बनारस के सारनाथ में एटीएम में धोखे से लोगों का कार्ड बदलकर उनके खाते से रुपये उड़ाने वाले गिरोह के चार सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सारनाथ थानाध्यक्ष दिनेश कुमार पांडेय ने बताया कि चारों को आरटीओ चौराहे से गिरफ्तार किया गया।
चारों आरोपियों की शिनाख्त सरसौली के सद्दाम, पक्की बाजार के शाहरुख व मो. राज खान और कचहरी क्षेत्र के गौतम के तौर पर हुई है। चारों के पास से छह अलग-अलग बैंकों के एटीएम कार्ड और चोरी के तीन मोबाइल बरामद कर गुरुवार को जेल भेज दिया गया। इस गिरोह के सरगना की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली की शहर में धोखा से एटीएम बदलकर खाते से पैसा निकालने वाले गिरोह के सदस्य पुराने आरटीओ चौराहे की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस टीम पहुंची।
इस बीच पहड़िया की तरफ से एक ऑटो के आगे बाइक से आते हुए एक व्यक्ति को देखकर रोका। इससे वह वापस भागने के फिराक में पड़ा। पुलिस ने उसको मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से चोरी की मोबाइल व एटीएम कार्ड बरामद हुआ। इसके निशानदेही पर तीन और लोगों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने बताया कि जब कोई कम पढ़ा लिखा व्यक्ति पैसा निकालने एटीएम मशीन के केबिन जाता था, उसी समय दो व्यक्ति एटीएम मशीन के दोनों तरफ खड़े हो जाते थे। उसका पैसा निकलवाने का प्रोसेस करवाकर एटीएम के बाएं साइड का बटन दबा देते थे। जिससे एटीएम मशीन हैंग हो जाता है। व्यक्ति के जाते ही फिर से उसी बटन को दबाकर पैसा निकाल लेते थे।