फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News Today: पारिवारिक वजहों से सैलून संचालक ने दी जान, वृद्धा की चेन झपटकर भागा बदमाश; प्रमुख खबरें

Thu, 11 Jun 2026 04:14 PM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: पारिवारिक वजहों से कान्हा शर्मा ने घर में रखा कोई विषाक्त पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। कान्हा की तीन साल पहले ही शादी हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। 
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के गौर गांव में बुधवार को गृहकलह से आहत कान्हा शर्मा (25) ने विषाक्त पदार्थ खाकर जान दे दी। परिजन हालत बिगड़ने पर पहले निजी अस्पताल, फिर बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। प्रथमदृष्टया घटना की वजह पारिवारिक कलह बताई गई।

विज्ञापन


जानकारी के अनुसार, गौर गांव निवासी कान्हा शर्मा पुत्र राम शंकर शर्मा का बुधवार सुबह किसी बात को लेकर परिवार के लोगों से विवाद हो गया था। विवाद के बाद वह काफी तनाव में था। इसी बीच उसने घर में रखा कोई विषाक्त पदार्थ खा लिया। कुछ समय बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उसे उलटी व बेचैनी होने लगी। परिजनों को घटना की जानकारी होने पर पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देख बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। यहां उसकी मौत हो गई। 

परिजनों ने बताया कि कान्हा शर्मा की शादी तीन साल पहले हुई थी। उसके परिवार में पत्नी और दो साल की एक छोटी पुत्री है। वह स्थानीय बाजार में सैलून की दुकान संचालित कर परिवार का भरण-पोषण करता था। दो भाइयों में वह सबसे छोटा था। मां गुड्डी देवी, पत्नी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला विषाक्त पदार्थ के सेवन का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी।
विज्ञापन

  
क्लीनर बेचने के बहाने वृद्धा की चेन झपटकर भागा
चोलापुर थाना क्षेत्र के चंदापुर चौकी क्षेत्र में साई गांव में दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग हुई। टप्पेबाज कूकर साफ करने वाला पाउडर बेचने के बहाने गांव पहुंचे और वृद्धा के गले से सोने की चेन झपटकर भाग निकले। लाल बहादुर कन्नौजिया के अनुसार, घर के पास एक व्यक्ति कूकर क्लीनर पाउडर बेच रहा था। इसी दौरान उनकी मां भी घर से बाहर निकलकर वहां खड़ी हो गईं। आरोप है कि तभी बाइक सवार दो लोग पहुंचे मौका पाकर मां के गले से सोने की चेन झपट ली और भाग निकले। पीड़ित ने चंदापुर चौकी पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। जांच के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

रोडवेज बस की टक्कर से स्कूटी सवार युवती घायल
चोलापुर थाना क्षेत्र के चमरहा बाजार में बुधवार को रोडवेज बस की टक्कर से स्कूटी सवार कुमकुम विश्वकर्मा (18) गंभीर रूप से घायल हो गई। हाजीपुर गांव निवासी कुमकुम स्कूटी से वाराणसी जा रही थी। पीछे से आई रोडवेज बस ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में युवती सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। लोगों ने उसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि हादसे की जानकारी मिली है। जांच की जा रही है।  

शादी की जिद पर चढ़ा पोल पर, बोला दे दूंगा जान
युवती से शादी कराने की मांग को लेकर एक युवक हाइटेंशन विद्युत पोल पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे तक समझाने-बुझाने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा। जानकारी के अनुसार, रोहनिया थाना क्षेत्र के मिल्कीचक गांव निवासी विकास यादव मंगलवार दोपहर बैरवन के एक लाख 32 हजार बोल्ट के टावर पर चढ़ गया। पोल पर चढ़ने के बाद उसने डायल-112 पर सूचना देकर कहा कि वह एक युवती से प्रेम करता है और शादी नहीं कराई गई तो वह अपनी जान दे देगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से युवक को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली मान-मनौव्वल के दौरान पुलिस ने युवक को आश्वासन दिया कि युवती और उसके परिजनों से बात कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद युवक नीचे उतरने को तैयार हो गया। युवक के सुरक्षित नीचे उतरते ही पुलिस, परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि युवक को समझाकर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।  

इसे भी पढ़ें; Varanasi News: डालमंडी में 19 भवनों पर चला बुलडोजर, जुलाई अंत तक सड़क चौड़ीकरण पूरा करने का लक्ष्य

ईयरफोन लगाया युवक ट्रेन से कटकर दो हिस्सों में बंटा
लोहता थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव के सामने बुधवार सुबह अमन पाल (21) की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। ग्राम प्रधान बखरिया सुरेश पाल के अनुसार, बखरिया गांव निवासी अमन बुधवार सुबह दोनों कानों में ईयरफोन लगाकर रेलवे ट्रैक पर टहल रहा था। इसी दौरान नई दिल्ली से वाराणसी आ रही काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस की चपेट में गया। हादसा इतना दर्दनाक था कि युवक का शरीर दो हिस्सों में बंट गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। मां उर्मिला पाल का रो-रोकर बुरा हाल है।  
  
फाइबर केबल काटने के आरोप में कंपनी कर्मचारी पर प्राथमिकी दर्ज
चौबेपुर क्षेत्र के डुबकिया पावर हाउस के पास टेलीकॉम फाइबर केबल काटकर कंपनी को नुकसान पहुंचाने में प्रताप प्राइवेट लिमिटेड के अधिकृत हस्ताक्षर कर्ता सिद्धेश्वर तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने कर्मचारी पर प्राथमिकी दर्ज की। आरोप है कि नौ जून को कर्मचारी रामनारायण यादव ने जानबूझकर टेलीकॉम फाइबर केबल काट दी, जिससे दूरसंचार सेवाएं प्रभावित हुईं और कंपनी को आर्थिक क्षति पहुंची। कंपनी का कहना है कि आरोपी को पूर्व में भी अनुशासनहीन गतिविधियों को लेकर कई बार चेतावनी दी जा चुकी थी, लेकिन उसके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी रामनारायण यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

ऑटो में बैठी महिला यात्री की सोने की चेन चोरी
शिवपुर थाना क्षेत्र में ऑटो में सफर कर रही नीलम सिंह की सोने की चेन चोरी हो गई। आरोप है कि वारदात को ऑटो में सवार महिला चोर गिरोह ने अंजाम दिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बाबतपुर के बमोखर निवासी नीलम सिंह के अनुसार, दो जून को वह भोजूबीर तिराहे से ऑटो में बैठकर गिलट बाजार की ओर जा रही थीं। रास्ते में चालक ने चार महिलाओं और एक 6-7 वर्षीय बच्ची को ऑटो में बैठाया। पीड़िता का आरोप है कि बच्ची लगातार ऐसी हरकतें करती रही जिससे उनका ध्यान भटक गया। महिलाओं ने उनके गले से सोने की चेन चोरी कर ली और अलग-अलग स्थानों पर उतर गईं। कुछ देर बाद पता चलने पर नीलम सिंह ने डायल-112 पर सूचना दी। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। महादेव मंदिर से रोटी ढाबा मार्ग तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। 

काल भैरव दर्शन करने आए 2 भाइयों को फूल विक्रेता ने पीटा
लखनऊ से दर्शन पूजन करने आए दो भाइयों को बुधवार को काल भैरव मंदिर के पास मामूली बात को लेकर फूल विक्रेता ने पीट दिया। घायलों ने कोतवाली थाने में लिखित तहरीर दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजवाया। लखनऊ के जानकीपुरम निवासी अनुज वर्मा ने बताया कि वह और उसका भाई विराट बुधवार को काशी में दर्शन पूजन करने आए थे। दोपहर तीन बजे वह काल भैरव मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। माला फूल के दुकानदार ने उन्हें जूता रखने को कहा, लेकिन उन्होंने जूता उसके दुकान से कुछ दूरी पर गली में रख दिया। इसके बाद दर्शन करने मंदिर में चले गए। दर्शन के बाद वह बाहर निकले तो अनुज का जूता गायब था, जबकि उसके भाई विराट का चप्पल फूल विक्रेता के पेटी में था। वह पेटी से चप्पल निकलने लगा तो दुकानदार ने कहा कि हमारे पेटी में चप्पल क्यों रखे। इसी बात को लेकर विवाद में दुकानदार ने दोनों भाई को पीट दिया। थाना प्रभारी दयाशंकर सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की पहचान की जा रही है।  
  
धमकी और सोशल मीडिया पर छवि धूमिल करने का आरोप
कैंट थाना क्षेत्र में अधिवक्ता बंदना सिंह उर्फ बंदना सेठ की शिकायत पर पुलिस ने धमकी देने और सोशल मीडिया पर कथित रूप से अभद्र टिप्पणियां कर छवि धूमिल करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि एक मुकदमे में नामजद बबिता सेठ ने कचहरी परिसर में उन्हें और उनके पुत्र को जान से मारने की धमकी दी। साथ ही फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट और अमर्यादित टिप्पणियां कर प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि आरोपित द्वारा उन्हें और उनके पुत्र को किसी प्रकार की क्षति पहुंचाई जा सकती है। उन्होंने कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। 

भतीजे को बचाने पहुंचे युवक पर हमला, छह पर प्राथमिकी दर्ज
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में युवक पर कथित जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने सूरज पटेल, राहुल पटेल, पवन सेठ, रितेश चौहान और हिमांशु समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। हुकुलगंज निवासी राज कमल ने पुलिस को तहरीर में बताया कि सात जून की रात 11.30 बजे उन्हें सूचना मिली कि खजुरी पानी टंकी के पास उनके भतीजे के साथ कुछ लोग मारपीट कर रहे हैं। जब वह मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास किया तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। 

पुलिस चौकी से 100 मीटर दूर घर के सामने से वाहन चोरी
चोलापुर थाना क्षेत्र के इमिलिया गांव में चोरों ने पुलिस चौकी से 100 मीटर दूर खड़े वाहन पर हाथ साफ कर दिया। हिमांशु शर्मा ने मंगलवार रात अपना वाहन घर के बाहर खड़ा किया था। बुधवार सुबह वाहन गायब मिला। खोजबीन के बाद भी कोई सुराग न मिलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सुधवन राम गौतम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही वाहन बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। 

आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोपी पति गिरफ्तार
पुलिस ने दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में आरोपी पति धनंजय तिवारी (38) निवासी भोजपुर-रूपापुर को बुधवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मिर्जामुराद थाने में प्राथमिकी दर्ज है। आरोपी के पिता हरिशंकर तिवारी को पुलिस 27 अप्रैल को ही जेल भेज चुकी है। मृतका नीतू तिवारी की शादी 2011 में धनंजय तिवारी से हुई थी। मृतका की भाभी शालिनी शुक्ला ने आरोप लगाया कि पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोग मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। 24 अप्रैल को नीतू ने फोन कर अपनी जान को खतरा बताया था, जिसके बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 
विज्ञापन

आईटीबीपी जवान के बंद मकान में लाखों की चोरी, 50 हजार ले उड़े चोर
चोरों ने आईटीबीपी जवान के बंद पड़े दो मंजिला मकान को खंगाला और लाखों के जेवर और 50 हजार रुपये पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गई है। आईटीबीपी जवान विकास सिंह अपने परिवार के साथ एक सप्ताह पहले गुजरात गए थे। पिता बृजेश सिंह भी प्रयागराज गए थे। बुधवार सुबह लोगों ने मकान का दरवाजा खुला देखा तो इसकी सूचना विकास सिंह को दी। सूचना पर उनकी बहन अनामिका सिंह मौके पर पहुंची। घर के अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। चोरों ने दो मंजिला मकान को पूरी तरह खंगाल डाला था। पीड़िता की तहरीर के अनुसार, चोरों ने घर में रखी तीन अलमारियां और दो बक्सों के ताले तोड़ दिए। सोने का हार, मंगलसूत्र, अंगूठियां, कान के टॉप्स, लॉकेट समेत चांदी की पायल, करधनी, चूड़ियां और 50 हजार नकद चोरी कर ले गए। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। थाना प्रभारी संजय मिश्रा का कहना है कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 
 
बाइक की टक्कर से राजमिस्त्री की मौत, चालक पर प्राथमिकी दर्ज
पंचवटी-लंका मार्ग पर मंगलवार देर शाम बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल गोपाल विश्वकर्मा (55) की उपचार के दौरान ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। पुलिस ने पुत्र की तहरीर पर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिर्जापुर के जमालपुर थाना क्षेत्र के सरसा गांव निवासी गोपाल विश्वकर्मा राजमिस्त्री था। मंगलवार शाम रामनगर में दामाद से मिलकर घर लौट रहा था। आरोप है कि पंचवटी के पास परदेशी नामक बाइक सवार ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में गोपाल के सिर में गंभीर चोट आई। आसपास के लोगों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर बीएचयू में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बुधवार को पुत्र ओम प्रकाश विश्वकर्मा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें