प्रधान की बेटी पर टिप्पणी से विवाद, पुलिस के सामने मारपीट
कछवा रोड पुलिस चौकी पर रविवार रात पुलिस की मौजूदगी में मारपीट हुई। एक प्रधान की बेटी पर टिप्पणी को लेकर शुरू विवाद में पांच लोग घायल हो गए। सोशल मीडिया पर घटना का एक वीडियो भी वायरल है। वीडियो में स्कार्पियो सवार कुछ लोग चौकी पर हंगामा करते और मारपीट करते दिख रहे हैं। पुलिसकर्मी बीच-बचाव करने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि बाहर से आए इन लोगों ने चौकी पर हंगामा किया। मारपीट औरगाली-गलौज के दौरान पांच लोग घायल हैं। वायरल वीडियो को उच्च अधिकारियों के ट्विटर हैंडल पर भी भेजा गया है। वीडियो के अनुसार, एक प्रधान की पुत्री के नाम पर की गई टिप्पणी विवाद का कारण बना। इसके बाद स्कार्पियो सवारों ने पुलिस चौकी पर ही हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस की उपस्थिति के बावजूद मारपीट जारी रही। मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दंपती ने महिला पर धारदार हथियार से किया घायल
वाराणसी। देवनाथपुर गांव में शनिवार रात दंपती ने धारदार हथियार से महिला पर हमला कर घायल कर दिया। पति की शिकायत पर हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। प्रदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि आरोपी हरिकेश सिंह और पत्नी ने बिना किसी कारण के पत्नी काजल के सिर पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से वार किया। हमले में पत्नी काजल सिंह घायल हो गईं। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। ब्यूरो
शादी की पंचायत के दौरान हमला, चार लोग घायल
बड़ागांव थाना क्षेत्र के रामेश्वर में एक पेट्रोल पंप के पास पंचायत के दौरान विवाद हो गया। विवाद में एक ने दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया। हमले में चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने एक नामजद सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फूलपुर थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर गांव निवासी महेंद्र राजभर ने पुलिस को बताया कि कन्या पक्ष के रोहित और चार-पांच अज्ञात ने रविवार को उन पर हमला किया। हमले में पिता हरिश्चंद्र राजभर, चचेरे भाई मुन्ना राजभर और रिश्तेदार राजेंद्र कुमार घायल हुए। लोगों ने बीचबचाव किया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि महेंद्र की शादी 26 मई 2023 को जंसा थानाक्षेत्र के पचवार गांव निवासी निशा देवी से हुई थी। दोनों पक्षों में अनबन चल रही है। इस कारण पंचायत बुलाई गई थी। पुलिस ने सभी घायलों का उपचार स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर कराया। महेंद्र राजभर की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
8 लाख 10 हजार रुपये के मादक पदार्थ किए नष्ट
ऑपरेशन दहन के तहत भेलूपुर पुलिस ने सोमवार को 8 लाख के मादक पदार्थों को रामनगर के श्री गणेश प्लाइवुड इंडस्ट्री में नष्ट किया गया। डीसीपी काशी गौरव बंशवाल ने बताया कि 11.9 किलो गांजा, 89.6 ग्राम अल्प्राजोल नशीला पाउडर और 0.008 किलो हेरोइन शामिल थी। कीमत 8 लाख रुपये आंकी गई है। जिला स्तरीय मादक पदार्थ निस्तारण समिति के आदेश पर नष्ट किया गया।
फातिहा पढ़ने गए ई-रिक्शा चालक की पिटाई कर तोड़ा दांत
आदमपुर थाना क्षेत्र के लाट भैरव के मकदूम शाह की मजार के बाहर कोनिया निवासी मो. आशिफ को तीन युवकों ने रॉड और डंडे से मारपीट कर घायल कर दिया। मारपीट में आशिफ का दांत और मोबाइल भी टूट गया। घायल की तहरीर पर तीन आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। जलालीपुरा निवासी राजू और अतीकुर्रहमान उर्फ बाबू को गिरफ्तार किया गया। तीसरा आरोपी सफिउर्रहमान उर्फ मुन्ना की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। टोटो चालक मो. आशिफ ने पुलिस को बताया कि मकदूम शाह की मजार पर फातिहा पढ़ने जब पहुंचा तो बाहर मौजूद राजू, अतीकुर्रहमान उर्फ बाबू और सफिउर्रहमान उर्फ मुन्ना ने हमला कर दिया। इंस्पेक्टर विमल मिश्रा ने बताया कि सफिउर्रहमान उर्फ मुन्ना की तलाश की जा रही है।
मित्रों से विवाद के बाद गंगा में कूदी महिला
राजघाट क्षेत्र में सोमवार को मित्रों से विवाद के बाद महिला ने गंगा में छलांग लगा दी। जल पुलिस और नाविकों की सूझबूझ से महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया। आदमपुर पुलिस ने महिला को परिजनों को सौंप दिया। इंस्पेक्टर विमल मिश्रा ने बताया कि चौबेपुर निवासी एक महिला अपने मित्रों के साथ नौका विहार कर रही थी, इस बीच कहासुनी होने से नाराज होकर राजघाट के पास वह गंगा में कूद गई।
शॉर्ट सर्किट से दोना-पत्तल बनाने वाली मशीन में लगी आग
जंसा थाना क्षेत्र के परमपुर में सोमवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से दोना-पत्तल बनाने वाली मशीन में अचानक आग लग गई। चिंगारी से दुकान में रखा तैयार माल, कच्चा माल और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। संचालक राजेंद्र प्रसाद विश्वकर्मा ने पुलिस को बताया कि फर्नीचर की दुकान में दोना-पत्तल बनाने की दो मशीनें लगी हैं। दोपहर 2 बजे उनका बेटा मशीन पर काम कर रहा था, अचानक शॉर्ट सर्किट से मशीन में चिंगारी निकली और आग तेजी से फैल गई। डायल-112 व अग्निशमन विभाग को सूचना दी। जंसा पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचा। लोगों के सहयोग से मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग से दोना-पत्तल बनाने वाली मशीन, तैयार दोना-पत्तल, कच्चा माल और दुकान का सामान जलकर नष्ट हो गया। संचालक के अनुसार, एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। जंसा थानाध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।
कार की टक्कर से मामा-भांजी घायल, निजी अस्पताल में भर्ती
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिरईगांव के सामने सोमवार को कार की टक्कर से बाइक सवार मामा गुरुबचन (27) और नौ साल की भांजी श्रेया सिंह घायल हो गई। दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। नारायणपुर गांव निवासी गुरुबचन भांजी के साथ बाइक से शहर जा रहे थे। विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। लोगों ने घायलों को पास के पीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों ने दोनों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। चौबेपुर थाना प्रभारी बीरेंद्र सोनकर ने बताया कि किसी तरह की कोई शिकायत नहीं मिली है।
नाबालिग लापता, युवक पर अपहरण की प्राथमिकी दर्ज
चोलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव से किशोरी 27 जून की रात संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। मां की तहरीर पर पुलिस ने गांव के एक युवक और परिजनों के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी दर्ज की। मां ने पुलिस को बताया कि गांव के युवक पर ही किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का संदेह है। प्रभारी निरीक्षक सधुवन राम गौतम ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक युवक को हिरासत में लिया गया है।
रंजिश में युवक की पिटाई, जान से मारने की धमकी का आरोप
थाना क्षेत्र के गहुरा गांव में रंजिश को लेकर बबूल सिंह की पिटाई कर दी गई। पीड़ित बबलू सिंह ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। बबलू सिंह ने पुलिस को बताया कि सोमवार दोपहर दो बजे गांव के ही दो लोगों ने गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लात-घूंसों से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। पीड़ित का यह भी आरोप है कि पहले भी उनके साथ मारपीट हुई थी। उस समय इलाज का खर्च देने की बात पर समझौता हुआ था। आरोपियों ने इलाज का खर्च नहीं दिया है। पैसे मांगे तो उन्हें गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
दुकान खोलने के लिए 10 लाख रुपये की रंगदारी, धमकी पर प्राथमिकी दर्ज
दालमंडी की सड़क पर वक्फ की संपत्ति में दुकान चलाने वाले दो कारोबारियों ने 10 लाख की रंगदारी मांगी। दुकान नहीं खोलने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। अपर पुलिस आयुक्त के निर्देश पर सोमवार को चौक थाने में आरोपी और अज्ञात साथियों पर प्राथमिकी दर्ज की गई। कारोबारियों में हंकार टोला निवासी निसार कुरैशी और आदि विश्वेश्वर क्षेत्र निवासी मोहम्मद अजीजुल्ला कादरी हैं।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह 2006 से वक्फ संख्या-294 की संपत्ति में किरायेदार के रूप में दुकान चला रहे हैं। आरोप है कि मस्जिद परिसर में मरम्मत और निर्माण कार्य के बाद उन्हें दोबारा दुकान पर काबिज कराया गया था। हालांकि, चार साल से मोहम्मद आजम खुद को मस्जिद का मुतवल्ली बताकर उनकी दुकान नहीं खुलने दे रहा है।
पीड़ितों का कहना है कि आरोपी दुकान खोलने के एवज में 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगता है। रुपये नहीं देने पर वह हत्या कर दुकान पर कब्जा करने की धमकी देता रहा है। कई बार समझाने और लोगों के हस्तक्षेप के बावजूद रवैया नहीं बदला। 9 जून को निसार कुरैशी दुकान खोलने पहुंचा तो मोहम्मद आजम चार-पांच साथियों के साथ पहुंचा और गाली-गलौज कर रंगदारी मांगी। पीड़ितों के अनुसार, घटना की सूचना चौक थाने को दी गई थी। शुरुआत में कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद अपर पुलिस आयुक्त काशी जोन से शिकायत की। चौक इंस्पेक्टर दिलीप कुमार मिश्रा ने बताया कि अपर पुलिस आयुक्त के निर्देश पर मोहम्मद आजम और अज्ञात साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
रजला गांव के मंदिर से 50 किलो का घंटा गायब, पुलिस पर लीपापोती का आरोप
चोलापुर थाना क्षेत्र के रजला गांव में गोमतेश्वर महादेव मंदिर से 50 किलो का पीतल का घंटा गायब हो गया। ग्रामीणों ने पुलिस पर चोरी पर कार्रवाई न करने और लीपापोती का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि घंटा चोरी नहीं हुआ था, बल्कि पेड़ गिरने से नीचे गिर गया था। ग्रामीणों के अनुसार, रविवार रात चोरों ने मंदिर से घंटा काटकर चोरी कर लिया। सोमवार सुबह पूजा के लिए पहुंचे ग्रामीणों ने घंटा गायब देखा तो डायल-112 और चोलापुर पुलिस को सूचना दी।
आरोप है कि पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई किए बिना लौट गई। रामाशंकर सिंह, राममूरत सिंह, प्रमोद कुमार सिंह, सत्य प्रकाश सिंह, मनोज यादव और मुन्नीलाल साह ने अजगरा पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दी। उन्होंने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि घटना सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने चोरों की तलाश करने के बजाय मंदिर में दो छोटी घंटियां टांग दीं।
ग्रामीणों का आरोप है कि अगर घंटा चोरी हुआ था तो चोरों की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई और चोरी नहीं हुई तो सच्चाई क्या है? सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें ग्रामीण पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते दिख रहे हैं। चोलापुर थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि चोरी की घटना गलत है। पेड़ गिरने से घंटा नीचे गिर गया था और बगल में पड़ा मिला, जिसे दोबारा मंदिर में लगा दिया गया है। कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।