फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News Today: ज्ञानवापी केस में 13 अक्तूबर को सुनवाई, विदेशियों से ठगी करने वाले 29 ठगों को जमानत

Sat, 27 Sep 2025 06:06 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: ज्ञानवापी के सील वजूखाना के फटे कपड़े बदलने के मामले में अब 13 अक्टूबर को सुनवाई होगी। वहीं, फर्जी कॉल सेंटर का संचालन कर विदेशियों से ठगी मामले में अंतरराज्यीय 29 ठगों को कोर्ट से राहत मिल गई। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News in Hindi: जिला जज जय प्रकाश तिवारी की अदालत में शुक्रवार को शृंगार गौरी और ज्ञानवापी से जुड़े सील वजूखाना के फटे कपड़े बदलने के मामले में सुनवाई शुक्रवार को टल गई। अगली सुनवाई 13 अक्तूबर की होगी। पिछली तिथि पर अंजुमन इंतजामिया मसाजिद कमेटी की ओर से अधिवक्ताओं ने कोर्ट में आपत्ति दाखिल की थी।

विज्ञापन


पिछली तिथि पर कोर्ट में वाराणसी प्रशासन के तरफ से एक अर्जी दाखिल की गई। अर्जी में कहा गया कि ज्ञानवापी के सील वजूखाने में लगे हुए कपड़े जर्जर हो गए हैं। इस जर्जर कपड़े को बदलना अति आवश्यक है। उक्त सील वजूखाने के जर्जर कपड़े को बदलने की अनुमति देने की गुहार लगाई। इस पर अन्य पक्षकार के तरफ से आपत्ति दाखिल करने के समय दिया गया था। 

इसमें अंजुमन इंतजामिया मसाजिद कमेटी की ओर से आपत्ति देने के लिए समय भी मांगा था। उधर, शृंगार गौरी प्रकरण में चोलापुर निवासी जयप्रकाश रामचंद्र राजभर ने अर्जी दाखिल की थी। इसी मामले में शुक्रवार को सुनवाई होनी थी जो टल गई। कोर्ट ने 13 अक्तूबर को अगली सुनवाई की तिथि नियत की है।

विज्ञापन

विदेशियों से ठगी करने वाले 29 अंतरराज्यीय ठगों को मिली जमानत
रोहनिया में फर्जी कॉल सेंटर का संचालन कर विदेशियों से साइबर क्राइम के जरिए करोड़ों की ठगी के मामले में 29 अंतरराज्यीय ठगों को कोर्ट से शुक्रवार को राहत मिल गई। अपर जिला जज 13 सुशील कुमार खरवार की कोर्ट ने आरोपियों को 50-50 हजार की दो जमानतें और बंधपत्र पर रिहा करने का आदेश दिया। 

अभियोजन पक्ष के अनुसार एडीसीपी नीतू कादयान और थाना प्रभारी निरीक्षक रोहनिया राजू सिंह को 4 सितंबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली कि रोहनिया क्षेत्र में फर्जी कॉल सेंटर खोलकर नागालैंड, गुजरात, मेघालय, शिलांग समेत अन्य प्रदेशों के आरोपियों द्वारा साइबर क्राइम किया जा रहा है। मौके से सभी को पकड़ा गया था। 

बाइक सवार बदमाशों ने सेल्समैन का मोबाइल व पर्स लूटा
चौबेपुर थाना क्षेत्र के व्यासपुर गांव में बीती रात बाइक सवार बदमाशों ने कपड़ा दुकान के सेल्समैन सुनील कुमार चौबे का मोबाइल और पर्स लूट लिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। गिरधरपुर निवासी सुनील ने पुलिस को बताया कि वह गोदौलिया में एक कपड़े की दुकान में सेल्समैन है। 

रात 11.15 बजे दुकान से घर लौट रहा था। व्यासपुर पहुंचने पर एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने अचानक उन्हें रोका और मोबाइल और जबरन पर्स लूट लिया। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

धोखाधड़ी और उपकरण चोरी के आरोपी पूर्व कर्मचारी पर केस दर्ज
आरएम एजुकेशनल के हेड और दुर्गाकुंड निवासी विवेक यादव ने कार्यालय के पूर्व कर्मचारी राघवेंद्र प्रताप निवासी सुंदरपुर और आलोक कुमार निवासी कुरैना इटावा के खिलाफ लैपटॉप चोरी का केस भेलूपुर थाने में दर्ज कराया है। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि केस दर्ज मामले की जांच की जा रही है। 

महिला के साथ जबरदस्ती, मारपीट और लूटपाट में मुकदमा
सिंधोरा थाना क्षेत्र के बेलारी में महिला के घर में घुसकर मारपीट और लूटपाट के मामले में पीड़िता ने शुक्रवार को थाने में केस दर्ज कराया। पीड़िता सुनीता देवी ने पुलिस को बताया कि आरोपियों में गुलाब चंद्र, आशीष कुमार, शुभम, आशा देवी व अन्य घर में घुस आए। साथ ही घर का ताला तोड़कर नकदी और आभूषण ले गए। घर में तोड़फोड़ की। साथ ही महिलाओं के साथ अभद्रता भी की। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। 

गोद से छिटक कर गिरे नाती की भी मौत, परिवार में टूटा दुखों का पहाड़
कपसेठी थाना क्षेत्र के बाराडीह कोल्हुआ वीर बाबा तिराहे पर बीती रात कंटेनर की चपेट में आने से नानी ऊषा देवी की मौत के बाद दूसरे दिन शुक्रवार को नाती शिवांश (8) की भी मौत हो गई। सेवापुरी रेलवे फाटक के पास निजी अस्पताल में इलाज के दौरान शिवांश ने दम तोड़ दिया। दो मौत से परिजन सदमे में हैं। तारापुर निवासी ऊषा देवी शिवांश और बेटे विशाल के साथ सेवापुरी से दवा लेकर घर लौट रही थीं।

अनियंत्रित कंटेनर की चपेट में आने से ऊषा देवी की मौत हो गई। गोद से शिवांश सड़क पर गिर गया था, अचानक सुबह तबीयत बिगड़ी तो परिजन तुरंत सेवापुरी के निजी अस्पताल लेकर गए। जहां उसकी मौत हो गई। दोपहर बाद नानी-नाती का एक साथ पोस्टमार्टम हुआ। लोगों की आंखें डबडबा गईं। 

नौकरी दिलाने का झांसा देकर 3.50 लाख रुपये हड़पे, केस
प्रधानमंत्री आवास, नौकरी और मुद्रा लोन दिलाने का झांसा देकर 3.50 लाख रुपये हड़पने के मामले में विवेक शर्मा उर्फ रोशन, रागिनी और विशाल शर्मा के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर कैंट थाने में शुक्रवार को केस दर्ज किया गया। सदर निवासी पीड़िता मुन्नी देवी का आरोप है कि बेटे रवि कुमार भारती को नौकरी, प्रधानमंत्री आवास योजना और मुद्रा लोन दिलाने का झांसा देकर आरोपियों ने 3.50 लाख रुपये नकद लिए। नौकरी नहीं लगने पर 17 मई 2025 को जब पैसे की मांग की तो आरोपियों ने गालीगलौज की और जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया और मारा पीटा।

आंधी में पेड़ गिरे, शहर से गांव तक बिजली गुल
आंधी की वजह से जिले में कई जगहों पर पेड़ गिरने से तार टूट गए। इस कारण शहर से लेकर गांव तक बिजली गुल रही। बारिश की वजह से कुछ जगहों पर बिजली निगम की ओर से एहतियातन भी बिजली काट दी गई। आंधी से शिवपुर के मेहता नगर कॉलोनी में पीपल का पेड़ गिरने से तार टूट गया। इससे काॅलोनी और उसके आसपास के इलाकों में बिजली गुल हो गई। उधर, वीरापट्टी रेलवे लाइन पर नीम के पेड़ की डाली टूटकर गिरी। 

इसी दौरान इधर से गुजर रही ट्रेन के ड्राइवर ने सूचना दी तो रेलकर्मियों ने पेड़ की गिरी डाली को हटवाई। इस वजह से रेल यातायात बाधित नहीं हुआ। इसके अलावा पांडेयपुर, अर्दली बाजार, चांदपुर इंडस्टि्रयल एरिया, भिटारी, सिंधौरा, रोहनिया, लोहता, हरहुआ आदि जगहों पर भी कहीं पेड़ तो कहीं पर डाली टूटने स बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। देर रात तक कर्मचारी आपूर्ति बहाल करने में जुटे रहे। 

होटल द पेरिस के प्रबंधक समेत तीन पर धोखाधड़ी का केस
छावनी क्षेत्र के होटल द पेरिस में बरात के आयोजन के नाम पर तीन लाख रुपये एडवांस लेना और बाद में नहीं लौटाने पर प्रबंधक, संचालक समेत तीन के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर कैंट थाने में शुक्रवार को मुकदमा दर्ज किया गया। भगवानपुर के पटेल नगर निवासी दिविजय प्रताप सिंह ने बताया कि शादी के लिए 28 अप्रैल 2021 को होटल डी पैरिस में बुकिंग कराई थी। 

तीन लाख एडवांस के रूप में दिए गए। कोरोना के चलते कार्यक्रम नहीं होने पर प्रार्थी ने होटल से एडवांस रकम वापस मांगी। होटल प्रबंधन ने पहले एक लाख लौटाए, लेकिन शेष दो लाख अब तक नहीं दिए। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि प्रबंधक अनिक भल्ला, व्यवस्थापक रोहित गर्ग और जनरल मैनेजर राकेश श्रीवास्तव के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। 

चोर समझ मानसिक रूप से कमजोर युवक को खंभे में बांधकर पीटा
ग्रामीण क्षेत्रों में उड़ते ड्रोन के भय से पहरेदारी में जुटे ग्रामीणों ने शुक्रवार को चोर समझकर मानसिक रूप से कमजोर एक युवक की खंभे में बांधकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची सिंधौरा पुलिस ने युवक को छुड़ाया और अस्पताल में भर्ती कराया। थाना प्रभारी ने ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि किसी भी तरह के अफवाह पर ध्यान न दें और झूठी अफवाह फैलाने वालों पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। युवक को चोर समझकर पिटाई करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। 

बिना टिकट पकड़े गए 160 लोग, एक लाख वसूले
कैंट रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को चलाए गए अभियान में बिना टिकट 160 लोग पकड़े गए। इनसे 1,05,690 रुपये राजस्व की वसूली की गई। मुख्य टिकट निरीक्षक (इंचार्ज) जनार्दन सिंह ने बताया कि सुबह 8 से शाम 4 बजे तक अभियान में 24 सदस्यों ने जगह-जगह लोगों की जांच की। 160 लोग पकड़े गए। एसके पांडेय, धर्मेंद्र मिश्र, संजय कुमार सिंह, आशा देवी, राजेश कुमार तिवारी, राजहंस सोनकर मौजूद रहे। 

नो पार्किंग में वाहन लगाने पर 10 पर मुकदमा
कैंट रेलवे स्टेशन परिसर में रेलवे सुरक्षा बल, डॉग स्क्वॉड के अभियान में यात्रियों से चेन पुलिंग न करने की अपील की गई। 10 लोगों पर रेलवे एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया। आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप कुमार यादव ने बताया कि स्टेशन परिसर सर्कुलेटिंग एरिया और प्लेटफॉर्म पर चेकिंग के दौरान नो पार्किंग जोन में वाहन लगाने पर 10 टैक्सी चालकों पर मुकदमा दर्ज किया गया। 

दुकानदार पर हमला करने का आरोपी गिरफ्तार
दुकानदार राकेश सिंह पर हमला करने के आरोपी सत्यम यादव को राजातालाब पुलिस ने शुक्रवार को बावन बीघा बाग बंगालीपुर मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। संदीप सिंह ने 24 सितंबर को केस दर्ज कराया कि पिता राकेश सिंह पर आरोपी सत्यम ने हमला कर दुकान से 3600 की नकदी लूट ली। राजातालाब थाना प्रभारी दयाराम ने बताया कि मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खजुरी निवासी सत्यम यादव को जेल भेजा गया। पूछताछ में बताया कि रिश्तेदार भीम यादव निवासी मरुई राजातालाब के साथ मिलकर मारपीट की थी।

राजस्व विभाग की टीम से विवाद में सात पर मुकदमा
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठठरा गांव के बिंद बस्ती में गुरुवार को जमीन की पैमाइश के लिए पहुंची राजस्व विभाग की टीम से विवाद होने पर 7 लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ। गुरुवार को एसडीएम राजातालाब के आदेश पर ताराशंकर बिंद की जमीन की पैमाइश में मेड़बंदी के लिए राजातालाब तहसील से राजस्व टीम पहुंची। प्रतिवादी ओमप्रकाश बिंद समेत अन्य लोगों ने फीता खींच लिया।

टीम से विवाद होने के कारण पैमाइश और मेड़बंदी नहीं हो पाई। सरकारी कार्य में बाधा पैदा करने पर राजस्व निरीक्षक चंद्रशेखर सिंह की तहरीर पर मिर्जामुराद पुलिस ने ओमप्रकाश बिंद, बाबूलाल बिंद, माधुरी बिंद, नंदिनी बिंद, इस्रावती बिंद, मुरली बिंद, चंपा बिंद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडे ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम से विवाद के मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। 

जबरन जमीन छीनने का आरोप लगा किसानों ने दिया धरना
नागरिकों और किसानों ने शुक्रवार को डोमरी गांव में धरना दिया। रामराज्य में अन्नदाता पर अत्याचार क्यों, जय जवान जय किसान, जान दे देंगे जमीन नहीं जैसे स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर आए थे। भारतीय किसान यूनियन ने उनका समर्थन किया। दो अक्तूबर को गांधी जयंती पर नगर निगम की ओर लगाए गए पौधों को उखाड़ कर जमीन पर कब्जा करने की चेतावनी दी।

वक्ताओं ने कहा कि नगर निगम व जिला प्रशासन जमीनें छीन रहा है। जमीन अधिग्रहण के बाद भी मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष कमलेश कुमार ने कहा कि किसानों के पास जीविकोपार्जन, पढ़ाई, दवाई, घर गृहस्थी चलाने के लिए केवल जमीन का ही सहारा है। धरने में मोहनदास, प्रहलाद प्रसाद, जितेंद्र प्रताप तिवारी शामिल रहे।

बंद मकान से चांदी के बर्तन सहित सामान चोरी, केस दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के ककरमत्ता न्यू कॉलोनी में प्रियंबदा के मकान को चोरों ने खंगाल दिया। 23 सितंबर की घटना के बात पीड़िता ने केस दर्ज कराया है। प्रियंबदा ने पुलिस को बताया कि 23 सितंबर को 7.30 बजे जब घर पहुंची तो ताला खुला हुआ था। कमरे से आभूषण और बर्तन चोरी हुए हैं। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। 

बिस्किट खिलाने के बहाने किशोर के साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म
भेलूपुर थाना क्षेत्र के मुस्लिम मोहल्ले में किशोर के साथ बिस्किट के बहाने अप्राकृतिक दुष्कर्म किया गया। मां की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार देर शाम दो किशोरों ने बेटे के साथ बिस्किट खिलाने के बहाने अप्राकृतिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने केस दर्ज कर दोनों किशोरों को हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया है। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दोनों बाल अपचारी पकड़े गए हैं। 

रंजिश में युवक की पिटाई, चार पर केस
चौबेपुर थाना क्षेत्र के नेवादा गांव में शुक्रवार सुबह रंजिश में युवक जयश्री की मनबढ़ों ने पिटाई कर दी। पीड़ित की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। चौबेपुर इंस्पेक्टर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपियों में रवि, आलोक, शनि राम और टिपू हैं। सभी को जल्द पकड़ लिया जाएगा।

आईआईटी बीएचयू में हिंदी वाद विवाद प्रतियोगिता का समापन
आईआईटी बीएचयू में हिंदी वाद विवाद प्रतियोगिता हुई। एनी बेसेंट लेक्चर थिएटर में स्वच्छ हरित उत्सव जैसे विषय पर व्याख्यान हुए। कर्मचारियों ने अपने विचार पक्ष-विपक्ष में रखे। विद्यार्थियों ने शोध और नवाचार में एआई टूल्स के प्रयोग और संभावित दुरुपयोग पर अपनी बातें की। उप कुलसचिव (राजभाषा) डॉ. अमित कुमार सिंह ने निरीक्षक के रूप में कार्यक्रम का मूल्यांकन किया। प्रो. कमलेश कुमार सिंह ने कहा कि प्रतिभागियों ने विषयों पर सटीक विचार प्रस्तुत किए। प्रो. अलख निरंजन साहू ने कहा कि स्वच्छता पखवाड़ा जैसे कार्यक्रमों से समाज में जागरूकता और सकारात्मक बदलाव आता है।

ज्योतिष, कर्मकांड और वास्तुशास्त्र एवं आंतरिक सज्जा में दाखिला शुरू
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के दीन दयाल उपाध्याय कौशल केंद्र में ज्योतिष, कर्मकांड, वास्तुशास्त्र एवं आंतरिक सज्जा में डिप्लोमा और डिग्री पाठ्यक्रमों में प्रवेश शुक्रवार से प्रारंभ हो गए हैं। इसमें विद्यार्थियों को नियमित कक्षाएं, प्रायोगिक प्रशिक्षण एवं समय-समय पर शैक्षिक भ्रमण भी कराया जाएगा। यह जानकारी केंद्र की निदेशक प्रो. विधु द्विवेदी ने दी। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को इन पाठ्यक्रमों के अध्ययन से विभिन्न क्षेत्रों में स्वरोजगार उपलब्ध होगा। सेना में धर्म गुरु बनने के लिए इस पाठ्यक्रम से सहूलियत होगी।

कैंट रेलवे स्टेशन पर 41 ट्रेन मैनेजरों को मिले वॉकी-टॉकी
कैंट रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को ट्रेन मैनेजरों (गार्ड) को 41 वॉकी-टॉकी दिए गए। स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने नया सेट ट्रेन मैनेजर को भेंट किया। ट्रेनों के संचालन के दौरान वॉकी-टॉकी के सही तरीके से काम न करने पर गार्डों को परेशानी होती थी। लंबे समय से सेट को बदलने की मांग थी। निदेशक ने बताया कि वॉकी-टॉकी सेट से ट्रेन मैनेजर चलती गाड़ी में लोको पायलट के साथ संपर्क में रहते हैं।

वैज्ञानिक डॉ. डीपी सिंह एलसेवियर स्टैनफोर्ड की सूची में शामिल
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान शाहंशाहपुर के प्रधान वैज्ञानिक (जैवप्रौद्योगिकी) डॉ. डीपी सिंह एलसेवियर स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी की प्रतिष्ठित सूची में शामिल हुए हैं। विश्वभर के शीर्ष दो फीसदी वैज्ञानिकों में लगातार तीसरी बार शामिल हुए हैं। उनका पौध जीव विज्ञान, सूक्ष्मजीव जैव प्रौद्योगिकी और पौध-सूक्ष्मजीव इंटरैक्शन में उनके द्वारा प्रकाशित अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रों के मूल्यांकन के आधार पर उनका चयन हुआ है। संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार, वैज्ञानिक अनंत बहादुर सिंह, नागेंद्र राय, राकेश दुबे ने बधाई दी है।

निशुल्क पालतू कुत्ता जांच शिविर कल
विश्व रैबीज दिवस (28 सितंबर) पर नगर निगम की ओर से पालतू कुत्तों के स्वास्थ्य की जांच एवं पंजीकरण के लिए एक विशेष निशुल्क शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर नगर निगम वाराणसी सिगरा में रविवार को सुबह 9 बजे से अपराह्न 2 बजे तक चलेगा। नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डाॅ. संतोष पाल ने बताया कि शिविर में बाहर से आए विशेषज्ञ डाक्टरों की टीम पालतू कुत्तों के स्वास्थ्य की जांच करेगी। साथ ही कुत्तों को आवश्यक दवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। पालतू कुत्तों का पंजीकरण भी किया जाएगा।

वीरांगना में 250 प्रतिभागियों ने दिखाया दमखम
महमूरगंज स्थित निवेदिता शिक्षा सदन में शुक्रवार को प्रथम ओपेन राज्य स्तरीय बालिका कराटे प्रतियोगिता वीरांगना का भव्य शुभारंभ हुआ। इसमें प्रदेश के सात जिलों के 15 स्कूलों से कुल 250 बालिकाओं ने भाग लिया। संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल और पाणिनि कन्या महाविद्यालय की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखे गए।

प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में आत्मरक्षा की भावना जगाना और मार्शल आर्ट्स के माध्यम से महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है। विजेता बालिकाओं को स्वर्ण पदक और चांदी का सिक्का स्मृति स्वरूप प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्घाटन महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने दीप प्रज्वलन और नौ कन्याओं के पूजन के साथ किया। 

नवरात्र के पावन अवसर पर अतिथियों ने नौ वीरांगनाओं को प्रतीक स्वरूप तलवार भेंट की और हर घर दुर्गा अभियान को प्रोत्साहन देने का संदेश दिया। मुख्य अतिथि प्रो. त्यागी ने कहा कि बालिकाओं का सशक्त और आत्मनिर्भर बनना समाज और प्रदेश दोनों के लिए आवश्यक है। उन्होंने आयोजन समिति और आरंभ स्पोर्ट्स एंड फिटनेस एकेडमी की पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।

अधिकारियों के निर्माणाधीन आवास का काम तेजी से कराएं
वीडीए के अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा ने शुक्रवार को डीआईजी कॉलोनी में चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। वीडीए के अधिकारियों के लिए आवास, फ्लैट्स का निर्माण कराया जा रहा है। दूसरे प्लॉट पर पूर्व निर्मित भवन को ध्वस्त कराकर अधिकारियों के लिए नवीन भवन का निर्माण कराया जाएगा। 

पूर्व भवन का डिमॉलिशन पूरा हो चुका है। वर्तमान में नींव का कार्य कराया जा रहा था। दोनों कार्य की प्रगति धीमी पाई गई। ठेकेदार को निर्देशित किया गया कि कार्य की गति बढ़ाई जाए। कहा कि 3 दिन में चार्ट उपलब्ध कराएं। निर्माण कार्य की प्रगति को तेज किया जाए। परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। ताकि कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा हो सके।

वसंता कॉलेज की छात्राओं ने रोपे पौधे, वेस्ट मैनेजमेंट तकनीक से ट्री गार्ड बनाया
बीएचयू के राजघाट स्थित वसंत महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने एक पेड़ मां के नाम पर पौधे रोपे। छात्राओं ने पौधों के लिए वेस्ट मैनेजमेंट तकनीक से ट्री गार्ड भी बनाया। नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रदर्शनी और पॉवर पॉइंट प्रजेंटेशन देकर लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम की शुरुआत कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. आम्रपाली त्रिवेदी ने छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण में महिलाओं की भूमिका को बेहतर बताया। 

चिपको आंदोलन का उदाहरण देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण का काम अपने घर से शुरू करें। घरेलू कूड़े का निस्तारण कार्बनिक और अकार्बनिक तत्वों के आधार पर करें। कम प्लास्टिक इस्तेमाल करें। यथा संभव ऊर्जा को बचाने का प्रयास करें। प्रो. कल्पना अग्रवाल ने छात्राओं को वेस्ट मैनेजमेंट के बारे में बताया। इस कार्यक्रम के आयोजन प्रो. कल्पना अग्रवाल ने किया। गृह विज्ञान विभाग से डॉ. ऋचा मिश्रा, डॉ. अनामिका सिंह, डॉ. श्रद्धा अग्रवाल और सोनाली सिंह आदि मौजूद रहीं।

आत्मनिर्भर भारत के पांच स्तंभ : हंसराज
भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय केशरीपुर रोहनिया में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान की कार्यशाला में मुख्य अतिथि जिलाध्यक्ष एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के पांच स्तंभ हैं। अर्थव्यवस्था, बुनियादी ढांचा, प्रौद्योगिकी-संचालित प्रणाली, जीवंत जनसांख्यिकी हैं। 

ये स्तंभ भारत को हर स्तर पर स्वतंत्र और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से नीतियां और ढांचे तैयार करते हैं। जो देश को वैश्विक स्तर पर और अधिक प्रतिस्पर्धी बनाते हैं। जिला महामंत्री प्रवीण सिंह, संजय सोनकर, सुरेंद्र पटेल, सुरेश सिंह, शशांक श्रीवास्तव, अरविंद पटेल शामिल रहे। महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने गुलाब बाग कार्यालय में कार्यशाला में कहा कि दुर्गा पूजा, गरबा महोत्सव में पूजा समितियों से समन्वय स्थापित कर आत्मनिर्भर भारत की थीम सुनिश्चित कराना है। दीपावली पर लोगों को स्वदेशी उत्पाद खरीदने और दुकानदारों को स्वदेशी उत्पाद बेचने के लिए प्रोत्साहित करना। 

कार्यक्रम की रूपरेखा शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक अनिल कुमार श्रीवास्तव ने रखी। है। संचालन नवीन कपूर और धन्यवाद राहुल सिंह ने दिया। इस अवसर पर पूर्व महापौर रामगोपाल मोहले, आत्मा विश्वेश्वर, अशोक पटेल, चंद्रशेखर उपाध्याय मौजूद रहे।

रानी मुरार की अर्चना बनी एक दिन की डीआईओएस, सुषमा बनीं प्रधानाचार्य
मिशन शक्ति 5.0 के तहत शुक्रवार को कक्षा 12वीं की छात्राओं को एक दिन डीआईओएस और प्रधानाचार्य बनाया गया। इस क्रम में रानी मुरार की छात्रा अर्चना ने डीआईओएस का पदभार संभाला। किसान इंटर कॉलेज में छात्रा सुषमा, राजकीय क्वींस कॉलेज की छात्रा पायल पटेल और जीजीआईसी वाराणसी की छात्रा जाह्नवी मिश्रा को एक दिन के लिए प्रधानाचार्य बनाया गया।

डीआईओएस बनीं अर्चना राजभर ने कार्यालय के सभी पटल सहायकों को बुलाकर उनका परिचय लिया और उनके कार्यों के बारे में जानकारी ली। सभी स्टाफ को समय से सभी कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। अर्चना ने कहा कि इंटरमीडिएट के बाद मेरा लक्ष्य बीटेक करके इंजीनियरिंग सेवा में जाने का है। 

इसी प्रकार पीएम श्री राजकीय क्वींस कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा पायल पटेल को एक दिन का प्रिंसिपल बनाया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने पायल को एक अच्छे प्रधानाचार्य के गुण बताए। पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर काॅलेज वाराणसी में कक्षा 9 की छात्रा जाह्नवी मिश्रा को एक दिन का प्रधानाचार्या बनाया गया।

लाटभैरव नक्कटैया आज, भव्य जुलूस के साथ निकलेंगे लाग विमान
काशी के प्रसिद्ध लक्खा मेलों में शुमार श्री आदि रामलीला लाटभैरव वरुणा संगम काशी की प्रख्यात नक्कटैया का उद्घाटन 27 सितंबर की देर रात विश्वेश्वरगंज में होगा। लाटभैरव रामलीला के प्रधानमंत्री एडवोकेट कन्हैयालाल यादव ने बताया कि नक्कटैया का भव्य जुलूस विश्वेश्वरगंज से शुरू होकर अंबियामंडी, बलुआबीर, और हनुमान फाटक होते हुए सरैयां पहुंचेगा। वहां खर-दूषण युद्ध, सीताहरण समेत अन्य लीलाएं होंगी।

इस जुलूस में प्रयागराज, मिर्जापुर, जौनपुर सहित पूर्वांचल के कई जिलों से आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। विशेष आकर्षण के रूप में शूर्पणखा और खरदूषण के विशालकाय पुतले भी जुलूस का हिस्सा होंगे। रामलीला के व्यास पंडित दयाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि नक्कटैया संवेदनशील मार्गों से होकर गुजरती है, इसलिए प्रशासन से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की मांग की गई है।

मंडलीय अस्पताल में 10 दिन में 436 यूनिट रक्तदान
मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार के तहत 17 सितंबर से चलाए जा रहे रक्तदान शिविर में 10 दिन में 436 यूनिट रक्तदान किया गया। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से गांधी जयंती 02 अक्तूबर तक सेवा पखवाड़ा चलाया जा रहा है। इसमें शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय अस्पताल ब्लड बैंक ने प्रदेश में अग्रणी भूमिका निभाते हुए अब तक 436 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।

केंद्र सरकार की योजनाओं पर युवाओं के लिए कार्यशाला
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार की पहल पर शुक्रवार को चौबेपुर में एक दिवसीय कार्यशाला मेरा भारत युवा भारत और अमरावती वेलफेयर संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में हुई। कार्यशाला में विशेषज्ञों ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, डिजिटल इंडिया, उज्ज्वला योजना, स्किल इंडिया, स्टैंड अप इंडिया, अटल पेंशन योजना जैसी प्रमुख योजनाओं की जानकारी दी। 

मुख्य अतिथि अजगरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक त्रिभुवन राम ने कहा कि भारत आज नए और सशक्त रूप में आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार की योजनाओं का मुख्य उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने आगे कहा कि यह भारत रुकने वाला नहीं है, बल्कि 2047 तक विकसित भारत का सपना साकार करेगा। जिला युवा अधिकारी यतेंद्र सिंह, प्रेमशंकर तिवारी, चंद्रशेखर तिवारी, विनोद चतुर्वेदी, संतोष कन्नौजिया, पूजा उपाध्याय मौजूद रहीं।

काशी विद्यापीठ में पीजी, डिप्लोमा कोर्स की दो दिन होगी काउंसिलिंग
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं सर्टिफिकेट के 30 पाठ्यक्रमों की काउंसिलिंग (प्रमाण पत्रों का भौतिक सत्यापन) 29-30 सितंबर को करवाई जाएगी। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि छात्रहित में 30 पाठ्यक्रमों में खाली सीटों के अभ्यर्थियों को दो से सात सितंबर तक अवसर दिया गया था। इन पाठ्यक्रमों के अभ्यर्थियों के प्रवेश के लिए काउंसिलिंग 29-30 सितंबर को संबंधित संकाय/ विभाग में होगी।

