Varanasi News in Hindi: चौबेपुर क्षेत्र के पियरी गांव के पास रेलवे लाइन पार करते समय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। उसकी पहचान संजय (35) पुत्र सोमारू निवासी तरया चौबेपुर के रूप में हुई है। बताया गया कि वह देर रात रेलवे लाइन पार कर रहा था। अचानक तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कार्यवाहक थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि कार्रवाई की जा रही है।
सड़क पर गिरकर युवक की मौत
जंसा थाना क्षेत्र की सब्जी मंडी के पास शनिवार दोपहर लगभग 12.30 बजे अनिल पटेल (25) की अचानक सड़क पर गिरकर मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक कुछ देर से बेचैनी की हालत में सड़क पर इधर-उधर भटक रहा था। वह अचानक गिर पड़ा। आसपास के लोग जब तक उसे संभालते तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक की पहचान हरसोच गांव निवासी अनिल पटेल पुत्र स्व. नंदलाल पटेल के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक के टीबी (क्षय रोग) से पीड़ित होने की जानकारी मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।
सड़क हादसे में घायल किशोर की मौत
रोहनिया थाना क्षेत्र के पद्मश्री अपार्टमेंट, विश्वकर्मा नगर सुसुवाही निवासी धनंजय कुमार राय के पुत्र आदर्श कुमार (15) की इलाज के दौरान मौत हो गई। आदर्श को 27 फरवरी को अवलेशपुर में स्कूटी से जाते समय अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा था। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसी कैमरों की मदद से टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा रही है।
ट्रेन से कटकर अधेड़ की मौत
सारनाथ थाना क्षेत्र के आशापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास शनिवार शाम ट्रेन से कटकर एक अधेड़ की मौत हो गई। पुलिस ने जांच के बाद शव को शिनाख्त के लिए मोर्चरी भेजवाया। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। वह आसमानी रंग की चेकदार लुंगी और सफेद शर्ट पहने था। लोगों से पूछताछ कर पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
खाली प्लॉट में मिला नवजात का शव
कैंट थाना क्षेत्र के टकटकपुर में खाली प्लॉट की बाउंड्री के अंदर शनिवार शाम नवजात का शव मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम कुछ बच्चे प्लॉट के पास क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान खेलते समय उनकी गेंद बाउंड्री के अंदर चली गई। गेंद लेने गए एक बच्चे की नजर कपड़े में लिपटे नवजात पर पड़ी। पास जाकर देखने पर नवजात मृत था। बच्चों ने शोर मचाया, जिसे सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि आसपास में लगे सीसी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है।
बिजली कर्मियों को दिलाई उपकरण के प्रयोग की शपथ
विद्युत वितरण उपखंड के 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पर शनिवार को बिजली सुरक्षा नियम और बिजली सुरक्षा उपकरण का उपयोग प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ। उपखंड अधिकारी कृष्णकांत ओझा ने संविदाकर्मियों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। बिजली की शिकायतों को ठीक करने के दौरान सुरक्षा उपकरण अपनाने की शपथ दिलाई। अवर अभियंता रोहित कुमार ने सुरक्षा उपकरणों के प्रयोग की जानकारी दी। इस मौके पर उपकेंद्र परिचालक जयसिंह, लाइनमैन मनीष सिंह, जितेंद्र कुमार, मनोज कुमार, अरविंद, रामाश्रय मौजूद रहे।
ओवरब्रिज पर कार ट्रेलर से टकराई, चालक घायल
बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ ओवरब्रिज पर शुक्रवार देर रात वाराणसी से बाबतपुर की ओर जा रहे एक ट्रेलर में पीछे से आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे में कार चालक लंका निवासी शुभम गायकवाड़ (22) घायल हो गए। ट्रेलर चालक ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। गनीमत रही कि कार का एयरबैग समय पर खुल गया, जिससे चालक की जान बच गई। घायल को उपचार के लिए बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है।
स्कूटी चोरी का आरोपी गिरफ्तार
वाहन चोरी करने वाले आरोपी सूरज कुमार को भेलूपुर पुलिस ने शनिवार को शंकुलधारा पोखरे के पीछे से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी की स्कूटी मिली। इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी लंका के नगवा का निवासी है।
महिला से अभद्रता, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
मिर्जामुराद क्षेत्र के शिवरामपुर गांव में अभद्रता और उत्पीड़न के मामले में पीड़िता राधा देवी ने गांव के ही दो लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़िता के अनुसार, रामलखन पाल और राजकुमार पाल पुत्र मुन्नीलाल पाल ने सिंचाई के लिए डाले गए भूमिगत पाइप को तोड़ दिया और गंदे पानी की पाइपलाइन जोड़ दी। जिससे उसकी फसल खराब हो रही थी। पीड़िता ने इसका विरोध किया तो दोनों ने कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर गाली दी और धक्का-मुक्की की। महिला का आरोप है कि आरोपितों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
