क्रेन, डीसीएम और बिजली के केबल के साथ दो गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
आपने बहुत सारे चोरों के बारे में सुना होगा लेकिन वाराणसी पुलिस ने जिन्हें गिरफ्तार किया वो काफी ज्यादा शातिर हैं। ये चोर क्रेन और डीसीएम ट्रक से वारदात को अंजाम देते हैं। एनएच - 29 के निर्माण कार्य में लगी कार्यदायी संस्था के चौबेपुर स्थित साइट से चोरी हुए नौ लाख रुपये के दस टन वजनी बिजली के केबल के साथ पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की शिनाख्त हुकुलगंज के नैय्यर आलम और अंबेडकर नगर के जलालपुर थाना के डिभियांव गांव के राहुल के तौर पर हुई है। पुलिस को इस मामले में गिरोह के सरगना प्रतापगढ़ के राजेश सिंह और उसके साथी संदीप मिश्रा की तलाश है। नैय्यर आलम और राहुल के पास से एक डीसीएम ट्रक और हाइड्रा क्रेन बरामद कर गुरुवार को जेल भेज दिया गया।
एनएच - 29 के किनारे के बिजली के तारों को भूमिगत करने के लिए चौबेपुर आयुर्वेद अस्पताल के सामने रखा 511 मीटर लंबा केबल 15 अगस्त की रात चोरी हो गया था। कार्यदायी संस्था के प्रोपराइटर जौनपुर के पटईल गांव निवासी पंकज सिंह ने इस संबंध में चौबेपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि चौबेपुर थानाध्यक्ष ने घटनास्थल और उसके चौतरफा जाने वाले रास्तों पर लगे सीसी कैमरों की फुटेज की मदद से तफ्तीश शुरू की।
चंद्रावती स्थित पेट्रोल पंप पर लगे कैमरे की फुटेज में दिखा कि 15 अगस्त की रात सफेद रंग की डीसीएम बिजली के केबल का ड्रम लेकर जा रहा है। इसके बाद मुखबिरों की मदद से पता लगा कि राजवाड़ी हवाई पट्टी पर बिजली का केबल लदा डीसीएम और क्रेन खड़े हैं।