फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News: गोली चलने की सूचना पर पहुंची फोर्स, सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता की मां ने दर्ज कराया FIR; वाराणसी की खबरें

Mon, 26 May 2025 07:51 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

वाराणसी में तेंदुई गांव में एक विवाद में गोली चलने की सूचना पाकर माैके पर पुलिस फोर्स पहुंच गई। वहीं, 19 वर्षीय सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता की मां ने थाने में अपने जेठ, जेठानी और उनके लड़के के खिलाफ मारपीट और अभद्रता का मुकदमा दर्ज कराया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News Today: जंसा थाना क्षेत्र के तेंदुई गांव में नाली में पानी बहाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ और फिर जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों की तहरीर पर जंसा थाने की पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही थी। इसी बीच देर रात डायल 112 पर एक पक्ष ने गोली चलने की सूचना पुलिस को दी। 

विज्ञापन


सूचना पाकर एसीपी राजातालाब और थानाध्यक्ष जंसा भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फायरिंग की घटना से इन्कार किया है। तेंदुई गांव निवासी नवनीत सिंह उर्फ राजा और पड़ोसी संजय सिंह के बीच नाली में पानी बहाने को लेकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने मारपीट के आरोप में मुकदमा दर्ज किया। 

संजय सिंह ने डायल 112 पर दूसरे पक्ष के द्वारा गोली चलाने की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली। इस मामले में थानाध्यक्ष जंसा दुर्गा सिंह से पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि सूचना के आधार पर हम लोग मौके पर गए। गोली चलने का कोई पुख्ता सबूत नहीं मिला है। फिलहाल जांच की जा रही है। 

विज्ञापन

सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता की मां ने जेठ-जेठानी पर दर्ज कराया केस
खजुरी इलाके की 19 वर्ष सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता की मां ने लालपुर-पांडेयपुर थाने में अपने जेठ, जेठानी और उनके लड़के के खिलाफ मारपीट और अभद्रता का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

खजुरी इलाके की एक युवती गत 29 मार्च से तीन अप्रैल तक लापता थी। चार अप्रैल को युवती बरामद हुई थी। इसके बाद उसकी मां की तहरीर पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में 12 नामजद और 11 अज्ञात के खिलाफ लालपुर पांडेयपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच अब एसआईटी कर रही है। 

युवती की मां का आरोप है कि उसके जेठ-जेठानी कहती है कि वह अपनी बेटियों को बेचती है। इसे लेकर वह आपत्ति जताई तो उनके साथ जेठ ने मारपीट शुरू कर दी। जब उनके पति बीचबचाव करने आए तो जेठ-जेठानी और उसके लड़के ने उन्हें भी पीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

अपनी बेटी के साथ हुई घटना से अब तक वह उबर नहीं सकी है। इस बीच जेठ-जेठानी भी लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं। उधर, इस संबंध में लालपुर पांडेयपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

वाराणसी में होमगार्ड की माैत
पुलिस आयुक्त आवास पर ड्यूटीरत होमगार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आत्महत्या की बात प्रकाश में आ रही है, लेकिन पुलिस कुछ कहने से इनकार कर रही है। होमगार्ड अमेरिका पटेल (38) वर्ष निवासी मंगारी सिंधौरा बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए भेज दिया। पुलिस आयुक्त आवास पर हुई घटना से महकमे में चर्चा का विषय बना हुआ है।

बूथ पर काम करने वाले ही होंगे विस चुनाव में प्रत्याशी 
समाजवादी पार्टी के प्रदेश नेतृत्व की ओर से पिछले दिनों प्रदेश के 403 विधानसभा क्षेत्र में से 108 विधानसभा क्षेत्र में प्रभारी नियुक्त कर उस विधानसभा क्षेत्र के जोन, सेक्टर एवं बूथ प्रभारियों के साथ बैठक की गई। उस विधानसभा की रिपोर्ट तैयार कर प्रदेश कार्यालय में भेजनेे के लिए निर्देश दिए हैं। 

मंडुवाडीह स्थित एक मैरिज लॉन में रोहनिया विधानसभा की समीक्षा बैठक संगठन प्रभारी/ प्रदेश सचिव दूधनाथ पटेल ने की। उन्होंने ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में समाजवादी पार्टी को प्रदेश में सरकार बनाने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से प्रदेश के उन 108 विधानसभा क्षेत्र में प्रभारी नियुक्त कर वहां की रिपोर्ट मांगी गई है। 

सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने कहा कि पिछले तीन मासिक बैठकों में जो लोग भी अनुपस्थित होंगे या जो लोग निष्क्रिय होंगे उनकी जगह नए लोगों को जिम्मेदारी दी जाएगी। बैठक का संचालन जिला प्रवक्ता संतोष यादव बबलू एडवोकेट एवं धन्यवाद ज्ञापन जिला महासचिव आनंद मौर्य ने किया। इस दौरान पूर्व विधायक महेंद्र सिंह, मनीष सिंह, गोपाल यादव, विवेक यादव, आनंद पटेल, योगेश सिंह, सचिन प्रजापति मौजूद रहे। 

करंट से दो पशुपालक झुलसे, भैंस मरी
चौबेपुर के जयरामपुर गांव में रविवार की शाम बगीचे में खुले में छोड़े गए तार की चपेट में आने से भैंस मर गई। वहीं दो पशुपालक भी इसकी चपेट में आकर झुलस गए। जयरामपुर गांव निवासी जय सिंह व उनकी माता इमरती देवी बागीचे में भैंस चराने गई थीं। यहीं पास में लगे पोल से तार लटक रहा था।

इस वजह से भैंस उस तार की चपेट में आ गई थी। एक भैंस की मौत हो गई जबकि दो अन्य झुलस गई। साथ ही जय सिंह और उनकी माता इमरती देवी भी करंट लगने से झुलस गईं। उधर राजातालाब में टोडरपुर गांव में कंटीले तार में करंट आने से भैंस मर गई। पशुपालक बचाऊ ने राजातालाब चौकी पर शिकायत की है। 

145 दिन में 1737 सामान खोजकर लौटाया
सिगरा स्थित सिटी कमांड कंट्रोल सेंटर के 2576 सीसी कैमरे कमिश्नरेट की पुलिस और पब्लिक के लिए खासे मददगार साबित हो रहे हैं। इन कैमरों की मदद से इस साल के 145 दिनों में पुलिस को शहर के अलग-अलग इलाकों से पब्लिक के 1737 कीमती सामान खोजने में सफलता मिली। इसके साथ ही दर्शन-पूजन के लिए काशी आए 75 गुमशुदा लोगों को पुलिस ने खोजा। 

डीसीपी क्राइम सरवणन टी ने बताया कि सिटी कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की उपयोगिता को देखते हुए उसके संचालन में लगे पुलिसकर्मियों को लगातार प्रोत्साहित किया जाता है। ताकि, पुलिस टीम निगरानी करते हुए अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के साथ ही पब्लिक के लिए मददगार साबित हो। 

 

15 साल की बस को दी विदाई
वाराणसी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज के बेड़े में शामिल एक बस को 15 साल की अवधि पूरा करने के बाद उसे बाहर किया गया। शनिवार की रात बस को सजाकर सेल्फी और रील्स बनाई। चालकों ने कहा कि 15 साल तक इस बस का साथ रहा। 

अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ 19 मुकदमें
दशाश्वमेध और चौक थाना क्षेत्र में रविवार की शाम एसीपी दशाश्वमेध ने फोर्स के साथ पैदल गश्त की। गश्त के दौरान सड़क और पटरी पर अतिक्रमण कर दुकान लगाने वाले दुकानदारों के खिलाफ उन्होंने 15 मुकदमें दशाश्वमेध और चार मुकदमें चौक थाने में दर्ज कराया। इसके साथ ही सामान भी जब्त कर लिया।

एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि गोदौलिया से दशाश्वमेध घाट मार्ग, बांसफाटक, विश्वनाथ धाम के गेट नंबर चार, दालमंडी, रामापुरा, मदनपुरा और जिवनाथपुरा इलाके में पैदल गश्त की गई। इस दौरान सड़क और पटरी पर अतिक्रमण कर दुकान संचालित करने वाले 19 दुकानदारों के खिलाफ दशाश्वमेध और चौक थाने में 19 मुकदमे दर्ज कराए गए। इलाके के सभी दुकानदारों को चेतावनी दी गई है कि सड़क और पटरी पर अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 

युवक पर ईंट से वार किया, हालत गंभीर
पिंडरा के फूलपुर में खेत में गए एक युवक की पुरानी रंजिश को लेकर ईंट से वार कर घायल कर दिया गया। फूलपुर निवासी महेंद्र पटेल ने फूलपुर थाने में प्रार्थना पत्र दिया। आरोप लगाया कि उनका पुत्र शुभम पटेल घर से कुछ दूर खेत में गया था। गांव का निखिल पटेल रंजिश को लेकर शुभम के साथ गालीगलौज करने लगा।

विरोध करने पर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर दिया। शुभम के सिर पर गंभीर चोट लगी है। पिंडरा पीएचसी के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस संबंध में फूलपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। 

रंजिश में दंपती को मारपीट कर किया घायल
मिर्जामुराद के रामसिंहपुर गांव में रंजिश को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई। मारपीट में एक पक्ष के दंपती  घायल हो गए। भुक्तभोगी ने मिर्जामुराद थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। रामसिंहपुर गांव के महेश प्रजापति की पत्नी सीमा देवी ने मिर्जामुराद थाने की पुलिस को तहरीर दी।

उन्होंने पुलिस को बताया कि गांव का सोनू और हरि रंजिश में उनके साथ गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे रहा था। विरोध करने पर दोनों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इस संबंध में मिर्जामुराद थानाध्यक्ष ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

घर में घुसकर चोरी करते हुए तीन पकड़े गए 
चौबेपुर के मिश्रपुरा गांव निवासी रामआसरे यादव के घर में शनिवार की रात चोरी करते हुए तीन युवक पकड़े गए। घटना की सूचना पाकर पुलिस तीनों को चौबेपुर थाने ले गई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान चांदपुर गांव के किशन सोनकर, शंकरपुर के समीर यादव और पचरांव, फूलपुर के नंदू बनवासी के रूप में हुई। चौबेपुर थानाध्यक्ष जगदीश कुशवाहा ने बताया कि तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। 

तमंचा-कारतूस के साथ ऑटो चालक गिरफ्तार
चौबेपुर थाने की पुलिस ने शनिवार की रात सुंगुलपुर कटेसर कलां स्थित एक महाविद्यालय के समीप एक ऑटो चालक को तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। चौबेपुर थानाध्यक्ष जगदीश कुशवाहा ने बताया कि चुकहां के सुरेंद्र राजभर को गिरफ्तार किया गया है। 

आरपीएफ ने 17 लोगों के खिलाफ दर्ज किया केस
रेलवे सुरक्षा बल कैंट की टीम ने रविवार को चेकिंग अभियान के तहत 17 लोगों के खिलाफ रेलवे एक्ट में केस दर्ज किया। इस दौरान चार पहिया वाहन चालकों और दो पहिया वाहन चालकों को पार्किंग में वाहन खड़े किए जाने को लेकर जागरूक किया गया। कैंट आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप कुमार यादव ने बताया कि अवैध पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई की गई। 

दहेज के लिए किया प्रताड़ित, छह पर केस 
कठवतिया, शिवपुर की एक विवाहिता ने अपने पति नीरज कुमार सिंह और ससुराल पक्ष के पांच अन्य लोगों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और अन्य आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार, प्रियंका सिंह की शादी 26 फरवरी 2024 को राधापुरम कॉलोनी, टकटकपुर निवासी नीरज सिंह के साथ हुई थी। 

विवाह के बाद ससुराल में प्रियंका को मायके से 10 लाख रुपये और एक कार मंगवाने के लिए दबाव बनाया जाने लगा। मामले को लेकर नीरज व उसकी महिला मित्र रजनी कुमारी, ससुर दिनेश कुमार सिंह, सास शांति देवी, जेठ धीरज कुमार सिंह और जेठानी प्रगति सिंह के खिलाफ कैंट थाने में केस दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर कैंट ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। 

विवाहिता के मायके में जाकर की मारपीट, मुकदमा
सिकरौल क्षेत्र की एक विवाहिता ने अपने पति, सास और ससुराल के अन्य लोगों पर मायके में घुसकर तोड़फोड़, मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में विवाहिता प्रियंका श्रीवास्तव की तहरीर पर कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्रियंका ने बताया कि चंदुआ, छित्तूपुर निवासी पति अर्चित श्रीवास्तव, सास ममता श्रीवास्तव, चंदा और अन्य लोग मायके आए। सभी उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में इंस्पेक्टर कैंट ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज के माध्यम से आरोपियों की पहचान और घटनाक्रम की पुष्टि की जा रही है। 

साइबर सेल में की शिकायत तो पैसा लौटाना शुरू किया
नीट के माध्यम से मेडिकल कॉलेज में दाखिले के नाम पर कैंट थाना क्षेत्र के फुलवरिया निवासी एक छात्र से ठगी का मामला सामने आया है। फुलवरिया का रहने वाला एक छात्र नीट में शामिल हुआ था। परीक्षा परिणाम आने के बाद उसे एक एजेंसी ने मेडिकल कॉलेज में दाखिला कराने का झांसा दिया। 

एजेंसी ने दाखिले के नाम पर छात्र से 3.20 लाख रुपये ले लिया। जब छात्र का नाम संबंधित मेडिकल कॉलेज में नहीं आया, तो पैसा मांगने पर एजेंसी ने उससे टालमटोल करना शुरू कर दिया। छात्र के अनुसार, साइबर सेल में शिकायत दर्ज की तो जांच शुरू हुई। पुलिस का दबाव पड़ने पर एजेंसी ने पैसा लौटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 

पंचगंगा घाट पर नहाने के दौरान डूबी युवती, माैत
पंचगंगा घाट पर रविवार को गंगा में डूबने से एक युवती की मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची कोतवाली थाने की पुलिस ने 11 एनडीआरएफ के जवानों की मदद से शव को गंगा से बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

कपसेठी थाना क्षेत्र के के सिसवा गांव निवासी राजेश मिश्र की बेटी अनुराधा मिश्रा (19) अपने मौसेरे भाई राहुल मिश्रा के साथ पंचगंगा घाट पर घूमने आई थी। घूमने के बाद अनुराधा गंगा में नहाने लगी। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चली गई। राहुल जब तक उसे बचाने की कोशिश करता, तब तक वह गहरे पानी में समा गई। सूचना पाकर पहुंची कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। 

पुलिस ने एनडीआरएफ के जवानों के साथ करीब घंटे भर प्रयास के बाद अनुराधा का शव ढूंढ कर पानी से बाहर निकाला। अनुराधा दो बहन और एक भाई में सबसे छोटी थी। इंस्पेक्टर कोतवाली दया शंकर सिंह ने बताया कि युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। 

ट्रस्ट बनाकर करते हैं धन उगाही, देते हैं धमकी
बड़ागांव कस्बा निवासी एक व्यक्ति द्वारा ट्रस्ट बनाकर छह सहयोगियों के साथ धन उगाही करने और लोगों को एससी-एसटी एक्ट के मुकदमे में फंसाने की शिकायत को अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) ने गंभीरता से लिया है। उनके निर्देश पर बड़ागांव थाने में सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 

बड़ागांव कस्बे के निवासी शिवप्रकाश पांडेय ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उनके इलाके का राजकुमार मोदनवाल एक ट्रस्ट संचालित करता है। ट्रस्ट के संचालन में उसकी सहयोगी संगीता पांडेय, बुधना बनवासी, गीता देवी, साधना, नीतू बनवासी और रीना पटेल हैं। यह सभी लोग सम्मानित लोगों को आईजीआरएस पर शिकायत कर धमकाते हैं। बड़ागांव थानाध्यक्ष ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। 

नोडल अधिकारी ने जल आपूर्ति योजना का किया निरीक्षण
हरहुआ ब्लॉक के राजस्व गांव कृष्णापुर में रविवार को नोडल अधिकारी विजय किरण आनंद ने जल आपूर्ति योजना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अफसरों ने पानी के दबाव की जांच की। राजभर व पटेल बस्ती की महिलाओं ने कम प्रेशर की शिकायत की। 

इसपर नोडल अफसर ने खुद नल खोलकर जांच की और ऑपरेटर अजय पटेल से तकनीकी जानकारी ली। जानकारी न होने पर संबंधित विभाग को प्रशिक्षण देने और नियमित शुद्ध जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि सुबह-शाम दो घंटे पानी की आपूर्ति हो रही है। अधिक से अधिक घरों को कनेक्शन देने के भी निर्देश दिए गए।

कर चोरी में गेहूं लदे दो ट्रक पकड़े
कर चोरी में गेहूं लदे दो ट्रक शनिवार को पकड़े गए। ट्रक पर करीब 14 लाख रुपये के 553 क्विंटल गेहूं लदा था। एक ट्रक पश्चिम बंगाल और दूसरा बिहार से आ रहा था। मंडी समिति की टीम ने दोनों ट्रकों से 2.30 लाख रुपये जुर्माना वसूला।

मंडी समिति के सचिव विपुल कुमार ने बताया कि अभियान चलाकर कर कृषि उत्पादों की चोरी करने वाले व्यापारियों पर कार्रवाई की जा रही है। शनिवार को गेहूं लदे दो ट्रकों को पकड़ा गया। एक ट्रक पर 253 क्विंटल गेहूं लदा था। दूसरे ट्रक पर 300 क्विंटल गेहूं लदा था। 2.30 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया। 

मंडुवाडीह सब्जी मंडी के पास शव मिला
मंडुवाडीह सब्जी मंडी के पास रविवार की सुबह एक व्यक्ति का शव मिला। सूचना पाकर मंडुवाडीह थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन शव की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार मरने वाले की उम्र लगभग 60 वर्ष प्रतीत हुई है। वह काले रंग का पैंट और स्लेटी कलर का शर्ट पहने था। उसके गले में गेरुआ रंग का गमछा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। 

रोडवेज के पास तीन बसें सीज, दो का चालान
कैंट रोडवेज बस स्टेशन के आसपास से संचालित डग्गामार वाहनों के खिलाफ आरटीओ और रोडवेज ने अभियान चलाया। इस दौरान तीन बस, एक क्रूजर को सीज किया गया। वहीं, चार पहिया वाहन व एक बस का चालान किया गया। एआरटीओ प्रवर्तन श्याम लाल ने बताया कि डग्गामार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहगी। अभियान में ग्रामीण डिपो के एआरएम वीके श्रीवास्तव मौजूद रहे। 

सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में 225 छात्र रहे शामिल
बरेका के पश्चिमी संस्थान के बहुउद्देशीय हाॅल में रविवार को सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में 225 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। यह प्रतियोगिता तीन वर्गों में हुई। इसमें कनिष्ठ वर्ग कक्षा 3 से 5, मध्यम वर्ग कक्षा 6 से 8 और वरिष्ठ वर्ग कक्षा 9 से 12 के छात्रों ने भाग लिया।

मुख्य अतिथि राजेश कुमार ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं का अभ्यास होता है। संयोजक आलोक कुमार सिंह, सचिव संस्थान और अखिलेश राय रहे। मौके पर आलोक राय, सुशील सिंह, अमित कुमार, संजय कुमार, अमितेश, मिथिलेश रहे। 

ई-वे बिल का पार्ट-बी नहीं भरने पर लगेगा जुर्माना
जीएसटी में पंजीकृत कारोबारियों के लिए अब ई-वे बिल में पार्ट-बी भरना अनिवार्य है। ऐसा नहीं किए जाने पर जुर्माना लगाने का प्रावधान होगा। जीएसटी अधिकारियों के अनुसार कारोबारी ई-वे बिल का पार्ट-ए बनाकर ट्रांसपोर्टर को दे देते हैं। ट्रांसपोर्टर ई-वे बिल के पार्ट-वी में वाहन संख्या डालकर माल डिस्पैच कर देते हैं। 

एसजीएसटी आयुक्त ने ऐसे मामलों में अब कारोबारी को दंडित करने के निर्देश दिए है। यदि पार्ट-बी नहीं भरा गया है तो ऐसे मामलों में कारोबारी को दंडित किया जा जाएगा। जीएसटी सीए अतुल पांडेय ने बताया कि जीएसटी नियमावली के नियम-138 के अनुसार ई-वे बिल का पार्ट-बी जारी करना अनिवार्य है। कारोबारियों को ई-वे बिल जारी करते समय अधिक सतर्कता बरतनी चाहिए। 

समस्याओं पर हुई चर्चा
रविंद्रपुरी कल्याण समिति के कार्यकारिणी सदस्यों की बैठक रविवार को महामंत्री अंकुर अग्रवाल के निवास पर अनुज डिडवानिया की अध्यक्षता में हुई। बैठक में काॅलोनी की समस्याओं पर चर्चा हुई। लेन नंबर 4 स्थित मकान के आगे खंभे लगाकर बिजली की तारों का संयोजन से होने वाले खतरे के प्रति चिता जताई संरक्षक उमाशंकर अग्रवाल और अनुज डिडवानिया ने आगाह किया कि अपने मकानों के दस्तावेज फर्जी हाथों में देने से बचें। 

वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रकाश सोनेजा और डॉक्टर मोहिनी झंवर ने कॉलोनी के व्यवसायीकरण पर नाराजगी जताई। हाल ही में लेन नंबर 12 में खुले भोजनालय से सारा दिन रास्ता अवरुद्ध रहने से निवास स्थान की निजता भंग होने से अवगत कराया । अमित अग्रवाल और अजीत बजाज, कोषाध्यक्ष संदीप प्रहलादका, राजीव अग्रवाल मौजूद रहे। 

बर्ड फ्लू: पोल्ट्री फार्मों से लिए 272 नमूने, 27 मई तक होगी जांच
बर्ड फ्लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिले के सभी पोल्ट्री फार्मों के मुर्गे व मुर्गियों का निरीक्षण किया जा रहा है। जिले में इसके लिए कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। पिछले एक सप्ताह में पोल्ट्री फॉर्मों के अलावा मिनी जू सारनाथ के किए गए निरीक्षण के बाद 272 नमूने जांच के लिए लिए गए। रविवार को उसे भारतीय पशुचिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) बरेली भेजा गया है। 

जिले में छोटे-बड़े 242 पोल्ट्री फार्म हैं। इसके अलावा घरों में पालने वाले चूजों का भी निरीक्षण किया जा रहा है। जिला मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आरएस राजपूत ने बताया कि जिले में गठित 18 सदस्यीय कमेटी पोल्ट्री फाॅर्मों में मौजूद मुर्गे व मुर्गियों का निरीक्षण कर रही है। 

सफाई के साथ ही बाहरी लोगों के पोल्ट्री फाॅर्मों में जाने से रोकने, फार्माें को सेनिटाइज कराया जा रहा है। मुर्गा काटने वाले दुकानों पर भी निरीक्षण के साथ अलर्ट रहने की हिदायत दी जा रही है। अभी तक एकत्रित 272 नमूनों की जांच के लिए आईवीआरआई सेंटर भेजा गया है।

10 काॅलोनियों में तीन घंटे कटी रहेगी बिजली
ट्रांसफाॅर्मर और तारों के बदले जाने को लेकर सोमवार को 10 से अधिक काॅलोनियों में तीन घंटे बिजली नहीं रहेगी। अधिशासी अभियंता शुभम पांडेय ने बताया कि डीपीएच से जुड़े केराकतपुर टाउन 1 से 3 फीडर, लहरतारा फीडर से जुड़े लहरतारा, मंडुवाडीह, केराकतपुर, लोहता, हरपालपुर, सुभाषनगर, मलदहिया, पंचवटी मंदिर और भिखारीपुर उपकेंद्र के बीएचयू, बृज इन्क्लेवआदि में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली नहीं रहेगी। 

भुगतान न करने वालों की संपत्ति होगी निरस्त
भुगतान नहीं करने वालों की संपत्तियां निरस्त की जाएंगी। लालपुर आवासीय योजना, देवकी नंदन हवेली, अशोक बिहार, बड़ी गैबी, पिशाच मोचन, शास्त्री नगर योजना, गांधी नगर आवासीय योजना, विनायक आवासीय योजना, गंगा नगर आवासीय योजना, पांडेयपुर, रामनगर आवासीय योजना, संजय गांधी नगर और नदेसर से जुड़े करीब 20 से अधिक बकाएदार हैं। इन सभी को नोटिस भेजा गया है। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने निर्देश दिया है कि जिन बकायेदारों की ओर से भुगतान नहीं किया जा रहा है, उनकी संपत्तियों को निरस्त करने की कार्रवाई की जाए। 

22 सब इंस्पेक्टर का तबादला
कमिश्नरेट के गोमती जोन के 22 सब इंस्पेक्टर का तबादला रविवार को डीसीपी आकाश पटेल ने किया। इस क्रम में सब इंस्पेक्टर साकेत पटेल को राजातालाब थाने की मातलदेई चौकी का इंचार्ज बनाया गया है। जबकि, शेष अन्य 21 सब इंस्पेक्टर को गोमती जोन के अलग-अलग थानों में तैनात किया गया है। 

28 को लगेगा वृहद रोजगार मेला
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय चौकाघाट में 28 मई को वृहद रोजगार मेला लगेगा। मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि मेले में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों की उम्र 18 वर्ष से 35 वर्ष और शैक्षिक योग्यता 10वीं से स्नातक के अलावा आई.टी.आई, डिप्लोमा उत्तीर्ण होनी चाहिए। सुबह 11 बजे से शुरू मेले में दर्जनभर से अधिक कंपनियां आएंगी। अभ्यर्थी बायोडाटा और प्रमाणपत्रों की फोटो कॉपी साथ लाएं। 

विदाई समारोह में छात्रों ने दीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
काशी विद्यापीठ के डॉ. विभूति नारायण सिंह परिसर गंगापुर में मानविकी एवं कला संकाय के जूनियर छात्रों ने अंतिम सेमेस्टर के सीनियर छात्रों के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया। इसमें छात्र-छात्राओं ने गीत, एकल और समूह नृत्य की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। 

कुलानुशासक मंडल के सदस्य डॉ. पुरुषोत्तम लाल विजय ने कहा कि विद्यार्थियों की कभी विदाई नहीं होती बल्कि वे अपने आचरण और व्यवहार से हमेशा शिक्षकों के स्मरण में रहते हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ परिसर प्रभारी डॉ. मनीष कुमार सिंह, डॉ. राम प्रकाश सिंह यादव, डॉ. बेबी चौरसिया ने किया। इस दौरान डॉ. अविनाश सिंह, डॉ. सुमित घोष, अनुपम सिंह गोलू, श्रुति, विकास, निशा, प्रिंस, सीता यादव, सुमन मौजूद रहे।

श्रेया मिस और अभिजीत बने मिस्टर फेयरवेल
काशी विद्यापीठ के पत्रकारिता संस्थान में रविवार को एमजेएमसी सेकंड सेमेस्टर के छात्रों ने चौथे सेमेस्टर के छात्रों को विदाई दी। इसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के आधार पर श्रेया भट्टाचार्या को मिस फेयरवेल वहीं मिस्टर फेयरवेल अभिजीत भट्ट को चुना गया। कार्यक्रम में चौथे सेमेस्टर के छात्रों ने अपने अनुभवों को साझा किया। मदन मोहन मालवीय हिंदी पत्रकारिता संस्थान के सभागार में छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। 

मुख्य अतिथि संस्थान के निदेशक डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि भविष्य में आगे बढ़ने के लिए समय का महत्व समझते हुए उसका सदुपयोग करना चाहिए। कार्यक्रम में मिस परफेक्ट उज्ज्वल सिंह एवं मिस्टर परफेक्ट कौशिक दुबे चुने गए। संचालन प्रशांत, तनीषा और धन्यवाद ज्ञापन निशा ने किया। इस दौरान डॉ. दयानंद, डॉ. वशिष्ठ नारायण सिंह, डॉ. संतोष कुमार मिश्र, डॉ. वैष्णवी शुक्ला, डॉ. जिनेश कुमार, डॉ. मोहम्मद जावेद मौजूद रहे। 

28 या 29 मई को विवि आएगी नैक टीम
संस्कृत विवि में नैक मूल्यांकन के लिए टीम मई माह के अंत में आएगी। विश्वविद्यालय की ओर से नैक मूल्यांकन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। नैक कार्यक्रम का विवरण विश्वविद्यालय को मिल चुका है। नैक टीम की ओर से दो अलग-अलग प्रस्तावित तिथियां विश्वविद्यालय को भेजी गई हैं। नैक टीम 28, 29 व 30 मई या 29, 30 व 31 मई को विश्वविद्यालय पहुंचेगी। विश्वविद्यालय ने नैक मूल्यांकन के लिए 15 समितियों का गठन किया गया है।

नैक टीम के सदस्य यहां तीन दिन तक रहकर विश्वविद्यालय में पठन-पाठन की जानकारी लेंगे। मुख्य भवन के साथ ही सरस्वती भवन में रखी दुर्लभ पांडुलिपियां देखेंगे। छात्रावासों का निरीक्षण कर सुविधाओं की हकीकत को भी परखेंगे। इसके पहले विश्वविद्यालय को नैक मूल्यांकन में ए ग्रेड मिल चुका है। लिहाजा इस ग्रेड को बरकरार रखना चुनौती है। 

पार्टी की रीढ़ होते हैं कार्यकर्ता : डॉ. सुनील 
रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के बढैनी स्थित सरदार पटेल इंटर कॉलेज में विधानसभा अध्यक्ष बसंत लाल पटेल की अध्यक्षता में अपना दल एस का सदस्यता अभियान चलाया। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के निर्देश पर रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने 50 लोगों को पार्टी का सदस्य बनाया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ होते हैं। एक महीने के अंतराल में एक करोड़ लोगों को पार्टी का सक्रिय सदस्य बनाना है। 

विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र पटेल, जिलाध्यक्ष राजेंद्र पटेल, प्रदेश सचिव और ब्लाॅक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. महेंद्र सिंह पटेल, राष्ट्रीय सचिव अजीत पटेल ने अपना दल एस के संस्थापक और पिछड़ों के मसीहा डॉ. सोने लाल पटेल के त्याग के बारे में बताया। कार्यक्रम में मानस सिंह, अजीत पटेल, राजकुमार वर्मा, श्यामबली पटेल, विनोद पटेल मौजूद रहे। ब्यूरो

मणिकर्णिका घाट पर बारिश के पहले रिटेनिंग वॉल तैयार करें : डीएम
डीएम सत्येंद्र कुमार ने रविवार को संत कबीर प्राकट्य स्थल, मणिकर्णिका घाट, हरिश्चंद्र घाट के पुनर्विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निर्माण कार्यों की जानकारी ली और परियोजना के लिए नामित नोडल अधिकारी व कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को आवश्यक कार्य करने को कहा।

मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट के पुनर्विकास के निरीक्षण में कार्यदायी संस्था द्वारा बताया गया कि शवदाह गृह, शौचालय, वीआईपी प्रतीक्षा कक्ष, लकड़ी गोदाम, मुंडन स्थल व चिमनी का निर्माण कार्य होना है। दोनों घाटों पर निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। जिलाधिकारी ने हरिश्चंद्र घाट पर पुराने सीवरेज के पाइप लाइन को बदलने के लिए नगर निगम को एस्टीमेट बनाने के निर्देश दिए। 

मणिकर्णिका घाट पर उन्होंने बारिश के पहले रिटेनिंग वॉल तैयार कराने के लिए निर्देशित किया। इसके अलावा जिलाधिकारी ने गोला, सक्का, तेलियानाला, नया घाट, रानी, निषाद और प्रह्लाद घाट के रेनोवेशन के कार्यों को देखा और दिशा निर्देश दिए।

संत कबीर प्राकट्य स्थल के निरीक्षण में कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल के प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि बाउंड्रीवाल, कबीर स्मारक स्थल के नवीनीकरण, समागम हाॅल के रिनोवेशन का कार्य पूर्ण हो चुका है। डीएम ने कहा कि स्थल के आसपास के क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने दुर्गाकुंड स्थित श्री मणि मंदिर में कार्यों को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। 

135 आंगनबाड़ी केंद्रों को मिलेंगे एजुकेटर
जुलाई से जिले के परिषदीय विद्यालयों में चल रहे 135 आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और शिक्षा के शिक्षक (ईसीसीई एजुकेटर) मिलेंगे। पिछले वर्ष जारी आवेदन के लिए कुल 600 विज्ञापित पदों के सापेक्ष विभाग में 700 आवेदन आए। 

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, डॉ. अरविंद पाठक ने बताया कि जिले में परिषदीय विद्यालय परिसरों में लगभग 600 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हो रहे हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत 3 से 6 साल के बच्चों की औपचारिक शिक्षा से पूर्व की तैयारी के लिए शिक्षक मिलने का प्रावधान है। 

रेल यात्रियों को सफाई के प्रति किया जागरूक
विश्व पर्यावरण दिवस पखवाड़ा के तहत कैंट स्टेशन पर मंडल यांत्रिक अभियंता के नेतृत्व में रविवार को गीला और सूखा कूड़ा अलग करने के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया। मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक प्रदीप कुमार ने स्टेशन परिसर और ट्रेनों में यात्रियों को इसकी जानकारी दी। अभियान में सफाई प्रबंधक चंद्र भूषण गिरी, सुपरवाइजर मनीष सिंह, प्रशांत, सतेन्द्र, चंद्र प्रकाश मौजूद रहे। 

पाकिस्तान सुधरेगा नहीं तो बिखर जाएगा उसका बिखरना देश हित में जरूरी : इंद्रेश 
आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक और जय भारत मंच के मार्गदर्शक डाॅ. इंद्रेश कुमार ने हरहुआ में मंच के राष्ट्रीय कार्यालय का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर देशहित में सही था। यदि पाकिस्तान सुधरेगा नहीं तो बिखर जाएगा। उसका बिखरना देश हित में जरूरी है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पराज तिवारी ने कहा कि जय भारत मंच काशी में आर्मी ऑफिसर को सम्मान करेगा। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एएम पांडेय, काशी प्रांत अध्यक्ष उपेंद्र नाथ सिंह, वरिष्ठ महामंत्री संपूर्णानंद पांडेय, प्रांत उपाध्यक्ष अजय मिश्रा ने संस्था के बारे में बताया। इस दौरान प्रांत उपाध्यक्ष रमेश सिंह, अवधेश उपाध्याय, डॉ. चंद्र प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे। 

नेपाल के शक्तिपीठों का हाल जानेंगे 51 सनातनी
काशी से 51 सनातनियों का दल नेपाल जाएगा। नेपाल में मौजूद दो शक्तिपीठों का भ्रमण कर दल वहां के संरक्षण और जीर्णोद्धार की प्रक्रिया की जानकारी हासिल करेगा। इन पीठों के इतिहास से लेकर इसकी स्थिति और मूल स्थान को लेकर बने संशय को भी दूर करने की कोशिश की जाएगी। दल इसी माह के अंत तक नेपाल जाएगा।

सेंटर फॉर सनातन रिसर्च भारत सहित अन्य देशों में मौजूद 51 शक्तिपीठों के संरक्षण से लेकर जीर्णोद्धार के कार्य में लगा है। इसी क्रम में सनातनियों का दल नेपाल के दो शक्तिपीठ गुहेश्वरी देवी और मुक्तिनाथ धाम जा रहा है। 

संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रमन त्रिपाठी ने बताया कि नेपाल की इन दोनों शक्तिपीठों के संरक्षण पर जोर दिया जा रहा है। टीम इसके इतिहास के बारे में जानने के साथ ही इन दोनों पीठ के मूल स्थान को लेकर चल रहे संशय को भी दूर करने का प्रयास करेगी। 51 शक्तिपीठों में बांग्लादेश और पाकिस्तान में भी एक-एक शक्तिपीठ हैं। 

पशुपतिनाथ व जनकपुर भी जाएंगे : सनातनियों का दल पशुपतिनाथ और जनकपुर भी जाएगा। इन मंदिरों की भी व्यवस्था से रूबरू होंगे। संस्था के प्रभारी रामकृष्ण पांडेय ने बताया कि इन मंदिरों की स्थिति से अवगत होने के बाद इनके भी संरक्षण की जानकारी ली जाएगी।

धाम में सूर्येश्वर शिवलिंग की हुई आराधना
श्री काशी विश्वनाथ धाम में भगवान सूर्य की आराधना हुई। धाम में भगवान सूर्य द्वारा लिंग स्वरूप में स्थापित सूर्येश्वर शिवलिंग की आराधना पंचामृत से की गई। मान्यता है कि भगवान सूर्य की पूजा करने से व्यक्ति को बल, बुद्धि, यश और अच्छी सेहत मिलती है। इसके साथ ही सूर्य देव की पूजा से नकारात्मक प्रभावों से मुक्ति मिलती है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। 

सुरतरंग प्रतियोगिता में 27 प्रतिभागी चयनित
संगम कला ग्रुप दिल्ली की ओर से आयोजित 41वें राष्ट्रीय गायन संगीत प्रतियोगिता सुरतरंग के लिए रविवार को ऑडिशन हुआ। एसएन परफॉर्मिंग आर्ट सेंटर गिलट बाजार में प्रतिभागियों ने अपनी गायन की प्रतिभा दिखाई। 57 प्रतिभागियों में से 27 लोगों का चयन क्षेत्रीय फाइनल ऑडिशन के लिए हुआ। फाइनल ऑडिशन में चयनित प्रतिभागी ऑल इंडिया क्वार्टर फाइनल में हिस्सा लेंगे। संस्था के क्षेत्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने बधाई पत्र दिया। निर्णायक शगुन श्रीवास्तव और अंशिका सिंह रहीं। 

इट्स कोल्ड आउटसाइड, इजेंट इट का लोकार्पण
युवा लेखिका रिद्धिमा मिश्रा के काव्य संग्रह इट्स कोल्ड आउटसाइड, इजेंट इट का छावनी स्थित एक होटल में लोकार्पण किया गया। मुख्य अतिथि वसंत महिला महाविद्यालय राजघाट की प्राचार्य डॉ. अलका सिंह ने कहा कि यह पुस्तक कारोना काल में लिखी गई थी।

पूर्व सीएमओ डॉ. बीबी सिंह, वीकेएम की पूर्व प्रोफेसर अनुराधा बनर्जी, डॉ. सुचरिता गुप्ता ने विचार रखे। इस दाैरान रामजन्म मिश्रा, माताप्रसाद मिश्रा, हरीश पाठक, कमल सिंह, दीपक, रेवांतक, विनोद सेठ उपस्थित रहे। 

श्रद्धा शाखा के पदाधिकारियों का हुआ सम्मान
भारत विकास परिषद श्रद्धा शाखा का 15वां शपथ ग्रहण समारोह कमिश्नरेट सभागार में हुआ। संस्थापक योगेश श्रीवास्तव ने संगठन की कार्ययोजना बताई। मुख्य अतिथि पेंशन विभाग के संयुक्त निदेशक आत्मप्रकाश धर द्विवेदी रहे। समारोह में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई।

अनिल भट्टाचार्य को अध्यक्ष, विनीता सिंह को सचिव, राहुल शाह को कोषाध्यक्ष और दीपमाला सिंह को महिला सहभागिता का दायित्व सौंपा गया। संचालन श्रद्धा तिवारी व छाया श्रीवास्तव ने किया। धन्यवाद ज्ञापन राजीव पांडेय ने किया। इस दाैरान राकेश जैन, विनीता सिंह, राहुल शाह और दीपमाला सिंह को सम्मानित किया गया। 

तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन
भारत विकास परिषद साकेत शाखा की ओर से रविवार को तीन दिवसीय आर्ट और क्राफ्ट प्रशिक्षण शिविर का समापन भदैनी के आदर्श शिक्षा मंदिर में हुआ। इसमें बच्चों ने कागज के फूल, पंखे, आइसक्रीम स्टिक से वॉल हैंगिंग, नूडल गेम, फ्रेमिंग, क्विक ड्राइंग, पेंटिंग बनाना सीखा। मुख्य अतिथि परिषद के लखनऊ रीजन के विक्रांत खंडेलवाल ने बच्चों को प्रमाणपत्र दिया। 

इस मौके पर अमिता अग्रवाल, शोभा जैन, संगीता अग्रवाल, रेणु बहल, उषा गुप्ता मौजूद रहीं। उधर, काशी प्रांत की ओर से कार्यशाला परिषद दीक्षा अंध विद्यालय दुर्गाकुंड में हुई। संगठन मंत्री विक्रांत खंडेलवाल, भारत भूषण जुनेजा, रवि प्रकाश जायसवाल, ब्रह्मानंद देशवानी ने विचार रखे। 

सुनील दत्त की याद में मछलियों को खिलाया चारा
डर्बीशायर क्लब की ओर से सुनील दत्त की 20वीं पुण्यतिथि पर रविवार को पितरकुंडा कुंड की मछलियों को चारा खिलाया गया। क्लब के अध्यक्ष शकील अहमद जादूगर के नेतृत्व में सदस्यों ने सुनील दत्त के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही उनके अभिनय की सराहना की। शकील ने बताया कि उन्होंने 48 साल के कॅरिअर में 80 फिल्मों में अभिनय किया। वे 1984 में राजनीति में आए और पांच बार सांसद रहे। इस मौके पर हैदर मौलाई, चिंतित बनारसी, जावेद हुसैन, हाजी असलम, राहुल यादव, साहिर खान रहे। 

छात्र समागम में शामिल हुए कुश्ती संघ के अध्यक्ष
बीएचयू के बीएड संकाय के 1996 बैच का पुरातन छात्र समागम रविवार को गुलाब बाग वाटिका कबीर नगर में हुआ। मुख्य अतिथि भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने कवि सम्मेलन का उद्घाटन किया।  इस दौरान अजय सिंह, श्रीनिवास सिंह, शशि शंकर सिंह, रामबोध सिंह, अरुण  सिंह, अजय सिंह मौजूद रहे।

ऑपरेशन सिंदूर : स्ट्रीट वेंडर्स ने नाइट मार्केट से निकाली भारत शौर्य तिरंगा यात्रा
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी संगठन की ओर से नाइट मार्केट से भारत शौर्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। चौकाघाट से लहरतारा फ्लाईओवर के नीचे बने नाइट मार्केट के स्ट्रीट वेंडरों ने संगठन महासचिव अभिषेक निगम के नेतृत्व में यात्रा निकाली। 

व्यवसायियों ने हाथों में तिरंगा लिए देशभक्ति के नारों के साथ काशी की सड़कों को देश प्रेम से गुंजायमान कर दिया। यात्रा के जरिये संदेश दिया कि काशी की जनता खासकर फेरी पटरी ठेला व्यवसायी राष्ट्र की रक्षा में अपने सैनिकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। इस अवसर पर अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष हरिशंकर सिन्हा, मदन मोहन दुबे, रजनीश कनौजिया, अजय सिंह, डॉ. गौरव प्रकाश, मनोज कुमार आदि मौजूद रहे। 

बेटियों ने मेहंदी के जरिये सेना का किया सम्मान
आइडियल वूमेन वेलफेयर सोसाइटी के ओर से गंगापुर में 50 छात्राओं के बीच मेहंदी प्रतियोगिता हुई। प्रतियोगिता में बेटियों ने ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी देशभक्ति की भावनाओं को अपने हाथों पर मेहंदी के जरिये उकेरा। प्रतियोगिता में आरती भारद्वाज ने पहला स्थान, मानसी रेयर ने दूसरा और स्नेहा सिन्हा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

छात्राओं ने स्लोगन के माध्यम से देशप्रेम, सैन्यबलों की वीरता और नारीशक्ति को दर्शाया। मुख्य अतिथि संस्था की सचिव बीना सिंह रहीं। इस अवसर पर डॉ. जितेंद्र पांडेय, डॉ. अजयभान सिंह, पूजा केशरी और शिप्रा जायसवाल माैजूद रहीं। 

गांव-बस्ती में जाकर जनसंपर्क करेंगे गंगा समग्र के कार्यकर्ता
गंगा व अन्य नदियों की अविरलता और निर्मलता के लिए गंगा समग्र के कार्यकर्ता गंगा-गांव और गंगा बस्ती में जाकर जन-जन से संपर्क करें। लोगों में जन जागृति पैदा करें। ये बातें रविवार को गंगा समग्र की भदऊं स्थित एक होटल में आयोजित कार्यकर्ताओं की बैठक में प्रांतीय संगठन मंत्री संजय ने कहीं। 

उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ता गंगा दशहरा तक गंगा ग्रामों और गंगा बस्तियां में समितियों के गठन का कार्य पूरा कर लें। कार्यकर्ताओं को सह प्रांत संयोजक दिवाकर द्विवेदी ने गंगा समग्र के विभिन्न आयामों से कार्यकर्ताओं को परिचित कराया। इस दौरान श्रीपति सिंह को काशी प्रांत का नया संरक्षक और संजय को काशी प्रांत के साथ-साथ कानपुर प्रांत के प्रांतीय संगठन मंत्री बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। 

बैठक का आयोजन होटल व्यवसायी संघ के अध्यक्ष सत्यदीप सिंह ने किया। बैठक में गंगा आश्रित आयाम के राष्ट्रीय प्रमुख अमिताभ उपाध्याय, डॉ. अभिषेक श्रीवास्तव, महंत राजनाथ तिवारी, देवेंद्र प्रताप सिंह, रणदीप सिंह, उमेश सिंह, अशोक तिवारी मौजूद रहे। संचालन चंद्र प्रकाश ने किया।

कार्यकर्ताओं को दी गई नई जिम्मेदारी : बैठक में चल्ला अभिराम शास्त्री को सहसंयोजक काशी मध्य, अजय राय को सह संयोजक काशी दक्षिण, अशोक त्रिपाठी को सह संयोजक काशी मध्य, रवि उपाध्याय को सह संयोजक चंदौली की जिम्मेदारी दी गई। 
विज्ञापन

श्याम प्रभु के दर्शन के लिए होगी सुगम व्यवस्था
श्री श्याम मंडल की वार्षिक साधारण सभा रविवार को लक्सा स्थित श्याम मंदिर में हुई। इस दौरान श्याम मंदिर में दर्शन-पूजन की व्यवस्था को बेहतर बनाने पर चर्चा हुई। वहीं, प्रबंध समिति के चुनाव के लिए अशोक अग्रवाल को चुनाव अधिकारी बनाया गया। रविवार को लक्सा स्थित श्याम मंदिर में हुई बैठक में अध्यक्ष दीपक बजाज और मंत्री अजय खेमका ने विगत वर्षों में किए गए कार्यों के बारे में बताया। 

कोषाध्यक्ष संदीप शर्मा कानू ने सत्र 2023-24 और 2024-25 के आय व्यय प्रस्तुत किया। इसे सर्वसम्मति से पास किया गया। संस्था के प्रचार मंत्री सुरेश तुलस्यान ने बताया कि आगामी कार्यक्रम श्री श्याम मंडल संरक्षक मंडल की देखरेख में होगा। साधारण सभा में बैजनाथ भालोटिया, उमाशंकर अग्रवाल, विजय अग्रवाल, मनोज बजाज, मदन मोहन पोद्दार, राजेश  तुलस्यान, अशोक अग्रवाल, दीपक तोदी ने विचार रखे। संचालन पवन कुमार अग्रवाल ने किया। इस दौरान श्याम सुंदर गाडोदिया, गौरी धानुका आदि मौजूद रहे। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें