दिल्ली से डेढ़ माह पहले कामकाज छोड़कर आया युवक शहर में किराये पर ऑटो चलाने के दौरान दो दोस्तों के साथ महिलाओं से चेन-मंगलसूत्र छीनने लगा। सिगरा थाने की पुलिस ने सीसी कैमरों की फुटेज की मदद से ऑटो चालक, दो दोस्तों और छीने गहने खरीदने वाले आभूषण विक्रेता को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की पहचान चोलापुर थाने के लखनपुर के अजय सिंह व धरसौना के अभिषेक उर्फ राहुल जायसवाल, बड़ागांव थाने के सिसवा के भरत लाल गोंड और जौनपुर के केराकत थाने के खुज्जी मोड़ के इरफान के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से आठ ग्राम सोने का टुकड़ा, 6400 रुपये, वारदात में प्रयुक्त ऑटो और दो मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
ये है पूरा मामला
एसीपी चेतगंज गौरव कुमार ने बताया कि गया के कोरमथु निवासी राहुल कुमार ने सिगरा थाने में केस दर्ज कराया था। बताया कि सात अप्रैल की रात बहन रेणू कैंट स्टेशन के पास सड़क पार कर रही थी। उसी दौरान लाल रंग की शर्ट पहने एक बदमाश ने उनकी बहन के गले से मंगलसूत्र छीन लिया था।
सिगरा थाने के इंस्पेक्टर राज बहादुर मौर्य और रोडवेज चौकी प्रभारी पुष्कर दूबे ने सीसी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया। युवक को चिह्नित कर उसे और उसके दो दोस्तों को मालगोदाम रोड से पकड़ा गया। पूछताछ में जानकारी के आधार पर आभूषण विक्रेता को भी गिरफ्तार किया गया।
किराये पर चलाता है ऑटो
इरफान ने बताया कि लगभग डेढ़ माह से 400 रुपये किराये पर रोज ऑटो चलाता है। भरत लाल और अजय से उसकी पहले से दोस्ती है। अजय का परिचित आभूषण विक्रेता रोहित है। तीनों रात में ऑटो से निकलते थे और महिला यात्रियों से आभूषण छीन कर राहुल को बेच देते थे। अजय के खिलाफ दो और भरत लाल के खिलाफ 10 आपराधिक मुकदमे कमिश्नरेट के अलग-अलग थानों में दर्ज हैं।