मान मंदिर घाट किनारे खड़ी नाव पर मीट बनाने का पुराना वीडियो वायरल होने के बाद सोमवार रात दशाश्वमेध पुलिस ने पांच नाविकों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान नाव भी सीज कर दी गई। गिरफ्तार आरोपियों में रामनगर के सूजाबाद निवासी दीपक कुमार, अजय साहनी, राहुल साहनी तथा डोमरी निवासी अरुण कुमार साहनी और अनुराग निषाद शामिल हैं।
एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि दशाश्वमेध चौकी प्रभारी अनुजमणि त्रिपाठी की तहरीर के आधार पर पांचों आरोपियों के खिलाफ सामाजिक माहौल बिगाड़ने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के मान मंदिर घाट किनारे खड़ी नाव पर आरोपियों ने मीट बनाया, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले भी गंगा में इफ्तारी के दौरान नॉनवेज का सेवन करते युवकों का वीडियो वायरल हुआ था। उस मामले में भी कार्रवाई करते हुए आरोपियों को जेल भेजा गया था। गंगा में इस तरह के आयोजन मान्य नहीं हैं।
चाय के बहाने घर में बंधक बनाकर चौबेपुर के प्रधान की पिटाई
चौबेपुर थाना क्षेत्र के गौरा ऊपरवार गांव में सोमवार की सुबह चौबेपुर के ग्राम प्रधान राघवेंद्र जायसवाल उर्फ गोलू को चाय के बहाने घर बुलाकर बंधक बनाकर पिटाई की गई। ग्राम प्रधान व उनका एक साथी घायल हो गया। चार नामजद समेत छह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। बड़ी संख्या में व्यापारी, ग्रामीण और समर्थकों ने चौबेपुर थाना घेर लिया।
ग्राम प्रधान राघवेंद्र जायसवाल ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब 7.30 बजे अपने मित्र सोनू जायसवाल के साथ सामाजिक कार्य के सिलसिले में गौरा ऊपरवार गांव गए थे। इसी दौरान गांव निवासी प्रमोद कुमार गोंड ने उन्हें चाय-पानी के बहाने घर के अंदर बैठा लिया। दो दिन पहले यशराज यादव के साथ हुए लेन-देन को लेकर प्रमोद गोंड, उसका भाई विनोद, पिता छोटेलाल, दिलावर यादव, दो अज्ञात महिलाओं ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। मोबाइल फोन और गाड़ी की चाबी छीन ली और कपड़े फाड़ डाले। गोल्डी उर्फ राकेश सोनकर, राजू जायसवाल और आकाश गुप्ता के साथ भी अभद्रता और पत्थरबाजी की। इसमें गोल्डी सोनकर घायल हो गया। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि 4 नामजद, 2 अज्ञात महिलाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बाइक सवार पर फायरिंग करने के कार सवार तीन आरोपी गिरफ्तार
पिछले माह 16 मई को करमवीरपुर सुसुवाही में बाइक सवार पवन कुमार सिंह पर जानलेवा फायरिंग करने के कार सवार तीन आरोपियों नितेश पांडेय, मोहम्मद इस्राइल और सैफी अख्तर को लंका पुलिस ने सोमवार की सुबह लौटूवीर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से एक बाइक बरामद हुई। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में रामनगर थाना क्षेत्र के टेंगरा मोड़ भीटी का रहने वाला नितेश पांडेय उर्फ बग्गा, प्रयागराज झूंसी के मलावा खुर्द निवासी मोहम्मद इस्राइल उर्फ साहेबा और कौशांबी पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के उमरी मस्जिद निवासी सैफी अख्तर उर्फ जुनैद हैं।
पूछताछ में मोहम्मद इस्राइल ने पुलिस को बताया कि वह प्रयागराज से वाराणसी में नितेश पांडेय से मिलने आए थे। 16 मई की रात वह तीनों क्रेटा कार में शराब पीकर पार्टी कर रहे थे। नितेश पांडेय नशे में गाड़ी चला रहा था। नुआव चौराहे के पास बाइक सवार दो लोगों से बहस हो गई। मोटरसाइकिल सवारों के जाने के बाद आरोपियों ने उनका पीछा किया। इस बीच नितेश ने बाइक सवार पर फायरिंग कर दी, जिससे पवन कुमार सिंह घायल हो गया। वारदात के बाद सभी भाग निकले थे।
