मुठभेड़ में गिरफ्तार तितली गैंग के दोनों बदमाश भेजे गए जेल
लंका थाना क्षेत्र के लाैटूबीर पुलिया के पास पुलिस के साथ मुठभेड़ में गिरफ्तार तितली गैंग के दोनों आरोपियों सचिन राउत और समीर सोनकर को जेल भेज दिया गया। बुधवार को पुलिस लाइन में एडीसीपी काशी जोन सरवणन टी ने आरोपियों को पेश किया। दोनों के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए। लोहे का रम्मा भी मिला।
गिरोह के पांच आरोपियों को पहले चोरी के साढ़े सात लाख रुपये के माल के साथ भेलूपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया था। एडीसीपी काशी ने बताया कि मलदहिया गढ़वा घाट निवासी सचिन राउत तितली गैंग का कर्ताधर्ता है। पूर्व में भी चोरी में वह शामिल रहा है। चोरी का माल वह कहां खपाते थे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
चार को माफिया श्रेणी में रखा
चौबेपुर के उगापुर गांव से चार लोगों को पुलिस ने अपराधिक माफिया की श्रेणी में रखा है। चौबेपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि संदीप ऊर्फ अभय यादव, मुलायम यादव, अनिल राजभर, अरविंद यादव को माफिया की श्रेणी में रखा गया है। चारों पर हत्या, रंगदारी, लूट, आर्म एक्ट, गैंगस्टर के केस दर्ज हैं।
वाराणसी कोर्ट।
- फोटो : Amar Ujala
ज्ञानवापी प्रकरण में 20 अगस्त को होगी सुनवाई
जिला जज जय प्रकाश तिवारी की कोर्ट में बुधवार को अंजुमन इंतजामिया मसाजिद कमेटी और सुन्नी वक्फ बोर्ड की ओर से दाखिल क्षेत्राधिकार लेकर रिवीजन पर सुनवाई हुई। कोर्ट में अगली सुनवाई के लिए 20 अगस्त की तिथि नियत कर दी। इसमें वर्ष 20 में अंजुमन इंतजामिया मसाजिद कमेटी और सुन्नी वक्फ बोर्ड ने सिविल जज सीनियर डिविजन के आदेश के खिलाफ रिवीजन दाखिल किया था।
कहा गया कि ज्ञानवापी प्रकरण की जमीन वक्फ बोर्ड का है। इस मामले की सुनवाई सेंट्रल वक्फ बोर्ड लखनऊ ही कर सकती है। लेकिन अवर न्यायालय ने सरसरी तरीके से निगरानी कर्ता के अर्जी खारिज कर दी है, जो विधि व्यवस्था के विपरीत है। निगरानी कर्ता की निगरानी अर्जी स्वीकार करने की गुहार लगाई है।
राजवारी हवाई पट्टी पर आरएएफ-91 बटालियन का बनेगा नया कैंप
चौबेपुर के राजवारी हवाई पट्टी पर रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ-91) की नई बटालियन के कैंप स्थापना को लेकर प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गई हैं। बुधवार की अपराह्न कैथी हवाई पट्टी पर अधिकारियों ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया।मौके पर लेखपाल बलराम यादव ने स्थल संबंधी विवरण, नक्शा एवं जरूरी दस्तावेज प्रशासनिक अधिकारियों को प्रस्तुत किया।
अधिकारियों ने बताया कि आरएएफ-91 कैंप की स्थापना को लेकर प्रारंभिक कार्यवाही पूर्ण कर ली गई है। कैंप का निर्माण प्रशासनिक समन्वय एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप जल्द शुरू किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर अमित सिंह, सारनाथ एसीपी विजय प्रताप सिंह, ग्राम भंदहां कला के लेखपाल बलराम यादव, राजवारी के प्रधान अखिलेश यादव, भंदहां कला के प्रधान कैलाश यादव आदि रहे।
चोरी के 10 पीतल के बर्तन और दो बाइक बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार
चोरी के चार आरोपियों को पुलिस ने बुधवार को मोहाव क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपियाें के कब्जे से 10 पीतल के बर्तन और दो बाइक बरामद हुई। थानाध्यक्ष योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि आरोपियों में चमराहा भोहर निवासी शुभम विश्वकर्मा, वीरू कुमार भारती, रोशन भारती और विरेंद्र कुमार हैं।
व्यापारी नेता ने चालान काटने पर पुलिस आयुक्त से की शिकायत
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के तहसील अध्यक्ष रामजियावन गुप्ता ने पुलिस पर उत्पीड़न और जबरन चालान काटने का आरोप लगाते हुए पुलिस आयुक्त से शिकायत दर्ज कराई। ताड़ी निवासी रामजियावन ने आरोप लगाया कि 26 जून को रात 9 बजे बाबतपुर चौकी पर तैनात एक दरोगा ने उनके चार पहिया वाहन से मंगारी जाने के लिए दबाव बनाया। इंन्कार करने पर लोगों के बीच अपमानित करने के साथ वाहन का 3913 रुपये का चालान काट दिया। व्यापारी नेता ने कार्रवाई की मांग की।
डीसीपी वरुणा की क्राइम मीटिंग में नए माफियाओं को चिह्नित करने पर जोर
डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने बुधवार रात जोन की समीक्षा बैठक की। पुलिस लाइन सभागार में अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण के लिए नए माफियाओं को चिह्नित करने और खिलाफ प्रभावी कार्रवाई पर जोर दिया गया। डीसीपी प्रमोद कुमार ने कहा कि पुरस्कार घोषित और वांछितों की गिरफ्तारी हो। सक्रिय अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलने व निरंतर निगरानी, पूर्व के हिस्ट्रीशीटर अपराधियों के भौतिक सत्यापन कर उनकी वर्तमान गतिविधियों पर भी नजर रखें। सावन में कांवड़ यात्रा के तहत यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए निगरानी करें।
ठेकेदार के घर में चोरी, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ चोर
चौक थाना क्षेत्र के बड़ी पियरी में ठेकेदार सुनील कुमार सिंह के मकान में बुधवार को चोरी हो गई। नकदी और आभूषण चोर समेट ले गए। गली में लगे सीसी कैमरे में चोर दिखा। ठेकेदार ने पुलिस को बताया कि चोर गली से दीवार के सहारे छत पर चढ़ा। इंस्पेक्टर विमल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान कराई जा रही है।
अरिहंत कॉम्प्लेक्स के भूतल में खड़ी बाइक जली
सिगरा थाना क्षेत्र के अरिहंत कॉम्प्लेक्स के भूतल में खड़ी बाइक बुधवार रात संदिग्ध हाल में जल गई। सिगरा पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। अरिहंत कॉम्प्लेक्स के एक कार्यालय में कार्यरत अभिषेक गुप्ता ने पुलिस को बताया कि भूतल में बाइक खड़ी की थी। घर लौटने के लिए नीचे पहुंचा तो बाइक जली मिली।
रानीबाजार में खुली दुकानें, पीएसपी और पुलिस ने किया चक्रमण
राजातालाब में कांवडि़यों की पिटाई के बाद सात आरोपियों को जेल भेजने के बाद क्षेत्र में शांति है। आरोपियों के घर पास पुलिस फोर्स और पीएसी तैनात रही। राजातालाब एसीपी अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अपील किया गया है कि शांति व्यवस्था बनाएं रखें।
कैंट रेलवे स्टेशन पर चेकिंग, 12 के खिलाफ मुकदमा
कावड़ यात्रा को देख रेलवे सुरक्षा बल और डॉग स्क्वॉयड ने बुधवार को कैंट रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म और टिकट घर पर चेकिंग अभियान चलाया। एक्सीलरेटर के पास से यात्रियों के आवागमन में असुविधा करने और यात्रा में बाधा डालने पर 5 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
इसके बाद अवैध पार्किंग पर मुकदमा दर्ज किया गया। साथ ही प्रभारी रेलवे सुरक्षा बल वाराणसी संदीप कुमार यादव और सीआईबी वाराणसी सर्किल प्रभारी निलेश सिंह की ओर से अवैध वेंडरों के खिलाफ भी अभियान चलाकर 6 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। रेलवे सुरक्षा बल वाराणसी प्रभारी संदीप कुमार यादव ने बताया कि 12 मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
बरेका में गंदगी करने पर लगेगा जुर्माना
बनारस रेल कारखाना परिसर में गंदगी करने पर लोगों से जुर्माना वसूला जाएगा। इसकी लिए कैमरे से इनकी पहचान करेंगे। जल्द ही पूरे परिसर में इनकी पहचान की जाएगी। चाहे वह परिसर में रहने वाले लोग हो या बाहर से आने वाले लोग जो भी गंदगी करते पाया गया, उससे जुर्माना लिया जाएगा। बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि अभी तक गंदगी करने वालों की पहचान नहीं हो पा रही थी, लेकिन जल्द ही इनको कैमरे की मदद से पकड़ा जाएगा।
राजातालाब तहसील में न्यायिक कार्य से विरत रहे अधिवक्ता
तहसील राजातालाब में अधिवक्ताओं ने बुधवार को भी कामकाज ठप रखा और न्यायिक कार्य से विरत रहे। वरिष्ठ अधिवक्ता आनंद सिंह और राजकुमार यादव के प्रस्ताव पर तहसील बार एसोसिएशन की बैठक हुई। वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामचंद्र सिंह की अध्यक्षता में अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया है।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष राम सिंह ने कहा कि जब तक अधिवक्ता आनंद सिंह के प्रकरण में राजातालाब थाने पर तैनात सिपाही विनोद के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती तब तक अधिवक्ता आंदोलन करेंगे। इस दौरान सर्वजीत भारद्वाज, सुनील सिंह, दिनेश शर्मा, लक्ष्मीकांत पांडेय आदि रहे। संचालन काशीनाथ पटेल ने किया।
दहेज प्रताड़ना में सास, ससुर और ननद को मिली अग्रिम जमानत
विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम तृतीय) पूनम पाठक की अदालत ने दहेज प्रताड़ना मामले में सास, ससुर और ननद को 50-50 हजार रुपये की दो जमानतें व बंधपत्र देने पर अग्रिम जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है। मुंबई के विरार पश्चिम निवासी सास पुष्पा पांडेय, ससुर जितेंद्र पांडेय और ननद शताक्षी पांडेय है।अभियोजन पक्ष के अनुसार वादिनी पारूल सिंह ने शिवपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि वादिनी पारूल सिंह का विवाह शिवम पांडेय के साथ 8 फरवरी 2023 को हुआ।
विवाहिता जब विदा होकर अपने ससुराल गई तो दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया गया। दहेज में कार की मांग को लेकर सास पुष्पा पांडेय, ननद शताक्षी पांडेय (आस्था), ससुर जितेन्द्र पांडेय व पति शिवम पांडेय प्रताड़ित करते हैं। इसी प्रताड़ना में 14 अगस्त 2024 को हृदयघात से वादिनी के दादा डॉ जय प्रकाश सिंह का निधन हो गया। पति अपनी एक महिला मित्र के संग घर आ गए। 13 अक्टूबर 2024 को पति ने मायके में छोड़ दिया है।
छत की पटिया उखाड़कर जनरल स्टोर में चोरी, मकान को भी बनाया निशाना
सारनाथ थाना क्षेत्र के आशापुर चौराहे पर पुलिस चौकी से 25 मीटर की दूरी पर जनरल स्टोर की छत का पटिया उखाड़कर नकदी समेत अन्य माल चोरी हो गए। बुधवार को पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। उधर, खालिसपुर के मकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। दोनों मामलों की पुलिस छानबीन कर रही है।
हिरामनपुर निवासी राजेश ने पुलिस को बताया कि सुबह दुकान पर पहुंचने के बाद देखा कि छत से पटिया उखाड़ कर चोरी की गई है। गल्ले में रखे सात हजार रुपये, ढाई हजार का माल चोर समेट ले गए। खालिसपुर में पीड़ित अंकित यादव ने पुलिस को बताया कि मकान में चोरी हुई। पीड़ित ने अपने भाई के खिलाफ ही तहरीर दी है। थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दोनों चोरी की घटना की छानबीन आशापुर चौकी प्रभारी कर रहे हैं।
ठेकेदार के घर में चोरी, सीसी कैमरे में दिखा आरोपी
चौक थाना क्षेत्र के बड़ी पियरी में ठेकेदार सुनील गुप्ता के घर में बुधवार को चोरी हो गई। गली में लगे सीसी कैमरे में एक आरोपी दिख रहा है। सुनील गुप्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुआ और कमरे में रखी आलमारी से 12000 रुपये और सोने-चांदी के आभूषण लेकर भाग निकला। पत्नी के घर पहुंचने पर चोरी का पता चला। इंस्पेक्टर विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि सीसी कैमरे की मदद से जांच की जा रही है।
वाराणसी विकास प्राधिकरण।
- फोटो : अमर उजाला
वीडीए के 14 सुरक्षा कार्मिकों का स्थानांतरण
वरुणा नदी के किनारे और एक से पांच जोन में अवैध निर्माण रोकने के लिए 14 सुरक्षा कार्मिकों की नवीन तैनाती की गई है। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने बताया कि जोन कार्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए स्थानांतरण किया जा रहा है। पूर्व सैनिक कल्याण निगम के माध्यम से नियुक्त सुरक्षा कार्मिकों की तैनाती वरुणा नदी के दोनों किनारों से जुड़े सात उप-जोन क्षेत्रों में अवैध निर्माणों की रोकथाम, सतत निगरानी और सार्वजनिक परिसंपत्तियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।
ये कार्मिक अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त करेंगे। अवैध निर्माण, अतिक्रमण या क्षति की स्थिति में तत्काल रिपोर्ट संबंधित जोनल अधिकारियों को देंगे। इनमें राम विलास, उमाशंकर यादव, जयशंकर सिंह यादव, शैलेश सिंह, रमेश कुमार सिंह, विजय बहादुर सिंह, अनिल कुमार मिश्रा, संतोष यादव, धर्मेंद्र नाथ त्रिपाठी, राम प्रसाद यादव, सेचन यादव, विनोद सिंह यादव, सुरेंद्र बहादुर यादव, अनिल कुमार मिश्रा शामिल हैं।
ब्याज पर पैसा देकर धोखे से मकान की रजिस्ट्री कराने के मामले में चार पर केस
ब्याज पर पैसे देकर धोखे से मकान की रजिस्ट्री कराने के मामले में मंगलवार रात भेलूपुर थाने में चार के खिलाफ केस दर्ज किया गया। भेलूपुर थाना क्षेत्र के नई बाजार खोजवा निवासी रितेश सिंह ने पुलिस को बताया कि गौरव कुमार केसरी समेत अन्य ने धोखे से उसके मकान की रजिस्ट्री करा ली। 25000 रुपये ब्याज पर देकर मकान की रजिस्ट्री करवाने का आरोप गौरव कुमार केसरी, नवीन केसरी, प्रकाश केसरी, लाल प्रताप लगाया है। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
खड़े ट्रक में सीमेंट लदी ट्रक ने मारी टक्कर, चालक की मौत
जंसा थाना क्षेत्र के कुरौना गांव के पास रिंग रोड पर बुधवार सुबह खड़े ट्रक में सीमेंट लदी ट्रक की टक्कर से चालक राजू सिंह (40) की मौत हो गई। दोनों ट्रक के बीच में फंसे चालक को पुलिस ने जेसीबी की मदद से बाहर निकाला और अस्पताल में पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सोनभद्र के रायपुर थाना क्षेत्र के नंदना सिकरवार निवासी राजू सिंह सीमेंट लदी ट्रक लेकर राजातालाब से हरहुआ की ओर जा रहा था। जंसा के कुरौना गांव के पास रिंग रोड पर राजू सिंह को झपकी आ गई और सड़क किनारे खड़े गिट्टी लदे ट्रक में टक्कर मार दी। दोनों ट्रक के बीच राजू फंस गया। जंसा थानाध्यक्ष अनिल शर्मा ने बताया कि रजिस्ट्रेशन के आधार पर वाहन मालिक को सूचना दी। सूचना पाकर परिजन भी पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस को बताया कि राजू सिंह को दो पुत्र हैं। पत्नी प्रियंका सिंह का रो-रोकर बुरा हाल था।
मोहनसराय में अवैध निर्माण ध्वस्त, वीडीए ने दो अवैध निर्माण किए सील
वीडीए ने बुधवार को एक अवैध निर्माण को ध्वस्त कराया गया जबकि दो को सील कर पुलिस अभिरक्षा में सौंपा गया। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के निर्देश पर दशाश्वमेध वार्ड के मोहनसराय में गीता देवी के भवन के चौथे तल के अवैध निर्माण को ध्वस्त कराया गया। जोनल अधिकारी सौरव देव प्रजापति ने बताया कि इस क्षेत्र में उत्तर प्रदेश विकास प्राधिकरण भवन निर्माण और विकास उपविधि-2025, आदर्श जोनिंग रेगुलेशन-2025 के तहत अधिकतम जी प्लस थ्री की अनुमति है।
इस कार्रवाई के बाद भवन स्वामी की ओर से नियमानुसार जी प्लस थ्री के मानचित्र की स्वीकृति प्राप्त की जाएगी। शिवपुर के गिलट बाजार के कैलाश सोनकर और पप्पू सोनकर की ओर से बगैर मानचित्र स्वीकृत कराए 167 वर्गमीटर में अवैध निर्माण कराया गया। जोनल अधिकारी शिवाजी मिश्रा की ओर से नोटिस देकर अवैध निर्माण सील किया गया। रामनगर भीटी के शिव विहार काॅलोनी में कृष्ण सिंह की ओर से बिना नक्शा पास कराए अवैध निर्माण कराया गया। जोनल अधिकारी प्रकाश कुमार ने अवैध निर्माण को सील कर पुलिस अभिरक्षा में सौंपा।
कराटे में काजल और आर्यन ने जीते तीन पदक
कोलकाता के नेताजी इनडोर स्टेडियम में 25 से 27 जुलाई 2025 तक आयोजित 9वीं अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में जगतपुर पीजी कॉलेज के दो विद्यार्थियों ने तीन पदक जीतकर काशी का मान बढ़ाया। बीकॉम की छात्रा काजल चौहान ने टूर्नामेंट में काता में कांस्य पदक और कुमिते में रजत पदक हासिल किया।
वहीं, बीकॉम के छात्र आर्यन सिंह ने भी कुमिते में कांस्य पदक जीतकर कॉलेज के लिए एक और उपलब्धि जोड़ी। पदक विजेताओं बुधवार को सम्मानित करने के लिए जगतपुर पीजी कॉलेज में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अनिल प्रताप सिंह ने विजेताओं को उनकी शानदार सफलता के लिए हार्दिक बधाई दी।
झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश
नगर निगम की ओर से जारी महासफाई अभियान के तीसरे दिन बुधवार को मेयर अशोक कुमार तिवारी ने कंदवा में झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। तीसरे दिन करसड़ा में 22 टन अतिरिक्त कूड़े का निस्तारण किया गया। यह अभियान 15 अगस्त तक चलाया जाएगा। इसमें प्रतिदिन सुबह नगर निगम के सभी वरिष्ठ अधिकारी अभियान में शामिल हो रहे हैं। मेयर ने कंदवा स्थित कर्दमेश्वर मंदिर परिसर कुंड पर झाड़ू लगाकर सफाई की।
अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने नाटी इमली भरत मिलाप, अपर नगर आयुक्त संगम लाल ने बंगाली टोला, अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता ने पितृकुंड क्षेत्र के रामकुंड में अभियान चलाया। वहीं, सहायक नगर आयुक्त मृत्युजंय नारायण मिश्र ने सूर्यकुंड में, सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव ने जंगमबाड़ी में, सहायक नगर आयुक्त इंद्र विजय यादव ने कंदवा कर्दमेश्वर मंदिर और नेवादा में सफाई की।
BHU
- फोटो : X (@bhupro)
आईएमएस बीएचयू में तीन दिन जुटेंगे अस्थि रोग विशेषज्ञ
आईएमएस बीएचयू के अस्थि रोग विभाग की ओर से तीन दिवसीय शैक्षणिक कार्यक्रम में देश भर के अस्थि रोग विशेषज्ञ शामिल हो रहे हैं। एक से तीन अगस्त तक आयोजित कार्यक्रम में वाइवा मॉक ड्रिल, रेडियोलॉजी पर संवादात्मक सत्र, ऑर्थोपेडिक उपकरणों का लाइव प्रदर्शन होगा। ये जानकारी बुधवार को कार्यक्रम के आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रो. अमित रस्तोगी और सचिव डॉ. संजय यादव ने पत्रकारों को दी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में वाराणसी ऑर्थोपेडिक्स एसोसिएशन (वीओए) के साथ ही उत्तर प्रदेश ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन भी इसमें सहयोग कर रहा है। तीन दिवसीय पाठ्यक्रम को विशेष रूप से स्नातकोत्तर छात्रों, रेजिडेंट डॉक्टरों और आर्थोपेडिक प्रशिक्षुओं के लिए डिजाइन किया गया है। कार्यक्रम में उन्हें व्यवहारिक प्रशिक्षण के साथ विशेषज्ञों से संवाद का भी मौका मिलेगा।
काशी के विशेष को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
बास्केटबॉल खिलाड़ी और अर्जुन पुरस्कार विजेता विशेष भृगुवंशी को बुधवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने आवास पर स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। भारतीय बास्केटबॉल टीम के पूर्व कप्तान विशेष ने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य में बास्केटबॉल के भविष्य को लेकर चर्चा हुई। सीएम धामी ने विशेष के उपलब्धियों की सराहना की।
साथ ही आश्वासन दिया कि उनकी सरकार प्रदेश में बास्केटबॉल को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास करेगी और खिलाड़ियों को जरूरी सुविधाएं मुहैया कराएगी। उन्होंने कहा कि विशेष जैसे अनुभवी खिलाड़ी युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। इनका मार्गदर्शन राज्य की खेल प्रतिभाओं को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। विशेष भृगुवंशी वर्तमान में उत्तराखंड में तेल और प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) में कार्यरत हैं।
मंडलायुक्त एस राजलिंगम।
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री की जनसभा : बचे हुए कार्यों को जल्द करें पूरा : मंडलायुक्त
मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने बुधवार को प्रधानमंत्री के जनसभा स्थल बनौली का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि बचे हुए कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कर लें। मंडलायुक्त ने जनसभा स्थल, स्टेज, हेलीपैड, वाहन पार्किंग, प्रवेश द्वार, जर्मन हैंगर, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन आदि के संबंध में अधिकारियों से बातचीत की।
उन्होंने मजबूत बैरिकेडिंग के साथ सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने को भी निर्देशित किया। सभास्थल तथा आसपास साफ-सफाई, पीने के पानी तथा शौचालय की उचित व्यवस्था करने को भी निर्देशित किया गया। इस दौरान एडीएम प्रशासन विपिन कुमार, एसडीएम राजातालाब मौजूद रहे।
स्कूलों में कल से चलेगा विशेष टीकाकरण अभियान
जिले के विद्यालयों में टिटनेस और डिप्थीरिया टीकाकरण अभियान एक से 30 अगस्त तक चलाया जाएगा। इसे लेकर बुधवार को चिरईगांव ब्लॉक सभागार में ब्लॉक टास्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक में बीडीओ वीएन द्विवेदी ने अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
सहायक शोध अधिकारी कर्णिका सिंह ने बताया कि अभियान में विकास खंड के सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों में कक्षा 5 से कक्षा 10 तक के बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। इस दौरान पीएचसी प्रभारी डॉ. मनोज कुमार वर्मा, यूनिसेफ के मोहम्मद काशिफ, बीईओ प्रीति सिंह, सीडीपीओ विजय कृष्ण उपाध्याय आदि मौजूद रहे।
एनई रेलवे मेंस कांग्रेस ने किया स्वागत
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में नवनियुक्त मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के प्रथम आगमन पर एनई रेलवे मेंस कांग्रेस की ओर स्वागत किया गया। आशीष जैन ने कर्मचारियों के हितों और बेहतर कार्य संस्कृति को लेकर संवाद और सहयोग का माहौल बनाए रखने की बात कही। संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष अखिलेश कुमार पांडेय ने कहा कि रेल प्रबंधक के सहयोग से जल्द ही कर्मचारियों की सभी समस्याएं दूर होंगी। इस अवसर पर संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष अखिलेश कुमार पांडेय, महिला मंडल मंत्री आशा शर्मा, मंडल अध्यक्ष मनोज सिंह, मंडल मंत्री राकेश पाल उपस्थित रहे।
काशी विद्यापीठ।
- फोटो : अमर उजाला
अटल बिहारी की पत्रकारिता को वैश्विक परिप्रेक्ष्य में देखने की जरूरत
काशी विद्यापीठ के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी में वक्ताओं ने वैश्विक परिप्रेक्ष्य में अटल बिहारी वाजपेयी की पत्रकारिता विषय पर अपनी बात रखी। मानविकी संकाय के अध्यक्ष प्रो. अनुराग कुमार ने कहा कि अटल विहारी जी की पत्रकारिता को वैश्विक परिप्रेक्ष्य में देखने की जरूरत है।
दर्शनशास्त्र विभाग की अध्यक्ष प्रो. नंदिनी सिंह ने कहा कि अटल जी में एक आदर्श पत्रकार के सारे गुण विद्यमान थे। अटल जी सर्वसमावेशी, संवेदनशील, निष्पक्ष एवं संवाद करने वाले व्यक्ति थे। इस दौरान संगोष्ठी संयोजक डॉ. प्रभा शंकर मिश्र, डॉ.दयानंद, डॉ. संतोष मिश्र, डॉ. जयप्रकाश आदि लोग मौजूद रहे।
फेस अटेंडेंस न होने से कट गया वेतन
बिजली निगम की ओर से आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की फेस अटेंडेंस न लग पाने से वेतन काटा जा रहा है। इससे कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में कर्मियों के वेतन में कटौती हुई है। फेस अटेंडेंस न लगने से उनका जून का वेतन नहीं मिला। कुछ लोगों के वेतन से 2000 से 3000 रुपये तो कुछ का पूरा वेतन काट लिया गया।
कर्मियों ने क्षेत्रीय उपखंड अधिकारी केके गुप्ता को पत्र लिखकर पूरा वेतन दिलाने की मांग की है। एसडीओ केके गुप्ता ने बताया कि उन्हीं कर्मचारियों का वेतन कटा है, जिनकी फेस अटेंडेंस नहीं थी। इसे लेकर विभागीय अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। अधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई होगी।
बंदरों के आतंक से 3 घंटे तक बंद रहा पशु अस्पताल का गेट
चिरईगांव के पशु चिकित्सालय में बुधवार को बंदरों की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बंदर अस्पताल के गेट पर बैठे रहे। जिसकी वजह से कोई अंदर नहीं जा सका। गेट का ताला भी नहीं खुला। किसी तरह तीन घंटे बाद गेट खुला। रोज की तरह सुबह आठ बजे जैसे ही कर्मचारी अस्पताल खोलने पहुंचे, वहां बंदरों का एक बड़ा झुंड जमा था।
चैनल गेट के भीतर देखा कि एक बंदर का बच्चा फंसा हुआ था, जिसे छुड़ाने के प्रयास में बाकी बंदर बैठे रहे। पशुपालन विभाग के कर्मचारियों को एंबुलेंस में बैठकर गेट तक पहुंचना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद गेट का ताला खोला गया और अंदर फंसे बंदर के बच्चे को बाहर निकाला।
पशु चिकित्सक डॉ. आरए चौधरी ने बताया कि बंदरों को पकड़ने के लिए सबसे पहले वन विभाग को फोन किया गया। वन विभाग ने नगर निगम को सूचना देने को कहा। नगर निगम की टीम सूचना पाकर पहुंची, जिसके बाद सात बंदरों को पकड़कर साथ ले गई। इसके बाद सुबह 11 बजे लोग अंदर जा सके। स्थानीय लोगों ने बताया कि बंदरों की बढ़ती संख्या और उनके आतंक से परेशानी बढ़ रही है।
राज्य एथलेटिक्स में वाराणसी के पांच खिलाड़ियों ने जीते 6 पदक
स्पोर्ट्स कॉलेज प्रांगण के सिंथेटिक ट्रैक में खेली जा रही राज्य सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप का समापन बुधवार को हुआ। इसमें पुरुष 1500 मीटर में वाराणसी सुनील राजभर ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं वाराणसी की रेबी पाल ने 1500 मीटर महिला और 3000 मीटर स्टीपल चेज में रजत पदक हासिल किया।
1500 मीटर महिला में वाराणसी की सोनी देवी कांस्य पदक जीता। पुरुष 100 मीटर बाधा दौड़ में शिवम सिंह ने कांस्य, पुरुष 20 किमी वॉक में संदीप पाल ने कांस्य पदक जीता। इस मौके पर उत्तर प्रदेश एथलेटिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत शुक्ला ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता में प्रदेश भर से 65 जिलों के 704 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय।
- फोटो : अमर उजाला
संस्कृत विश्वविद्यालय में परीक्षा भवन में चलेगा संगणक केंद्र
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में कंप्यूटर सेंटर का संचालन अब परीक्षा विस्तार भवन से होगा। अब तक परीक्षा विस्तार भवन और अनुसंधान संस्थान के सामने दोनों जगहों पर केंद्र चल रहा था। इस वजह से विद्यार्थियों के शैक्षिक मामलों में संशोधन, सत्यापन की कार्रवाई नियमित नहीं हो पा रही है।
कुलसचिव राकेश कुमार ने छात्रों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए अब एक जगह से केंद्र संचालन का निर्णय लिया है। कहा कि विश्वविद्यालय और छात्रहित में संगणक केंद्र का संचालन एक ही जगह परीक्षा विस्तार भवन से किया जाएगा। अब इससे विद्यार्थियों को अपने काम के लिए भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी।
जूनियर नेशनल फुटबॉल के सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश की टीम
उत्तर प्रदेश की जूनियर बालक फुटबॉल टीम ने डॉ. बीसी रॉय जूनियर नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप में सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। मध्य प्रदेश के बालाघाट में चल रही प्रतियोगिता के अपने अंतिम लीग मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने हिमाचल प्रदेश को 6-0 के अंतर से हराकर टीम ने अंतिम चार में अपनी जगह पक्की कर ली है।
टीम शामिल जिले दो खिलाड़ी औसाफ अली खान और पंकज कुमार ने शानदार प्रदर्शन किया। इस जीत के बाद उत्तर प्रदेश का सामना सेमीफाइनल में मेजबान मध्य प्रदेश से होगा। मुकाबला तीन अगस्त को खेला जाएगा। यह जानकारी यूपी फुटबाॅल संघ के महासचिव मोहम्मद शाहिद दी।
सोवा रिग्पा अस्पताल में मधुमेह और गठिया का होगा इलाज
केंद्रीय तिब्बती उच्च शिक्षा संस्थान सारनाथ में बनकर तैयार सोवा रिग्पा अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में मधुमेह, गठिया, जोड़ों में दर्द का इलाज होगा। करीब 50 करोड़ की लागत से बने इस मेडिकल कॉलेज में नेचुरोपैथी चिकित्सा पद्धति यानी जड़ी-बूटियों के माध्यम से उपचार किया जाएगा। यह पूर्वांचल का पहला ऐसा मेडिकल कॉलेज होगा जहां नेचुरोपैथी की पढ़ाई के साथ शोध कार्य होंगे। आगामी दो अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे।
इस मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। करीब 45 बेड वाले इस अस्पताल में चिकित्सा पद्धति सोवा रिग्पा से असाध्य रोगों का इलाज करवाया जाएगा। अस्पताल में जड़ी बूटियों रखने के लिए स्टोर बनाया गया है। इसके अलावा ओपीडी, ऑडिटोरियम, रिसेप्शन, क्लास रूम, इमरजेंसी, चिकित्सक कक्ष, पुस्तकालय, सेमिनार हाॅल, पैथालॉजी लैब बनाए गए हैं।
वाराणसी की टीम मुरादाबाद और मेरठ को हराकर सेमीफाइनल में
69वीं प्रादेशिक विद्यालयीय सब-जूनियर, जूनियर नेहरू बालक-बालिका हॉकी प्रतियोगिता का मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में खेली जा रही है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन 9 मैच खेले गए। पहला मुकाबला अंडर-17 जूनियर बालिका वर्ग का मुरादाबाद और वाराणसी के बीच हुआ। इसमें वाराणसी ने 5-0 से क्लीन स्वीप किया। तीसरा मैच मेरठ और वाराणसी के बीच हुआ। वाराणसी की टीम 2-0 गोल से विजयी रही। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मैच बृहस्पतिवार को मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में खेले जाएंगे। इसमें प्रदेश के 20 मंडल के बालक-बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
रामचंद्र शुक्ल व राजा शिवप्रसाद के साहित्यिक योगदानों पर मंथन
राजकीय जिला पुस्तकालय में हिंदी की धरोहर काशी की सृजन परंपरा शृंखला के तहत राजा शिवप्रसाद सितारे हिंद और आचार्य रामचंद्र शुक्ल के साहित्यिक योगदानों पर एक संगोष्ठी हुई। साहित्यिक संघ और विद्याश्री न्यास के संयुक्त सहयोग से हुए इस कार्यक्रम में हिंदी गद्य और निबंध साहित्य के दो प्रमुख व्यक्तित्वों के कार्यों पर चर्चा हुई। मुख्य वक्ता जेएनयू के पूर्व प्रो. ओमप्रकाश सिंह ने आचार्य रामचंद्र शुक्ल को हिंदी साहित्य का पहला गंभीर और व्यवस्थित आलोचक बताया।
बीएचयू के प्रो. प्रभाकर सिंह ने शिवप्रसाद के भाषा चिंतन और इतिहास पर चर्चा की। अध्यक्षता कथा लेखिका डॉ. मुक्ता ने प्रारंभिक खड़ी बोली हिंदी के विकास और देवनागरी लिपि के संघर्ष में शिवप्रसाद के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने बनारस अखबार के प्रकाशन और हिंदी की रक्षा के लिए पाठ्यपुस्तकें लिखने में उनकी भूमिका को सराहा। इस अवसर पर डॉ. मुक्ता मौजूद रहीं।
वायु प्रदूषण के 103 मामलों का हुआ निस्तारण
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में बुधवार को बैठक हुई। इसमें शहर में हो रहे निर्माण कार्यों की वजह से उत्पन्न वायु प्रदूषण के नियंत्रण पर चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि वायु प्रदूषण नियंत्रण को लेकर नवनिर्माण गतिविधियों पर सख्त निगरानी की जा रही है। इस क्रम में 103 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। निर्माणाधीन भवनों पर ग्रीन नेट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में सचिव डॉ वेद प्रकाश मिश्रा, अपर सचिव गुडाकेश शर्मा, नगर नियोजक प्रभात कुमार आदि शामिल रहे।
जिला अस्पताल को मिली 5स्टार रेटिंग, प्रदेश में पहला स्थान
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल को मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं के मामले में 5 स्टार रेटिंग मिली है। इसके साथ ही जिला अस्पताल प्रदेश में पहले स्थान पर पहुंच गया है। सीएमएस डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि अस्पताल ने वर्ष 2025 में पूरे प्रदेश में मरीज को चिकित्सा सुविधाओं को जनमानस को बेहतर रुप से उपलब्ध कराने में पूरे प्रदेश में अग्रणी भूमिका निभाई है।
जनमानस के फीडबैक के आधार पर जो गूगल स्टार रेटिंग मिली है, उसमें जिला अस्पताल ने बलरामपुर चिकित्सालय लखनऊ, लोकबंधु चिकित्सालय लखनऊ, सिविल अस्पताल लखनऊ, मेंन्दाता अस्पताल लखनऊ सहित अन्य अस्पतालों को पीछे छोड़ दिया है। बताया कि इस तरह की उपलब्धि से मरीजों की सेवा को और समर्पित भाव से करते रहने की प्रेरणा मिलती है।
मुंशी प्रेमचंद की जन्मस्थली पर बिखरेगा उत्सवी रंग
कथा सम्राट मुंशी प्रेमचंद की 144वीं जयंती की पूर्व संध्या पर बृहस्पतिवार को उनकी जन्मस्थली लमही में उत्सव का रंग बिखरेगा। साहित्य और लोक संगीत में उनकी स्मृतियां घुलेंगी। बुधवार को प्रेमचंद मार्गदर्शन केंद्र ट्रस्ट लमही की ओर से तीन दिवसीय प्रेमचंद उत्सव शुरू हुआ। सेतु संस्था के कलाकारों ने प्रेमचंद की मार्मिक कहानी बूढ़ी काकी का भावपूर्ण मंचन किया। प्रमुख पात्रों व नेपथ्य में राजलक्ष्मी, लाक्षी मिश्र, सत्येंद्र यादव, कुसुम मिश्र, नागेंद्र शर्मा रहे।
प्रेरणा कला मंच के कलाकारों ने ठाकुर का कुआं का मंचन किया। इस मौके पर फादर प्रवीण, सलीम राजा, फादर दयाकर, अशोक सिंह, राकेश वर्धन, अजय यादव आदि रहे। संयोजक राजीव गोंड ने बताया गुरुवार को प्रेमचंद की कहानी दो बैलों की कथा का पाठ होगा। एक अगस्त को सवा सेर गेहूं का पाठ होगा। क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी और क्षेत्रीय संस्कृति विभाग के प्रभारी डॉ. रामनरेश पाल मौजूद रहे।
आयुष मंत्री ने आजाद पार्क में की सफाई
आयुष मंत्री डाॅ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने वाराणसी के लहुराबीर चौराहे पर आजाद पार्क में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा स्थल को साफ किया और आसपास की रोड पर झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान चलाया। उन्होंने आजाद की प्रतिमा को स्वच्छ जल से साफ कर माल्यार्पण किया।
आयुष मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो अगस्त को काशी आ रहे हैं। वह अपने आगमन पर न केवल लोगों से मिलते हैं बल्कि अपने संसदीय क्षेत्र के विकास के लिए हजारों करोड़ों की सौगात भी देते हैं। इस मौके पर पंकज चौबे, संजय मिश्रा, चंद्र प्रकाश सिंह, संजय जायसवाल, गौरव राठी, शिवकुमार जायसवाल, इंद्रेश मिश्रा, राहुल मिश्रा मौजूद रहे।
भाजपा नेताओं ने जनसंपर्क कर पीएम की जनसभा में आने का दिया न्योता
भाजपा नेता देवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में महिला, पुरुष कार्यकर्ताओं का एक दल बुधवार को रघुनाथपुर गांव में पहुंचकर लोगों से जनसंपर्क किया। साथ ही उन्हें 2 अगस्त को होने वाली प्रधानमंत्री की जनसभा में पहुंचने का निमंत्रण दिया। लोगों से एक दिन के लिए अपना काम धंधा बंद कर सभा स्थल पर बने पंडाल में पहुंचने की अपील की। इस दौरान राजा शुक्ला, अमरजीत पांडे, संजय सिंह, मनोज गिरी , पाचू राजभर, सुरेंद्र यादव समेत तमाम भाजपा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।।
ओबीसी मोर्चा कार्यकर्ता निजी गाड़ियों से जनसभा में पहुंचे
क्षेत्र में ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष सोभनाथ मौर्य की अध्यक्षता में बैठक हुई। उन्होंने कहाकिओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में बसों और अपनी निजी गाड़ियों से व दो पहिया वाहन से जुलूस के रूप में प्रधानमंत्री की सभा में पहुंचे। महानगर महामंत्री जगदीश त्रिपाठी ने कहा कि अधिक से अधिक लोगों से पहुंचने की अपील भी करें। बैठक में शंभू पटेल, दिनेश यादव, शिव प्रकाश मौर्य, लकी वर्मा, रत्ना वर्मा, राजेश मौर्य, राहुल मंगलेश शामिल रहे।
वहीं, दूसरी ओर महानगर कार्यलय गुलाब बाग पर अनुसूचित जाति एवं जनजाति मोर्चा की बैठक की अध्यक्षता रवि सोनकर ने की। मुख्य वक्ता महानगर उपाध्यक्ष अशोक जाटव ने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में अपने समाज से अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी दोपहिया, चार पहिया और बस के साथ जुलूस की शक्ल में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे।
रेल संपत्ति चोरी के मामले में दो महिला गिरफ्तार
रेलवे यार्ड वाराणसी में रेल संपत्ति चोरी करने के आरोप में पश्चिम बंगाल निवासी शान बारा और लाली बीवी को आरपीएफ ने गिरफ्तार किया है। आरपीएफ प्रभारी संदीप कुमार यादव ने बताया कि दोनों को कोर्ट में पेश कर 8 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
150 महिलाओं ने निकाली शोभायात्रा, आज से सवा 11 लाख पार्थिव शिवलिंगों का पूजन
सवा 11 लाख पार्थिव शिवलिंग का महारुद्राभिषेक और पूजन बृहस्पतिवार को अस्सी स्थित श्रीरामजानकी मठ में शुरू होगा। इस उपलक्ष्य में बुधवार को मठ से गाजेबाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गई। 150 महिलाएं सिर पर कलश लेकर प्रभु के जयकारे लगाते हुए चल रही थीं। बग्गी और वाहनों पर संत सवार थे। बटुक और श्रद्धालु हर हर महादेव उद्घोष लगाते हुए चल रहे थे। मार्ग में जगह-जगह स्वागत हुआ।
पीठाधीश्वर माधवाचार्य के सानिध्य और मठ के महंत रामलोचन दास की अगुवाई में शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा अस्सी, भदैनी व गोदौलिया होते हुए यात्रा काशी विश्वनाथ मंदिर गेट नंबर चार पर पहुंची। यहां बाबा विश्वनाथ का पूजन हुआ। शोभायात्रा में जगद्गुरु संतोषाचार्य, रामबालकाचार्य, हनुमान टेकरी मुंबई के महंत रामचंद्रदास, दाऊजी मंदिर गुजरात के श्रीनिवास महाराज, राजेंद्र देवाचार्य, हनुमानदास, सियावल्लभ शरण, रामअभिलाष, श्रवण दास, पं. सचिन शर्मा, अनुराग, विजय दास आदि शामिल रहे। रामलोचन दास ने बताया कि प्रतिदिन सुबह आठ बजे से पार्थिव शिवलिंगों का महारुद्राभिषेक और पूजन होगा।