15 हजार विद्यार्थियों को मिली 3.27 करोड़ छात्रवृत्ति
प्रदेश सरकार ने पहले चरण की छात्रवृत्ति शुक्रवार को वितरित की। जिले के 15 हजार विद्यार्थियों को 3.27 करोड़ छात्रवृत्ति मिली। उनके खाते में ऑनलाइन छात्रवृत्ति की राशि भेजी गई। ओबीसी के सबसे ज्यादा 11 हजार से अधिक विद्यार्थियों को इसका लाभ मिला है। सबसे कम एससी के सात विद्यार्थी हैं। विकास भवन में सीडीओ ने 60 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का प्रमाण पत्र दिया।

उत्तर प्रदेश सरकार की पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के तहत कक्षा नौ से 10 एवं 11-12 के सभी वर्गों के छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से ऑनलाइन छात्रवृत्ति का वितरण किया। इसका सजीव प्रसारण जिले में शिक्षण संस्थानों में हुआ। सभी विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र दिया गया।

पूर्वदशम (कक्षा नौ से 10) के ओबीसी 7257, एससी 1250, सामान्य 452 और अल्पसंख्यक 370 सहित कुल 9329 विद्यार्थियों को 20179300 रुपये दी गई है। जबकि दशमेत्तर (कक्षा 11 से 12) के ओबीसी 4170, एससी 954, सामान्य वर्ग 383, अल्पसंख्यक 350, एसटी के सात को 14121754 रुपये उनके खाते में भेजी गई।

मेयर ने लोको छित्तूपुर की चार गलियों का किया शिलान्यास
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने 15.38 लाख से लोको छित्तूपुर के चार गलियों का शिलान्यास किया। मेयर ने लोको छित्तूपुर में 15. 38 लाख से 4 गलियों में इंटरलॉकिंग कार्य का शिलान्यास किया। इनमें 4.63 लाख, 6.46 लाख, 4.29 लाख, 5.37 लाख के कार्य शामिल हैं।

मिशन शक्ति के बारे में किया गया जागरूक
दो अक्तूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत छात्राओं को हेल्पलाइन और उनकी सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रम के बारे में जागरूक किया गया। मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा एवं सखी वन स्टॉप सेंटर पांडेयपुर में बालिकाओं को महिला कल्याण विभाग के मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के बारे मे बताया गया। कल्याण समिति की पूर्व अध्यक्ष एवं परिवार न्यायालय की विशेषज्ञ रेखा श्रीवास्तव ने महिलाओं को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना होगा।

एंबुलेंस में गूंजी किलकारी, पीएचसी में भर्ती हुई महिला
हरहुआ के बेलवरिया में शुक्रवार को प्रसव पीड़ा के बाद एंबुलेंस से स्वास्थ्य केंद्र ले जाते समय एंबुलेंस में महिला की डिलीवरी करवानी पड़ी। एंबुलेंस कर्मियों ने महिला और नवजात को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरहुआ में भर्ती करवाया। 108/102 एंबुलेंस के जिला प्रभारी विकास तिवारी ने बताया कि राधिका के परिजनों की सूचना पर एंबुलेंस पहुंची। महिला को स्वास्थ्य केंद्र लेकर जा रहे थे, रास्ते में उसे तेज दर्ज हुआ। महिला ईएमटी संध्या और पायलट बृजेश कुमार ने परिजनों के सहयोग से एंबुलेंस में ही प्रसव करवाया। विकास तिवारी ने बताया कि महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया।

हुकुलगंज की रामलीला में लक्ष्मण ने काटी शूर्पणखा की नाक
हुकुलगंज की रामलीला में शुक्रवार को लक्ष्मण ने शूर्पणखा की नाककाट दी। गुस्से में शूर्पणखा अपने भाइयों खर दूषण के पास पहुंचती है। उसकी हालत देखकर वह सेना लेकर राम और लक्ष्मण पर आक्रमण करने निकल पड़ते हैं। इसके साथ ही सांस्कृतिक संकुल चौकाघाट से लाग विमानों के निकलने का सिलसिला शुरू हो गया। बरसात के कारण रात 10:30 बजे रामलीला शुरू हुई। शुक्रवार की रात में हुकुलगंज की नक्कटैया की शोभायात्रा में मां काली के मुखौटे में नृत्य करते और तलवार भांजते हुए कलाकार सबसे आगे चल रहे थे। सांस्कृतिक संकुल से हुकुलगंज होते हुए लाग विमान रामलीला मैदान में पहुंचे।

गोदाम की जांच कर लिए 16 नमूने
रबी सीजन में किसानों की गुणवत्ता युक्त फास्फेटिक उर्वरक डीएपी, एनपीएस, टीएससी की उपलब्धता के लिए जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह मौर्य ने शुक्रवार को पीसीएफ के बफर गोदाम मोहाव का निरीक्षण किया। गोदाम से विभिन्न कंपनियों के उर्वरकों के 16 नमूने लिए और गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा। जांच के बाद गड़बड़ी मिलने पर गोदाम संचालक पर कार्रवाई होगी। रबी सीजन के लिए जिले में पर्याप्त उर्वरक है।

देव नगर कॉलोनी में भव्य जागरण में भजनों की हुई प्रस्तुति
देव नगर कल्याण समिति बड़ी गैबी महमूरगंज में शुक्रवार को जागरण हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ शाम छह बजे से लेकर देर रात तक श्रद्धालुओं ने भजन संध्या का आनंद लिया। भजन संध्या का संचालन डॉ. पूनम शर्मा और उनके समूह ने किया। उन्होंने अपनी मधुर वाणी से भक्तिमय वातावरण बना दिया। क्षेत्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे। डॉ. सुधा रानी तिवारी और राहुल गोस्वामी ने संयोजन किया।

स्कूल में नौ कन्याओं का हुआ पूजन
नवरात्र के पांचवें दिन शुक्रवार को वाराणसी पब्लिक स्कूल में नौ कन्याओं का पूजन हुआ। प्रधानाचार्या सपना मौर्या और उप-प्रधानाचार्या श्वेता मिश्रा ने कन्याओं के पैर धोकर तिलक लगाया और चुनरी ओढ़ाकर विधिवत पूजन किया। उनको भोज कराने के साथ ही उन्हें उपहार दिया। सपना मौर्या ने कहा कि नवरात्र केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि नारी शक्ति और उसके सम्मान का प्रतीक है। 

शत प्रतिशत किसानों की कराएं फार्मर रजिस्ट्री
सीडीओ हिमांशु नागपाल ने शुक्रवार के विकास खंड हरहुआ के सभागार में ब्लॉक क्षेत्र के सभी ग्राम प्रधानों से संवाद किया। इसमें सीडीओ ने कहा कि सभी ग्राम प्रधान अपने क्षेत्र में फार्मर रजिस्ट्री शत प्रतिशत कराएं। गांव में स्वच्छता का विशेष ध्यान दें। उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए विशेष बल दिया। 

प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के कक्षाओं की स्थिति, शिक्षकों की स्कूलों में उपस्थिति, आंगनबाड़ी केंद्र पर पुष्टाहार वितरण, अपात्र अंत्योदय कार्ड धारकों का राशन कार्ड निरस्तीकरण, बिजली, सड़क, जल जीवन मिशन, आरआरसी सेंटर का संचालन, वृद्धा, विधवा, दिव्यांगजनों की पेंशन आदि शिकायतों का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। इस मौके पर डीसी एनआरएलएम पवन कुमार सिंह, बद्री प्रसाद वर्मा, पंकज कुमार, सीडीपीओ दिलीप केसरी आदि मौजूद रहे।

दो दिन बंद रहेगी बीएचयू अस्पताल की ओपीडी
बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल की ओपीडी और सर्जरी अगले महीने दो दिन बंद रहेगी। विश्वविद्यालय की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया है। चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय के प्रशासनिक अधिकारी विश्वजीत साहा की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि दो अक्तूबर को गांधी जयंती और 20 अक्तूबर को दीपावली के उपलक्ष्य में ओपीडी और सर्जरी की सेवा बंद रहेगी।

एसडीएम ने नए अधिवक्ता भवन का किया शिलान्यास
तहसील पिंडरा परिसर में 20 लाख की लागत से बनने वाले नए अधिवक्ता भवन का शिलान्यास शुक्रवार को एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा ने वैदिक विधिविधान से किया। दाहिने तरफ टिनशेड की जगह अधिवक्ता कल्याण कोष से नया भवन बनेगा। भूतल पर एडीएम ने बताया कि 45 दिनों में कार्य पूरा करने का निर्णय लिया गया है। धन की कमी नहीं होगी। अधिवक्ता कल्याण कोष से बनने वाले भवन से टिन शेड से अधिवक्ताओं को निजात मिल जाएगी। नायब तहसीलदार राधेश्याम यादव, कृपाशंकर पटेल, शिवपूजन सिंह मौजूद रहे।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर का मूल्यांकन कर टीम ने जानी सुविधाएं
आयुष्मान आरोग्य मंदिर माधोपुर व फुलवरिया का शुक्रवार को चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की टीम ने वर्चुअल असेसमेंट (मूल्यांकन) कर सुविधाओं की जानकारी ली। इसमें माधोपुर में डॉ. वंदना मलिक व निहार निरंजन जबकि फुलवरिया में जीरापुला रामू व सुहासिनी चंद्रिका तिर्के ने ओपीडी, टेलीमेडिसीन, जांच, दवा की उपलब्धता,विद्युतीकरण समेत अन्य सेवाओं की हकीकत का जायजा लिया। एनक्वास के लिए निर्धारित मानक में खरा उतरने पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर को एनक्वास का प्रमाण पत्र दिया जाता है। इस दौरान स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी वीरेंद चौहान,नीलम यादव, प्रियंका, नीलम पांडेय, साधना कुमारी आदि लोग मौजूद रहे।

अजगरा विधायक ने दुकानों पर लगाया स्टीकर
चौबेपुर क्षेत्र के चौबेपुर बलुआघाट रोड बाजार में अजगरा विधायक त्रिभुवन राम ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ जीएसटी का मिला उपहार धन्यवाद मोदी सरकार नारे के साथ भ्रमण कर दुकानों से छूट की जानकारी ली। ग्रामीणों को इसके लाभ के बारे में अवगत कराते हुए दुकानों के सामने स्टीकर चस्पा की। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य अंजनी नंदन पांडेय, किसान मोर्चा के अध्यक्ष रामप्रकाश सिंह आदि मौजूद रहे।

केवट बने चिकित्साधिकारी, भरत बने नरेंद्र के अभिनय पर छलकीं आंखें
केंद्रीय कारागार की रामलीला में पांचवें दिन राम-केवट संवाद, दशरथ मरण और भरत का अयोध्या आगमन व वन प्रस्थान, निषाद राज से भेंट की लीला हुई। जेल के कैदियों की भावपूर्ण लीला देख दर्शक विभोर हो गए। केवट का अभिनय एक बार फिर चिकित्साधिकारी अभिषेक कुमार सिंह ने निभाया। केवट के रूप में प्रस्तुति से उन्होंने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

भरत के अभिनय में बंदी नरेंद्र प्रताप सिंह ने अपने करुण भाव से सभी दर्शकों प्रभावित कर दिया। लीला में सुमंत भगवान के कहने पर अयोध्या वापस आकर महाराज दशरथ से सब बात बताते हैं जिसे सुनकर महाराज दशरथ राम के विछोह में अपने प्राण त्याग देते हैं। इस अवसर पर वरिष्ठ अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र, चिकित्साधिकारी अभिषेक सिंह, जेलर अखिलेश कुमार, डिप्टी जेलर अखिलेश कुमार मिश्र, अमित कुमार वर्मा, अशोक कुमार राय, किशन सिंह वल्दिया उपस्थित रहे।

पूर्व मेयर ने व्यापारियों और उपभोक्ताओं से किया संपर्क
पूर्व मेयर रामगोपाल मोहले ने शुक्रवार को जीएसटी दरों में कमी का असर जांचने के लिए व्यापारियों और उपभोक्ताओं से संपर्क किया। देविशा गुप्ता, ज्योति सिंह, नेहा मिश्रा, अनन्या यादव और स्वाति नारायण ने कहा कि दुग्ध उत्पाद, रसोई के उत्पाद, घरेलू सामान के दाम कमी आई है। इससे घर की बजट सुधरने की उम्मीद है। सभी ने मिलकर जीएसटी में हुए सुधार के लिए मोदी सरकार को धन्यवाद ज्ञापित किया।

अईसन मनोहर मंगल मूरत, सुहावन सुंदर सूरत... से गूंजा विद्यालय
प्राथमिक विद्यालय चंद्रावती में शुक्रवार को राम जन्मोत्सव की लीला उत्साह और भक्ति भाव से हुई। रामलीला में बच्चों ने अलग-अलग पात्रों की भूमिका निभाकर दर्शकों का मन मोह लिया। सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने मिलकर भए प्रगट कृपाला, दीनदयाला कौशल्या हितकारी... गाकर राम जन्म की खुशियां मनाईं। इसके बाद सोहर अईसन मनोहर मंगल मूरत, सुहावन सुंदर सूरत... गया। कार्यक्रम का समापन भगवान श्रीराम के जयघोष के साथ हुआ। शिक्षिका डॉ. सुमन कुमारी ने बताया कि रामलीला आयोजन का उद्देश्य बच्चों के भीतर भगवान श्रीराम के आदर्शों और आचरण को आत्मसात करने की प्रेरणा देना है। 

गणित ओलंपियाड में अनुभव को मिला प्रथम स्थान
बीआरसी केसरीपुर में शुक्रवार को ब्लाॅक स्तरीय गणित ओलंपियाड का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न कंपोजिट और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के कक्षा छह से आठ तक के 60 बच्चों ने हिस्सा लिया। इसमें उच्च प्राथमिक विद्यालय फुलवरिया के अनुभव कुमार प्रथम, कंपोजिट विद्यालय केशरीपुर की अनु केशरी दूसरे और उच्च प्राथमिक जफराबाद के आयुष तीसरे स्थान पर रहे। बच्चों को पेंसिल बाॅक्स, पेन आदि देकर पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में बीईओ रामपूजन पटेल, एआरपी अभिषेक तिवारी, प्रवीण श्रीवास्तव, राजेश सिंह, मनोज कुमार, अतुल तिवारी ने सहयोग किया। 

मोटे अनाज के उत्पादन की पद्धति जानने प्रयागराज गए 50 किसान
उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरुद्धार कार्यक्रम के तहत जिले के 50 किसानों का दल शुक्रवार को चांदपुर स्थित कृषि भवन से पांच दिनों के लिए प्रयागराज रवाना हुआ। उप निदेशक कृषि अमित जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया। किसान प्रयागराज में कृषि विज्ञान केंद्र, सैम हिंगिनबॉटम कृषि प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान विश्वविद्यालय का भ्रमण करेंगे और मोटे अनाज के उत्पादन की पद्धति, प्रोसेसिंग यूनिट के बारे में जानेंगे। किसानों में चिरईगांव, चोलापुर, हरहुआ, पिंडरा, बड़ागांव, काशी विद्यापीठ ब्लाॅक के छह-छह और सेवापुरी व आराजीलाइन के सात-सात किसान शामिल हैं। इस मौके पर आशीष प्रकाश, पंकज श्रीवास्तव, आशुतोष सिंह, बनवंत आदि रहे। 

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में हुई पेंटिंग प्रतियोगिता
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में शुक्रवार को पेंटिंग प्रतियोगिता हुई। इसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं के अलावा काशी विद्यापीठ और बीएचयू फाइन आर्ट्स के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में विजेता छात्र-छात्राओं को प्राचार्य डॉ. चंद्र भूषण प्रकाश वर्मा ने सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आप जरूरी नहीं डॉक्टर और इंजीनियर बनकर ही देश का सेवा करें, आप एक सफल और अच्छे कलाकार बनकर भी देश को सेवा कर सकते हैं। संचालन विद्यालय के कला शिक्षक पंकज शर्मा ने किया। इस मौके पर प्रधानाध्यापिका शालिनी मिश्रा, एबी राहुल, आरबी सिंह आदि मौजूद रहे। 
विज्ञापन

वाराणसी से होकर कामाख्या जाएगी पूजा स्पेशल
रेलवे प्रशासन की ओर से दशहरा, दीपावली और छठ पूजा को लेकर 05625/05626 कामाख्या-रोहतक-कामाख्या पूजा स्पेशल गाड़ी चलाई जा रही है। रोहतक से चलने वाली यह साप्ताहिक गाड़ी वाराणसी में सोमवार को दोपहर 12.20 बजे पहुंचेगी। साप्ताहिक पूजा विशेष गाड़ी 28 सितंबर से 9 नवंबर तक हर रविवार को रोहतक से रात 10.10 बजे प्रस्थान कर दिल्ली, गाजियाबाद, अलीगढ़, प्रयागराज और वाराणसी होते हुए औड़िहार, गाजीपुर सिटी, बलिया, छपरा, सोनपुर होते हुए तीसरे दिन मंगलवार को अपराह्न 3.30 बजे कामाख्या पहुंचेगी। 

नौसेना के लेफ्टिनेंट पहुंचे सीएचएस, छात्रों से मिले
बीएचयू के पूर्व छात्र और भारतीय नौसेना के लेफ्टिनेंट अंकित शर्मा सीएचएस में पहुंचे। छात्र-छात्राओं के बीच पहुंचे अंकित शर्मा ने कहा कि उन्होंने 2013 से 2017 तक पढ़ाई की। छात्रों से उन्होंने गौरवपूर्ण गाथा और उससे संबंधित जानकारियां भी साझा कीं। इस दौरान कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. स्वाति अग्रवाल, उप आचार्य महेश चंद्र, एनसीसी ऑफिसर संजय केसरी आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें