Varanasi News in Hindi: पुलिसलाइन आवासीय परिसर में पुलिसकर्मी के बेटे विशाल सिंह (21) ने फंदे पर लटककर जान दे दी। शुक्रवार सुबह पहुंची कैंट पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कैंट पुलिस ने बताया कारणों का पता लगाया जा रहा है। टी-1 ब्लॉक के मकान नंबर 29 में पुलिसकर्मी रविंद्र सिंह का परिवार रहता है।
रविंद्र सिंह चंदौली में तैनात हैं। अस्तबल के पास खंडहर में सुबह कुछ लोग गए तो विशाल का शव एक कुंडी में रस्सी के सहारे लटका मिला। परिजन और कैंट पुलिस ने जिला अस्पताल में उसे भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
ससुराल में विवाहिता के साथ मारपीट, भाईयों पर चाकू से हमला
जैतपुरा थाना क्षेत्र के ख्वाजापुरा में भाई के साथ ससुराल पहुंची विवाहिता के पति समेत ससुराल के लोगों ने भाई की पिटाई कर दी। आरोप है कि उस पर चाकू से हमला किया गया। विवाहिता ने जैतपुरा थाने में पति, ससुर, देवर समेत 9 लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है।
पीड़िता वर्षा साहनी ने पुलिस को बताया कि 10 माह से पति विवेक ने उसे मायके में छोड़ दिया है। पति घर बनने की बात कहकर वापस आने से मना कर दे रहा था। वह अपने भाइयों विक्की और विशाल साहनी के साथ ससुराल पहुंची और पति से घर आने की बात कही। तभी पति विवेक, अशोक साहू, देवर विकास और विशाल समेत मोहल्ले के पांच लोग मौके पर जुट गए और बहस करने के साथ ही भाइयों की पिटाई कर दी।
पति विवेक ने भाई विक्की के पेट में चाकू घोंप दिया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से भाग निकले। थानाध्यक्ष जैतपुरा बृजेश मिश्रा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दी जा रही है।
पैमाइश के दौरान मारपीट में सात पर केस दर्ज
सारनाथ के छाही गांव में जमीन की पैमाइश के दौरान मारपीट के मामले में सारनाथ पुलिस ने सात के खिलाफ केस दर्ज किया है। सुभाषिनी पांडेय की तहरीर पर आदित्य सिंह, रमेश, दिनेश, कामेश्वर पांडेय, विक्रम, अर्जुन के खिलाफ केस दर्ज हुआ। पीड़ित पति गोपालजी पांडेय पर सभी ने लाठी डंडे से हमला किया। थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज किया गया है।
चेन स्नेचिंग का आरोपी गिरफ्तार, गया जेल
कपसेठी थाना क्षेत्र के दौलतिया मोड़ के पास से पुलिस ने बृहस्पतिवार रात चेन स्नेचिंग के आरोपी सिकंदर अली को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से मोबाइल और बाइक बरामद हुई। मिर्जामुर के कछवा थाना क्षेत्र के बरैना निवासी सिकंदर अली पर आरोप है कि वह महिलाओं और युवकों का मोबाइल और चेन छीनता है।
मंडुवाडीह पुलिस ने खोया बैग दिलाया : मंडुवाडीह पुलिस ने शुक्रवार को एक यात्री का खोया बैग लौटाया। राम ऋषि सिंह निवासी धरहरा थाना कृष्णा ब्रह्म बक्सर का बैग बुधवार को ऑटो में छूट गया था।
गैस सिलिंडर चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस ने मच्छोदरी पार्क के पास से शुक्रवार को तेलियाना निवासी रितिक जायसवाल और कतुआपुरा निवासी नवरतन चौहान उर्फ बाडू को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से चोरी के तीन घरेलू गैस सिलिंडर बरामद हुए। इंस्पेक्टर कोतवाली दया शंकर सिंह ने बताया कि 1 अगस्त को हरतीरथ चौराहे पर ट्रॉली से गैस सिलिंडर चोरी हुआ था।
हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता से किया जागरूक
देश की आजादी की 78वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य पर देशभक्ति के साथ शुक्रवार को स्वच्छता का संदेश अभियान शुरू हुआ। नमामि गंगे की ओर से श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में भारत माता की प्रतिमा की आरती उतारकर हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान की शुरू कर लोगों को जागरूक किया। लोगों को घर में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने कहा कि कार्यक्रमों में देशभक्ति के साथ स्वच्छता का भी संदेश दिया जाएगा। अभियान में मनीष, सचिन सिन्हा, देवानंद प्रजापति, नितिन नामदेव, हंसराज सिंह, रामायण प्रजापति मौजूद रहे।
काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी समारोह दिखाया लाइव
सर्किट हाउस सभागार में शुक्रवार को काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी समारोह के समापन पर वीरों का नमन कार्यक्रम लाइव दिखाया गया। शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, एमएलसी धर्मेंद्र राय और सीडीओ हिमांशु नागपाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। लखनऊ में चल रही काकोरी ट्रेन एक्शन से संबंधित प्रदर्शनी का जनप्रतिनिधियों ने अवलोकन किया।
जनपद स्तर पर काकोरी शहीद स्मारक, मुख्य कार्यक्रम का प्रसारण दिखाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य मंत्रियों के संबोधन को सुना। इस अवसर पर लोक कलाकारों ने प्रस्तुति दी। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारों को काकोरी स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। निबंध प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं को पुरस्कृत किया गया।
पीएम विश्वकर्मा योजनांतर्गत चयनित लाभार्थियों को टूलकिट दी गई। एमएलसी धर्मेंद्र राय ने बच्चों से संवाद कर भारत के महान क्रांतिकारियों के बारे में बताया। प्रधानमंत्री के स्वदेशी वस्तुएं अपनाने की बात पर बल दिया। सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है, कविता सुनाई। एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने भारत की आजादी की लड़ाई में शहीद हुए क्रांतिकारियों को याद कर सभी को नमन किया।
सात अर्चकों ने उतारी मां काली की आरती
हनुमान फाटक गोला स्थित प्राचीन श्री संकट हरणी भद्रकाली माता मंदिर में वार्षिक हरियाली शृंगार का आयोजन किया गया। मां काली पूजा सेवा समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जगतजननी जगदंबा के विग्रह का विधिवत पंचोपचार पूजन किया गया। मिट्टी के पात्र में विभिन्न प्रकार के नैवेद्य और राग-भोग अर्पित किए गए।
शुक्रवार को पूरे मंदिर प्रांगण को पत्तियों, रंगीन झालरों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सात अर्चकों ने गंगा आरती की तर्ज पर धूप, दीप, लोहबान, कपूर, पुष्प, जल व चंवर आदि से भव्य आरती उतारी। श्रद्धालुओं ने माता का स्तुतिगान कर आरोग्य सुख की कामना की। देर रात तक दर्शन-पूजन का क्रम चलता रहा। भंडारे में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान मुख्य रूप से शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, रोहित जायसवाल पार्षद, मुन्ना लाल यादव, दिनेश बिंद, डबलू जायसवाल, दिलीप सेठ, प्रतीक सेठ मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को भेजी ब्रह्मोस मिसाइल वाली राखी
रक्षाबंधन पर इस बार देशभक्ति का रंग भी घुल गया है। बनारस के गुलाबी मीनाकारी के कारीगर कुंज बिहारी सिंह ने ब्रह्मोस मिसाइल वाली राखी तैयार की है। उन्होंने ये राखी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजी है। पीएम को तिरंगे और मोतियों वाली ब्रह्मोस राखी और सीएम को रुद्राक्ष वाली ब्रह्मोस राखी भेजी गई है।
गुलाबी मीनाकारी के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कारीगर कुंज बिहारी सिंह ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद उनके मन में राखी बनाने का विचार आया था। इसके बाद उन्होंने ब्रह्मोस मिसाइल को केंद्र में रखकर इसे तैयार किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने पहले पांच राखियां तैयार की थीं। इसमें से एक तीन रंग के मोतियों वाली राखी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रुद्राक्ष वाली ब्रह्मोस राखी मुख्यमंत्री को डाक के जरिये भेजी है। गुलाबी मीनाकारी वाली राखियों की इस बार मांग ज्यादा है। यह राखियां दो से ढाई हजार रुपये मूल्य की हैं।
राहत सामग्री नहीं मिल रही तो कंट्रोल रूम का मिलाएं नंबर
डीएम सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला स्तरीय स्थायी समिति की बैठक हुई। डीएम ने कहा कि जिन लोगों को अब तक बाढ़ राहत सामग्री नहीं मिल सकी है, वह अपने नजदीकी राहत शिविर में जाकर अपना नाम नोट करा दें। या फिर इसकी सूचना बाढ़ कंट्रोल रूम को उसके टेलीफोन नंबर 0542-2508550, 2504170, 9140037137 और 1077 दें।
डीएम ने कहा कि जो लोग बाढ़ से प्रभावित हैं, उन्हें जिला प्रशासन की ओर से प्राथमिकता पर राहत सामग्री मुहैया कराई जा रही है। फिर भी यदि कोई बाढ़ प्रभावित व्यक्ति या परिवार इससे अब तक वंचित हो, वह अपने नजदीकी राहत शिविर पर जाकर अपना नाम नोट करा दें।
मां भीमचंडी के जन्मोत्सव पर होगा श्रीरामचरितमानस का अखंड पाठ
पंचक्रोशी परिक्रमा मार्ग पर भीमचंडी महादेव स्थित मां भीमचंडी देवी के जन्मोत्सव पर दो दिवसीय समारोह होगा। कार्यक्रम की शुरुआत रविवार को श्रीरामचरितमानस के संगीतमय अखंड पाठ से होगी। यह जानकारी आयोजन समिति के संयोजक पं. अमित कुमार पांडेय एवं गोपाल मिश्र ने पराड़कर भवन में शुक्रवार को पत्रकारों को दी।
उन्होंने बताया कि जन्मोत्सव सोमवार को भव्य रूप से मनाया जाएगा है। मां के जन्मोत्सव पर विविध धार्मिक अनुष्ठान होंगे। समारोह में मेयर अशोक कुमार तिवारी, काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा, अन्नपूर्णा मंदिर के महंत स्वामी शंकर पुरी सहित काशी के सभी मठ मंदिरों के महंत शामिल होंगे। गोपाल मिश्रा ने बताया कि अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट करनल केटी पटनाइक और असम के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य ने शुभकामना संदेश देते हुए जन्मोत्सव की बधाई दी है। असम के राज्यपाल ने समारोह में शामिल होने का आश्वासन दिया है।
मुमुक्षु भवन बनेगा संस्कृत के प्रचार प्रसार का केंद्र
श्री मुमुक्षु भवन अब संस्कृत के प्रचार प्रसार का मुख्य केंद्र बनेगा। संस्था में 70 आवासीय छात्र रह रहे हैं। उन्हें संस्कृत भारती और मुमुक्षु भवन के प्रयास से नियमित रूप से संस्कृत संभाषण शिविर, गीता पारायण एवं कर्मकांड का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह जानकारी संस्था के ट्रस्टी संयुक्त मंत्री कृष्ण कुमार काबरा ने दी।
उन्होंने कहा कि शासन के प्रयास से आज संस्कृत का प्रचार-प्रसार सभी जगह नजर आ रहा है। संस्कृत भारती के प्रयास से तो विदेशों में भी संस्कृत को सम्मान मिलने लगा है। कार्यक्रम का संयोजन संस्था के प्राचार्य एवं संस्कृत भारती के कार्यकर्ता डॉ. शैलेंद्र नाथ दीक्षित ने किया। धन्यवाद ज्ञापन कृष्ण मिश्र ने किया।
पीएचडी कंबाइंड और शास्त्री प्रथम वर्ष को पूर्ण अंक
केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षण संस्थान की ओर से 15 दिवसीय प्रो एलएम जोशी स्मृति अंतर कक्षा फुटबाॅल प्रतियोगिता संस्थान के खेल मैदान पर हुई। शुक्रवार को हुए दो मुकाबलों में स्टाफ पीएचडी कंबाइंड और शास्त्री प्रथम वर्ष की टीम ने अपने-अपने मुकाबले जीते। दिन का पहला मुकाबला शास्त्री तृतीय वर्ष बनाम स्टाफ पीएची कंबाइंड के बीच हुआ। इसे स्टाफ पीएचडी कंबाइंड ने 1-0 से जीत लिया।
टीम की ओर से लोप्सांग शेराब ने गोल किया। दूसरा मैच बीएड कंबाइंड बनाम शास्त्री प्रथम के बीच हुआ। इसमें शास्त्री प्रथम वर्ष की टीम 2-1 के स्कोर से जीती। शास्त्री प्रथम की ओर से इडेन और तेंजिंग ब्वायके ने गोल किया। बीएड कंबाइंड की ओर से पाशांग ने एक गोल किया। रेफरी की भूमिका थुप्तेन श्रींग, तांडिंग ने निभाई।
वाराणसी के गौरवशाली इतिहास थीम पर होगी काशी सांसद प्रतियोगिता
काशी सांसद फोटोग्राफी, स्केचिंग और पेंटिंग प्रतियोगिता 19 से 27 अगस्त तक होगी। इसकी थीम काशी के गौरवशाली इतिहास और संस्कृति होगी। सीडीओ हिमांशु नागपाल ने बताया कि प्रतियोगिता में वाराणसी लोकसभा क्षेत्र के सभी आयु वर्ग के व्यक्ति हिस्सा ले सकते हैं। प्रतियोगिता दो चरणों में होगी। पहले चरण में ऑनलाइन (19 से 22 अगस्त) और दूसरे चरण में ऑफलाइन (25 से 27 अगस्त) प्रतियोगिता बीएचयू के स्वतंत्रता भवन में होगी।
वाराणसी लोकसभा क्षेत्र के विकासखंड सेवापुरी, आराजीलाइन और काशी विद्यापीठ के साथ नगर निगम क्षेत्र में प्रतियोगिता होगी। इसमें हिस्सा लेने के लिए काशी सांसद प्रतियोगिता की वेबसाइट पर पंजीकरण कराना होगा। प्रत्येक थीम के बेस्ट 3-3 प्रतिभागी अगले राउंड में जाएंगे। एक व्यक्ति केवल दो थीम में प्रतिभाग कर सकेगा। स्केचिंग और पेंटिंग प्रतियोगिता पांच वर्गों में होगी। इसकी ऑफलाइन प्रतियोगिता 25-27 अगस्त तक बेनियाबाग पार्क में आयोजित की जाएगी।
त्रिदेव मंदिर कल मनेगा तीसरा वार्षिकोत्सव
त्रिदेव मंदिर सेवक परिवार की ओर से त्रिदेव मंदिर में तृतीय रविवारीय वार्षिकोत्सव रविवार को मनाया जाएगा। इस संबंध में शुक्रवार को त्रिदेव मंदिर में समीक्षा बैठक की गई। संस्था के अध्यक्ष भरत सराफ और महामंत्री राधे गोविंद केजरीवाल ने बताया कि उत्सव में कोलकाता से आए माली तीनों विग्रह राणी सती, सालासार और खाटू श्यामजी की बंगलूरू से आए फूलों से झांकी सजाएंगे।
भजन संध्या शाम चार बजे से होगा। प्रचार मंत्री सुरेश तुलस्यान ने बताया कि स्थानीय मंडलों द्वारा भजनों की प्रस्तुति की जाएगी। प्रभु को छप्पन भोग लगाकर सवामणी प्रसाद भक्तों में वितरित किया जाएगा। बैठक में त्रिदेव मंदिर सेवक परिवार के सदस्य उपस्थित थे।
हिंडोल चतुर्दशी पर मनाया गया दरवेश महाराज का जन्मोत्सव
श्री विजय कृष्ण मठ में शुक्रवार को हिंडोल चतुर्दशी का उत्सव मनाया गया। इस दौरान संत विजय कृष्ण महाराज के शिष्य स्वामी किरणचंद दरवेश महाराज के 148वें जन्मोत्सव पर विविध आयोजन हुए। उनकी समाधि पर विविध अनुष्ठान संपन्न हुए और देशभर से आए श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में शीश नवाया।
शुक्रवार को हरिश्चंद्र घाट मार्ग पर स्थित विजय कृष्ण मठ में अखंड भजनांजलि की शुरूआत हुई। 24 घंटे तक चलने वाले भजनों में भक्तिमय गीतों की प्रस्तुति पर भक्त भी शामिल हुए। इसके बाद दरवेश जी महाराज की समाधि पर विशेष पूजन और आरती की गई। इसके साथ ही उनको भोग अर्पित करके प्रसाद का वितरण किया गया। भजनों का समापन शनिवार को सुबह होगा और उनके गुरु संत विजय कृष्ण महाराज का जन्मोत्सव मनाया जाएगा।
वरुणा नदी में उतराया मिला युवक का शव
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के जिला जेल के सामने वरुणा नदी में बुधवार सुबह अज्ञात युवक का शव उतराया मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने बताया कि वरुणा में बाढ़ के बीच जलकुंभी के साथ बहते हुए युवक का शव मिला। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि युवक के गले में रुद्राक्ष की माला थी। शव 7 से 8 दिन पुराना लग रहा था। चेहरा खराब हो चुका है। उसकी बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
राखी खरीदते समय विवाहिता की चेन छीन रही महिला को पकड़ा, दूसरी भागी
कैंट थाना क्षेत्र के पांडेयपुर बाजार में शुक्रवार शाम राखी खरीद रही विवाहिता ज्योति कन्नौजिया का चेन काटने के दौरान एक महिला पकड़ी गई। वहीं, दूसरी महिला भाग निकली। कैंट पुलिस आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बीएचयू में रिसर्च स्कॉलर ज्योति पांडेयपुर के दौलतपुर में रहती हैं।
शाम को पांडेयपुर चौराहे पर मां और पति के साथ राखी खरीद रही थीं। ज्योति ने पुलिस को बताया कि दुकान पर भीड़ के बीच अहसास हुआ कि गले में दांत चुभ रहा है। ध्यान से देखा तो कोई गले से सोने की चेन खींच रहा था। हाथ पकड़ा तो वह महिला निकली। इसी दौरान अन्य एक महिला को उनकी मां ने पकड़ने की कोशिश की। महिला हाथापाई पर उतारू हो गई।
इसी बीच दूसरी महिला भाग निकली। कुछ ही देर में पति सचिन कुमार भी पहुंच गए। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस महिला को पकड़कर पांडेयपुर चौकी ले गई। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि महिला की चेन सुरक्षित है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
निजीकरण के विरोध में किया प्रदर्शन
बिजली निगम के निजीकरण के विरोध में कर्मचारियों ने शुक्रवार को तिरंगा लेकर प्रदर्शन किया। सभी कार्यालयों पर कर्मचारियों ने विरोध जताते हुए कर्मचारी हित में फैसले को निरस्त करने की मांग की। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले कर्मचारियों ने अपनी आवाज बुलंद की।
मीडिया सचिव अंकुर पांडेय ने कहा कि आठ वर्षों में बिजली कर्मियों के परिश्रम से आज उत्तर प्रदेश देश में सबसे अधिक उपभोक्ताओं को सर्वाधिक बिजली आपूर्ति करने वाला प्रांत बन गया है। बताया कि सार्वजनिक क्षेत्र में पॉवर सेक्टर छोड़ो अभियान 15 अगस्त तक चलाया जाएगा। इस दौरान एसके सिंह, नीरज बिंद, राजेंद्र, विवेक, धर्मेद्र आदि लोग मौजूद रहे।
मिठाई की 40 दुकानों मारा छापा, 47 नमूने जांच के लिए भेजे
रक्षाबंधन को देख खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग ने 62 दुकानों का निरीक्षण किया। 40 दुकानों पर छापा मारकर मिल्क केक, बेसन, बर्फी, छेना मिठाई, गुलाब जामुन, मैदा, काजू बर्फी, बिस्किट के 47 नमूने लिए। सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय/ अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन कौशलेंद्र शर्मा ने बताया कि प्रवर्तन दल ने चार अगस्त से शुरू अभियान में गोला दीनानाथ, तेलियाबाग, बेलवा बाबा, चोलापुर, आयर, पांडेयपुर, पैगंबरपुर, सारनाथ, अर्दली बाजार, डिठोरी महाल, शिवपुर, राजातालाब, भावुपुर, परमपुर, भवानीपुर, हाथी बाजार में छापा मारा।
गुणवत्ता की जांच के लिए सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। आयर बाजार में एक दुकान से 4280 रुपये के 17 किलो छेना नष्ट कराया गया। टीम में अमित श्रीवास्तव, पंकज कुमार यादव, राजेश कुमार, सम्राट श्रीवास्तव, नीरज, विजय बहादुर आदि रहे।
गोमती जोन में पुलिस कर्मियों को बांधी राखी
समाजसेवी संस्था एकल अभियान ग्राम संगठन (महिला विभाग) व होप वेलफेयर ट्रस्ट से जुड़ी बहनों ने गोमती जोन के तहत थाना राजातालाब, थाना बड़ागांव और थाना फूलपुर में तैनात पुलिसकर्मियों को राखी बांधी। इस दौरान बहनों ने न केवल राखी बांधी, बल्कि पुलिसकर्मियों को सेवा, सुरक्षा और संवेदना के पथ पर सदैव अग्रसर रहने का आशीर्वाद भी दिया। डीसीपी गोमती आकाश पटेल ने बताया कि रक्षाबंधन का यह विशेष पर्व न केवल पारिवारिक संबंधों को सुदृढ़ करता है, बल्कि समाज और सुरक्षाबलों के बीच सहयोग, समर्पण एवं विश्वास के सेतु को भी और अधिक मजबूत करता है।
मंडलायुक्त ने बाढ़ राहत शिविर का किया निरीक्षण
मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने शुक्रवार को जिला जेल के सामने एसकेबी इंटर कॉलेज में बने बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया। वहां रह रहे लोगों से उनकी समस्याओं के बारे में पूछा। अफसरों को निर्देश दिए कि बच्चों के लिए फल और दूध के वितरण में कमी नहीं आनी चाहिए।
बच्चों ने बनाई तिरंगा राखियां, सफाईकर्मियों को बांधी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आहवान पर ‘लोकल फार वोकल’ के तहत प्रतिबंधित प्लास्टिक, पुराने कागज़, पत्तियां, रिबन आदि आकर्षक तिरंगी राखियां बनाई गई हैं। नगर निगम के नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर स्वच्छता अभियान के तहत रक्षाबंधन पर्व पर नगर निगम की सफाई टीम तथा आईईसी टीम ऑल इंण्डिया के साथ मिलकर आकर्षक तिरंगी राखियां तैयार की है।
डाक्यूमेंट मैनेजर प्रीति सिंह के नेतृत्व में स्कूलों में अभियान चलाया गया। कंपोजिट विद्यालय तुलसीपुर में स्वच्छ तिरंगा राखी, निर्माण कार्यशाला हुई।बच्चों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने एवं उनके भीतर देशभक्ति की भावना जागृत करने के लिए उन्हें तिरंगे की थीम पर राखी बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
बच्चों ने सफाई कर्मचारियों की कलाई पर राखियां बांधी। मुख्य नगर स्वाथ्य अधिकारी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, जोनल स्वच्छता अधिकारी तथा कई कर्मचारियों को भी तिरंगा राखियां बांधी। अभियान में स्वास्थ्य निरीक्षक भानु प्रताप, नोडल, प्रीति सिंह, प्रतिभा त्रिवेदी, शुभांगी श्रीवास्तव, राजनाथ यादव, सुनील कुमार आदि रहे।
थाने में बांधी सिपाहियों को राखी
नई सुबह एक उम्मीद संस्था की ओर से रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में शुक्रवार को भेलूपुर थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी सहित सिपाहियों को राखी बांधी गई। महिलाओं ने उन्हें तिलक लगाया और उनकी कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर मिठाई खिलाई और उनकी लंबी आयु की कामना की। संस्था के संस्थापक विजय कुमार ने सम्मानित किया। संचालन संस्था की अध्यक्ष ममता ने किया। इस मौके पर राजश्री साहनी, कुसुम लता सिंह, रेशमा देवी, सोनी देवी ,लक्ष्मी देवी, अनीता देवी, अजरा बिबी, अमृता देवी, पूजा देवी, विजय कुमार आदि रहे।
सीआरपीएफ के जवानों को बांधी राखी, मंत्री ने रोपे पौधे
रोटरी क्लब वाराणसी, सृजन सामाजिक विकास तथा 95 बटालियन सीआरपीएफ की ओर से शुक्रवार को कृषक उत्पादक संगठन टिकरी में रक्षाबंधन पर्व और पौधरोपण हुआ। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु, सीआरपीएफ कमान्डेंट राजेश्वर बाला पुरकर पौधरोपण किया। रोटरी क्लब की महिलाओं ने जवानों को रक्षासूत्र बांधकर उनकी मंगल कामना की। स्वागत न्यास के अध्यक्ष अध्यक्षता अनिल सिंह ने किया। इस मौके पर कौशिक, रितेश माहेश्वरी, अंकित, सौरव, अमित, मनीष आदि रहे।
कचहरी परिसर के आसपास सड़क पर खड़े वाहनों को हटवाएं
कचहरी परिसर में अपर पुलिस आयुक्त, कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एसीपी कैंट, कैंट इंस्पेक्टर और टीआई से कहा कि कचहरी परिसर के आसपास सड़क पर खड़े बेतरतीब वाहनों व ठेले को व्यवस्थित खड़ा कराएं। कचहरी परिसर में सुरक्षा के तहत डीएफएमडी, बैगेज स्कैनर, एचएचएमडी व सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष व अधिवक्ताओं के साथ कचहरी परिसर में सुरक्षा के विषय पर चर्चा की और सुझाव लिए गए। ड्यूटी पर कर्मचारियों की चेकिंग और ड्यूटी प्वाइंट से इधर-उधर रहने वालों को हिदायत दी।
कहा कि प्रवेश व निकास द्वारों पर सघन, सटीक जांच सुनिश्चित करें, बिना जांच किसी भी व्यक्ति या सामान को प्रवेश न दें। कचहरी परिसर में आग, आपातकालीन स्थिति या अनहोनी की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रहें। बाहरी वाहनों व पैकेजेस की चेकिंग करें।
किसानों को समय पर मिलेंगे उर्वरक : सूर्यप्रताप शाही
कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने कहा कि किसानों को निर्धारित दर पर उर्वरकों की उपलब्धता कराई जाए। कोई भी उर्वरक विक्रेता प्रमुख उर्वरक यूरिया एवं डीएपी के साथ अन्य गैर अनुदानित उत्पादों की टैगिंग न करें। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से उर्वरक की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि विगत वर्ष के सापेक्ष जिन उर्वरक विक्रेताओं की ओर से वर्तमान खरीफ में अधिक उर्वरकों की बिक्री हुई है, उनके वितरण का सत्यापन किसानवार किया जाए।
मंत्री ने किसानों को आश्वासन दिया कि उर्वरक की आपूर्ति में कमी नहीं होगी। उन्हें समय से उर्वरक मिलेंगे। प्रमुख सचिव कृषि ने निर्देशित किया कि जिले के प्रवर्तन दल के सभी सदस्य सतत रूप से उर्वरक वितरण पर निगरानी रखें। उर्वरक विक्रेता की ओर से निर्धारित दर से अधिक दर पर बिक्री, गैर अनुदानित उत्पाद की टैगिंग और उर्वरक डायवर्जन मिलने पर कार्रवाई होगी।
आश्वी इंफ्राजोन एटीएस केंद्र बना सड़क सुरक्षा का मॉडल
आश्वी इंफ्राजोन एटीएस प्राइवेट लिमिटेड के ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) शहर में आधुनिक और भरोसेमंद वाहन फिटनेस केंद्र के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है। वाहन स्वामियों के लिए सड़क सुरक्षा और पारदर्शी फिटनेस जांच की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। केंद्र प्रबंधक अंकुश राय ने बताया कि हमारा लक्ष्य केवल नियमों का पालन कराना नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा, जनजीवन की रक्षा और जागरूक करना है। कोशिश है कि हर वाहन सुरक्षित और सही स्थिति में चले।
केंद्र पर रोज दर्जनों वाहन, स्कूल बसें और व्यावसायिक गाड़ियां, फिटनेस जांच के लिए आती हैं। अत्याधुनिक मशीनों से जांच होती है। बताया कि एटीएस पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी सक्रिय केंद्र है। पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। केंद्र में सुबह 10 से शाम 5 बजे तक वाहन की फिटनेस की जांच होती है। 13 मई से केंद्र की प्रतिदिन 150 वाहनों की क्षमता है।
बाढ़ शिविरों में अब तक एक लाख पैकेट लंच, 8872 पैकेट दूध दिए गए
गंगा नदी का जलस्तर अब लगातार गिर रहा है। डीएम सत्येंद्र कुमार ने बताया कि बाढ़ राहत शिविरों में लोगों तक राहत तत्काल पहुंच रही है। राहत शिविरों में नाश्ता, बच्चों व वृद्ध को दूध व केला, दोपहर व रात में कम्युनिटी किचन के माध्यम से ताजा/ गर्म भोजन दिया जा रहा है।
सोने के लिए साफ गद्दे, शुद्ध पेयजल, प्रकाश, फॉगिंग, स्वच्छ शौचालय आदि का प्रबंध किया गया है। कुल 46 बाढ़ राहत शिविरों में 979 परिवार के 4599 लोग निवास कर रहे हैं। अब तक कुल 6017 क्विंटल भूसा का वितरण किया जा चुका है। वहीं, एक लाख पैकेट लंच, 8872 पैकेट दूध, 3382 पैकेट ओआरएस, 41645 टेबलेट क्लोरिन दी गई है।
तकनीकी युग की चुनौतियों के लिए तैयार हो रहीं 501 महिला प्रशिक्षु
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन आरटीसी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही 501 महिला प्रशिक्षु आरक्षियों से प्रशिक्षण संबंधी फीडबैक लिया। उन्होंने बताया कि रिक्रूट ट्रेनिंग कोर्स एनपीए की तर्ज पर चल रहा है। प्रशिक्षुओं को तकनीकी युग की चुनौतियों के लिए तैयार किया जा रहा है।
फॉरेसिंक ज्ञान का मूल्यांकन, दैनिक दिनचर्या और प्रशिक्षण गुणवत्ता का परीक्षण, सुविधाओं के उन्नयन के लिए निर्देश, कमांड कंट्रोल, चेन ऑफ कमांड, अनुशासन, सेवा-भावना पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान पुलिस उपायुक्त (लाइन) प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त (लाइन) वैभव बांगर, अपर पुलिस उपायुक्त (महिला अपराध) नम्रता श्रीवास्तव, सहायक पुलिस आयुक्त (लाइन) ईशान सोनी आदि रहे।
प्रो. परमेंद्र सिंह बनने पर उपमहानिदेशक का अभिनंदन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के महामना मदन मोहन मालवीय हिंदी पत्रकारिता संस्थान में आयोजित अभिनंदन समारोह में प्रो. परमेंद्र सिंह का उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद के उपमहानिदेशक बनाए जाने पर अभिनंदन हुआ। प्रबुद्धजन काशी न्यास की ओर से आयोजित कार्यक्रम में पत्रकारिता संस्थान के निदेशक डॉ. नागेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि प्रो. परमेन्द्र सिंह के उपमहानिदेशक बनने से कृषि विकास को नया रफ्तार मिलेगा। समारोह में डॉ. संजय सिंह गौतम, नंदलाल यादव, डॉ. गिरजानंद चौबे, डॉ. अशोक सिंह, पूर्णेंदु त्रिपाठी मौजूद रहे।
भगवान श्रीकृष्ण को बांधेगे भक्त राखी, प्रसाद में बंटेगा राखी व रोली
वैष्णवजन भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूपों संग रक्षाबंधन पर्व मनाएंगे। प्रभु का शृंगार होगा। भक्त जीवन में रक्षा का भाव लिए उनको राखी बांधेंगे। हिंडोला की झांकी का दर्शन कर निहाल होंगे। प्रसाद के रूप में राखी और रोली दिए जाएंगे। गोपाल मंदिर में रक्षाबंधन का पर्व मंगला दर्शन के बाद शुरू हो जाएगा। मंदिर में विराजमान भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूपों मुकुंद राय, गोपाललाल और गोपीनाथ का शृंगार कर भोग लगेगा।
विविध नैवेद्य अर्पित करने के बाद मंगला आरती होगी। इसके बाद नौ बजे के बाद से रक्षाबंधन का उत्सव शुरू होगा। वैष्णवजन प्रभु को राखी बांधेंगे। शात को हिंडोला की झांकी सजाई जाएगी। जबकि भादो मास के पहले दिन विजयोत्व मनाया जाएगा। सावनभर ठाकुर जी की सेवा में लगे भक्त उनकी परिक्रमा करेंगे।
पांच दिवसीय कजरी कार्यशाला का हुआ समापन
संस्कार भारती विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित पंच दिवसीय निशुल्क कजरी कार्यशाला का समापन शुक्रवार को हुआ। अस्सी स्थित गोयनका गली में आयोजित कार्यशाला में पांच दिनों तक प्रो. ऋचा कुमार और डॉ. मधुमिता भट्टाचार्य ने प्रशिक्षुओं को गायन का प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने वालों को कजरी गायन की विधाओं के बारे में प्रशिक्षित किया। पांच दिनों के प्रशिक्षण के बाद सभी ने प्रस्तुतियां भी दीं।
राजघाट पुल से हटा कॉशन
गंगा का जलस्तर कम होते ही राजघाट रेलवे पुल से कॉशन शुक्रवार को हट गया। अब ट्रेनें 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं। बाढ़ को देखते हुए एहतियातन उत्तर रेलवे ने राजघाट रेलवे पुल पर ट्रेनें कॉशन पर 10 की स्पीड से संचालित कराने का निर्णय लिया था।
वंचित वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए युवा चेतना संकल्पित
युवा चेतना की ओर से शुक्रवार को सोनारपुरा, केदारघाट, हरिश्चंद्रघाट, रवींद्रपुरी, लंका गेट, गोदौलिया, रथयात्रा सहित कई मोहल्लों में छाते का वितरण किया गया। युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने कहा कि हमारे जीवन का एकमात्र लक्ष्य समाज में बराबरी की स्थापना है। हम वंचित वर्ग को समाज के मुख्यधारा से जोड़ने के लिए संकल्पित हैं।
कांग्रेस पार्टी ने देश में 50 वर्षों से अधिक समय तक शासन किया लेकिन गरीब वर्ग के समुचित विकास के लिए कोई कार्य नहीं किया। हम निस्वार्थ सामाजिक न्याय के विचार को ताकत देने के लिए काम कर रहे हैं। भारत को 2047 के पहले विश्वगुरू के रूप में स्थापित करना ही हमारे जीवन का लक्ष्य है।
आज पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। हम परिवारवादी शक्तियों के खिलाफ संघर्ष जारी रखेंगे। इस अवसर पर कृष्ण कुमार शुक्ला, शिवपाल यादव, पप्पू यादव, सत्येंद्र सिंह अप्पू, अभिषेक मिश्रा, जितेंद्र पासवान, अशोक मौर्य, सत्येंद्र विश्वकर्मा उपस्थित रहे।