वाराणसी शहर के मंडुआडीह क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब लोगों ने कूड़े के ढेर में एक पिस्टल देखी। आनन फानन पिस्टल मिलने की सूचना के बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस भी पिस्टल को देखकर हैरान रह गई। मगर पिस्टल को हाथ में लेने के बाद जब उसे जांचा परखा गया तो वह लाइटर निकली। इसे देखकर लोगों की भी हंसी छूट गई। हालांकि पिस्टल के स्वरूप में लाइटर हूबहू पिस्टल की ही भांति थी। जिसे देखने के बाद तो कोई भी असली पिस्टल होने का यकीन कर लेता।
मंडुआडीह कस्बा चौकी इंचार्ज प्रकाश सिंह चौहान ने बताया कि यह पिस्टल नुमा एक लाइटर है। कोई इसका प्रयोग अब तक करता रहा होगा। बेकार हो जाने से इसे कूड़े में फेंक दिया होगा। सब्जी मंडी के पास जब लोगों को पिस्टल मिलने की सूचना मिली तो हलचल मच गई लेकिन जैसे ही जांच में पता चला कि पिस्टल जैसा दिखने वाला यह लाइटर है तब जाकर लोगोंं ने राहत की सांस ली।