वाराणसी जिले के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के भोरकला मनकईया गांव में एक महिला से ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। जालसाज ने फोन पर खुद को भाई बताकर न्यू ईयर गिफ्ट और विदेशी पैसा भेजने की बात कहकर एक ही दिन में छह लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़िता ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
ममता देवी ने पुलिस को बताया कि 15 दिन पहले एक अज्ञात ने फोन कर खुद को भाई बताया। कहा कि खाते में छह हजार रुपये भेजे हैं। इसके बाद ठग ने आठ हजार रुपये अपने खाते में मंगाए। फिर अलग-अलग किस्तों में छह लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। फिर फोन बंद कर दिया।
काफी देर तक फोन बंद रहने पर शक हुआ। दोबारा नंबर लगाया तो बंद ही रहा, तब ठगी का अहसास हुआ। पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
सड़क हादसे में घायल शख्स की मौत
वाराणसी जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के नागापुर हाईवे पर सड़क हादसे में घायल बाइक सवार सूरज चौबे (35) की इलाज के दौरान मौत हो गई। सात जनवरी की रात में घने कोहरे के बीच सड़क पर खड़े ट्रक से टकराकर सूरज घायल हुआ था। उसके सीने में गंभीर चोट आई थी।
पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
रंगदारी मांगने के मामले में बीएचयू के छात्र नेता को जमानत
पैथालॉजी कर्मी से रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी बीएचयू के छात्र नेता प्रशांत गिरी को विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम द्वितीय) पूनम पाठक की अदालत ने 50-50 हजार रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र पर रिहा करने का आदेश दिया। वादी शिवेंद्र प्रताप सिंह ने 22 नवंबर 2025 को थाना लंका में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि वह डॉक्टर लाल पैथ लैब्स, वाराणसी में कार्यरत है। 18 नवंबर 2025 को प्रशांत गिरी ने बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल में वादी से मुलाकात कर 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी। 21 नवंबर को वादी के साथ आईएमएस, बीएचयू के पास कैंटीन पर पहुंचकर मारपीट की थी।
इसे भी पढ़ें; Makar Sankranti: बाबा विश्वनाथ को तिलकुट-तहरी, केदारेश्वर को चूड़ा मटर; तिलभांडेश्वर को लगेगा ढूंढा का भोग
दो महिलाएं पुलिस हिरासत में
- फोटो : अमर उजाला
40 क्विंटल लहन नष्ट, दो महिलाएं हिरासत में
चौबेपुर क्षेत्र के परानापुर कंजड़ बस्ती में मंगलवार दोपहर आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारकर कच्ची शराब की भट्ठियों को तोड़ा। साथ ही 40 क्विंटल लहन नष्ट किया। शराब बनाने में शामिल दो महिलाओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। 20 लीटर कच्ची शराब भी मिली। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
पुलिस गिरफ्त में चारों आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
जुआ खेलते तीन गिरफ्तार
चोलापुर क्षेत्र के मुर्दहा चौकी पुलिस ने सुतबलपुर गेट के पास जुआ खेलते तीन लोगों को गिरफ्तार किया। जांच में 10,920 रुपये मिले। अभियुक्तों की पहचान अवधेश पटेल (45), बृजेश कुमार (40) और ननकू (52) निवासी कृष्णापुर चोलापुर के रूप में हुई। चौकी प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि कंपोजिट शराब ठेके के पीछे खाली जगह पर कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। ऐसे में घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार किया।
चीनी मांझे के साथ दो गिरफ्तार
पुलिस ने मंगलवार को दो दुकानों पर छापा मार कर 52.450 किलो चीनी मांझा जब्त किया। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में आलमगीर खान (36) निवासी वारिगड़ही रामनगर और अंजनी कुमार सोनी (40) निवासी मच्छरहट्टा, रामनगर हैं।
जुए के फड़ पर छापा, 20 गिरफ्तार
सारनाथ पुलिस ने मंगलवार को हीरामनपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास जुए के फड़ पर छापा मारकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। फड़ से 2 हजार रुपये, ताश के पत्ते मिले। थानाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों में हीरामनपुर निवासी अखिलेश पटेल, वंश नारायण पटेल और नाथू लाल हैं। उधर, फूलपुर और जंसा पुलिस ने छापा मारकर 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया। डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने बताया कि समोगरा पोखरे के पास रंजीत सोनकर, सन्नी सोनकर व रामू कुमार सोनकर निवासी समोगरा को गिरफ्तार किया। बीकापुर के पानी की टंकी के पास सुरेंद्र तिवारी, विकलेश तिवारी, चंद्रेश कुमार वर्मा, कमलेश कुमार व मुन्नालाल को पकड़ा गया। जंसा पुलिस ने दीनदासपुर निवासी मनीष कुमार, चंदेश्वर और परमंदापुर निवासी विपिन राय, राजन भारती, चंद्रजीत भारती, गुड्डू, नियाज, इमरान निवासी हाथी बाजार है।
दो आरोपी गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
रामनगर में चीनी मांझे की बड़ी खेप बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी जिले में पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत रामनगर पुलिस ने मंगलवार को दो दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान प्रतिबंधित चीनी मांझे की बड़ी खेप बरामद की गई। वहीं दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 52.450 किलोग्राम प्रतिबंधित मांझा जब्त किया गया।
थानाध्यक्ष दुर्गा सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में आलमगीर खान (36) वारीगड़ही, रामनगर निवासी व आरोपी अंजनी कुमार सोनी (40) मच्छरहट्टा, रामनगर निवासी शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस दौरान उपनिरीक्षक जयप्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक पंकज मिश्रा, हेड कांस्टेबल उमाकांत चौबे व कांस्टेबल गंगा प्रसाद सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस फोर्स तैनात
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेसियों के विरोध प्रदर्शन को लेकर पुलिस फोर्स रही तैनात
कांग्रेसियों द्वारा मनरेगा के विरोध में प्रदर्शन को लेकर पुलिस लंका भेलूपुर इलाके में तैनात की गई। बीएचयू सिंहद्वार और प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय के जाने वाले मार्ग और प्रधानमंत्री कार्यालय के सामने मंगलवार को बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रही। सिंहद्वार पर प्रभारी निरीक्षक लंका सहित दो अन्य थानेदार, दो प्लाटून पीएसी, 12 से ज्यादा महिला पुलिस कर्मियों के साथ उप निरीक्षक और आरक्षित के साथ मुस्तैदी के साथ बने रहे। हर संदिग्धों की पुलिस निगरानी कर रही थी। वहीं जवाहर नगर स्थित प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय जाने वाले गुरु धाम चौराहे पर प्रभारी निरीक्षक भेलूपुर सुधीर त्रिपाठी ने पीएसी और पुलिस कर्मियों के साथ घेराबंदी किया। एडीसीपी काशी एसीपी भेलूपुर सिंहद्वार और प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय जाने वाले मार्ग पर भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते रहे।
अलकनंदा क्रूज के संचालक पर पांच हजार रुपये जुर्माना, नोटिस जारी
रविदास घाट पर अलकनंदा क्रूज से गंगा में मल गिराने के मामले में पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। प्रदूषण नियंत्रण विभाग ने नोटिस जारी करके जवाब तलब भी किया है। उधर, मामले में गठित जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट डीएम सत्येंद्र कुमार को सौंप दी है। इसमें इमरजेंसी वॉल्व से मल गिरने की बात कही गई है।
पिछले दिनों रविदास घाट पर खड़े अलकनंदा क्रूज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया गया था जो खूब वायरल हो रहा था। इसमें मल सीधे गंगा में गिराने की बात कही जा रही है। इस पर प्रशासन की ओर से जांच कमेटी गठित की गई। कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि क्रूज मेंटीनेंस के लिए खड़ा था।
सेप्टिक टैंक और सीवेज क्लीन किया जा चुका था। जहां से मल गिरता दिख रहा है, वह इमरजेंसी वॉल्व है। वॉल्व चेक किया जा रहा था। इसी बीच क्रूज के किसी कर्मचारी ने शौचालय का प्रयोग कर लिया। ऐसे में मल टैंक में न जाकर सीधे इमरजेंसी वॉल्व से बाहर आ गया।
डीएम सत्येंद्र कुमार ने बताया कि जुर्माने के साथ नोटिस जारी किया गया है। यह भी कहा गया है कि एक छोटा टैंक और लगवाएं ताकि इमरजेंसी वॉल्व ओपेन होने पर भी मल बाहर न गिर सके।
ट्रेन में यात्री की बिगड़ी तबीयत, आरपीएफ ने पहुंचाया मंडलीय अस्पताल
कैंट रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को ट्रेन में एक यात्री की तबीयत बिगड़ने पर उसे आरपीएफ जवानों की मदद से मंडलीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया। प्रयागराज से आने वाली 15160 ट्रेन में ए1 कोच में 14 नंबर सीट पर यात्रा करने वाले बलिया के चितबड़ागांव निवासी छोटेलाल प्रसाद (69) की तबीयत बिगड़ गई। छोटे भाई बीआर प्रसाद ने बताया कि प्रयागराज से भाई को लेकर बलिया जाना था। तबीयत खराब होने पर कैंट स्टेशन पर ही भाई को उतारा। आरपीएफ के एएसआई प्रमोद कुमार दो कांस्टेबलों के साथ प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर पहुंचे तो देखा कि छोटे लाल प्रसाद अचेतावस्था में थे। रेलवे की ओर से डॉ. प्रदीप यादव आए और जांच की तो ब्रेन स्ट्रोक की जानकारी दी। इसके बाद यात्री को इमरजेंसी मेडिकल रूम ले जाया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस से मंडलीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
बीमारी से तंग महिला ने वंदेभारत ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
भिखारीपुर गांव के पास सोमवार दोपहर 55 साल की महिला ने बीमारी से तंग आकर वंदेभारत एक्सप्रेस के आगे कूदकर जान दे दी। मृतका की पहचान सरोहरा देवी पत्नी स्वर्गीय लालमन प्रसाद निवासी चंदापुर राजातालाब के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सरोहरा देवी लंबे समय से बीमार चल रही थीं, जिससे वह मानसिक रूप से भी परेशान रहती थीं। सोमवार दोपहर वह घर से निकलकर भिखारीपुर स्थित रेलवे लाइन पर पहुंचीं और ट्रेन के सामने कूद गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मिर्जामुराद पुलिस व रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पति लालमन प्रसाद सरकारी नलकूप ऑपरेटर थे। परिवार में पांच बेटियां और एक बेटा है, जिनकी शादी हो चुकी है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
आठ साल की बच्ची से दुष्कर्म के दोषी को 20 साल की सजा
विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट द्वितीय) नितिन पांडेय की अदालत ने आठ साल की बच्ची के साथ शारीरिक शोषण के मामले में अभियुक्त फिरोज मोहम्मद उर्फ पप्पू को दोषी ठहराते हुए 20 साल की कठोर कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही अभियुक्त पर 21 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। राशि पीड़िता को प्रतिकर के रूप में देने का आदेश दिया है। रोहनिया थाना क्षेत्र निवासी पीड़िता के पिता ने सात अक्तूबर 2022 को थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि उनकी आठ साल की पुत्री सामान लेने आरोपी की दुकान पर गई थी, जहां आरोपी ने उसके साथ शारीरिक शोषण किया। बच्ची ने घर लौटकर परिजनों को जानकारी दी, जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज कराई गई। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और साक्ष्यों के अवलोकन के बाद अभियुक्त को दोषी पाया।
अवैध स्टैंड से 12 ऑटो सीज
वाराणसी। जंसा थाना क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़, सुचारु और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से अवैध रूप से संचालित ऑटो स्टैंडों के खिलाफ मंगलवार को कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा के नेतृत्व में जंसा चौराहे के पास 12 ऑटो और वाहनों को सीज किया गया। जांच में पाया गया कि निर्धारित ऑटो स्टैंड के अतिरिक्त बिना अनुमति ऑटो में सवारियां बिठाई जा रही थीं। ब्यूरो
फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी पर रॉड व पंच से जानलेवा हमला
जंसा थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव के पास मंगलवार देर रात एक निजी फाइनेंस कंपनी में कार्यरत लक्ष्मी नारायण पटेल (29) पर बाइक सवार बदमाशों ने रॉड और पंच से हमला किया। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए पहले स्थानीय निजी अस्पताल और फिर बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। लक्ष्मी अपने परिवार के ब्रेड-पकोड़े की दुकान के सामने बैठा था। घटना से कुछ समय पहले दो-तीन बाइक पर सवार संदिग्ध लोग इधर-उधर घूम रहे थे। जैसे ही परिवार वाले दुकान बंद कर घर चले गए, बदमाशों ने मौका पाकर लक्ष्मी नारायण पर हमला कर दिया। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है।
निर्माणाधीन मकान से लाखों का सामान चोरी
परशुरामपुर के द्वारिकापुरी कॉलोनी में चोरों ने निर्माणाधीन मकान से लाखों का माल चोरी कर लिया। बेनीपुर शंकरपुरम कॉलोनी निवासी नितेश कुमार सिंह वर्तमान में किराए के मकान में रहकर परशुरामपुर की द्वारिकापुरी कॉलोनी में मकान बनवा रहे हैं। सोमवार रात अज्ञात चोरों ने निर्माणाधीन मकान का ताला तोड़ दिया और अंदर से कटर मशीन, हैमर मशीन, बिजली का सामान और टाइल्स समेत दो लाख मूल्य का सामान चोरी कर लिया। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद
दहेज के उत्पीड़न मामले में पति समेत आठ पर प्राथमिकी
दहेज उत्पीड़न के एक मामले में पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। संदहा गांव निवासी रीता कुमारी ने शिकायत में बताया कि उनका विवाह 20 अक्तूबर 2020 को कंदवा पोखरा, मंडुवाडीह निवासी सोहन से मार्कंडेय महादेव मंदिर में हुई। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद ही दहेज में दो लाख नकद, सोने की चेन और अंगूठी की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी पति सोहन, ससुर रामजी, सास दुर्गा देवी, जेठ लवकुश, जेठानी सुंदरी, जेठ मोहन, जेठानी रीना और ननद मधु के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
घर में घुसकर बेड के नीचे छिपा था युवक, गिरफ्तार
पांडेयपुर नई बस्ती पंचकोशी रोड के मकान में सोमवार देर रात घर के कमरे में बेड के नीचे एक युवक के छिपे होने की जानकारी मिली। ऐसे में परिजनों ने कमरे का दरवाजा बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पता चला कि आरोपी छेड़खानी की नियत से घर में घुसा था। पीड़िता के अनुसार, खाना खाने के बाद उनकी दीदी का बेटा सोने के लिए कमरे में गया था। कमरे में पहुंचते ही उसे बेड के नीचे मुंह ढककर छिपा एक व्यक्ति दिखाई दिया। घबराकर वह बाहर निकला और सिटकिनी बंद कर शोर मचाने लगा। शोर सुनकर घर के अन्य सदस्य पहुंचे। जांच में सामने आया कि घर में छिपा युवक जावेद है, जो पहले से ही पीड़िता को परेशान करता था। आरोप है कि वह अलग-अलग नंबरों से फोन कर परेशान करता था और रास्ते में रोककर बातचीत करने का दबाव बनाता था। पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपी पूर्व में छेड़छाड़ के एक मामले में जेल जा चुका है। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
शापिंग मॉल के प्रबंधक समेत चार पर छेड़खानी का आरोप
पहाड़िया में शॉपिंग मॉल के प्रबंधक समेत चार के खिलाफ पीड़िता ने सोमवार रात जैतपुरा थाने में छेड़खानी समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज कराई है। आजमगढ़ के मुबारकपुर थाना क्षेत्र की मूल निवासी पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह पंचकोशी में किराये के कमरे में रहती हैं। मॉल में स्टाफ एसोसिएट हैं। मैनेजर आसिफ खान, रितेश सिंह, अजीत यादव व महिला गार्ड छेड़छाड़ करते हैं। नौकरी से निकालने की धमकी देते थे, महिला गार्ड से कपड़े उतरवाते थे, विरोध करने पर महिला गार्ड से थप्पड़ मरवाते थे। 5 जनवरी को आसिफ खान, रितेश सिंह, अजीत यादव ने जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाना चाहा। विरोध करने पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग और चोरी का इल्जाम लगाकर जेल भिजवाने की धमकी दी। नौकरी से निकाल दिया। सैलरी भी नहीं दी। थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि नौकरी से निकालने का मामला है। आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
रास्ते पर केक काटने से टोकने पर मनबढ़ों ने पीटा
सिगरा में होटल के सामने सड़क पर केक काटने के विरोध पर मनबढ़ों ने मनोज यादव की पिटाई कर दी। पीड़ित ने सोमवार रात सिगरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मनोज यादव ने पुलिस को बताया कि 11 जनवरी की रात 10 बजे घर के सामने नशे में धुत पवन, मिथुन और अज्ञात रास्ते में जन्मदिन का केक काट रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने गमले से हमला कर दिया। मोबाइल और गाड़ी भी क्षतिग्रस्त कर दी। इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
आभूषण के साथ युवती लापता, युवक पर अपहरण की प्राथमिकी दर्ज
चोलापुर क्षेत्र के बहलोलपुर गांव में एक युवती के घर से लापता हो गई। साथ में आभूषण भी लेकर गई। युवती के पिता की तहरीर पर गांव के एक युवक के खिलाफ चोलापुर पुलिस ने अपहरण की प्राथमिकी दर्ज की। पिता ने बताया कि वह चार दिन पहले बाजार से घर लौटे तो उनकी पुत्री घर पर नहीं मिली। परिजनों ने रिश्तेदारी और आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आरोप है कि गांव का ही रोहित बेटी को गुमराह कर ले गया है। आरोपी का उनके घर काफी दिनों से आना-जाना था। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि युवती की तलाश के लिए पुलिस की टीम गठित कर दी गई है।
30 दिनों में चार ट्रकों से 800 लीटर डीजल चोरी
चौबेपुर क्षेत्र के डुबकियां बाजार के पास वाराणसी–गाजीपुर हाईवे की सर्विस रोड पर खड़े वाहनों से डीजल चोरी के आरोप में चालक ने चौबेपुर थाने में तहरीर दी। आरोप है कि 30 दिनों के अंदर चोरों ने चार ट्रकों से 800 लीटर डीजल चोरी कर लिया। पीड़ित चालक घनश्याम यादव ने बताया कि उनके ट्रक से चोरों ने तीन बार में 600 लीटर डीजल चोरी किया है। एक अन्य ट्रक से 200 लीटर डीजल चोरी हुआ। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि सीसी कैमरों की मदद से जांच कराई जा रही है। चोरों की जल्द शिनाख्त कर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
मिट्टी लदी ट्रैक्टर ट्रॉली सीज
चौबेपुर थाना क्षेत्र के गंगा किनारे लुठाकला व सरसौल में हो रहे अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ सोमवार रात दो बजे खनन निरीक्षक और चौबेपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने ट्रैक्टर ट्रॉली को सीज किया। दिसंबर में ग्रामीणों की शिकायत पर जांच कराई गई थी। जांच में पुष्टि होने पर राजस्व और खनन विभाग ने मापी कराई और अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज हुई थी। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि खनन निरीक्षक अनुज कुमार और पुलिस को सूचना मिली थी कि शहर की ओर बलधुस मिट्टी लदी ट्रैक्टर ट्रॉली जा रही है। चौबेपुर भगतुआ मार्ग पर ट्रॉली को पकड़ लिया गया। चालक की तलाश है।
प्रदर्शन की आशंका पर पीएम कार्यालय पर तैनात रही दो थानों की पुलिस
कांग्रेस की ओर से मनरेगा के विरोध में प्रदर्शन करने की योजना के मद्देनजर मंगलवार को लंका और भेलूपुर पुलिस चौकन्ना रही। बीएचयू सिंहद्वार और प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय तक जाने वाले मार्गों पर मंगलवार को पुलिस बल की तैनाती रही। सिंहद्वार पर प्रभारी निरीक्षक लंका के नेतृत्व में दो अन्य थानेदार, दो प्लाटून पीएसी और एक दर्जन महिला पुलिस कर्मी उप निरीक्षक व आरक्षित बल रहे। जवाहर नगर प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय जाने वाले गुरुधाम चौराहे पर प्रभारी निरीक्षक भेलूपुर सुधीर त्रिपाठी के नेतृत्व में एक प्लाटून पीएसी और अन्य पुलिस कर्मियों ने घेराबंदी कर रखी थी। एडीसीपी काशी और एसीपी भेलूपुर ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किरा।
पूर्वी यूपी के किसानों के लिए बनेगा लाइट हाउस एरिया
पूर्वी उत्तर प्रदेश को कृषि नवाचार का लाइट हाउस एरिया बनाया जाएगा। यहां पर ग्लोबल विलेज नेटवर्क तैयार किया जाएगा। यहां के किसान अत्याधुनिक अनुसंधान और डिजिटल तकनीक की मदद से खेती करेंगे। जमीनी मुद्दों का क्रियान्वयन कर किसानों, ग्रामीण युवाओं और किसान उत्पादक संगठनों को एक ही नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इसके लिए मंगलवार को आईआईटी बीएचयू और फाउंडेशन फॉर एडवांसमेंट ऑफ एग्रीकल्चर एंड रूरल डेवलपमेंट (फार्ड फाउंडेशन) ने एक समझौता किया। एमओयू पर फार्ड फाउंडेशन के अध्यक्ष और बीएचयू के पूर्व कुलपति प्रो. पंजाब सिंह और आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने हस्ताक्षर किए। यह समझौता आगामी पांच वर्षों तक प्रभावी रहेगा। निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने कहा कि यह समझौता शोध को जमीनी स्तर पर उतारेगा और प्रभावी समाधान देगा। किसानों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाएगा। प्रो. पंजाब सिंह ने कहा कि किसानों की आय बढ़ेगी। छात्रों को व्यावहारिक प्रशिक्षण, किसानों के खेतों में शोध परीक्षण के साथ वित्तपोषित परियोजनाओं का विकास होगा।डीन प्रो. राजेश कुमार ने कहा कि दोनों संस्थान संयुक्त रूप से बौद्धिक संपदा को साझा करेंगे। गांव के लोगों और रिसर्च लैब के बीच मजबूत द्विपक्षीय फीडबैक और टेक्नोलॉजी ट्रांसफर सिस्टम बनेगा। समझौते के दौरान फाउंडेशन के ट्रस्टी डॉ. राजेश सिंह, प्लेसमेंट अधिकारी डॉ. उमेश सिंह आदि मौजूद रहे।
5 प्रतिबंधित क्षेत्रों में चलेंगे गोल्फ कार्ट निगम की जमीन पर बनेगी छोटी पार्किंग
रोपवे निर्माण की वजह से दो महीने से बंद गोदौलिया-गिरजाघर मार्ग पर यातायात बहाल करने और पांच क्षेत्रों में ई-रिक्शा संचालक की छूट समेत अन्य मांगों को लेकर व्यापारियों ने मंडलायुक्त एस राजलिंगम और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल से मुलाकात की। मंडलायुक्त ने व्यापारियों को प्रतिबंधित क्षेत्र मैदागिन से गोदौलिया, सोनारपुरा, लक्सा और बेनिया से गोदौलिया तक गोल्फ कार्ट चलाने का आश्वासन दिया है। व्यापारियों ने मंडलायुक्त से कहा कि शहर के व्यस्ततम बाजारों में नगर निगम और वीडीए की कई ऐसी जगह है, जिन्हें छोटी पार्किंग बनाकर सड़क पर खड़े वाहनों से सड़क जाम की दुर्व्यवस्था को दूर किया जा सकता है। नगर आयुक्त ने शहर के कई स्थानों पर नगर निगम की जमीन पर छोटी, मल्टी स्टोरी पार्किंग बनाने और सुलभ शौचालय बनाने का भरोसा दिया। महानगर उद्योग व्यापार समिति के प्रतिनिधि मंडल ने शहर के सुनियोजित विकास और सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर चर्चा की। व्यापारियों ने कहा कि रोपवे निर्माण से गोदौलिया आने वाले लक्सा से गिरिजाघर आने वाले मार्ग को दो महीने से पूरी तरह बंद कर दिया गया है। नागरिकों, तीर्थ यात्रियों और ग्राहकों का आना बंद हो गया है। श्रद्धालु भी जानकारी न होने से बाबा विश्वनाथ और गंगा आरती में मुश्किल से ही पहुंच पाते हैं। साथ ही लगभग इस पूरे क्षेत्र के हजारों दुकानों का व्यापार चौपट हो गया है। अध्यक्ष प्रेम मिश्रा ने बताया कि पूर्वांचल का व्यस्ततम बाजार प्रभावित हो रहा है। श्रीनारायण खेमका ने कहा कि रेलिंग लगाने की वजह से मार्ग संकरा हो गया है। इस अवसर पर महामंत्री अशोक जायसवाल, घनश्याम जायसवाल, गोकुल शर्मा, पंकज अग्रवाल, डॉ अंजनी मिश्रा, रजनीश कन्नौजिया आदि अन्य व्यापारी माैजूद रहे।