फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News Today: वाराणसी में दो लोगों की मौत, अपार्टमेंट की सातवीं मंजिल से कूदी महिला; पढ़ें खबरें

Sun, 29 Mar 2026 10:34 AM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी के चोलापुर और चौबेपुर थाना क्षेत्र में हुए हादसों के दाैरान दो लोगों ने अपनी जान गंवा दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, शिवपुर थाना क्षेत्र में एक महिला अर्पाटमेंट की सातवीं मंजिल से कूद गई। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News in Hindi: चोलापुर थाना क्षेत्र के चोलापुर में शनिवार की सुबह हाईटेंशन तार की जद में आने से मछली पालक तौहीद आलम उर्फ टन्ना (35) की मौत हो गई। चोलापुर निवासी तौहीद आलम गांव से लगभग 500 मीटर दूर एक तालाब में मछली पालन का कार्य करते थे। सुबह करीब 9 बजे तालाब पर पहुंचे, तभी कुछ ग्रामीणों ने देखा कि वह तालाब किनारे अचेतावस्था में पड़े हैं।

विज्ञापन


उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि तालाब किनारे लोहे के पाइप को सीधा करते समय तौहीद आलम ऊपर से गुजर रही 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की जद में आ गए। उनकी मां खुर्शीदा और पत्नी शहनाज बुरी गम में हैं। परिवार में बड़ी बेटी शाइना (10), दूसरी बेटी शाइमा (7, दिव्यांग), चार वर्षीय बेटा अहद और दो वर्षीय बेटी अनाबिया हैं।

सातवीं मंजिल से कूदी महिला
डिप्रेशन में आई महिला अवध अपार्टमेंट की सातवीं मंजिल से कूद गई। शिवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अवध अपार्टमेंट के सातवीं मंजिल से सुबह करीब पांच बजे के डिप्रेशन में आकर एक महिला ने छत से कूद कर जान दे दी। महिला का नाम सीमा सिन्हा (50) पति पंकज सिन्हा, पति चकबंदी में अधिकारी हैं। मृतक महिला की दो बेटियां हैं। बड़ी लड़की 21 और छोटी लड़की 16 वर्ष की है। परिजनों के अनुसार मृतक महिला का डिप्रेशन का दवा चल रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
विज्ञापन


हादसे में घायल वृद्ध की इलाज के दौरान मौत
जंसा थाना क्षेत्र के हरसोस गांव निवासी पंचम विश्वकर्मा (60 वर्ष) की शनिवार सुबह बीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह बृहस्पतिवार की शाम रिंग रोड, खेवसीपुर गांव के समीप हुए सड़क हादसे में घायल हुए थे। पत्नी निर्मला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के चार पुत्र और एक पुत्री हैं। वे फर्नीचर का काम करते थे।

स्काॅर्पियो और ट्रेलर में टक्कर, चालक घायल
चौबेपुर थाना क्षेत्र के डुबकियां बाजार के समीप शनिवार की दोपहर तेज रफ्तार में स्काॅर्पियो और ट्रेलर में टकरा गए। गलत दिशा से आए स्काॅर्पियो ने ट्रेलर को टक्कर मारी। हादसे में ट्रेलर चालक मंजीत यादव (25), निवासी चकिया, चंदौली घायल हो गया और उसे बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। घटना के बाद स्कार्पियो चालक मौके से वाहन लेकर भाग गया। थाना प्रभारी वीरेंद्र सोनकर ने जानकारी दी। 

फायरिंग के आरोपी को जेल भेजा गया
मच्छोदरी स्थित श्याम बाजार में एसबीआई बैंक के बाहर कार खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी मोनू यादव ने राइफल से फायरिंग की। कोतवाली पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 बोर की राइफल और कारतूस बरामद किया। पीड़ित सिकरौल निवासी अतुल कुमार मौर्या की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई। एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि मोनू सिंह यादव उर्फ मोन्टू को गिरफ्तार कर कोर्ट ने जेल भेज दिया। 

बड़ागांव में डीसीपी गोमती ने की जनसुनवाई
डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने शनिवार को समाधान दिवस पर बड़ागांव थाना परिसर में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। बसनी के छोटे लाल के प्रार्थना पत्र की सुनवाई करते हुए उन्होंने थाना प्रभारी को आवश्यक निर्देश दिए। पलिया शंभुपुर निवासी सतेंद्र यादव ने मेड़ बंदी के बाद विपक्षी द्वारा पत्थर उखाड़कर फेंक देने और दोबारा मेड़ बंदी करने पर विवाद की शिकायत दर्ज कराई। शाहपुर निवासी डॉ. चंद्रशेखर ने अपने किरायेदार द्वारा नौ महीने का किराया और डेढ़ साल की बिजली बिल अदायगी न करने का प्रार्थना पत्र जमा किया। जनसुनवाई में कुल 11 प्रार्थना पत्र आए, जिनमें से 3 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया गया। 

डीसीपी ने 5 महिलाओं को सौंपे ठेले
डीसीपी वरुणा जोन आकाश पटेल ने शनिवार को होप वेलफेयर ट्रस्ट की ग्रीन आर्मी से जुड़ी पांच महिलाओं को लकड़ी के ठेले वितरित किए। डीसीपी के हाथों स्वरोजगार का साधन पाकर महिलाओं के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। होप वेलफेयर ट्रस्ट के संस्थापक रवि मिश्रा ने बताया कि इन ठेलों के माध्यम से ग्रीन आर्मी की ये महिलाएं अब फल, सब्जी और गोलगप्पे जैसे छोटे व्यवसाय शुरू कर सकेंगी। संस्था के सह-संस्थापक संदीप गुप्ता ने कहा कि महिलाओं को व्यापार चलाने में आने वाली किसी भी तकनीकी या व्यावहारिक समस्या का समाधान संस्था के स्तर पर ही किया जाएगा। इस दौरान दिव्यांशु उपाध्याय, संदीप गुप्ता, श्यामाकांत, नितेश जायसवाल समेत कई लोग मौजूद रहे। 

ग्रामीणों की सहमति से होगी जमीन की खरीद
वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने शनिवार को गांव कल्लीपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों और स्थानीय ग्रामीणों से भूमि क्रय / लैंड पुलिंग के संबंध में बातचीत की। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण द्वारा भूमि खरीद की प्रक्रिया पूर्णतः ग्रामीणों की सहमति और पारदर्शिता के आधार पर ही संपन्न की जाएगी। किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए निश्चित एवं न्यायसंगत दर पर ही भूमि क्रय की जाएगी, जिससे सभी पक्षों को संतुलित लाभ प्राप्त हो सके। निरीक्षण के दौरान ड्रोन के माध्यम से सर्वेक्षण भी कराया गया, ताकि भूमि की वास्तविक स्थिति, सीमांकन और विकास की संभावनाओं का सटीक आकलन किया जा सके। ग्रामीणों ने इस अवसर पर अपने सुझाव और अपेक्षाएं प्राधिकरण के समक्ष रखीं। 

घाट पर फोटोग्राफी के दौरान युवक को पीटा
गाय घाट पर फोटोग्राफी के दौरान अराजक तत्वों ने आनंद सिंह की पिटाई कर दी। अरोपियों के खिलाफ पीड़ित ने कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। कपसेठी निवासी आनंद सिंह उर्फ नंद ने पुलिस को बताया कि अंश प्रताप सिंह व शिबू के साथ वह 27 मार्च की सुबह करीब 8 बजे घाट पर क्लाइंट की फोटोग्राफी कर रहा था। इस दौरान दो अज्ञात युवक पहुंचे और बिना किसी वजह के अंश प्रताप की पिटाई कर दी। हाथापाई के साथ दांत से भी काट कर घायल कर दिया। कोतवाली इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

बच्चे को गेंद से चोट लगने पर पिता को पीटा
मैदागिन स्थित हरिश्चंद्र पार्क में क्रिकेट मैच के दौरान 15 युवकों ने पार्क में टहलने आए मनीष वर्मा की बैट से पिटाई कर दी। बच्चे को गेंद से चोट लगने पर मनीष ने विरोध किया था। पीड़ित ने कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। महामृत्युंजय मंदिर के पास रहने वाले मनीष वर्मा ने पुलिस को बताया कि 22 मार्च को वह अपने परिवार और बच्चों के साथ पार्क में टहल रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद 15 युवक क्रिकेट खेल रहे थे। खेल के दौरान गेंद उनके बच्चे की पीठ पर लग गई, जिससे उसे चोट आई। इसके बाद उन्होंने सिर और पीठ पर बैट से वार किया। इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

फोन पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी
भाजपा आईटी सेल के पदाधिकारी को फोन से अपशब्द और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पीड़ित की तहरीर पर सारनाथ पुलिस ने सलारपुर वार्ड 5 के पार्षद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। भाजपा आईटी सेल के पदाधिकारी दीपक गुप्ता ने पुलिस को बताया कि सलारपुर वार्ड नंबर 5 के पार्षद हनुमान प्रसाद सोनकर ने 16 मार्च को फोन पर अपशब्द और जान से मारने की धमकी दी। ऑडियो रिकॉर्ड भी मौजूद है। सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि पार्षद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पार्षद ने पंजाबी अस्पताल की जमीन को लेकर अपशब्द कहे। 

महिलाओं पर अश्लील टिप्पणी, गिरफ्तार
कपसेठी थाना क्षेत्र के कालिका धाम मंदिर के पास महिलाओं पर अश्लील टिप्पणी करने वाले नितेश कुमार सिंह को मिशन शक्ति टीम ने गिरफ्तार किया। आरोपी राजातालाब थाना क्षेत्र के शहंशाहपुर गांव का निवासी है। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई। 

बस बिक्री में ठगी और धमकी, प्राथमिकी दर्ज
कैंट थाना क्षेत्र के वरुणा ब्रिज पर ट्रैवल्स एजेंसी संचालक ने बस की बिक्री में 9.50 लाख रुपये की ठगी की और धमकी दी। पीड़ित रितेश जायसवाल ने प्राथमिकी दर्ज कराई। लमही के महालक्ष्मीपुरम काॅलोनी निवासी रितेश ने बताया कि उन्होंने वरुणा ब्रिज निवासी रोनाल्ड बनजामिन नाडर से अपनी बस 12 लाख रुपये में बेचने का सौदा तय किया था। 23 मार्च 2022 को 9.50 लाख रुपये आरोपी के पंजाब नेशनल बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

जमीन के विवाद में मारपीट, दो घायल
बड़ागांव थाना क्षेत्र के भेलखा गांव में जमीन विवाद में पिटाई हुई। बृहस्पतिवार को हुई घटना के बाबत शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। पीड़ित कृष्ण कुमार ने पुलिस को बताया कि पड़ोसी गुलाब राजभर, राहुल राजभर, पूजा देवी और चिंता देवी ने पिटाई की। बेटा हिमांशु कुमार पर कुल्हाड़ी से वार किया गया। पत्नी सोनी देवी की चेन लूट ली गई। दूसरे पक्ष की पूजा कुमारी ने पुलिस को बताया कि कृष्ण कुमार, हिमांशु, सोनी देवी और राजकुमारी उनके घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और तोड़फोड़ की। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई। 

छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट का आरोपी गिरफ्तार
लालपुर पांडेयपुर पुलिस ने पॉक्सो मामले में आरोपी अजय कुमार गुप्ता को शनिवार दोपहर नई बस्ती पांडेयपुर से गिरफ्तार किया। इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी नई बस्ती का निवासी है। 27 मार्च को पीड़िता की मां ने अजय कुमार गुप्ता के खिलाफ छेड़खानी और पॉक्सो मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। 

ब्लैकमेल करने का आरोपी गिरफ्तार
चेतगंज पुलिस ने शुक्रवार रात चितईपुर से पीड़िता को ब्लैकमेल करने के आरोप में मनोज कुमार पाठक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी विशालनगर काॅलोनी, चितईपुर का निवासी है। इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि 27 मार्च को पीड़िता ने मनोज कुमार पाठक के खिलाफ ब्लैकमेल करने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। 

विवाहिता के साथ मारपीट और धमकी
पुलिस ने मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में दो नामजद व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। जौनपुर के पतहरा निवासी भूपाल पांडेय ने बताया कि उनकी पुत्री प्रियंका अपने पति संतोष कुमार पचराव के घर रहती है। संतोष कुमार, उनकी पत्नी सुनीता देवी और परिवार के अन्य सदस्य आए दिन प्रियंका को प्रताड़ित करते हैं और गाली-गलौज करते हैं। 24 फरवरी 2026 की सुबह करीब 7 बजे संतोष कुमार ने गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

मारपीट के मामले में चार पर प्राथमिकी दर्ज
चितईपुर थाना क्षेत्र के आदित्यनगर में दिनेश कुमार की पिटाई के मामले में साढ़ू के बेटे समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।दिनेश ने पुलिस को बताया कि 5 मार्च को साढ़ू का बेटा साहिल, उसका दोस्त अक्षय और दो अन्य युवक उसके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने बेल्ट से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर और पीठ में गंभीर चोटें आईं। चितईपुर थाना प्रभारी राकेश कुमार गौतम ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

गुंडा एक्ट में जिला बदर आरोपी गिरफ्तार
चौका घाट सोनारपुरा निवासी जिला बदर आरोपी ओम यादव को भेलूपुर पुलिस ने शनिवार को अवधगर्वी मोहल्ले से गिरफ्तार किया। उसे फरवरी माह में तीन महीने के लिए गुंडा एक्ट के तहत जिला बदर किया गया था। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जिला बदर होने के बावजूद वह अवधगर्वी मोहल्ले स्थित बैजनाथ धाम गेस्ट हाउस में छिपकर रह रहा था। 

फ्लैट में घुसकर उत्पात मचाया, तोड़फोड़
कैंट थाना क्षेत्र के अर्दलीबाजार स्थित भुवनेश्वर नगर कॉलोनी में शनिवार दोपहर मनबढ़ों ने एक फ्लैट में घुसकर उत्पात मचाया। पीड़ित मोहन बदलानी की तहरीर पर कैंट पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित मोहन बदलानी ने पुलिस को बताया कि वाहन से पहुंचे मनबढ़ जबरन फ्लैट में घुस आए और बेटे व एक अन्य स्टाफ के साथ मारपीट की। जान से मारने की धमकी देते हुए फ्लैट का दरवाजा भी तोड़ दिया और भाग निकले। पूरी घटना सीसी कैमरे में कैद है। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि पहले से विवाद चल रहा है। तहरीर के आधार पर छानबीन की जा रही है। 

लापता युवती को पुलिस ने खोजा
कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़ागणेश इलाके में तीन दिन पहले हुई युवती के अपहरण मामले को कोतवाली पुलिस ने शनिवार को सुलझा लिया। आरोपी दिव्य प्रकाश को पुलिस ने कैंट स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। युवती को भी सुरक्षित बरामद किया गया। दिल्ली निवासी आरोपी दिव्य प्रकाश ने पुलिस को बताया कि वह युवती से प्रेम करता है और युवती के कहने पर ही उसे साथ ले गया। युवती ने भी पुलिस को बताया कि वह दिव्य प्रकाश से प्यार करती है, लेकिन उनके परिवार ने कहीं शादी तय कर दी थी। शादी के डर से वह अपने प्रेमी के साथ गई थी। कोतवाली एसीपी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार किया गया। 

मैराथन के जरिये महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण का दिया गया संदेश
मिशन शक्ति अभियान 5.0 के द्वितीय चरण के तहत शनिवार को ‘रन फॉर इम्पावरमेंट’ (मैराथन) का आयोजन किया गया। एडीजी जोन पीयूष मोर्डिया और जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन का शुभारंभ किया। इस दौरान महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण का सशक्त संदेश दिया गया।

पुलिस लाइन से शुरू हुई इस मैराथन में महिला आरक्षियों, पुलिस लाइन परिवार की छात्राओं, विकास इंटर कॉलेज शिवपुर की छात्राओं, डायनेमिक पब्लिक स्कूल फूलवरिया कैंट की छात्राओं तथा विभिन्न संस्थाओं के कुल 234 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। समाज में उत्कृष्ट कार्य करने पर सीए जमुना शुक्ला, डॉ. शिप्रा धर और एकता पारिक को बुके देकर सम्मानित किया गया। वहीं मैराथन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं अंजली प्रजापति, छवि गुप्ता और तान्या गुप्ता को भी पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम के दौरान वीमेन पावर हेल्पलाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर 181, साइबर हेल्पलाइन 1930, स्वास्थ्य सेवा 102 और एंबुलेंस सेवा 108 सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया गया।

एचआईवी पीड़ितों के साथ संवेदनशीलता से पेश आएं 
जिला एड्स नियंत्रण सोसाइटी की ओर से शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधिकारियों और जवानों के लिए संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल को एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक करना और इसके प्रसार को रोकने में उनकी भूमिका को स्पष्ट करना था। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि पुलिस को एचआईवी के साथ जी रहे लोगों के प्रति सहयोगात्मक और संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। इस दौरान आईएमएस-बीएचयू के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. मनोज कुमार तिवारी, मनीष कुमार सिंह, चेतन श्रीवास्तव, पूनम गुप्ता मौजूद रहीं। 

पेट्रोल पंप कर्मी की पिटाई, थार सवारों पर प्राथमिकी दर्ज
सुंदरपुर कैंसर अस्पताल के सामने सुंदर बगिया स्थित पेट्रोल पंप के कर्मचारी की पिटाई के मामले में थार सवार मनबढ़ों के खिलाफ एक सप्ताह बाद चितईपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। गाजीपुर रजिस्ट्रेशन नंबर की थार में सवार इंद्रेश चौबे समेत अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

सुंदरपुर स्थित भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप पर कर्मचारी राम संजीवन पटेल ने पुलिस को बताया कि 21 मार्च की देर शाम वह पंप पर आने वाले वाहनों में हवा भर रहा था। तभी काले रंग की थार से चार-पांच युवक पहुंचे और टायर में हवा भरने को कहा। वाहन को पंप के अंदर लाने के लिए कहने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और लात-घूंसों से उसकी पिटाई कर दी। चितईपुर थाना प्रभारी राकेश कुमार गौतम ने बताया कि इंद्रेश चौबे समेत पांच अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

अप्रैल से 767 आवश्यक दवाओं के दाम बढ़ेंगे, 0.64% तक वृद्धि
एक अप्रैल से 767 आवश्यक दवाओं की कीमतों में बढ़ोतरी होने वाली है। नेशनल फार्मास्युटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी (एनपीपीए) ने घोषणा की है कि दवाओं के दाम में 0.64% की वृद्धि की जाएगी। यह निर्णय वार्षिक थोक मूल्य सूचकांक में हुए बदलावों के आधार पर लिया गया है। इस बढ़ोतरी का बड़ा असर पूर्वांचल के 10 जिलों में देखा जाएगा। दवा विक्रेता समिति के आंकड़ों के अनुसार, पूर्वांचल में प्रतिदिन 30 करोड़ रुपये से अधिक की दवाओं की खपत होती है।

गोरखपुर और वाराणसी इस क्षेत्र के बड़े मेडिकल हब हैं, जहां से बिहार और नेपाल तक दवाओं की आपूर्ति होती है। कीमतों में 0.64% की वृद्धि से दैनिक दवा कारोबार पर लाखों रुपये का अतिरिक्त प्रभाव पड़ेगा। सप्तसागर दवा विक्रेता समिति के महामंत्री संजय सिंह ने बताया कि यह बढ़ोतरी राष्ट्रीय आवश्यक औषधि सूची, 2022 के तहत आने वाली दवाओं पर लागू होगी। इस सूची में जीवनरक्षक दवाओं से लेकर सामान्य बीमारियों के इलाज में उपयोग होने वाली दवाएं शामिल हैं।