लंका इंस्पेक्टर ने बताया कि नुआव निवासी पीड़ित के चाचा अरुण सिंह ने 17 मई को लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। गोली भतीजे पवन की कलाई को छूकर निकल गई थी। आरोपी नितेश पांडेय के खिलाफ रामनगर थाने में आर्म्स एक्ट का एक और मामला दर्ज है। पूछताछ में पता चला कि घटना में इस्तेमाल की गई पिस्टल पहले भी जब्त की जा चुकी थी। नितेश को पिछले महीने इसी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया गया था और वह हाल ही में जेल से जमानत पर छूटा था। आरोपियों के पास से एक बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद हुई है। क्रेटा कार वर्तमान में हुंडई एजेंसी लूकरगंज में रिपेयर होने के लिए जमा है।
प्रयागराज से आए थे मुलाकात करने, गए जेल
रामनगर थाने से पिछले महीने 21 मई को नितेश पांडेय अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार हुआ था। वह जेल में बंद था। अभी कुछ दिन पहले ही वह जेल से छूटकर बाहर आया था। प्रयागराज से सैफी अख्तर उर्फ जुनैद व मोहम्मद इस्राइल भी मुलाकात के लिए वाराणसी पहुंचे थे।
बहन से छेड़खानी का विरोध करने पर अधिवक्ता को पीटा, प्राथमिकी दर्ज
बहन के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर अधिवक्ता सहित एक ही परिवार के लोगों पर जानलेवा हमला किया गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर तीन नामजद और अज्ञात के खिलाफ कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। शिवपुर के दानियालपुर निवासी अधिवक्ता ने पुलिस को बताया कि 21 जून की शाम छोटा भाई बहन को ससुराल छोड़ने जा रहा था। आरोप है कि गेट नंबर-5 रेलवे फाटक बंद होने के कारण वाहन रुकने पर वहां मौजूद कुछ लोगों ने बहन के साथ अभद्र टिप्पणी और अशोभनीय शब्दों का प्रयोग किया। विरोध करने पर भाई के साथ मारपीट की। बीच बचाव के लिए पिता के साथ मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने पिटाई की।कैंट इंस्पेक्टर राजकिशोर पांडेय ने बताया कि आरोपियों में संजय यादव, बेद्दर यादव और गोविंद यादव समेत अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
हनुमान मंदिर के पास अवैध कब्जा, पेड़ काटने पर ग्रामीणों में आक्रोश
शिवपुर थाना क्षेत्र के सुद्धिपुर चौराहा स्थित हनुमान मंदिर के पास सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे से ग्रामीणों में आक्रोश है। सोमवार को ग्रामीणों ने शिवपुर थाना प्रभारी को शिकायत सौंपी। अवैध कब्जे और पेड़ काटने को लेकर आक्रोश जताया। ग्रामवासियों ने पुलिस को बताया कि इन अवैध गतिविधियों से सार्वजनिक संपत्ति और पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचा है। श्रद्धालुओं, राहगीरों और स्थानीय निवासियों को आवागमन में भारी असुविधा हो रही है। सुरक्षा संबंधी खतरे भी बढ़ गए हैं। ग्रामीणों ने अंदेशा जताया है कि समय रहते कार्रवाई न होने पर अवैध कब्जा बढ़ सकता है। सार्वजनिक भूमि पर अवैध निर्माण किया जा रहा है। मंदिर के पास के पेड़ों को काटा गया है, सड़क किनारे की रेलिंग भी तोड़ दी गई है। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
मारपीट और जान से मारने की धमकी मामले में प्राथमिकी दर्ज
चितईपुर थाना क्षेत्र में मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह कार्रवाई आदित्य नगर, करौंदी लेन-2 की निवासी गीता देवी की शिकायत पर की गई है। गीता देवी ने पुलिस को बताया कि चांदनी, मुन्नी देवी, गुड़िया, कमला देवी और सोनू बीते शनिवार को घर में घुसकर पिटाई की। चितईपुर थाना प्रभारी राकेश कुमार गौतम ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
54 हजार की साइबर ठगी में तीन पर प्राथमिकी दर्ज
म्यूल बैंक खातों से साइबर ठगी के नेटवर्क के संचालन में तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। टेलीग्राम से ऑनलाइन कमाई के लालच में अन्य युवकों के नाम पर बैंक खाते खुलवाए। इन खातों का उपयोग 54 हजार रुपये की साइबर ठगी के लेन-देन के लिए किया जा रहा था। चोलापुर थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि इस मामले में दशवतपुर निवासी शुभम सिंह, आशीष कुमार गोंड और सत्यम यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पति की बीमारी के बाद ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न की प्राथमिकी दर्ज
विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों में सास, ससुर, देवर और ननद सहित चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। विवाहिता का आरोप है कि पति की गंभीर बीमारी के बाद भी उसे प्रताड़ित किया गया और घर से निकाल दिया गया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि विवाह के कुछ समय बाद उसके पति गंभीर बीमारी के कारण लकवाग्रस्त हो गए। मायके पक्ष ने पति के इलाज में लाखों रुपये खर्च किए। उसके पिता ने मुंबई में पति का उपचार कराया और ऑपरेशन भी करवाया। हालांकि, ससुराल पक्ष ने इलाज के दौरान कोई आर्थिक या सामाजिक सहयोग नहीं दिया। पति की बीमारी के बाद ससुराल वालों का व्यवहार और कठोर हो गया। गर्भावस्था के दौरान भी उसे प्रताड़ना झेलनी पड़ी। प्रभारी निरीक्षक सधुवन राम गौतम ने बताया कि सास, ससुर, देवर और ननद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
किशोरी लापता, पुलिस तलाश में जुटी
आयर बाजार गांव से एक 15 वर्षीय किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़ित पिता ने पुलिस को बताया कि किशोरी दोपहर करीब एक बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। शाम तक न लौटने पर उसकी तलाश की, पर कोई जानकारी नहीं मिली। प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि पुलिस परिजनों व स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाकर खोजबीन कर रही है।
बहन से छेड़खानी का विरोध करने पर अधिवक्ता को पीटा, प्राथमिकी दर्ज
बहन के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर अधिवक्ता सहित एक ही परिवार के लोगों पर जानलेवा हमला किया गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर तीन नामजद और अज्ञात के खिलाफ कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। शिवपुर के दानियालपुर निवासी अधिवक्ता ने पुलिस को बताया कि 21 जून की शाम छोटा भाई बहन को ससुराल छोड़ने जा रहा था। आरोप है कि गेट नंबर-5 रेलवे फाटक बंद होने के कारण वाहन रुकने पर वहां मौजूद कुछ लोगों ने बहन के साथ अभद्र टिप्पणी और अशोभनीय शब्दों का प्रयोग किया। विरोध करने पर भाई के साथ मारपीट की। बीच-बचाव के लिए पिता के साथ मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने पिटाई की। कैंट इंस्पेक्टर राजकिशोर पांडेय ने बताया कि आरोपियों में संजय यादव, बेद्दर यादव और गोविंद यादव समेत अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गोल्ड लोन के नाम पर आभूषण हड़पने के मामले में प्राथमिकी दर्ज
कमच्छा निवासी रेशमा परवीन ने सूरजकुंड नई सड़क की रहने वाली काजल पठान के खिलाफ गोल्ड लोन के नाम पर सोने के आभूषण हड़पने के मामले में सोमवार को भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़िता रेशमा ने पुलिस को बताया कि पूर्व परिचित काजल अपने को कभी बैंक कर्मचारी तो कभी कुछ बताया करती थी। गोल्ड लोन दिलाने का झांसा देकर सोने का हार, सोने का झुमका, दो लॉकेट सोने के और अन्य आभूषण ले गई। गोल्ड लोन मन्नापुरम फाइनेंस में लगाने को दे दिया। अब न तो आभूषण लौटा रही है और न ही पैसे दे रही है। काजल पठान ने खुद 1,84,044 रुपये का लोन ले लिया। भेलूपुर थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पत्नी की पिटाई और मोबाइल तोड़ा, कैंट थाने में मामला दर्ज
विवाहिता ने पति पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में सोमवार को कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। महिला का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया। सिकरौल निवासी पीड़िता गुड़िया देवी ने पुलिस को बताया कि रविवार दोपहर करीब तीन बजे पति दीपक चौहान ने उनके साथ मारपीट की। पुत्र आदित्य और प्रांजल ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो उनके साथ भी मारपीट की गई। मोबाइल फोन भी ईंट मारकर तोड़ दिया गया। कैंट थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। संवाद
सीमांकन पत्थर उखाड़ने के मामले में प्राथमिकी दर्ज
सीमांकन पत्थर को जबरन उखाड़ने और क्षतिग्रस्त करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। कोटखास (उंदी) निवासी गिरीश चंद्र श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि उनके खेत की पैमाइश और सीमांकन का कार्य राजस्व विभाग ने किया था। कानूनगो और राजस्व निरीक्षक द्वारा फील्ड बुक तैयार करने के बाद अपर जिलाधिकारी के आदेश पर पिछले वर्ष 18 नवंबर को पुलिस बल की मौजूदगी में खेत की सीमा पर सरकारी पत्थर लगवाया गया था। 19 जून को पड़ोस के रहने वाले अभिषेक, मुन्नी देवी और उनके साथ आए 4-5 अज्ञात लोगों ने सरकारी पत्थर को उखाड़ फेंका। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि नामजद आरोपी अभिषेक, मुन्नी देवी और 4-5 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
ट्रेन से कटकर युवक की मौत
पंचक्रोशी रेलवे क्रॉसिंग के समीप सोमवार को ट्रेन से कटकर एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि सलारपुर स्थित पंचक्रोशी रेलवे क्रॉसिंग के समीप ट्रेन से कटकर युवक की मौत हुई है। उसकी शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।
खड़े ट्रक में ऑटो टकराने से महिला की मौत, चार घायल
फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडरा बाइपास पर बेलवा गांव के सामने सोमवार की अल सुबह खड़े ट्रक में ऑटो की टक्कर से राधा देवी (56 वर्ष) की मौत हो गई। चार अन्य लोग घायल हो गए।
जौनपुर के जलालपुर क्षेत्र में एक वैवाहिक कार्यक्रम में कैटरिंग का काम करने के बाद दो महिलाएं और दो पुरुष ऑटोरिक्शा से लौट रहे थे। बेलवा अंडरपास से लगभग 100 मीटर पहले ऑटो सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में मिर्जामुराद के मुबारकपुर निवासी ऑटो सवार राधा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बदामा देवी निवासी मुबारकपुर गंभीर रूप से घायल हो गईं। चालक सहित अन्य सवारों को भी चोटें आईं। पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल भेजा। राधा देवी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फूलपुर इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया कि आगे तहरीर के आधार पर कार्रवाई होगी।
संदिग्ध मौत मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश
चौबेपुर क्षेत्र के हड़ियाडीह निवासी सुशील उपाध्याय की संदिग्ध मौत के मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) ने चौबेपुर पुलिस को प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना करने का निर्देश दिया है। यह आदेश मृतक की पत्नी द्वारा दायर प्रार्थना पत्र पर सुनवाई के बाद दिया गया है।
पत्नी ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोगों ने साजिश के तहत उनके पति को घर से बुलाया था। इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई और फिर उनकी हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया गया। आरोप के अनुसार, 13 मई 2026 को सुशील उपाध्याय को एक ग्रामीण के फोन पर घर से बुलाया गया था। इसके बाद उनका परिवार से कोई संपर्क नहीं हो सका। पांच दिन बाद, 18 मई को सारनाथ थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास उनका शव बरामद हुआ। याचिका में बताया गया कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी सिर में गंभीर चोट के कारण मृत्यु का उल्लेख किया गया था।
इसके बावजूद स्थानीय पुलिस ने हत्या की एफआईआर दर्ज नहीं की थी। परिजनों ने कई बार अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। न्यायालय में प्रस्तुत प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया कि मृतक के गायब होने के बाद कुछ नामजद लोगों की गतिविधियां संदिग्ध थीं। मृतक को आखिरी बार उन्हीं लोगों के साथ देखा गया था। परिवार का आरोप है कि पुलिस ने घटना को दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया।
मामले की सुनवाई के बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने सभी उपलब्ध अभिलेखों और प्रस्तुत तथ्यों का अवलोकन किया। उन्होंने चौबेपुर के प्रभारी निरीक्षक को संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया। न्यायालय ने पुलिस को मामले की गहन विवेचना सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है। चौबेपुर थाना प्रभारी वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पटाखे की चिंगारी से प्रसार भारती परिसर में लगी आग
महाराजा सुहेलदेव पार्क आकाश वाणी तिराहा के पास सोमवार की रात पटाखे की चिंगारी से प्रसार भारती परिसर की झाड़ियों में आग लग गई। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। महाराजा सुहेलदेव पार्क के पास स्थित एसजीटी प्लाजा होटल में शादी समारोह था। इस बीच गाजे बाजे के साथ सेसवा कोटवा से बारात आई थी। आतिशबाजी के दौरा एक तेज आवाज पटाखे की चिंगारी प्रसार भारती परिसर स्थित झाड़ियों में जा गिरा। इसकी वजह से झाड़ियों में आग लग गई। सूखा पत्ता होने की वजह से आग तेजी से फैलने लगा। प्रसार भारती के कर्मचारी आग बुझाने का प्रयास किए। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी और फायर ब्रिगेड ने लगभग 15 मिनट बाद आग पर काबू पाया। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि जान माल की हानि नहीं हुई।
इंस्टाग्राम पर वायरल वीडियो के बाद आरोपी गिरफ्तार, नकली पिस्टल बरामद
इंस्टाग्राम पर पिस्टल लेकर भौकाल बनाने के आरोपी रविशंकर मिश्रा को दशाश्वमेध पुलिस ने सोमवार की रात अगस्तकुंडा से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से नकली पिस्टल बरामद हुआ। राजातालाब के भीचंडी निवासी रवि शंकर मिश्रा वर्तमान में दत्तात्रेय मठ, अगस्तकुंडा दशाश्वमेध में रह रहा था। इंस्टाग्राम पर पिस्टल लेकर माहौल और भौकाल बना रहा था। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी की। दशाश्वमेध थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि वीडियो में रविशंकर खुलेआम हथियार लहराता हुआ दिख रहा था। वीडियो के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।पहचान होने के बाद रवि शंकर मिश्रा को गिरफ्तार किया गया। यह हथियार जांच में खिलौना बंदूक पाया गया। बरामद नकली बंदूक को जब्त कर लिया है।
अधिवक्ता-एसडीएम सदर विवाद का हुआ पटाक्षेप, आंदोलन समाप्त
पिछले एक सप्ताह से अधिवक्ताओं और एसडीएम सदर के बीच चल रहे विवाद का सोमवार को समाधान हो गया। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार व सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम के हस्तक्षेप से दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई, जिसके बाद अधिवक्ताओं ने अपना आंदोलन समाप्त करने की घोषणा कर दी।
सोमवार को राइफल क्लब में जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में एडीएम प्रशासन पंकज कुमार, तहसीलदार सदर संत सिंह, एसडीएम सदर नितिन सिंह, सेन्ट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम, बनारस बार के पूर्व महामंत्री नित्यानंद राय तथा अधिवक्ता गौतम कुमार झा के बीच बैठक हुई। इसमें तहसील में व्याप्त भ्रष्टाचार और अधिवक्ताओं व तहसील कर्मियों के बीच आए दिन होने वाले विवादों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान एसडीएम सदर ने आश्वासन दिया कि भविष्य में तहसील के अधिकारी और कर्मचारी अधिवक्ताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार करेंगे तथा किसी प्रकार का दुर्व्यवहार नहीं होगा। इस आश्वासन के बाद अधिवक्ताओं ने आंदोलन समाप्त करने पर सहमति जताई। बैठक में यह भी तय किया गया कि तहसील परिसर में अधिवक्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि भविष्य में इस प्रकार की परिस्थितियां उत्पन्न न हों। विवाद के सौहार्दपूर्ण समाधान पर दोनों पक्षों ने संतोष व्यक्त किया।
कोचिंग सेंटर पर फायर सिस्टम देखने पहुंचे अफसर
लखनऊ में सोमवार की दोपहर में कोचिंग सेंटर में आग लगने की घटना की जानकारी मिलने के बाद अग्निशमन विभाग के अफसर अपनी टीम के साथ कोचिंग सेंटर देखने पहुंचे। लंका क्षेत्र के कबीरनगर में चलने वाले कोचिंग सेंटर पर लगे अग्निशमन यंत्र की जांच करने के साथ ही आग लगने पर बुझाने के लिए जरूरी फायर सिस्टम की व्यवस्थाओं को भी परखा। इसमें कई जगहों पर सेंटर पर अप्रशिक्षित कर्मचारी मिले। कोचिंग सेंटर पर तैनात कर्मचारियों को अग्निशमन यंत्र चलाने की जानकारी नहीं थी। इस पर अग्निशमन विभाग की टीम ने कई संचालकों को उपकरणों को दुरूस्त रखने और कर्मचारियों को प्रशिक्षित करवाने को कहा।
कबीरनगर दुर्गाकुंड इलाके और आसपास में करीब तीन किलोमीटर के दायरे में छोटे-बड़े 40 से अधिक कोचिंग सेंटर हैं। इसमें कुछ तो सड़क पर दिखते हैं लेकिन बहुत से कोचिंग सेंटर कबीरनगर, खोजवा इलाके में सकरी गलियों में हैं। यहां ऐसी गलियां हैं, जहां अगर कभी आग लग जाए तो अग्निशमन की बड़ी गाड़ी तो दूर बाइक वाली गाड़ी को भी जाने में परेशानी होगी। सोमवार की शाम जैसे ही अग्निशमन विभाग की टीम पहुंची तो कोचिंग संचालकों में हड़कंप मच गया। हर कोई अपने अपने अग्निशमन यंत्र और आग लगने पर बुझाने के अन्य उपकरणों को देखने लगा।
भेलूपुर इलाके के फायर आफिसर इंद्रजीत वर्मा का कहना है कि मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर कोचिंग सेंटरों में व्यवस्थाओं की जांच कराई गई। कई जगहों पर अग्निशमन यंत्र, बचाव के अन्य उपाय तो मिले लेकिन उसको चलाने वाले कर्मचारी अप्रशिक्षित मिले और कुछ जगहों पर कर्मचारी छु्टी पर मिले। बताया कि जो भी कमियां मिली हैं, उसकी सूची तैयार करवाकर कोचिंग संचालकों को नोटिस दी जाएगी।
किन किन जगहों पर हैं सर्वाधिक कोचिंग सेंटर
- मलदहिया चौराहे के पास
- लंका-कबीरनगर-दुर्गाकुंड
- खोजवा, रविंद्रपुरी, गुरुधाम इलाका
- गायघाट, काल भैरव इलाका, चौखंभा, दूध विनायक
- भेलपुर, मदनपुरा, सोनारपुरा इलाका
सपा ने जताया दुख, नए सिरे से जांच की मांग
लखनऊ स्थित अलीगंज में कोचिंग सेंटर में आग लगने से 15 लोगों की मौत पर सपा कार्यकर्ताओं ने दुख जताया है। सपा नेता विष्णु शर्मा ने कहा कि सरकार को घटना की उच्च स्तरीय जाँच करानी चाहिए, जिससे कि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके। उन्होने वाराणसी जिला प्रशासन से शहर में चलने वाले कोचिंग सेंटरों की नए सिरेसे आग लगने से बचाव की जांच की मांग की है।