सीपू ऐसी घटना को भी अंजाम दे सकता है। मनबढ़ होने के कारण उसका लोगों विवाद होता था लेकिन उसके खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं है।
गिरफ्तारी के बाद भदोही जिले के बाबूसराय स्थित उसके जिम पर सन्नाटा पसर गया है। गिर्द बड़गांव निवासी चंद्रहास सिंह उर्फ सीपू दो भाइयों में छोटा है। बड़ा भाई वाराणसी की किसी निजी कंपनी में नौकरी करता है। उसके माता-पिता का निधन कुछ साल पूर्व हो गया था, जिससे उस पर अनुशासन लगाने वाला कोई नहीं था।
मनबढ़ किस्म का होने से अक्सर किसी न किसी से उसका विवाद होता था लेकिन कोई मुकदमा उसके खिलाफ दर्ज नहीं है। कुछ वर्षों पूर्व उसने सुल्तानपुर में जिम खोला था लेकिन नहीं चल सका। उसके बाद बाबूसराय में रायल हेल्थ केयर नामक जिम को खोलकर चलाता था।
कम समय में अधिक धन कमाने के चक्कर में उसने वकील से रंगदारी मांगी और पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसकी गिरफ्तारी से गांव के लोग स्तब्ध हैं। सीओ औराई रामकरन ने बताया कि जिले में उसके खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं है।