सबसे अधिक बढ़ोतरी संक्रमण से संबंधित एंटीबायोटिक्स की कीमतों में होगी। इनमें टैबलेट्स, सिरप और इंजेक्शन शामिल हैं। जिले के प्राइवेट अस्पतालों में लगभग 90% मरीजों को एंटीबायोटिक दवाएं लिखी जाती हैं। इसके दाम बढ़ने से मरीजों की जेब पर असर पड़ेगा। इसके अलावा पेनकिलर्स, एंटी-इंफ्लेमेटिव दवाएं, मधुमेह (डायबिटीज), हृदय रोग और उच्च रक्तचाप की दवाएं, स्टेरॉयड, विटामिन और खनिज सप्लीमेंट्स की कीमतों में भी वृद्धि होगी। 

इंडिया हैंडलूम ब्रांड कार्यशाला में बुनकरों को मिला प्रोत्साहन
वस्त्र समिति की ओर से इंडिया हैंडलूम ब्रांड पर आधारित कार्यशाला का आयोजन चौकाघाट स्थित बुनकर सेवा केंद्र परिसर में किया गया। इसमें 100 से अधिक बुनकरों और शिल्पकारों ने हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि उद्योग विभाग के संयुक्त आयुक्त मोहन कुमार शर्मा ने वस्त्र समिति के प्रयासों की सराहना की। 

मुख्य वक्ता डॉ. तपन कुमार राउत (निदेशक, वस्त्र समिति) ने बुनकरों को प्रेरित करते हुए कहा कि आईएचबी पंजीकरण उनके उत्पादों की गुणवत्ता को प्रमाणित करने के साथ ही उन्हें वैश्विक बाजार में एक विशिष्ट पहचान दिलाएगा। बुनकर सेवा केंद्र के उपनिदेशक अशोक कुमार वर्मा, एमएसएमई के सहायक निदेशक राकेश शर्मा और एलडीएम अविनाश अग्रवाल ने बुनकरों को उनके क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं और वित्तीय सहायता के बारे में बताया। 

यूपिका के चेयरमैन अमरेश कुशवाहा और ईयूपईए के पूर्व अध्यक्ष अंसारी ने बुनकरों की समस्याओं को उठाया। विवेक शर्मा ने इंडिया हैंडलूम ब्रांड में पंजीकरण के बाद बुनकरों को किस प्रकार अपनी आय और बाजार पहुंच में महत्वपूर्ण वृद्धि मिल सकती है, इसकी जानकारी दी। 

द न्यू टैक्स धर्म संगम में नए आयकर अधिनियम की जानकारी दी गई
ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ टैक्स प्रैक्टिशनर्स के 50वें स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में शनिवार को मलदहिया स्थित एक होटल में द न्यू टैक्स धर्म संगम विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी हुई। एआईएफटीपी, जीएसटी बार एसोसिएशन और इनकम टैक्स बार एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित संगोष्ठी का मुख्य केंद्र एक अप्रैल 2026 से लागू होने वाला नया आयकर अधिनियम रहा। विशेषज्ञों ने बताया कि यह नया कानून पुराने अधिनियम का स्थान लेगा। 

मुंबई से आए अधिवक्ता अजय रायजादा सिंह और इंदौर के सीनियर चार्टर्ड अकाउंटेंट राकेश मेहता ने नए आयकर प्रावधानों का विस्तार से समझाया। सीए शिखर द्विवेदी, कानपुर के सीए धर्मेंद्र श्रीवास्तव, स्नेह वर्मा ने नए कर नियमों की जानकारी दी। मुख्य अतिथि मुख्य आयकर आयुक्त हरि गोविंद सिंह मौजूद रहे। 

विशिष्ट अतिथि जीएसटी अधिकरण के सदस्य आनंद जय कुमार राय, केंद्रीय सेवा कर अधिकरण के सदस्य प्रदीप कुमार चौधरी, सीजीएसटी वाराणसी मंडल के आयुक्त विनिश चौधरी और राज्य जीएसटी के अपर आयुक्त मिथिलेश शुक्ल मौजूद रहे। संगोष्ठी में एआईएफटीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सीए एस. वेंकट रमणी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजय कुमार और राष्ट्रीय सचिव अधिवक्ता जी. भास्कर मौजूद रहे। 

न्यूरोलाॅजी के क्षेत्र में शोध पर ध्यान देना होगा
वाराणसी न्यूरोलॉजिकल सोसायटी की ओर से आयोजित दो दिवसीय न्यूरो भारत कॉन्क्लेव में वक्ताओं ने न्यूरोलॉजिकल बीमारियों के कारण, उपचार की विधि पर विस्तृत चर्चा की। उद्घाटन समारोह में बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि न्यूरोलॉजिकल शिक्षा, अनुसंधान पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। साथ ही आपसी संवाद को भी बढ़ावा देना जरूरी है। 

नदेसर स्थित होटल में आयोजित सभागार में आईएमएस बीएचयू के साथ ही दिल्ली, मुंबई, चंडीगढ़, लखनऊ आदि जगहों से बड़ी संख्या में विशेषज्ञों ने न्यूरोसाइंस की चुनौतियों पर चर्चा की। बीएचयू कुलपति ने कहा कि न्यूरोलॉजिकल शिक्षा, अनुसंधान और सहयोगात्मक संवाद को आगे बढ़ाने की दिशा में इस तरह के आयोजन अहम होंगे। 

पहले दिन अलग-अलग सत्रों में एंडोस्पाइनल सर्जरी, सीपी एंगल ट्यूमर, ट्यूमर सर्जरी, न्यूरो आंकोलॉजी आदि विषय पर अपनी बात रखी। आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. अविनाश चंद्र सिंह, डाॅ. राकेश सिंह ने बताया कि न्यूरोलॉजी और न्यूरोसर्जरी के क्षेत्र में नई तकनीक से उपचार पर विशेषज्ञों को एक मंच पर लाना ही कार्यक्रम का उद्देश्य है। इससे प्रतिभागियों और इस क्षेत्र के विशेषज्ञों को न्यूरोलॉजिकल विज्ञान में हाल की प्रगति, नैदानिक पद्धतियों और उभरते रुझानों पर विचार-विमर्श करने का मौका मिल सके। 

778 करोड़ से बनेंगे 17 होटल 1493 लोगों को मिलेगा रोजगार
जिले में होटल उद्योग में निवेशकों की रुचि तेजी से बढ़ी है। पर्यटन के केंद्र के रूप में स्थापित हो रहे शहर में छोटे बजट होटल से लेकर 5-स्टार और 7-स्टार श्रेणी के होटल तक विकसित किए जा रहे हैं। जीबीसी रेडी के अंतर्गत वाराणसी में कुल अनुमानित 1206.87 करोड़ रूपये के निवेश से 27 होटल का निर्माण होना था,जिससे लगभग 2110 लोगो को रोजगार मिलना संभावित है। इसमें से 10 होटल मेहमानों का आतिथ्य कर रहे हैं।

उद्योग विभाग के उपायुक्त अभिषेक प्रियदर्शी ने बताया कि वाराणसी में 428.97 करोड़ रुपये के निवेश से 10 होटल संचालित हो रहे हैं, जिससे करीब 617 लोगों को रोजगार मिल रहा है। इसके अलावा 777.9 करोड़ रुपये की लागत से 17 होटल निर्माणाधीन या प्रक्रिया में है, जो जल्द ही पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र को और मजबूती देंगे। इसके पूरा होने से 1493 लोगों को रोजगार मिलना संभावित है। 

बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा आज भी दयनीय
बीएचयू के पत्रकारिता और जनसंचार विभाग में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 पर छात्र संवाद हुआ। विभागाध्यक्ष प्रो. ज्ञान प्रकाश मिश्र ने कहा कि राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रीय गान बंगाल से निकला। फिर से बंगाल के युवाओं को उसी दिशा में काम करना होगा। प्रो. ज्ञानेश्वर चौबे ने कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव में नकारात्मक सोच के लोगों का बहिष्कार कर सकारात्मक सोच वाले प्रत्याशी को वोट करना चाहिए। प्रो. सुमिता चटर्जी ने बताया कि बंगाल निवासी छात्र-छात्राओं को प्रेरित कर बंगाल चुनाव में मतदान देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। प्रो. मधुमिता भट्टाचार्या ने कहा कि बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा आज भी दयनीय स्थिति में है। आज भी लड़कियां पूरी तरह से सुरक्षित महसूस नहीं कर रहीं हैं।

अब रविवार को भी बनेगा आधार कार्ड
अगर आपको नया आधार कार्ड बनवाना है या उसमें किसी तरह का संशोधन करवाना है, तो अब आप रविवार को भी यह काम करवा सकते हैं। इसके लिए लहरतारा स्थित आधार केंद्र पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक नियमानुसार सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। आधार सेवा केंद्र के ऑपरेशनल मैनेजर अंकित दूबे ने बताया कि यह जिले का पहला केंद्र है, जहां रविवार को भी सभी कार्य किए जा रहे हैं। 

सुशील बने पीएलडब्ल्यू के प्रिंसिपल चीफ एडमिन
बरेका के प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर सुशील कुमार श्रीवास्तव को पटियाला लोकोमोटिव वर्क्स (पीएलडब्ल्यू) में प्रिंसिपल चीफ एडमिनिस्ट्रेटिव बनाया गया है। शनिवार को उनके बरेका से पटियाला जाने पर आयोजित कार्यक्रम में बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके कार्यों को याद किया। प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने सुशील कुमार को स्मृति-चिह्न स्वरूप रेल इंजन का मॉडल दिया। 

नोएडा एयरपोर्ट के साथ वाराणसी से जल्द शुरू होंगी उड़ानें
नोएडा एयरपोर्ट का शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन किया। इस एयरपोर्ट से वाराणसी के लोगों को भी फायदा मिलेगा। आगामी कुछ दिनों में विभिन्न विमानन कंपनियों द्वारा वाराणसी से उड़ान सेवाएं शुरू की जाएंगी। वाराणसी स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के बीच अप्रैल से उड़ानें शुरू होने की संभावना है। वाराणसी एयरपोर्ट के अधिकारियों के अनुसार, संभावित तौर पर वाराणसी से इंडिगो एयरलाइंस की 5, अकासा की 10, एयर इंडिया एक्सप्रेस की 3 और एयर इंडिया की 3 उड़ानें शुरू की जा सकती हैं। 

नवी मुंबई-वाराणसी के बीच अकासा एयर की नई उड़ान आज से
अकासा एयर की ओर से वाराणसी और नवी मुंबई के बीच एक और उड़ान सेवा रविवार से शुरू हो रही है। इससे हवाई कनेक्टिविटी और मजबूत होगी तथा यात्रियों को अधिक विकल्प मिलेंगे। एयरलाइन के सेल्स हेड राहुल सिंह ने बताया कि फ्लाइट क्यूपी 2021 नवी मुंबई से सुबह 11:00 बजे प्रस्थान कर वाराणसी पहुंचेगी। वहीं, वापसी में फ्लाइट क्यूपी 2022 दोपहर 13:55 बजे वाराणसी से उड़ान भरकर 16:15 बजे नवी मुंबई पहुंचेगी। ये दोनों उड़ानें प्रतिदिन संचालित की जाएंगी। इसके अलावा, फ्लाइट क्यूपी 2001 सुबह 07:50 बजे नवी मुंबई से रवाना होकर 10:00 बजे वाराणसी पहुंचेगी। 

साढ़े आठ करोड़ से संवरेगा शहीद उद्यान, बनेगी डिजिटल लाइब्रेरी
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शनिवार को शहीद उद्यान का निरीक्षण किया और यहां चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। यहां 8.5 करोड़ से सुंदरीकरण का काम चल रहा है। नगर आयुक्त ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और फिनिशिंग का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को कड़े निर्देश दिए कि सौंदर्यीकरण का शेष कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए। पार्क परिसर में बच्चों और युवाओं के लिए 1.5 करोड़ रुपये की लागत से एक हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण किया जा रहा है। 

सिल्वर ग्रोव स्कूल का दीक्षांत समारोह मना
सिल्वर ग्रोव स्कूल का दीक्षांत समारोह प्रोत्साहन शनिवार को आयोजित किया गया। विद्यालय के निदेशक मोहित श्रीवास्तव एवं निदेशिका रचना श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। विद्यार्थियों ने मनमोहक स्वागत गीत एवं सरस्वती वंदना पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। मुख्य आकर्षण विद्यालय की प्रतिभाशाली पूर्व छात्रा शिक्षा पाठक रहीं। जिन्होंने नर्सरी से लेकर अपनी संपूर्ण शिक्षा इसी विद्यालय से प्राप्त की। 

उन्होंने यूपीएससी परीक्षा 2025 में सफलता प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। पूर्व छात्र सेकंड लेफ्टिनेंट सचिन चौबे भी मौजूद रहे। इस दौरान नर्सरी से कक्षा 11 तक के विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया। संचालन आकाश मिश्रा, पारिधि, अविका एवं अमृता पटेल ने किया। वरिष्ठ समन्वयक मानसी सिंह ने स्वागत किया। इस मौके पर प्रधानाचार्या वंदना चतुर्वेदी, एकेडमिक हेड रामकुमार गुप्ता, उप-प्रधानाचार्य रोहित सिंह, समन्वयक दीप्ति सिंह, सिद्धार्थ भास्कर, नैंसी श्रीवास्तव, विशालिनी सिंह आदि मौजूद रहे।

कैबिनेट मंत्री ने मेधावियों को बांटे नियुक्ति पत्र
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक इलेक्ट्रॉनिक्स और कंप्यूटर संस्थान की ओर से शनिवार को पंडित गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल सभागार में कार्यक्रम हुआ। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने मेधावियों को नियुक्ति पत्र बांटे। मंत्री ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके कठिन परिश्रम की सराहना की। इस अवसर पर लाभार्थियों को योजना संबंधी प्रमाण पत्र, सांकेतिक डेमो चेक बांटे गए। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने कहा कि युवाओं को केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि उनके हाथों में सम्मानजनक रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर देना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। इस अवसर पर डीएम सत्येंद्र कुमार, सीडीओ आदि मौजूद रहे।

एलवन कोचिंग के नए सेंटर का उद्घाटन 
एलवन कोचिंग का दूसरा सेंटर दुर्गाकुंड में खुल गया है। यहां आईआईटी जेईई मेंस और एडवांस्ड और नीट यूजी की तैयारी करने वाले छात्रों को बेहतर अवसर मिलेगा। निदेशक दीपक जाजू ने बताया कि अनुभवी, विशेषज्ञ फैकेल्टी, नियमित टेस्ट सीरीज, डिजिटल लर्निंग सुविधा सहित कई सुविधाएं छात्रों को मिलेंगी। बताया कि नये सत्र के लिए 6 अप्रैल और 27 अप्रैल को बैच शुरू होगा। इस दौरान डॉ. अरुण तिवारी, बृजेश सिंह ने नये सेंटर के खुलने को छात्रों के लिए हितकारी बताया।

प्रो. पीके गोस्वामी बने संज्ञाहरण विभाग के अध्यक्ष
आईएमएस बीएचयू के आयुर्वेद संकाय के संकाय प्रमुख प्रो. पीके गोस्वामी को संज्ञाहरण विभाग का अध्यक्ष बनाया गया है। इसका आदेश बीएचयू की ओर से जारी कर दिया गया है। संकाय प्रमुख को यह दायित्व उनके नियमित कार्यों के अतिरिक्त सौंपा गया है। नई व्यवस्था एक अप्रैल से अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।

नए सत्र में उद्योग आधारित कोर्स की होगी पढ़ाई
पॉलिटेक्निक कॉलेजों में जुलाई से शुरू होने वाले नए शैक्षणिक सत्र में बड़ा बदलाव किया जा रहा है। इस बार से पाठ्यक्रम में 15 नए कोर्स शुरू होने जा रहे हैं, जो पूरी तरह से उद्योग की मांग और नई टेक्नोलॉजी को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं। ये कोर्स एआई, साइबर सिक्योरिटी, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस जैसी हॉट फील्ड्स पर आधारित होंगे। राजकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रधानाचार्य पीके सिंह ने बताया कि उद्योगों में बदल रही मांग को लेकर पाठ्यक्रम में बदलाव किया गया है। 

पुरा छात्र सम्मेलन में आईं प्रो. मंगला कपूर
बीएचयू के महिला महाविद्यालय (एमएमवी) में शनिवार को पुरा छात्र सम्मेलन हुआ। पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित महिला महाविद्यालय की पूर्व छात्रा प्रो. मंगला कपूर पहुंचीं। प्राचार्या प्रो. रीता सिंह ने कवि नागार्जुन की कविता नए गगन में नया सूर्य जो चमक रहा है, यह विशाल भूखंड आज जो दमक रहा है गाकर एमएमवी की प्रशंसा की। सम्मानित अतिथि ग्वालियर संगीत घराने से जुड़ीं प्रो. मंगला कपूर ने अपनी किताब सीरत की कहानियों पर बातचीत की। 

कक्षा 5-8 के छात्रों ने दी दो विषयों की परीक्षा
जिले के 1143 प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शनिवार को कक्षा 5 और 8 के 82758 छात्रों ने दो-दो विषयों की वार्षिक परीक्षा दी। इसमें कक्षा पांच में 50814 और कक्षा आठ के 31944 छात्र शामिल हुए। इनमें सर्वाधिक अंक लाने वाले छात्रों की जिला व प्रदेश स्तर पर सूची भी तैयार कर जारी की जाएगी।

बीएसए अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि शासन के निर्देश के क्रम में शनिवार को दो-दो विषयों की वार्षिक परीक्षा कराई गई। इसमें कक्षा 5 के 50814 छात्रों में 25407 ने गणित और 25407 ने सामाजिक विज्ञान की परीक्षा दी। ऐसे ही कक्षा 8 के 31944 छात्रों में 15972 गणित और 15972 विज्ञान की परीक्षा दी। परीक्षा सुबह 9.30 से 11.30 बजे तक हुई। बीएसए ने बताया कि सभी विद्यालयों में पेपर समय से पहुंचाए गए थे। परीक्षा सामान्य रही। 

काशी शक्ति पोस्टर प्रतियोगिता की विजेता सम्मानित
अमर उजाला की ओर से शनिवार को काशी शक्ति पोस्टर प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। बीएसए अनुराग श्रीवास्तव ने इन्हें सम्मानित किया। 15 विद्यालयों में हुई इस प्रतियोगिता में पांच हजार से ज्यादा छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए। प्रतियोगिता वसंत महिला महाविद्यालय राजघाट, शेपा कॉलेज, एसएमएस, संजय मेमोरियल विमेंस कॉलेज और बीएचयू में हुई। 

अमर उजाला की ओर से एक मार्च से आठ मार्च तक यह पोस्टर प्रतियोगिता कराई गई। इसकी थीम काशी शक्ति थी। इसमें महिलाओं से जुड़े अपराध, उनसे बचाव व आत्मरक्षा से जुड़े पोस्टर बनाए गए। शनिवार को बीएसए अनुराग श्रीवास्तव ने इन विजेताओं को अमर उजाला के चांदपुर स्थित कार्यालय में सम्मानित किया। बीएसए ने इन विजेताओं की सराहना की और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस प्रतियोगिता के तहत मानव एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट्स की ओर से सभी विद्यालयों की छात्राओं को प्रशिक्षण दिया गया। 

संगीत की त्रिवेणी के साथ निशा हुई राममय
नागरिक संघ की ओर से शुक्रवार की रात 34वें राममय रात में राजेंद्र प्रसाद घाट पर संगीत की त्रिवेणी पूरी रात प्रवाहित हुई। अतिथियों ने भगवान राम की महाआरती की। भजन गायिका पल्लवी पांडेय के नेतृत्व में बच्चियों ने जय सियाराम जय सियाराम... आदि भजन पेश किया। 

भजन गायिका पूजा पांड्या, विदूषी वर्मा, सुमन अग्रहरि, विजय कपूर, अमलेश पाण्डेय आदि कलाकारों ने पूरी रात भजनों से प्रभु श्री राम की महिमा का गान किया। सितार वादक देवब्रत मिश्र और पुत्र कृष्ण मिश्र, शिष्य वत्स अग्निहोत्री ने सितार वादन कर आनंदित किया। वरिष्ठ कवि सिद्धनाथ शर्मा व कवि चिंतित ने काव्य पाठ किया। संयोजन स्व. मून्नू प्रसाद पांडेय के पुत्र सुरेश प्रसाद पांडेय, संचालन वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. अशोक सिंह और धन्यवाद ज्ञापन पुरुषोत्तम मिश्रा ने किया। 

भगवान की लीला की अनेक दृष्टियां होती हैं
श्री काशीधर्मपीठ रामेश्वर मठ अस्सी में चल रहे श्रीमद्भागवत ज्ञानयज्ञ सप्ताह के पांचवें दिन शनिवार को काशी धर्मपीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी नारायणानंद तीर्थ महाराज ने श्रीमद् भागवत कथा का अमृत पान कराया। कहा कि भगवान की लीला के अनेक दृष्टियां होती हैं। श्रीमद्भागवत के पात्र भागवत हैं। माखन चोरी, चीरहरण और रासलीला के भगवान कृष्ण ने विश्व का कल्याण किया। उन्होंने कहा कि ब्रह्म में जीव और जगत का भेद नहीं होता है, ये तत्व दृष्टि है। मुख्य यजमान देवमणि शुक्ला, सुशील शुक्ला एवं हरि शुक्ला, मठ के प्रभारी आनंद स्वरूप ब्रह्मचारी रहे। 

श्रीरामलला के खिलौने पाकर बच्चे हुए खुश
राम रमापति बैंक में 10 दिवसीय श्री राम लाल प्राकट्य महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार को प्रभु को अर्पित खिलौने पाने के लिए लोगों की भीड़ रही। बच्चे प्रभु के खिलौने प्रकार आनंद से झूम उठे। लोगों ने श्रीरामलला की झांकी के दर्शन के साथ ही रामनाम लिखें बैंक की परिक्रमा की। श्रीरामलला के बाल लीलाओं का वर्णन कथा व्यास ने किया। उन्होंने प्रभु श्रीरामलला के जन्म की महिमा का वर्णन किया। 

बुझते मन में आस के दीपक जलाएं...
कवितांबरा कला केंद्र में कवि सम्मेलन हुआ। मुख्य अतिथि मुजफ्फरपुर की कवयित्री डॉ. आरती कुमारी ने रचनाएं पढ़ीं। बोल थे- तुम्हें दुनिया की नजरों से बचाकर साथ रखना है, मेरी चाहत का खत हो तुम छिपाकर साथ रखना है...। डॉ. नसीमा निशा ने पढ़ा- दिल यह कहता है कि लिखूं तुमको और फिर उम्र भर पढ़ूं तुमको...। आस्था दीपाली ने पढ़ा - अंधेरी रात पर हम रुक न जाएं, बुझते मन में आस के दीपक जलाएं...। अध्यक्षता मधुकर मिश्र ने की। पं. भोलानाथ तिवारी विह्वल, महेंद्रनाथ तिवारी अलंकार, विजयचंद्र त्रिपाठी, दिनेश दत्त पाठक, टीकाराम आचार्य, रामजतन पाल सज्जन, कृपा पाठक ने भी काव्य पाठ किया। 

अखंड हरिकीर्तन के साथ निकली शोभायात्रा
कपिलधारा स्थित श्री आदि शक्ति दुर्गा माता मंदिर में नवरात्र पर आयोजित नौ दिवसीय नवाह्न अखंड हरिकीर्तन एवं पूजन की शनिवार को पूर्णाहुति हुई। विधि-विधान से कन्या पूजन हुआ। मंदिर के व्यवस्थापक अशोक पांडेय उर्फ पोछू गुरु ने बताया कि 1972 से चली आ रही परंपरा के क्रम में स्थापित कलश के साथ अखंड हरिकीर्तन हुआ। पूजन के साथ माता रानी की प्रतिमा का विसर्जन शोभायात्रा के साथ हुआ। शोभायात्रा मंदिर से खालिसपुर, सलारपुर, कोटवा होते हुए सरायमोहना स्थित गंगा घाट पर पहुंची, जहां माता की प्रतिमा का विसर्जन हुआ। 

गायन-नृत्य से किया मां काली का शृंगार
चैत्र नवरात्र के अनुष्ठान समापन पर शनिवार को लक्ष्य स्थित लक्ष्मी कुंड के पास मां काली के सिंगर महोत्सव पर भजनों की और सरिता प्रवाहित हुई। दशमी तिथि पर दिन में मां का मोहक शृंगार हुआ। मंदिर के महंत पं. ठाकुर प्रसाद दुबे के नेतृत्व में पांच वैदिक ब्राह्मण ने मां काली को पंचामृत स्नान कराकर नूतन वस्त्र आभूषण से सुसज्जित कर मां का शृंगार आरती उतारी। 

दूसरी तरफ मुक्तकाशीय मंच पर गीतकार कन्हैया दुबे केडी के संयोजन में भक्ति संगीत से मां का शृंगार हुआ। कलाकारों ने गायन, वादन और नृत्य से हाजिरी लगाई। कथक नृत्यांगना डॉ. ममता टंडन की शिष्या मांडवी सिंह व साथी कलाकारों ने गणेश वंदना के साथ शुरुआत की। डॉ. अमलेश शुक्ला अमन ने मां काली का शृंगार काशी की शान है...। 

प्रो. अजीत शुक्ला ने जय गणेश जय गणेश देवा..., यथार्थ दुबे ने शिव पंचाक्षर स्तोत्र नागेंद्रहाराय..., स्नेहा अवस्थी ने मां के जैसा दरबार नहीं देखा... आदि भजन सुन कर मां की महिमा का बखान किया। संगत कलाकारों में तबले पर मोती शर्मा, ढोलक पर शनि, पैड पर विवेक, की बोर्ड पर विजय शाह रहे। कलाकारों और प्रो. अजीत शुक्ला का स्वागत पं. विनय दुबे और मनोज कुमार ने माल्यार्पण कर किया। 

हनुमत प्रभु को भक्तों ने अर्पित की ध्वजा
श्री हनुमान ध्वजा प्रभात फेरी समिति की ओर से 15 दिवसीय हनुमान ध्वजा प्रभात फेरी के दसवें दिन शनिवार को भी धर्मसंघ से संकटमोचन मंदिर तक निकाली गई। 151 भक्तों ने ध्वज और 41 महिलाओं ने आरती के साथ हनुमत प्रभु के दरबार में पहुंची, जहां पूजन-अर्चन के बाद हनुमान चालीसा का पाठ किया। मुख्य अतिथि नवल किशोर कथूरिया, संयोजक तींद्र कथूरिया,  मनोज अग्रवाल, राजेश तुलस्यान ने श्री हनुमान जी की रथ पर विराजमान कर ज्योत प्रज्ज्वलित कर आरती उतारी। भक्तों में ध्वजा बांटे। 

अनूप केसरी, अमित शर्मा, सोहन अग्रवाल आदि ने राम सिया राम सिया राम जय जय राम, राम की धुन में भजन पेशकर सभी को झूमने पर विवश कर दिया। यात्रा गुरुधाम, रविंद्रपुरी, दुर्गाकुंड त्रिदेव मंदिर होते हुए श्रीसंकट मोचन मंदिर पहुंची। जहां, हनुमान जी के श्रीचरणों में ध्वजा अर्पित कर पूजन किया। महिलाओं ने आरती उतारी। सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया। 

सवामणि प्रसाद के रूप मे लड्डू चढ़ाकर वितरण हुआ। मारवाड़ी युवा फाउंडेशन अरिंदम शाखा द्वारा त्रिदेव मंदिर के सामने हनुमान जी की आरती कर सभी भक्तो में जल वितरण किया गया। प्रभातफेरी में संस्था के संस्थापक अध्यक्ष कौशल शर्मा, सचिव कृष्ण गोपाल तुलस्यान, सुरेश तुलस्यान, दीपक बहल, विनीत मेहरा, सर्वेश चोपड़ा, ओंकार नाथ चोपड़ा, राजेंद्र अग्रवाल आदि शामिल रहे। 

नमस्ते इंडिया ने श्रेष्ठ वितरकों को चांदी के सिक्के से सम्मानित किया 
उत्तर भारत में तेजी से विस्तार कर रही और लाखों लोगों की पहली पसंद बन चुकी नमस्ते इंडिया कंपनी ने अपने शीर्ष प्रदर्शन करने वाले डिस्ट्रीब्यूटर्स को चांदी के सिक्कों से सम्मानित किया। कुछ महीनों पहले वाराणसी में आयोजित डिस्ट्रीब्यूटर मीट में कंपनी ने इस सिल्वर कॉइन स्कीम की औपचारिक घोषणा की थी। यहां वितरक सम्मान समारोह में कुल आठ डिस्ट्रीब्यूटर्स को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए 100 ग्राम के शुद्ध चांदी के सिक्के भेंट किए गए। 

यह स्कीम नमस्ते इंडिया के डेयरी उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा देने और डिस्ट्रीब्यूटर नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। डिस्ट्रीब्यूटर्स ने इस पहल के लिए कंपनी का आभार व्यक्त किया। नमस्ते इंडिया के वरिष्ठ अधिकारी मृणाल पांडेय ने कहा हमारे डिस्ट्रीब्यूटर्स हमारी सफलता की रीढ़ हैं। स्कीम परिश्रम को सम्मान देने का माध्यम है।

रौजा तोड़े जाने के विरोध में निकाला जुलूस
शिया जमात ने शनिवार को जन्नतुल बकी (सऊदी) में जनाबे सैयदा का रौजा तोड़े जाने का विरोध किया। मातमी अंजुमनों के आह्वान पर अंजुमन हैदरी चौक के सेक्रेटरी जुल्फेकार जैदी के नेतृत्व में कालीमहल स्थित शिया मस्जिद से अलम का जुलूस उठाया। अकीदतमंदों ने आले सऊद होश में आओ, जहरा का रौजा जल्द बनाओ... आदि नारे लगाए। उन्होंने सऊदी हुकूमत का विरोध किया। जुलूस नईसड़क, दालमंडी, चौक, बुलानाला, मैदागिन, विशेश्वरगंज होते हुए शिया जामा मस्जिद दारानगर पहुंचा। 

जलसे में मौलाना तौसीफ अली ने कहा कि हजरत मोहम्मद की इकलौती बेटी जनाबे सैयदा को इतना सताया गया कि उनको मर्सिया पढ़ना पड़ा और आज के 103 साल पहले मदीना स्थित उनके मकबरे को जमींदोज कर दिया गया। मजलिस को मौलाना सैय्यद अमीन हैदर हुसैनी ने खिताब किया। शाद सीवानी, प्रो. अजीज हैदर, जैन बनारसी आदि ने कलाम पेश किए। जुलूस में मौलाना सैयद हैदर अब्बास आदि शामिल रहे। संचालन सैयद अब्बास मुर्तजा शम्सी ने किया। 
विज्ञापन

500 प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर
सनबीम विमेंस कॉलेज वरुणा में आयोजित अंतरमहाविद्यालयीय युवा महोत्सव ‘आकार 2026’ में बीएचयू, काशी विद्यापीठ समेत छह विश्वविद्यालय और 42 महाविद्यालयों के 500 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का हुनर दिखाया। अलग-अलग प्रतियोगिताओं के माध्यम से कला, साहित्य, संस्कृति का अनूठा संगम भी देखने को मिला। 

बदलाव की गूंज-युवाओं की आवाज थीम पर आधारित युवा महोत्सव में बीएचयू, काशी विद्यापीठ, हरिजी सिंह गौर विश्वविद्यालय, बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर यूनिवर्सिटी सहित अन्य महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि इंद्रप्रस्थ कॉलेज दिल्ली की प्राचार्य पूनम कुमारिया रहीं। महोत्सव में सोलो एवं ग्रुप डांस, सोलो सिंगिंग, वेस्टर्न डांस, कहानीकार, हिंदी एवं अंग्रेजी वाद-विवाद, डूडल आर्ट, नृत्यरचना, एड मेड, पेनटेक, नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता हुई।

सनबीम शिक्षण समूह के अध्यक्ष डॉ. दीपक मधोक ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जन नहीं, बल्कि व्यक्तित्व का निर्माण है। इस तरह का मंच युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व और सामाजिक चेतना को विकसित करता है। कार्यक्रम में भारती भधोक, अमृता बर्मन, महाविद्यालय की प्रशासनिक अधिकारी डॉ. शालिनी सिंह और प्राचार्य डॉ. राजीव सिंह आदि मौजूद रहे। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें