फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News Today: 56 लाख की ठगी, अश्लील वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल, पीड़िता ने दे दी जान; पढ़ें- खबरें

Wed, 06 May 2026 01:28 PM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: गृहिणी नूतन से निवेश के नाम 56 लाख की ठगी की फिर आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया। जिससे आजिज आकर पीड़िता ने जान दे दी। पढ़ें- वाराणसी की अन्य अपराध से जुड़ी खबरें
विज्ञापन
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कैंट थाना क्षेत्र के फुलवरिया में निवेश के नाम पर लाखों की ठगी और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर नूतन यादव को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सूरज कुमार (32) को फुलवरिया डीएम कंपाउंड के पास से गिरफ्तार कर लिया है। सूरज कुमार बेतिया बिहार का निवासी है। गृहिणी नूतन ने 9 अप्रैल 2026 को फंदा लगाकर जान दे दी थी। पुलिस ने जांच की तो सामने आया कि आरोपियों ने नूतन को फोरेक्स, क्रिप्टो करेंसी और रियल एस्टेट में निवेश का झांसा देकर 56 लाख रुपये ठग लिए थे। जब पीड़िता ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपियों ने 11 लाख रुपये की मांग कर लगातार मानसिक दबाव बनाया। परेशान होकर नूतन यादव ने आत्मघाती कदम उठा लिया। बहन नीलम यादव की तहरीर पर कैंट पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। मामले में पहले ही एक अन्य आरोपी विष्णु जायसवाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र ने बताया कि प्रकरण में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।

विज्ञापन


डिजिटल अरेस्ट कर बुजुर्ग से 12.50 लाख की साइबर ठगी
मनी लांड्रिंग केस में फंसाने की धमकी देकर बुजुर्ग योगेंद्र तिवारी के साथ आठ दिन तक डिजिटल अरेस्ट कर 12.50 लाख रुपये की साइबर ठगी हुई है। पीड़ित ने रोहनिया थाने में मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज कराई है। रोहनिया थाना क्षेत्र के काशीपुर कुरहुआ निवासी पीड़ित योगेंद्र तिवारी ने पुलिस को बताया कि 27 फरवरी को अनजान नंबर से फोन आया और खुद को विजय शर्मा दूर संचार विभाग (ट्राई) से होना बताया और कहा कि आपके नाम से एक शिकायत है।

विजय ने कहा कि नरेश गोयल मनी लांड्रिंग का केस है। आपके नाम पर एक अन्य मोबाइल नंबर है, जो उस खाते से जुड़ा हुआ है, इसलिए आपकी संपत्ति और खातों की जांच की जाएगी। इस केस से आप भी काला धन का उपयोग करते हैं। इस बीच लगातार वीडियो कॉल पर बातचीत की गई। रात में सर्विलांस ऑपरेटर बनकर धीरज चौधरी बात करता था। डराकर कहा कि इसकी जानकारी आप किसी को भी नही देंगे। नहीं तो मुख्य आरोपी भाग जाएगा और उसकी जगह आपको पकड़ लिया जाएगा। घर में परिवार को भी नहीं बताना है। 
विज्ञापन


इसे भी पढ़ें; सास ने पार की हैवानियत की हद: बहू को गर्म तवा से मारा, शरीर के कई हिस्सों को दागा; पुलिस तक पहुंचा मामला

मोबाइल से ही कोर्ट में न्यायाधीश के समक्ष पेश किया गया। खुद को ईडी की अधिकारी बताने वाली निशा पटेल ने संपर्क किया। अकाउंट नंबर भेजा और कहा कि 12.50 लाख रुपये भेज दीजिए, जांच के बाद पैसा वापस कर दिया जाएगा। 6 मार्च 2026 को पैसे भेज दिए। उसके बाद से किसी से संपर्क नहीं हुआ और न ही धनराशि खाते में आई। रोहनिया इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। साइबर क्राइम विशेषज्ञों की सहायता से जांच की जा रही है।

पत्नी को लेने गया था ससुराल नहीं आई वापस तो दे दी जान
चौबेपुर थाना क्षेत्र के उकथी तड़वा बस्ती में पत्नी के ससुराल से नहीं आने पर सूरज (30) ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों के अनुसार, सूरज सोमवार रात को खाना खाने के बाद कमरे में सोने चला गया। देर रात बिजली कटने के दौरान उसने कमरे में रखी चारपाई पर चढ़कर पंखे में गमछे का फंदा बनाकर लगा लिया। कुछ देर बाद जब बिजली आई तो रोशनदान से उसका शव लटकता देख पिता के होश उड़ गए। उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग जुट गए। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतरवाया। मृतक एक पुत्र और दो पुत्रियों का पिता था। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन वह अपनी पत्नी को लेने ससुराल गया था, लेकिन पत्नी साथ नहीं आई। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।   
 
करंट लगने से युवक की मौत, आठ महीने पहले हुई थी शादी
पिंडरा। फूलपुर थाना क्षेत्र के फूलपुर गांव में मंगलवार शाम 23 साल के युवक की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना शाम 7़ 30 बजे की है। करखियांव निवासी करन कुमार (23) गांव के मखंचू राजभर के यहां शादी में लाइटिंग कर रहा था। वह अचानक 11 हजार वोल्ट के हाइटेंशन तार की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। लोगों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। मृतक घर का इकलौता पुत्र था और आठ महीने पहले ही उसकी शादी मनीषा से हुई थी। घटना के बाद मां गायत्री देवी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। जांच की जा रही है।  

गलत सर्जरी मामले में केंद्रीय कार्यालय पहुंचा जवाब
बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में बलिया निवासी महिला राधिका देवी (71) की गलत सर्जरी और उसकी मौत के मामले में बीएचयू प्रशासन ने जिन 14 लोगों को नोटिस जारी किया था, उन लोगों ने अपने जवाब देने शुरू कर दिए हैं। मंगलवार तक इनमें से आधे से अधिक लोगों ने अपना लिखित जवाब केंद्रीय कार्यालय पहुंचकर उपकुलसचिव विजिलेंस कार्यालय में दे दिया है। मामले में अब बीएचयू प्रशासन की ओर से कार्रवाई का फैसला होना है। बलिया निवासी राधिका देवी के पोते की शिकायत के बाद आईएमएस बीएचयू निदेशक की ओर से कराई गई जांच की रिपोर्ट मिलने के बाद बीएचयू प्रशासन ने एक आदेश जारी कर अस्थि रोग विभाग, एनेस्थीसिया विभाग, न्यूरोसर्जरी विभाग, नर्सिंग विभाग से जुड़े 14 लोगों को गलत सर्जरी मामले में जिम्मेदार बताया था। इसके बाद 29 अप्रैल को उपकुलसचिव विजिलेंस की ओर से सभी 14 लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था। इसके लिए पत्र जारी होने की तिथि से सात दिन के भीतर जवाब देने को कहा था। पांच मई को सात दिन पूरे हो गए। इधर मंगलवार की शाम तक अधिकांश लोगों ने अपना जवाब उपकुलसचिव विजिलेंस कार्यालय में दे दिया है। सभी की नजर अब इस मामले में होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं। 

क्या है पूरा मामला
ट्रॉमा सेंटर में महिला राधिका देवी को स्पाइन कार्ड ट्यूमर की समस्या होने पर 24 फरवरी को न्यूरो सर्जरी वार्ड में डॉ. अनुराग साहू के निर्देशन में भर्ती कराया गया था। उनका इलाज भी डॉ. साहू के निर्देशन में चल रहा था। इस बीच 7 मई को न्यूरो सर्जरी की जगह आर्थो विभाग के डॉ. अमित रस्तोगी के निर्देशन वाली डॉक्टरों की टीम ने ऑपरेशन थियेटर में इसी महिला के जांघ में चीरा लगा दिया। जब पता चला कि जांघ की हड्डी सही है और यह महिला दूसरी राधिका देवी है तो सभी के होश उड़ गए। इसके बाद 18 मार्च को इसी महिला की न्यूरो सर्जरी विभाग की टीम ने सर्जरी कर दी। महिला की 27 मार्च को मौत हो गई तो उनके पोते मृत्युंजय पाल ने निदेशक, कुलपति से शिकायत कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की थी।

खोदाई में 33 केवी लाइन कटी, जल निगम के ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी
लालपुर थाना क्षेत्र में खोदाई के दौरान 33 केवी अंडरग्राउंड लाइन की केबल कटने से गोइठहा विद्युत उपकेंद्र और एसटीपी की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। घटना 2 मई 2026 की रात 11.50 बजे की है। लाइन ट्रिप होने के बाद पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची तो केबल कटा मिला। गोइठहा उपकेंद्र के अवर अभियंता रजनीश श्रीवास्तव की तहरीर पर जल निगम का काम कराने वाले ठेकेदार अजय कुमार तिवारी और संपन्न त्रिपाठी के खिलाफ लालपुर थाने में सोमवार की देर रात प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

दूल्हे के पिता का पर्स काटकर एक लाख की नकदी चोरी
आदमपुर थाना क्षेत्र के पंचायती कुआं के पास शांति वाटिका से दूल्हे के पिता गोकुल वर्मा का पर्स काटकर एक लाख की नकदी चोरी कर ली गई। सीसी कैमरे की फुटेज में चार आरोपी दिख रहे हैं। पीड़ित ने सोमवार रात आदमपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। सोनातालाब चकबिही तड़िया निवासी गोकुल शर्मा ने पुलिस को बताया कि 26 अप्रैल को बेटे की शादी थी। पंचायती कुआं शांति वाटिका में बरात गई थी। समारोह में काफी भीड़ थी। रात 9 से 10 बजे के बीच गेट पर द्वार पूजा के लिए पहुंचा तब चार युवकों ने बड़ी ही चालाकी से पर्स काटकर चोरी कर ली। थाना प्रभारी विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि सीसी कैमरे की फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कराई जा रही है।  

तहरीर के मुताबिक, जल निगम के ठेकेदार की देखरेख में खोदाई की जा रही थी। इस बीच जेसीबी ने केबल काट दिया। इससे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली निगम की टीम ने संबंधित पक्ष को मरम्मत कराने को कहा लेकिन केबल ठीक नहीं कराया गया। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।  

बाउंड्रीवाल तोड़ी, कब्जे की कोशिश, प्राथमिकी दर्ज
कैंट थाना क्षेत्र के इमिलिया घाट में जमीन के विवाद को लेकर बाउंड्रीवाल तोड़कर कब्जा करने की कोशिश और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तहरीर में इमिलिया घाट निवासी प्रवीण कुमार झा ने बताया कि 20 अप्रैल को सुरेश पाल, मिठ्ठू पाल समेत कुछ लोग जेसीबी लेकर पहुंचे और जमीन की बाउंड्री तोड़ने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी मौके से लौट गए। 23 अप्रैल को आरोपी फिर से 20-25 लोगों के साथ पहुंचे और बाउंड्रीवाल गिरा दी। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर सुरेश पाल, रामसूरत पाल, मिठ्ठू पाल सहित अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

धोखे से 50 करोड़ की जमीन लिखवाने का आरोप, उपनिबंधक समेत दस को नोटिस
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मनीष कुमार की अदालत में धोखे से सेवानिवृत्त शिक्षक की 50 करोड़ रुपये की जमीन लिखवाने के मामले में गंगापुर रजिस्ट्री कार्यालय के उपनिबंधक, लिपिक समेत दस लोगों के खिलाफ अर्जी दाखिल की गई है। अदालत ने मामले में रोहनिया थाने से आख्या तलब कर उपनिबंधक व लिपिक को अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस जारी किया है। अगली सुनवाई 11 मई को होगी। 

मोहनसराय रोहनिया निवासी प्रमिला मिश्रा ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया। आरोप है कि उनके पति, सेवानिवृत्त शिक्षक ओम प्रकाश मिश्रा, किडनी रोग से ग्रसित हैं और सप्ताह में दो बार डायलिसिस कराते हैं। पुत्र अभिषेक मिश्रा मुरादाबाद में चिकित्सक है। पीड़िता के अनुसार, भतीजे विशाल मिश्रा अन्य लोगों के साथ उनके पति को डायलिसिस के नाम पर घर से ले गया। रात में लौटने पर बताया कि आयुष्मान कार्ड बनवाने ले जाया गया था, जहां कई कागजों पर हस्ताक्षर और अंगूठा लगवा लिया गया। पूछताछ करने पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। 

आरोप है कि उपनिबंधक और लिपिक की मिलीभगत से सात अप्रैल की शाम जमीन का दानपत्र करा लिया गया और उसी रात भूमाफियाओं के पक्ष में बैनामा भी कर दिया गया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पीड़िता ने थाने से लेकर उच्च अधिकारियों तक शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने पर न्यायालय की शरण ली।
 
नाली जाम करने के आरोप में 50 हजार का जुर्माना
वरुणापार क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान रैना विला रोड पर गिट्टी और बालू गिराकर रास्ता बाधित करने और नाली जाम करने के आरोप में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने दो व्यक्तियों पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। साथ ही तत्काल सड़क से निर्माण सामग्री न हटाने पर विधिक कार्रवाई की भी चेतावनी दी। कहा कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और आवागमन बाधित करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। भक्ति नगर में नालों की सफाई का कार्य संतोषजनक मिला। सफाई के बाद निकले कूड़े और सिल्ट को देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने सामान्य विभाग के अधिशासी अभियंता से नाला सफाई के 24 घंटे के भीतर सिल्ट उठाने की बात कही। 

बिना अनुमति पार्क में कार्यक्रम पर लगेगा जुर्माना
नगर निगम के पार्कों में सार्वजनिक कार्यक्रम के लिए अनुमति लेनी होगी। सदन की ओर से पार्क नियमावली की उप विधि को पास कर दिया गया है। अब किसी भी पार्क में सार्वजनिक कार्यक्रम करने से पहले नगर निगम से अनुमति आवश्यक है। सहायक नगर आयुक्त प्रभारी उद्यान कृष्ण चंद्र ने बताया कि अनुमति के बिना कार्यक्रम करने पर 2000 से लेकर 12000 तक जुर्माना लगेगा। इस तरह के आयोजनों से पार्क में गंदगी के अलावा पेड़ पौधों को भी भारी नुकसान पहुंचता था। माली और क्षेत्रीय पार्षदों की मदद ली जााएगी। इससे न केवल पार्क सुरक्षित होंगे बल्कि नगर निगम को राजस्व भी मिलेगा।  

युवती पर जानलेवा हमले के आरोपी को जमानत मिली
होटल में युवती को गोली मारने के आरोपी को अदालत से राहत मिल गई है। अपर जिला जज (प्रथम) संध्या श्रीवास्तव की अदालत ने चकलोला कपसेठी निवासी आरोपी शुभम राय को 50-50 हजार रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र पर रिहा करने का आदेश दिया। अभियोजन के अनुसार, गाजीपुर के नोनहरा थाना क्षेत्र के मोहनपुर की मूल निवासी वादिनी मीना राय ने कैंट थाने में लिखित तहरीर दी थी। आरोप था कि 11 अप्रैल 2026 को दोपहर 3,15 बजे पुत्री हर्षिता राय कैंट क्षेत्र में एक होटल में शुभम नामक युवक के साथ गई थी, जहां उसे गोली लग गई। पुलिस ने आरोपी शुभम राय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अदालत ने सुनवाई के बाद आरोपी को शर्तों के साथ जमानत दे दी है।

चोरी की बाइक के साथ युवक गिरफ्तार
पुलिस ने मंगलवार को वाहन चेकिंग के दौरान करधना छावनी के पास से एक युवक को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया। पकड़ा गया आरोपी रोहित कुमार गौतम (21) ग्राम बसंतपुर थाना सिंधौरा, वाराणसी का निवासी है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी ने जौनपुर के केराकत में एक शादी के दौरान बाइक चोरी की थी और उसे बेचने जा रहा था। पुलिस ने चेसिस नंबर के आधार पर बाइक का नंबर बरामद किया, जो पहले से ही थाना केराकत में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। 

बुजुर्ग महिला के घर के बाहर युवकों ने किया तेज धमाका, दो दिन में दूसरी बार घटना
आदमपुर थाना क्षेत्र के दीवानगंज मोहल्ले में अकेले रहने वाली 68 साल की शीला सिंह के घर पर अराजकतत्व लगातार दो दिन से विस्फोट कर उन्हें डरा रहे हैं। दिवंगत राम सिंह की पत्नी शीला सिंह छह महीने से घर में अकेले रह रही हैं। रविवार देर रात कुछ युवक उनके घर की खिड़की के पास विस्फोटक सामग्री रखकर भाग निकले। लोगों का आरोप है कि पहली दिन सूचना देने के बाद भी पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। सोमवार देर रात फिर घर को निशाना बनाया गया और जोरदार धमाका किया गया। घटना की तस्वीरें पास लगे सीसी कैमरे में कैद हुई हैं, जिसमें चार नकाबपोश युवक बिना नंबर की स्कूटी से आते और वारदात को अंजाम देकर भागते नजर आ रहे हैं। पीड़ित शीला सिंह ने मंगलवार को अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। सीसी कैमरों की फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। 
विज्ञापन

कोतवाली थाने से भागे आरोपी को 10 दिन बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया
धर्म छिपाकर हिंदू युवती से शादी करने और कोतवाली थाने से भागे आफताब अंसारी उर्फ अमित को कोतवाली पुलिस ने सोमवार को लोहता-जंसा मार्ग पर रिंग रोड अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी को कोर्ट ने जेल भेज दिया। आफताब के माता-पिता पहले से जेल में हैं। एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बड़ागांव थाना क्षेत्र के रसूलपुर-हरहुआ निवासी है। कोतवाली क्षेत्र की युवती ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। 24 अप्रैल को कोतवाली थाने में पुलिसकर्मियों को चकमा देकर आफताब भाग निकला था। 

नशे में धुत होमगार्ड ने मचाया उत्पात
कैंट थाना क्षेत्र के दीनदयाल अस्पताल परिसर में मंगलवार को एक होमगार्ड ने नशे की हालत में हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कार्रवाई की। होमगार्ड सुनील पटेल शराब के नशे में पहले अर्दली बाजार चौकी पर उत्पात मचाया, इसके बाद दीनदयाल अस्पताल पहुंचकर भी हंगामा और कथित मारपीट की। उसके व्यवहार से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन आरोपी शांत नहीं हुआ। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे काबू किया। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि धारा 34 के तहत चालान कर सख्त चेतावनी दी गई। बाद में उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वहीं, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मी आरोपी को खींचकर ले जाते नजर आ रहे हैं।  

बच्ची के साथ दुष्कर्म के प्रयास के आरोपी को भेजा जेल
छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के प्रयास में मुठभेड़ में गिरफ्तार 20 साल के ताज मुहम्मद को कोर्ट ने मंगलवार को जेल भेज दिया। कौआपुर निवासी ताज मुहम्मद को चौबेपुर पुलिस ने सोमवार देर रात गिरफ्तार किया। चौबेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में स्कूल से लौटते समय छात्रा को ताज मुहम्मद ने अगवा कर लिया और दुष्कर्म का प्रयास किया। इस बीच उसे गहरे सूखे कुएं में फेंक दिया। शाम को लोगों ने बच्ची को कुएं से बाहर निकाला था। डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि बच्ची के साथ गलत करने वाले आरोपी को जेल भेज दिया गया।  
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें