बनारस में चार महीने से सीवर समस्या से जूझ रहे लोगों ने मंगलवार को जलकल के जेई को बंधक बना लिया। इससे विभाग में हंगामा मच गया। अंत में अधिकारियों ने मशीन लगाकर सीवर की सफाई कराई इसके बाद लोगों को समस्या से राहत मिल सकी।
सीवर की समस्या से आधे से अधिक शहर परेशान है। जगह-जगह से गलियां बजबजा रही हैं। लोगों को घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। इन सारी समस्याओं को लेकर क्षेत्र के पार्षद भैयालाल ने करीब 4 महीने पहले शिकायत की थी।
इसके बाद वह लगातार शिकायत करते रहे, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ और स्थिति यह हो गई है कि घरों से निकलना मुश्किल हो गया। इस समस्या को देखते हुए मंगलवार को पार्षद भैयालाल ने जेई को क्षेत्र में निरीक्षण के लिए बुलाया।
इसके बाद जब जय मंगल देव वर्मा निरीक्षण करने पहुंचे तो लोगों ने बीच सड़क पर कुर्सी में बांध दिया और कहा कि तब तक नहीं जाने दिया जाएगा जब तक कि समस्या का समाधान नहीं होगा। इसकी जानकारी मिलते ही जल कल के सभी अधिकारी हरकत में आए और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। उधर कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
जलकल के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि हम इस समस्या का समाधान आज ही कराएंगे। इसके बाद मशीन और मजदूरों को लगा कर तत्काल सीवर की सफाई का काम शुरू कराया गया जो देर रात तक कराया गया।
पार्षद भैयालाल ने बताया कि मेरे खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी चल रही है। अगर किसी सही कार्य के लिए मेरे ऊपर मुकदमा दर्ज होता है तो कोई बात नहीं, हम जनता के सेवक हैं और जनता की समस्या को लेकर हम जेल भी जा सकते हैं। लेकिन जनता को परेशान नहीं देख सकते।