ऑनलाइन लॉटरी खेलने के आरोप में 6 गिरफ्तार
पुराना पुल चौकी क्षेत्र में ऑनलाइन लॉटरी के फड़ पर सारनाथ पुलिस और एसओजी-2 ने शनिवार शाम छापा मारकर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 6 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 8595 रुपये मिले। सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में हुकुलगंज नई बस्ती निवासी मनोज पटेल, पांडेयपुर निवासी अभिषेक राजभर, रुपनपुर सारनाथ निवासी अजीत चौहान व रवि चौहान, खजुरी पांडेयपुर निवासी दिव्यांशु सोनकर और विष्णु गुप्ता है। पुलिस आयुक्त के हेल्पलाइन नंबर 9670705555 पर सूचना मिली कि पुरानापुल चौकी क्षेत्र में अवैध लॉटरी का संचालन किया जा रहा है।
किशोरी को बहलाकर ले जाने का आरोप
बड़ागांव थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली किशोरी 1 अप्रैल को सहेली के घर जाने के लिए घर से निकली, लेकिन देर शाम तक नहीं लौटी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चल सका। काफी तलाश के बाद किशोरी के पिता ने लुच्चेपुर भटौली निवासी रोहित सरोज के खिलाफ बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस किशोरी और आरोपी की तलाश में जुटी है।
बैंककर्मी बन मोबाइल हैक कर खाते से निकाले रुपये
भेलूपुर थाना क्षेत्र के अस्सी निवासी सदस्य बाल न्यायालय डॉ. किरण त्रिपाठी साइबर ठगी का शिकार हो गईं। उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर खुद को बैंक ऑफ बड़ौदा का कर्मचारी बताया। फोन करने वाले ने क्रेडिट कार्ड अपडेट कराने की बात कही। इस पर डॉ. त्रिपाठी ने उसे बैंक आकर जानकारी देने को कहा।
आरोप है कि बातचीत के दौरान ही जालसाज ने उनका मोबाइल हैक कर लिया और बिना किसी ओटीपी बताए उनके खाते से पैसे कटने लगे। खाते से रुपये कटने का मैसेज आने पर डॉ. त्रिपाठी ने तुरंत अपना क्रेडिट कार्ड ब्लॉक करा दिया। खाते से कुछ रकम निकल चुकी थी। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि डॉ. त्रिपाठी की तहरीर पर अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज जांच शुरू कर दी गई है।
चहारदीवारी तोड़कर कब्जा करने का आरोप
चहारदीवारी तोड़कर कब्जा करने का आरोप लगाकर धानापुर चौरी, भदोही निवासी आनंद शुक्ला ने प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस को तहरीर में बताया कि 2011 में हरिहरपुर रोहनिया में पत्नी रीता के नाम से एक जमीन खरीदी थी, जिसकी चहारदीवारी भी कराई गई थी। 9 फरवरी को कनेरी निवासी दीपक सिंह अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और जमीन पर कब्जा करने लगे। विरोध करने पर बताया कि जमीन का सट्टा उनके नाम से है। पीड़ित के अनुसार, घटना की सूचना पुलिस को दी गई। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। साथ ही पीडि़त से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की।
- फोटो : एआई
चौकी प्रभारी से दुर्व्यवहार में दो पर प्राथमिकी दर्ज
बाजार में मारपीट की सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार को धक्का देकर भागे आरोपी के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। जितेंद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार को उन्हें मोबाइल पर सूचना मिली कि दानगंज बाजार में दो पक्षों के बीच मारपीट हो रही है। उस समय चौकी पर कोई अन्य पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था, इसलिए वह अकेले ही मौके पर पहुंच गए। वहां दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की स्थिति थी।
समय रहते मौके पर नहीं पहुंचते तो भीड़ आरोपी गुलशन सिंह निवासी तराव को पीट देती। गुलशन सिंह और मोहित चौहान को भीड़ से निकालकर वाहन में बैठा लिया। इसी दौरान गुलशन सिंह ने दुर्व्यवहार किया और जोर से धक्का देकर भाग निकला जबकि मोहित भाग नहीं सका।
संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गए और सिर में चोट आई। मौके पर डीसीपी वरुणा जोन, एसीपी सारनाथ सहित अन्य अधिकारियों ने चौकी प्रभारी से जानकारी ली। पुलिस ने आरोपी गुलशन सिंह और मोहित चौहान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आईपीएस मानसी दहिया ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।
इंटर कॉलेज की प्रवक्ता और बेटियों के साथ मारपीट
नाटी ईमली के लेबर कॉलोनी में महिला के घर में घुसकर मारपीट और अन्य आरोपों में महिला समेत 6 के खिलाफ चेतगंज थाने में शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। आर्य महिला इंटर कॉलेज में प्रवक्ता पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी रेणू सिंह जिनका टेंट का कारोबार है। आए दिन मकान के नीचे अतिक्रमण कराती हैं। अवांछनीय तत्वों का जमावड़ा होता है।
रेणू सिंह, उसका बेटा और एक अज्ञात ने फ्लैट की खिड़की औरर दरवाजे को बंद करने की कोशिश की। रेनू सिंह, पुत्र विवेक सिंह, अभिषेक सिंह, छोटू विश्वकर्मा व अभिषेक रघुवंशी उर्फ गुड्डु घर में घुस आए। उस समय घर में पति नहीं थे। दोनों बेटियों से अभद्रता की। अभिषेक उर्फ बिट्टू व बाढू उर्फ विवेक ने पिटाई की है। बेटी के गले से सोने की चेन छीन ली। चेतगंज इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया की प्राथमिकी दर्ज की गई है।
खो गया फोन तो रच दी लूट की कहानी
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर में रोहनिया से महेशपुर आ रहे सोलर कंपनी के कर्मचारी ने बाइक सवार बदमाशों पर मोबाइल और 10 हजार रुपये लूट का आरोप लगाया। जांच में पता चला कि युवक ने ईएमआई पर 25 हजार का फोन लिया था, जिसे उसने कहीं गुम कर दिया था। डर की वजह से उसने लूट की कहानी रच डाली।
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के महेशपुर का करन बिंद रोहनिया के एक सोलर पैनल कंपनी में काम करता है। रात में उसे वेतन के रुपये मिले थे। साइकिल से महेशपुर में घर की तरफ आने लगा। रास्ते में चांदपुर चौराहे से आगे बढ़ते ही किसी का फोन आ गया और वह साइकिल से रुक कर सड़क किनारे फोन पर बात करने लगा। इसी दौरान पीछे से आए बदमाशों ने उसका फोन छीनने की कोशिश की तो उसने फोन मजबूती से पकड़ लिया और उनसे उलझ गया।
आरोप है कि इसके बाद बाइक सवार बदमाशों ने न सिर्फ करन का मोबाइल छीन लिया बल्कि पॉकेट में रखे दस हजार रुपये भी लूट लिए। मंडुवाडीह इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा ने बताया कि जांच की जा रही है। पीडि़त से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बिजली गिरने से मृत दपंती का हुआ दाह संस्कार
सिंधोरा थाना क्षेत्र के भदेवली में बिजली की जद में आने से मृत शिक्षक रमेश चंद्र भारती और पत्नी चमेला देवी का शव शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया। देर शाम जौनपुर केराकत के गोमती घाट के किनारे अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि पुत्र विशेष कुमार ने दी। राजस्व विभाग की टीम ने भी परिजनों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री राहत कोष से मुआवजे का आश्वासन दिया।
रमेश चंद्र के सिंधोरा के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में श्रद्धांजलि दी गई। दंपती की तीन बेटियां और बेटा बेसुध रहे। थाना प्रभारी सिंधोरा ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि जाठी गांव में भी चाची व भतीजी समेत 3 लोग, चारों गांव में मां-बेटे झुलस गए थे। निजी अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया था। सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वहीं, अन्य ऐसे कोई मामले तो नहीं हो इसकी भी जांच की जा रही है।
मजदूरों का हंगामा आश्वासन पर माने
पिंडरा के करखियांव औद्योगिक क्षेत्र में अमूल प्लांट के मुख्य द्वार पर शनिवार को मजदूरों ने मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। सुबह से शुरू हुआ हंगामा शाम 6 बजे तक चला। जिससे प्लांट का कामकाज पूरी तरह बाधित रहा।
मजदूरों ने ठेकेदार और कंपनी प्रबंधन पर आर्थिक शोषण, मनमाने ढंग से काम कराने और वेतन विसंगति के आरोप लगाए। स्थिति को बिगड़ते देख भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। सांसद प्रिया सरोज के एक सप्ताह में समस्याओं के निस्तारण के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ। मजदूरों का कहना था कि ठेकेदार और अमूल कंपनी वाले पूरे महीने बिना छुट्टी के काम करवा रहे हैं। मजदूरों ने आरोप लगाया कि भर्ती के समय दो वर्ष में मानदेय बढ़ाने का वादा किया गया था, जिसे पूरा नहीं किया गया।
महिला मजदूरों ने कहा कि उनसे पुरुषों के बराबर काम लिया जाता है, लेकिन मजदूरी कम दी जाती है। हंगामे के दौरान मजदूरों ने दूध से लदी गाड़ियों को रोक दिया। एडीसीपी नृपेंद्र कुमार और फूलपुर इंस्पेक्टर अतुल कुमार सिंह पहुंचे। अधिकारियों ने घंटों तक मजदूरों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन मजदूर अपनी मांगों पर अड़े रहे।
प्लांट मैनेजर आलोक मणि त्रिपाठी और सुपरवाइजर विनोद दुबे ने भी वार्ता की कोशिश की, लेकिन उनकी नहीं चली। मैनेजर का कहना था कि मजदूरों का सीधा संबंध प्लांट से नहीं बल्कि ठेकेदारी प्रथा से है, इसलिए वेतन का निर्धारण ठेकेदार ही करता है। प्रदर्शन की सूचना पर शाम में सांसद प्रिया सरोज पहुंची। एक हफ्ते में समाधान का आश्वासन देने पर मजदूरों ने धरना समाप्त किया।
वैदिक घड़ी धाम में स्थापित, विश्वनाथ मंदिर में 3.50 लाख श्रद्धालु आए
श्रीकाशी विश्वनाथ कॉरिडोर में मध्य प्रदेश से आई वैदिक घड़ी शनिवार को रखवा दी गई। अभी इसे चालू नहीं किया गया। इसे मंदिर चौक में स्थापित किया गया है। जल्दी ही चालू किया जाएगा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ही यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को घड़ी सौंपी थी। दूसरी तरफ शनिवार को 3.50 लाख भक्तों ने दर्शन किए। वीकेंड के चलते दर्शनार्थियों की कतारें चौक और गोदौलिया के आगे तक लगी रही। वहीं, ललिता घाट पर गंगा आरती में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। गंगा द्वार से ललिता घाट और गंगा में बोट से आरती देखने वाले जुटे रहे।
अगले 5 दिन आंधी और बारिश के आसार
काशी में अगले पांच दिनों तक बारिश और तेज हवा का पूर्वानुमान है। वहीं, आठ अप्रैल को बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है, यानी कि तेज हवा और बिजली चमकने के साथ बरसात हो सकती है। वहीं, एक दिन पहले तीन मिलीमीटर बारिश के 24 घंटे बाद भी बनारस का अधिकतम पारा 35 डिग्री के पार नहीं जा सका।
शनिवार को 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवा बही। अधिकतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री नीचे 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, सात अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ की एक नई शाखा पाकिस्तान के पास से सक्रिय हो रही है।
हरहुआ में डीएम ने क्रॉप कटिंग कराई
तहसील सदर के विकासखंड हरहुआ के गांव मुर्दहा में शनिवार को डीएम सत्येंद्र कुमार ने मौजूद रहकर अवनीश कुमार और निहोरी यादव के खेत पर गेहूं की क्रॉप कटिंग कराई। अवनीश कुमार के 43.3 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में क्रॉप कटिंग हुई। इसमें 14.530 किलोग्राम वजन प्राप्त हुआ। प्रति हेक्टेयर 33.560 क्विंटल, प्रति एकड़ वजन 13.420 क्विंटल, प्रति बीघा वजन 8.390 क्विंटल और प्रति बिस्वा वजन 0.420 क्विंटल रहा। इसी प्रकार निहोरी यादव की 43.3 वर्ग मीटर में 16.340 किलोग्राम वजन प्राप्त हुआ। इसके अंतर्गत प्रति हेक्टेयर 37.740 क्विंटल, प्रति एकड़ 15.09 क्विंटल, प्रति बीघा 09.430 क्विंटल और प्रति बिस्वा 00.470 क्विंटल वजन प्राप्त हुआ।
इटली से कृषि में मास्टर्स करेंगे बीएचयू के अभिनव
बीएचयू के छात्र के छात्र अभिनव दुबे को इटली के अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित विवि बोलेनिया से कृषि में मास्टर डिग्री लेने का मौका मिला है। अभिनव सटीक और टिकाऊ कृषि विषय में मास्टर डिग्री लेंगे। बीएचयू आयुर्वेद संकाय के वैद्य डॉ. सुशील कुमार दुबे ने बताया कि यह उपलब्धि न केवल अभिनव की मेहनत, लगन और प्रतिभा का परिणाम है बल्कि विवि और क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में दुनियाभर के छात्र आवेदन करते हैं, इनमें से केवल चुनिंदा मेधावी अभ्यर्थियों का ही चयन होता है। अभिनव व उनका परिवार मूल रूप से मिर्जापुर का है। उनकी इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। विवि की ओर से छात्रों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम, छात्रवृत्ति तथा आवास जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
समकालीन कला पर व्याख्यान, लगी प्रदर्शनी
धीरेंद्र महिला पीजी कॉलेज में ललित कला विभाग की ओर से स्नातक और स्नातकोत्तर की छात्राओं के लिए समकालीन कला पर एक अतिथि व्याख्यान और प्रदर्शनी लगी। कार्यक्रम के दाैरान वक्ता बीएचयू के दृश्य कला संकाय की डीन प्रो. उत्तमा दीक्षित थीं। उन्होंने अमूर्त कला व समकालीन कला के विषय में जानकारी दी और महत्वपूर्ण अवधारणाएं बताईं। इस दाैरान कॉलेज की प्राचार्य डॉ. नलिनी मिश्रा ने भी प्रेरणादायक शब्दों में काॅलेज की छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। संचालन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. दीपिका यादव ने किया। इस अवसर पर डॉ. प्रियंका गुप्ता और माहेश्वरी विश्वकर्मा माैजूद रहे।
डिजिटल फिल्म मेकिंग यूजिंग ड्रोन पर कार्यशाला कल
बीएचयू के पत्रकारिता और जनसंप्रेषण विभाग के तत्वावधान में डिजिटल फिल्म मेकिंग यूजिंग ड्रोन और एआई विषय पर कार्यशाला 6 और 7 अप्रैल को कला संकाय के प्रेमचंद सभागार में होगी। एपीजे इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन नई दिल्ली के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य स्नातक और परास्नातक छात्र-छात्राओं को डिजिटल फिल्म मेकिंग के बारे में विस्तृत जानकारी देना है। कार्यशाला का समन्वय पत्रकारिता और जन संप्रेषण विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. बाला लखेंद्र करेंगे। आयोजन सचिव डॉ. धीरेंद्र कुमार राय और डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह होंगे। उद्घाटन बीएचयू के कुलपति प्रोफेसर अजित कुमार चतुर्वेदी करेंगे। अध्यक्षता कला संकाय की प्रमुख प्रो. सुषमा घिल्डियाल करेंगी।
डिवाइन सैनिक स्कूल के पूर्व छात्र मयंक राय ने पहली बार में पास की यूपीपीसीएस परीक्षा
डिवाइन सैनिक स्कूल के पूर्व छात्र मयंक राय ने यूपीपीसीएस की परीक्षा में अपने प्रथम प्रयास में ही सफलता हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मयंक का चयन कॅमर्शिअल टैक्स ऑफिसर (सीटीओ) के पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रांगण में एक भव्य सम्मान समारोह हुआ।
इसमें विद्यालय के चेयरमैन ने मयंक राय को स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र देक सम्मानित किया। चेयरमैन एसएन सिंह ने मयंक और उनके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि मयंक की यह सफलता हमारे विद्यालय के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। उन्होंने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प, सही मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
हिंदी कहानी की मुकम्मल आलोचना पुस्तक है उन्मुक्त रास्तों पर हिंदी कहानी -प्रो. संजीव
समय-समय पर लिखे गए आलेखों की यह एक मुकम्मल किताब है जो बहुत तैयारी और जिम्मेदारी के साथ लिखी है साथ ही इस पुस्तक में अपने पूर्ववर्ती आलोचकों से उनकी स्थापनाओं से लेखक जिरह करता दिखाई देता है। यह बातें बीएचयू के भोजपुरी अध्ययन केंद्र की ओर से किताब की बात शृंखला कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता प्रो. संजीव कुमार दुबे ने कहीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर प्रो. कृष्ण मोहन ने कहा कि उन्मुक्त रास्तों पर हिंदी कहानी के लेखक ने इस किताब की पूरी संपूर्णता के साथ काम लिया है जिसे मील का पत्थर माना जाना चाहिए। प्रो. नीरज खरे ने कहा कि नामकरण की आलोचना में चल रहे विभिन्न संबोधन हमें पढ़ने की सहूलियत देते हैं।
उनमें अनेक प्रवृत्तियां दिखाई पड़ती हैं। उन्मुक्त शब्द को उन सब संबोधनों के लिए प्रस्तावित किया जा सकता है। विशिष्ट वक्ता संजय श्रीवास्तव ने पुस्तक के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कहानी की आलोचना में जिन बातों को आना चाहिए था। वो संवाद उस तल्खी के साथ नहीं आ पाया। आज उन्मुक्त कहानी का दौर है इसलिए इस पुस्तक पर आज की यह चर्चा ऐतिहासिक है।
स्वागत कर भोजपुरी अध्ययन केंद्र के समन्वयक प्रो. प्रभाकर सिंह ने पुस्तक को कहानी की परंपरा और आधुनिका पर की गई टिप्पणियों की महत्वपूर्ण पुस्तक बताया। संचालन सचिन कुमार गुप्ता ने तथा धन्यवाद शिखा सिंह ने किया।इस अवसर पर प्रो. आशीष त्रिपाठी, डॉ. रविशंकर सोनकर, डॉ. प्रभात मिश्र, डॉ. अशोक ज्योति डॉ. विंध्याचल यादव, डॉ. विवेक सिंह, डॉ प्रियंका सोनकर, शैलेंद्र सिंह तथा बड़ी संख्या में शोधार्थी, विद्यार्थी और कई साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे।
दफ्तरों में घूम रहे कथित दलाल, की शिकायत
राज्य कर विभाग के कार्यालयों में अधिवक्ताओं का वेश धरकर सक्रिय दलालों और अवांछनीय तत्वों के खिलाफ चंदौली कर अधिवक्ता संघ ने अधिकारियों से शिकायत की है। शनिवार को संघ के अध्यक्ष विनय कांत मिश्रा के नेतृत्व में अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-1 (जोन प्रथम एवं द्वितीय) से मुलाकात कर उन्हें एक औपचारिक पत्रक सौंपा। पत्रक में तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है।
अधिवक्ता संघ ने अधिकारियों को बताया कि वाराणसी परिक्षेत्र के विभिन्न कार्यालयों में कई ऐसे व्यक्ति सक्रिय हैं जो खुद को अधिवक्ता बताकर अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क साधते हैं और विभागीय कार्यों में हस्तक्षेप कर रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि विभाग में उपस्थित होने वाले हर व्यक्ति से उसका सीओपी मांगा जाए और पहचान न होने पर सूचना बार एसोसिएशन को दी जाए। उमेश, रणंजय सिंह, प्रशांत सिंह और अभिषेक रहे। एडिशनल कमिश्नर ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
अब तक साफ नहीं हुए 216 कुएं
नगर निगम की ओर से मार्च में 541 कुओं की सफाई होनी थी। अब तक मात्र 325 कुओं की सफाई हुई है। बाकी 216 कुओं की सफाई नहीं हो सकी है। गर्मी में पानी की समस्या और बढ़ सकती है। इस दौरान कुओं पर निर्भर होना पड़ता है। हर साल गर्मी से पहले कुओं की सफाई होती थी। इस बार अब तक सफाई पूरी न होने से जनता की परेशानी तय है। हाल ही में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने जलकल विभाग को सख्त हिदायत दी कि गर्मी के दौरान पंपों की खराबी या किसी भी तकनीकी खामी से जनता को परेशान नहीं होना चाहिए। ट्यूबवेल और पंपिंग स्टेशनों की तकनीकी जांच शुरू हो गई है। जो पंप खराब होंगे उन्हें बदला जाएगा। बावजूद जलकल के लोग ध्यान नहीं दे रहे हैं। जल्द ही निरीक्षण का क्रम शुरू होगा तो जलकल की कमियां उजागर होंगी।
ईंट निर्माताओं को उचित मूल्य पर मिले कोयला, उद्यमियों ने की मांग
ईंट निर्माता परिषद का 46वां स्थापना दिवस नदेसर के एक होटल में मनाया गया। ईंट उद्योग से जुड़े विभिन्न सरकारी विभागों के उच्चाधिकारी, भट्ठा स्वामी शामिल रहे। ईंट उद्योग में भविष्य की चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। संस्था के अध्यक्ष कमला कांत पांडेय ने ईंट उद्योग की ज्वलंत समस्याओं को बताया और सरकार से दो प्रस्ताव लागू करने की मांग की।
पहले प्रस्ताव में सरकार से मांग की गई कि राजस्व वृद्धि और भ्रष्टाचार को जड़ से समाप्त करने के लिए सरकार ईंट भट्ठों पर समाधान योजना को फिर से लागू करे। दूसरे प्रस्ताव में कोयले की बढ़ती कीमतों पर चिंता जताते हुए सरकार से मांग की गई कि वैध भट्ठा स्वामियों को पहले की तरह उचित मूल्य पर कोयला सुलभ कराया जाए। मांगों को लेकर जल्द ही प्रधानमंत्री और वित्तमंत्री को पत्र प्रेषित किया जाएगा। समारोह में रोहित सिंह, श्रीकांत दुबे, अभिषेक प्रियदर्शी, अविनाश चंद्र तिवारी, विदुष सक्सेना मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कालभैरव, बाबा विश्वनाथ के किए दर्शन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह बाबा विश्वनाथ व ‘काशी कोतवाल’ काल भैरव के दर्शन-पूजन किए। मुख्यमंत्री ने यहां से निकलकर आसपास के दुकानदारों और बच्चों से संवाद किया और उनका कुशलक्षेम जाना। मुख्यमंत्री ने बच्चों से बात की और उन्हें उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद भी दिया।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचे थे। शनिवार सुबह उन्होंने बाबा काल भैरव के दरबार में पहुंचकर माथा टेका और आरती की। यहां से निकलकर वह श्री काशी विश्वनाथ धाम भी पहुंचे। गर्भगृह में प्रवेश कर उन्होंने लोक मंगल की कामना के साथ बाबा विश्वनाथ का षोडशोपचार पूजन-अभिषेक किया और आरती की। मुख्यमंत्री ने यहां से प्रस्थान करते समय श्रद्धालुओं का अभिवादन भी किया।
प्लास्टिक कचरे का होगा निस्तारण
गंगा घाट और आसपास से निकलने वाले प्लास्टिक कचरे को एमआरएफ (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर के जरिये उपयोगी सामान बनाने पर जोर दिया जा रहा है। नगर निगम ने प्लास्टिक कचरे को री-साइकिल कर कमाई करने का नया विकल्प ढूंढ लिया है। नगर निगम की इस तकनीक से शहर भी स्वच्छ रहेगा। हरियाली भी बनी रहेगी और प्रदूषण भी नहीं होगा। पहले गंगा नदी और शहर के कूड़े से निकल रहे प्लास्टिक को डंप किया जाता रहा है। अब एमआरएफ यानी मैटेरियल रिकवरी फैसलिटी तकनीक से उसी प्लास्टिक को री-साइकिल कर उपयोगी सामान तैयार किया जा रहा है।
वीडीए उपाध्यक्ष ने किसानों से किया संवाद
कल्लीपुर ग्राम में भूमि क्रय, लैंड पुलिंग को लेकर वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने शनिवार को निरीक्षण किया। प्रस्तावित टाउनशिप का निरीक्षण कर भूमि की वर्तमान स्थिति, सीमांकन औ विकास की संभावनाओं का आकलन किया। किसानों और ग्रामीणों से संवाद कर भूमि क्रय और लैंड पुलिंग की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी। स्पष्ट किया कि प्राधिकरण की ओर से भूमि क्रय की पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता, आपसी सहमति और किसान हित को प्राथमिकता में रखकर की जाएगी। कहा कि भूमि का मूल्यांकन निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अपर सचिव गुडाकेश शर्मा, अजय पवार, प्रभाकर पांडे मौजूद रहे।
BHU Hospital
- फोटो : अमर उजाला
आसान होगा रक्त कैंसर का इलाज, बीएचयू में वैज्ञानिकों ने सीखे फ्लो साइटोमेट्री के गुर
बीएचयू आईएमएस में दो दिवसीय बीएचयू फ्लोआईकन-2026 के पहले दिन शनिवार को पीएचडी शोधार्थियों और देशभर के युवा वैज्ञानिकों ने फ्लो साइटोमेट्री के गुर सीखे। द सायटोमेट्री सोसाइटी इंडिया और इंडियन कॉलेज ऑफ हेमेटोलॉजी के तत्वावधान में दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य रक्त कैंसर की पहचान के लिए दुनिया की सबसे उन्नत तकनीक फ्लो साइटोमेट्री का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना रहा।
पहले दिन विशेषज्ञों ने बताया कि फ्लो साइटोमेट्री तकनीक चिकित्सा विज्ञान के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। यह तकनीक लेज़र किरणों और विशेष रासायनिक टैग का उपयोग करके रक्त कोशिकाओं को उसी तरह स्कैन करती है जैसे कोई बारकोड रीडर उत्पादों को स्कैन करता है।
जयपुर और चेन्नई के विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव : कार्यशाला में जयपुर से डॉ. हेमंत अग्रवाल और चेन्नई से डॉ. थुलसी रामन जैसे राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को यंत्र की जटिल कार्यप्रणाली, पैनल डिज़ाइनिंग और सजीव प्रदर्शन फ्लो साइटोमेट्री की बारीकियां समझाईं। आईएमएस-बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर स्थित बीएमटी-एसआरसी में हुए सत्र के दौरान प्रतिभागियों को विशेषज्ञों के साथ सीधे संवाद करने का अनुभव मिला।
आज होगा ल्यूकेमिया निदान का सत्र : प्रो. कैलाश कुमार, डॉ. श्रुति मिश्रा और प्रो. नीलेश कुमार के नेतृत्व में चल रही कार्यशाला का समापन रविवार को होगा। दूसरे दिन के सत्र विशेष रूप से तीव्र और दीर्घकालिक ल्यूकेमिया के नैदानिक विश्लेषण पर केंद्रित रहेंगे। इसमें डेटा विश्लेषण के उन्नत अभ्यास कराए जाएंगे, जिससे प्रतिभागी जटिल रिपोर्टों को आसानी से समझ सकें। समापन समारोह में मेधावी प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
45% बढ़ गई इंडक्शन की कीमत 25 दिनों में 10 गुना बढ़ी मांग
जिले में रसोई गैस सिलिंडरों की भारी किल्लत ने आम जनता की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। इस बीच इंडक्शन चूल्हे की कीमतों में कंपनियों ने 45% की बढ़ोतरी कर दी है। इसके चलते आम जनता की जेब पर प्रभाव पड़ रहा है।
दुकानदारों के अनुसार जो 2000 वाॅट का इंडक्शन एक महीने पहले 2600 रूपये में बिक रहा था। उसकी कीमत 4400 रुपये हो गई है। इसी प्रकार 3000 रुपये के इंडक्शन की कीमत 4900 रुपये तक पहुंच गई है। कारोबारियों के अनुसार 25 दिनाें में इंडकशन की डिमांड 10 गुना तक बढ़ गई है।
सिगरा, रथयात्रा, लहुराबीर, गोदौलिया, नई सड़क, लंका समेत शहर के अन्य बाजारों की यही स्थिति है। वहीं, कई जगहों पर इंडक्शन चूल्हे का स्टॉक खत्म हो गया है। इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी रविंद्र नाथ सोनी के अनुसार पिछले 25 दिनों में इंडक्शन की डिमांड इतनी ज्यादा हो गई है कि स्टॉक कम पड़ रहा है। कंपनियां माल दे नहीं रही हैं। ऑर्डर देने पर लिमिटेड स्टॉक भेजा जा रहा है।
इससे खुदरा बाज़ार में दाम 40-45 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं। कारोबारी राकेश जैन बताते हैं कि गैस सिलिंडर की किल्लत और इंडक्शन की महंगाई ने आम आदमी को दोराहे पर खड़ा कर दिया है। वाराणसी के अधिकांश पिन कोड्स पर लोकप्रिय ब्रांड्स के इंडक्शन मॉडल या तो स्टॉक जीरो दिखा रहे हैं या उनकी डिलीवरी अवधि 10 से 12 दिन बताई जा रही है। ब्रांडेड कंपनियों के इंडक्शन का ऑनलाइन स्टॉक ही नहीं हैं।
प्रारंभिक भारतीय मसाला व्यापार पर व्याख्यान
वाराणसी इंस्टीट्यूट ऑफ हिस्ट्री की ओर प्रारंभिक भारतीय मसाला व्यापार और उसका वैश्विक प्रभाव विषय पर एक ऑनलाइन व्याख्यान हुआ। मुख्य वक्ता एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. विकास कुमार वर्मा ने अपने विचार प्रस्तुत किए। डॉ. वर्मा ने अपने व्याख्यान में प्राचीन भारत के समृद्ध मसाला व्यापार के ऐतिहासिक स्रोतों, मौसमी परिवर्तनों के साथ व्यापारिक मार्गों और मसाला उत्पादन क्षेत्रों पर प्रकाश डाला। संस्थान की संस्थापक निदेशक एमेरिटस प्रो. अरुणा सिन्हा ने मुख्य वक्ता का स्वागत किया। संचालन डॉ. कुलदीप कुमार मिश्र एवं धन्यवाद ज्ञापन चांदनी यादव ने किया। डॉ. जय लक्ष्मी कौल, डॉ. बैजू कुमार माैजूद रहे।
न्यूरो सिटी हॉस्पिटल के 12 वर्ष पूर्ण होने पर समारोह, दो सम्मानित
न्यूरो सिटी हॉस्पिटल ने अपनी स्थापना के 12 सफल वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गरिमामय समारोह का आयोजन किया। इस अवसर पर संस्थान ने मरीजों, उनके परिजनों एवं समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपनी सेवा, समर्पण और विश्वास से भरी यात्रा को साझा किया। संस्थान के चेयरमैन डॉ. राकेश सिंह ने कहा कि हम उन सभी मरीजों और उनके परिवारों के दिल से आभारी हैं, जिन्होंने हम पर भरोसा जताया। यही विश्वास हमें निरंतर बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रेरित करता है।
डायरेक्टर एसडी राय ने कहा, न्यूरो सिटी हॉस्पिटल का उद्देश्य शुरू से ही मरीजों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा है। कार्यक्रम के दौरान समर्पण एवं ईमानदारी के लिए सुमन यादव एवं तारा देवी को चेयरमैन डॉ. राकेश सिंह द्वारा सम्मानित किया गया। समारोह में प्रमुख रूप से डॉ. रमन कुमार शंकर, डॉ. मनीष कुमार उपाध्याय, डॉ. पलक खेमका, डॉ. शकुंतला कुशवाहा, डॉ. अनुप मिश्रा, डॉ. प्रीति तिवारी एवं डॉ. आरुना उपस्थित रहीं।
नकारात्मकता से दूर करता है राम का नाम
हनुमत जयंती महोत्सव पर श्रीसंकट मोचन मंदिर में चल रहे तीन दिवसीय सार्वभौम श्रीरामायण सम्मेलन के दूसरे दिन शनिवार को देशभर से आए मानस विद्वानों व व्यासगणों ने हनुमत चरित्र की महिमा का बखान किया। प्रख्यात मानस मर्मज्ञ डॉ. भारत भूषण पाण्डेय ने कहा कि जीवन में जब भी निराशा का भाव आए, तो स्वयं को श्रीराम नाम के प्रति समर्पित कर दें। यदि श्रीराम कथा का श्रवण कर लिया जाए, तो जीवन से सारी नकारात्मकता समाप्त हो जाती है और जीवन सकारात्मकता से भर जाता है। पं. पारसनाथ पाण्डेय, प्रमोद मिश्र, धर्म प्रकाश मिश्र, बद्री नारायण द्विवेदी, राघवेंद्र पाण्डेय और चंद्रकांत चतुर्वेदी आदि ने भी हनुमत चरित्र पर प्रकाश डाला।
रैली निकाल नशामुक्त समाज का संदेश
नशा मुक्ति और काशी को नशामुक्त घोषित करने की मांग को लेकर भगवती मानव कल्याण संगठन के बैनर तले शनिवार को विशाल नशामुक्त पदयात्रा निकाली गई। बीएचयू से नदेसर तक नौ किमी तक निकली इस यात्रा में प्रदेशभर से तीन हजार से अधिक लोग शामिल हुए। साथ ही नारी शक्ति से नशा मुक्ति के लिए आवाज उठाने के लिए आगे आने का आह्वान किया गया।
नशामुक्त प्रदेश बनाने की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की गई। पदयात्रा में पंचज्योति शक्तितीर्थ सिद्धाश्रम, मध्यप्रदेश की केंद्रीय अध्यक्ष शक्ति स्वरूप बहन पूजा शुक्ला, संगठन के केंद्रीय महासचिव अजय अवस्थी, चेतना आरुणि आदि ने लोगों को नशे से होने वाले नुकसान और इसे छोड़ने के बाद होने वाले फायदे के बारे में बताया।
महिलाओं ने निकाली भव्य कलश शोभायात्रा
गायत्री शक्तिपीठ नगवां और मोहनसराय शाखा की ओर से मोहनसराय चौराहा पर शनिवार को तीन दिवसीय श्री पावन प्रज्ञा पुराण एवं गायत्री महायज्ञ शुरू हुआ। गायत्री साधकों एवं क्षेत्र की महिलाओं ने मंगल कलश शोभायात्रा निकाली, जो मोहनसराय बाईपास ओवरब्रिज से बैरवन होते हुए मोहनसराय गांव में भ्रमण करते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंची, जहां मंत्रोच्चार के साथ मां गायत्री का विधिवत पूजन हुआ। शोभायात्रा व पूजन में नरेंद्र कुमार मिश्रा, अक्षय मिश्रा, कुमार सत्यम, बनारसी प्रसाद, अरविंद श्रीवास्तव, रमेश आचार्य, वीरेंद्र सिंह, रमाशंकर द्विवेदी, विजय प्रकाश श्रीवास्तव, रमेश गुप्ता आदि रहे।
सत्संग और भजन कीर्तन से अनुयायी निहाल
संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान में शनिवार को एक शाम साईं वसणशाह के नाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सिंधी समाज के महान संत साईं वसणशाह की स्मृति में आयोजित इस उत्सव में महाराष्ट्र से आए साईं कालीराम साहिब के सत्संग और भजन-कीर्तन ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और दिल्ली से चार हजार से अधिक अनुयायी इस आयोजन में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत साईं कालीराम साहिब द्वारा सिंधी समाज के आराध्यदेव साईं झूलेलाल के समक्ष बहराणा साहिब की ज्योति प्रज्ज्वलित कर की गई। इसके बाद सतगुरुओं की आरती उतारी गई।
तबले की थाप पर गूंजी पांच राज्यों की लोकधुन
दशाश्वमेध घाट स्थित सिद्धपीठ श्री बड़ी शीतला माता माई धाम में चल रहे पांच दिवसीय संगीत समारोह की अंतिम निशा में शनिवार को माता शीतला के दरबार में सुर, लय और ताल की त्रिवेणी प्रवाहित हुई। कार्यक्रम में प्रसिद्ध तबला वादक दीपक सिंह ने पांच राज्यों की लोकधुनों से समां बांध दिया और शिव के डमरू की अनुगूंज से माहौल भक्तिमय हो उठा।
माता शीतला के शृंगार, षोडशोपचार पूजन और आरती के बाद संगीत समारोह का शुभारंभ हुआ। संयोजक गीतकार कन्हैया दुबे ‘केडी’ के संचालन में दुर्गा प्रसन्ना ने साथियों संग राग जैजवंती प्रस्तुत किया, जिसके बाद दादरा की मधुर धुन ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कथक नृत्यांगना शिप्रा घोष ने साथी कलाकारों के साथ देवी स्तुति और अर्धनारीश्वर स्तुति पर भावनृत्य प्रस्तुत किया। वहीं कथक नृत्यांगना अवंतिका मिश्रा और मधु सिंह ने शिव स्तुति पर आकर्षक प्रस्तुति दी। तबला वादक दीपक सिंह ने स्वतंत्र तबला वादन से सभी को मुग्ध कर दिया। उन्होंने उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, बंगाल और झारखंड की लोकधुनों को तबले पर उकेरा।
'अंडे के छिलके' में दिखा परंपरा और आधुनिकता का द्वंद्व
नागरी नाटक मंडली में शनिवार से ऑल इंडिया कल्चरल काउंसिल का दो दिवसीय अधिवेशन, नाट्य एवं सम्मान समारोह शुरू हुआ। पहले दिन दो नाटकों का सशक्त मंचन हुआ, जिसमें कलाकारों ने अपने अभिनय से दर्शकों को बांधे रखा। नाटक ‘एक्ट्रेस’ के माध्यम से महिलाओं की स्वतंत्रता, संघर्ष और सम्मान की तलाश को दर्शाया गया, वहीं ‘अंडे के छिलके’ में परंपरा और आधुनिकता के द्वंद को प्रभावी ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि साहित्यकार नीरजा माधव, विशिष्ट अतिथि ललित सिंह पोखरिया, डॉ. शशिकला पांडेय और डॉ. सुनील साह ने वरिष्ठ नाट्यकर्मी स्व. डॉ. राजेंद्र उपाध्याय के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद माध्यम संस्थान रंगमंडल, प्रयागराज की प्रस्तुति ‘एक्ट्रेस’ का मंचन हुआ।
मारपीट के मामले में दो दोषी, कोर्ट उठने तक की सजा
शिवपुर थाने में दर्ज मारपीट के एक पुराने मामले में अदालत ने दो आरोपियों को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई है। शिवपुर में 2006 में दर्ज प्राथमिकी के तहत नामजद आरोपी शंभुनाथ गुप्ता पुत्र स्व. रघुनाथ गुप्ता और दीपक कुमार गुप्ता पुत्र शंभुनाथ गुप्ता निवासी पटेल नगर मुगलसराय, चंदौली को अदालत ने दोषी पाया। शनिवार को सीजे (जेडी) एफटीसी-14, वाराणसी की अदालत ने दोनों आरोपियों को 500-500 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। दोनों को अदालत उठने तक की सजा भी दी गई।
मानहानि के मामले में कोर्ट ने नौ लोगों को किया तलब
अधिवक्ता डॉ. जितेंद्र कुमार तिवारी की शैक्षणिक योग्यता को लेकर गलत जानकारी प्रसारित करने के मामले में अपर सिविल जज (जू.डि.) कक्ष संख्या-4 की अदालत ने नौ लोगों को समन जारी कर 5 अप्रैल को पेश होने का आदेश दिया है। वादी पक्ष के अधिवक्ता के अनुसार, डिग्री को फर्जी बताने वाले आरोपों से उनकी छवि को नुकसान पहुंचा। अदालत ने नोटिस जारी किया है।
जमीन बेचने के नाम पर 90 लाख की धोखाधड़ी
सारनाथ के सिंहपुर में जमीन बेचने के नाम पर 90 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। सिंहपुर निवासी रविकांत शुक्ला के बड़े भाई राधेकांत शुक्ला रामकुंड में रहते थे। गांव की उनकी करीब पांच बिस्वा जमीन को 90 लाख रुपये में बेचने के लिए बातचीत तय हुई थी। पीड़ित के अनुसार, सौदे के तहत पहली किश्त के रूप में 20 लाख रुपये दिए गए। आरोप है कि इसके बाद भी आरोपित बैनामा करने में हीलाहवाली करने लगे। पैसे वापस मांगे तो अंजनी , कुलदीप और मंगला ने अपशब्द कहे और जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।