फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News: छेड़खानी का विरोध करने पर पिता को पीटा, शादी का झांसा देकर 99,100 रुपये की ठगी; पढ़ें वाराणसी की खबरें

Thu, 10 Jul 2025 06:01 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News Today: वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र में एक पिता को बेटी की छेड़खानी का विरोध महंगा पड़ गया। मनबढ़ उसे पीटकर भाग गए। वहीं, युवती को शादी का झांसा देकर युवक ने 99,100 रुपये हड़प लिए। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News in Hindi: सारनाथ के सलारपुर में मनबढ़ युवकों ने छेड़खानी का विरोध करने पर बुधवार को एक पिता की पिटाई कर दी। पिता ने तहरीर में बताया कि दो युवतियां बाजार जा रही थीं। नुक्कड़ पर खड़े 4-5 युवकों ने उनसे छेड़खानी और दुर्व्यवहार किया। युवतियों का शोर सुनकर पिता बचाने दौड़े तो युवकों ने उन पर चाकू और लाठी से हमला कर दिया। 

विज्ञापन


उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने पिता का निजी अस्पताल में इलाज करवाया है। साथ ही अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि एक आरोपी की पहचान हो गई है। उसे पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।

एनई रेलवे मेंस कांग्रेस का श्रम कानूनों के विरोध में प्रदर्शन
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय पर बुधवार को एनई रेलवे मेंस कांग्रेस ने केंद्र सरकार की ओर से लागू किए जा रहे श्रम कानूनों के विरोध में प्रदर्शन किया। केंद्रीय ट्रेड यूनियनों की ओर से बुलाई गई राष्ट्रव्यापी आम हड़ताल के समर्थन में इसे किया गया। 110 कर्मचारियों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपने विचार रखे।
विज्ञापन


संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष और इंडियन रेलवे फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश पांडेय ने इन कानूनों को कर्मचारी विरोधी बताया। कहा कि रेलवे में प्रतिवर्ष 2 प्रतिशत कर्मचारियों की संख्या में कटौती से नुकसान हो रहा है। जिसका उद्देश्य भारतीय रेल को निजी क्षेत्र की ओर धकेलना है। 

राष्ट्रीय प्रवक्ता दुर्गेश पांडेय ने यूपीएस जैसी कर्मचारी विरोधी स्कीम को स्वीकार करने के लिए मौजूदा फेडरेशन के मुखिया की निंदा की। पुरानी पेंशन योजना को तत्काल बहाल करने की मांग की, जिसे कर्मचारियों के बुढ़ापे का सहारा बताया। संचालन एनई रेलवे मेंस कांग्रेस के महामंत्री अब्दुल शेख और उपाध्यक्ष गोपी नाथ उपाध्याय, महेंद्र दूबे, संयुक्त केंद्रीय मंत्री अभिषेक चतुर्वेदी ने किया।

दून एक्सप्रेस से गिरकर महिला यात्री चोटिल
ऋषिकेश से हावड़ा जाने वाली दून एक्सप्रेस में बुधवार को सफर के दौरान एक महिला यात्री गिरकर चोटिल हो गई। रेलवे कंट्रोल की सूचना पर पहुंची इमरजेंसी मेडिकल रूम के स्वास्थ्य कर्मचारियों ने कैंट स्टेशन पर महिला का उपचार किया। आसनसोल की ब्यूटी पात्रा ट्रेन के एस-7 बोगी में यात्रा कर रही थीं। कैंट स्टेशन से तीन स्टेशन पहले वह नीचे गिर गई थी।

बाप-बेटी की हत्या का आरोपी बेटा भेजा गया जेल
कैंट थाना क्षेत्र के टकटकपुर के प्रतापनगर कॉलोनी में बाप-बेटी की हत्या के आरोपी बेटे राजेश को न्यायालय ने जेल भेज दिया। घटना के बाद राजेश की पत्नी इंदु चार बच्चों को लेकर मऊ घोसी के पकड़ी में मायके चल गई है। गली में दूसरे दिन बुधवार को सन्नाटा पसरा रहा। 

पड़ोसियों ने बताया कि घटना के बाद से ही घर में कोई नहीं आया। मुख्य गेट बंद है। उधर, पिता रूपचंद्र और बेटी शिवकुमारी का अंतिम संस्कार रिश्तेदारों ने किया। मंगलवार सुबह बेटे राजेश ने संपत्ति विवाद में अपने 78 साल के पिता रूपचंद्र भारद्वाज और 50 साल की बहन शिवकुमारी देवी की रॉड, सिल बट्टे से वार कर हत्या कर दी थी। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मुकदमे की जांच चल रही है।

श्री काशी विश्वनाथ धाम। - फोटो : अमर उजाला
विश्वनाथ धाम को लेकर सोशल मीडिया के अफवाहों में न आएं श्रद्धालु
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने सोशल मीडिया और अन्य मीडिया में मंदिर से संबंधित टिप्पणियों पर जवाब देते हुए इसे स्पष्ट किया है। मंदिर प्रशासन का कहना है कि मंदिर में बाबा का स्पर्श दर्शन पहले से चली आ रही परम्परा है। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के विस्तारीकरण के बाद श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए स्पर्श दर्शन को सीमित किया गया है। यह एक घटे हो होता है।

सुरक्षा कारणों से मंदिर परिक्षेत्र में फोटो की अनुमति नहीं है। मंदिर परिक्षेत्र उच्च क्षमता के सीसीटीवी कैमरा से आच्छादित है। संवेदनशील विषय कार्रवाई होती है। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी बहकावे अथवा प्रलोभन में न आएं। शीघ्र ही ‘सुगम दर्शन’ की टिकट व्यवस्था शुरू होगी। 

कतिपय ठगों द्वारा श्रद्धालुओं से धन लेकर उन्हें धाम के आसपास छोड़कर चले जाने की शिकायतों पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। साथ ही ठगों द्वारा स्पर्श दर्शन और शीघ्र दर्शन के दावे की पुलिस जांच में प्रकाश में नहीं आया है। सोशल मीडिया/अन्य माध्यम से भ्रम फैलाने वालों के खिलाफ न्यास कठोर विधिक कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है।

रामनगर में बंद मकान में चोरी
रामनगर थाना क्षेत्र के मच्छरहट्टा स्थित शीतला नगर कालोनी निवासी अजय सोनकर के बंद मकान को चोरों ने खंगाला।आभूषण और 14 हजार नगदी चोरी हुई। बुधवार की सुबह पहुंची पुलिस ने छानबीन की।

शीतला नगर कालोनी अजय अपने ससुराल मढि़या पड़ाव गए थे। सुबह पड़ोसियों ने मकान का ताला टूटा देखा तो अजय को सूचना दी। अजय ने पुलिस को बताया कि चोरों ने मुख्य कमरे का दरवाजा तोड़कर चोरी की। आभूषण व 14 हजार नकदी समेत अन्य सामान चोरी हुए। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।

शादी का झांसा देकर युवती से 99,100 रुपये की ठगी
युवती को शादी का झांसा देकर युवक ने 99,100 रुपये हड़प लिए। पीड़िता का आरोप है कि उसने आईफोन बेचकर युवक को 80 हजार रुपये दिए थे। पीड़िता की तहरीर पर लंका थाने में केस दर्ज किया गया। बिहार के कैमूर नुआव निवासी आयुषी सिंह ने पुलिस को बताया कि उसकी मुलाकात दो साल पहले बिहार रोहतास के सीखिदो धोरडीहा के रहने वाले विशाल पाठक से हुई। 

आरोप है कि शादी का झांसा देकर विशाल ने जुलाई में बैंक खाता खुलवाया। पीड़िता के खाते से 99,100 रुपये निकाल लिए विशाल की बहन अर्चना ने भी 17000 रुपये उधार लिए थे। पैसे मांगने पर धमकी दी जा रही है। विशाल के पिता केदार भी गालीगलौज करते हैं। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि विशाल, पिता केदार और बहन अर्चना के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 

बेटे की पिटाई करने वालों पर मां ने दर्ज कराया केस
लंका थाना क्षेत्र के सामनेघाट में शिवाजी नगर कॉलोनी में बेटे की पिटाई मामले में मां ने केस दर्ज कराया। मदरवा की सुनैना ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे विश्वनाथ को कॉलोनी के रहने वाले राहुल, राजू, रोहित, आशुतोष शर्मा, शिशु शर्मा ने रास्ते में रोककर रंजिश में पिटाई की। महिला अपनी बेटी शोभा के साथ पहुंची तो बेटी की पिटाई करने के साथ ही असलहा भी दिखाया। हमले में बेटे को काफी चोटें आई हैं। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि केस दर्ज किया गया है।

स्कूटी से टक्कर मारने वाले के खिलाफ केस दर्ज
लंका में सेंट्रल बैंक से सड़क पार करते समय स्कूटी से घायल महिला की चिकित्सक बेटी ने लंका थाने में मंगलवार रात मुकदमा दर्ज कराया। कोपागंज, मऊ की डाॅ. किरन गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वह बीएचयू परिसर के टीचर्स फ्लैट में रहती हैं। पांच जुलाई को मां शांति देवी और छोटी बहन के साथ सेंट्रल बैंक लंका के पास सड़क पार करने के लिए खड़ी थी। रविदास गेट की तरफ से एक स्कूटी चालक मां को टक्कर मारकर भाग निकला। मां का उपचार भिखारीपुर के अस्पताल में चल रहा है। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि डॉ. किरन गुप्ता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। 

पति समेत अन्य के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज
विवाहिता ने पति समेत ससुराल के अन्य सदस्यों के खिलाफ लंका थाने में मंगलवार रात दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया। छित्तुपुर की खुशबू ने पति रोहन वर्मा, सास सुशीला देवी, जेठ सुरेश मौर्या, हरिओम मौर्या, जेठानी कंचन, सीता देवी व राशि मौर्या पर दहेज प्रताड़ना समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज कराया। 

असलहा से फायरिंग का वीडियो वायरल
चंदापुर ग्राम निवासी युवक का असलहे से फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर बुधवार को वायरल हुआ। कुछ लोग असलहे को मुंगेर की पिस्टल और कुछ लाइटर बताने में जुटे रहे। पंकज कुमार उर्फ टेणू, पिता रामराज उर्फ मूंछु के रूप में का वीडियो वायरल हुआ है। हालांकि वीडियो वायरल होने पर पुलिस एक्शन मोड में आई। साथ ही उसे हिरासत में लेकर पूछताछ में जुट गई। थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में उसने दो साल पुराना वीडियो बताया है। 

गंगा में अब सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक चलेंगी नावें
गंगा में बढ़ते जलस्तर के बीच बुधवार को नावों के संचालन का समय बदल गया। अब सुबह छह बजे से शाम छह बजे के बीच ही गंगा में नावें चलेंगी। इससे पहले रात आठ बजे तक नावों का संचालन होता था। जल पुलिस के मुताबिक, यह फैसला पर्यटकों की सुरक्षा के लिए लिया गया है।

एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि काशी आने वाले पर्यटक और श्रद्धालु नाव से गंगा घाटों और आरती देखते हैं। गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। लाइफ जैकेट के बिना किसी को नाव पर नहीं बैठाया जाएगा। जल पुलिस के प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने कहा कि नावों के संचालन का समय बदल गया है। इसका सख्ती से अनुपालन होना है। जो नाविक निर्धारित समय-सीमा के बाद नावों का संचालन करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

दहेज उत्पीड़न में पति समेत चार पर मुकदमा
किरण सोनकर की तहरीर पर पुलिस ने दहेज उत्पीड़न के मामले में पति सहित ससुराल के अन्य सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। किरण ने बताया कि उनकी शादी 2019 में भीटी रामनगर निवासी अशोक सोनकर से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही सास, ससुर और देवर दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। पति अशोक भी मारपीट करता था। तीन लाख रुपये नकद व सोने की चेन की मांग करने लगा। पिता व रिश्तेदारों के बाद के बाद विदाई करा दी गई। थानाध्यक्ष रविकांत मलिक ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। 

महिला पुलिस अपने क्षेत्र में लगाए चौपाल
अपर पुलिस उपायुक्त महिला अपराध नम्रिता श्रीवास्तव ने बुधवार को महिला सम्मान, सुरक्षा और महिला संबंधित समस्याओं के त्वरित निस्तारण की बैठक ली। बैठक में राजातालाब, कपसेठी, मिर्जामुराद, जॉन्स, रोहनिया, मंडुवाडीह थाना क्षेत्रों की महिला बीट पुलिस कर्मी मौजूद रही। नम्रिता श्रीवास्तव ने उन्हें अपने क्षेत्रों में जनचौपाल लगाने के निर्देश दिए।

इसका उद्देश्य बालिकाओं, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और नारी सशक्तिकरण के विभिन्न पहलुओं पर जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने महिला बीट कर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर शिकायतों का तत्काल निवारण करने और महिला अपराध से संबंधित पीड़ित महिलाओं की सूची तैयार कर उनकी काउंसलिंग करने के लिए भी निर्देशित किया।

वाराणसी विकास प्राधिकरण। - फोटो : अमर उजाला
वीडीए ने दो अवैध निर्माण कराए सील
वीडीए ने बुधवार को कंदवा में दो अवैध निर्माण सील कराए। वार्ड नगवां के आलोक सिंह व अन्य की ओर से कंदवा, कर्मदेश्वर महादेव मंदिर के पास बिना मानचित्र स्वीकृत किराए 6000 वर्गफीट के भूखंड में निर्माण कार्य कराया जा रहा था। जिसे सील किया गया। राजू राजकुमार व अन्य की ओर से कंदवा, पोखरे के पास बिना मानचित्र स्वीकृत कराए 700 वर्गमीटर के भूखंड क्षेत्रफल में अवैध निर्माण कराया जा रहा था। जिसे नोटिस देकर सील किया गया। मौके पर जोनल अधिकारी संजीव कुमार, अवर अभियंता आदर्श निराला ने कार्रवाई की।

पार्किंग के लिए बेसमेंट कराएं खाली : वीडीए अपर सचिव
वीडीए के अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा ने बुधवार को वीडीए कार्यालय में बैठक की। इस दौरान उन्होंने लंबित शमन मानचित्रों की समीक्षा की। सील मामलों की जांच कर बेसमेंट खाली कराते हुए पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा। सचेत किया कि अधिकतम एक सप्ताह में जन शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता पर सुनिश्चित कराएं। 

शहर में हो रहे अनियोजित विकास और अवैध प्लाॅटिंग का चिह्नांकन करते हुए ध्वस्तीकरण कराएं। जोन- वन के वार्ड शिवपुर, सिकरौल में अब तक कुल शमन धनराशि 2,39,41,065 रुपये और जोन- टू के वार्ड सारनाथ, आदमपुर, जैतपुरा में अब तक कुल शमन धनराशि 1,84,88,906 जमा कराया गया। स्वीकृत शमन पत्रावली के सापेक्ष बकाया शमन शुल्क जमा न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया।

डीएम ने सीडीपीओ चोलापुर का वेतन रोका
जिला पोषण समिति की बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई। डीएम ने प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना का एक भी फॉर्म न भरने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को चिह्नित करने को कहा। बाल विकास परियोजना अधिकारी चोलापुर (सीडीपीओ) में योजना के आवेदन लक्ष्य से कम होने पर नाराजगी जताई। डीएम ने कहा कि बाल विकास परियोजना अधिकारी चोलापुर का लक्ष्य प्राप्त होने तक वेतन रोका जाए। औसतन 10 केंद्र नहीं खुल पा रहे हैं, इन्हें शुरु करने के लिए डीपीआरओ को निर्देश दिया।

हरहुआ ओवरब्रिज के पास से किशोरी बरामद
बड़ागांव के हरहुआ ओवरब्रिज के नीचे से पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार को लापता किशोरी को बरामद कर लिया। साथ ही मिर्जापुर के पडरिया खुर्द गांव निवासी सुशील कुमार को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सुशील किशोरी को लेकर भागने की फिराक में था। 4 जुलाई से किशोरी का पता नहीं था। 6 जुलाई को किशोरी के पिता ने मुकदमा दर्ज कराया था।

बंद मकान में ताला तोड़कर चोरी
रामनगर थाना क्षेत्र के शीतला नगर कॉलोनी में मंगलवार रात को चोरों ने अजय सोनकर के बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी कर ली। आलमारी तोड़कर जेवरात सहित छह हजार रुपये ले गए। बुधवार सुबह आसपास के लोगों ने मकान का टूटा हुआ ताला देखकर अजय को सूचना दी। परिवार के साथ ससुराल गए अजय घर पहुंचे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि मामला दर्जकर सीसी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। 

लावारिस पिकअप से 9 गोवंश मिले, एक बछड़ा मरा
बड़ागांव के चक खरावन गांव में बुधवार को तालाब के पास से लावारिस मालवाहक पिकअप वाहन से पुलिस ने 9 गोवंश बरामद किए। सुबह टहलते समय वाहन में गोवंश लदे होने की सूचना पुलिस को ग्रामीणों ने दी। बताया कि पिकअप में सब्जी के क्रेट रखे हुए थे, जिसके पीछे गोवंश भरे हुए थे। इनमें से एक बछड़ा मर चुका था।

पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष सिंह ने गोवंश का उपचार कर खरावन गोशाला भेजा। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्जकर कार्रवाई की जा रही है। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर से मालिक का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

बुकिंग के बहाने दिल्ली से बुलाया, होटल से कैमरा, लैपटॉप चोरी
रिंग सेरेमनी में फोटो और वीडियो शूट करने आए फोटोग्राफर के साथ ठगी हो गई। होटल के रूम से कैमरा, लैपटॉप समेत अन्य सामान चोरी हो गए। छह जुलाई की घटना के बाबत सिगरा थाने में पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई है। दिल्ली के श्रीनगर निवासी अमन जैन ने पुलिस को बताया कि 2 जुलाई को दोपहर में अज्ञात नंबर से कॉल आया। 

कॉल करने वाले ने खुद को ग्राहक बताते हुए कहा कि आपकी प्रोफाइल ऑनलाइन देखी है और उन्हें 6 जुलाई को होने वाली रिंग सेरेमनी की फोटोग्राफी करानी है। दोनों में 25 हजार में डील हुई। उसने 5 हजार रुपये एडवांस पेटीएम से भेज दिए। इसके बाद साथी शाहरुख के साथ बनारस रेलवे स्टेशन पहुंचे। मोबाइल पर काशी विद्यापीठ के होटल की लोकेशन भेजी गई, जहां पहले से युवक के नाम पर बुकिंग थी। 

कमरा नंबर 205 में दो कैमरे, सात लेंस, लैपटॉप, कैमरा स्टैंड और चार्जर रख दिया। अपराह्न 2.30 बजे फोन कर लंका में रेस्टोरेंट में बुलाया गया, लेकिन पहुंचने पर कॉल करने वाले ने अपना नंबर बंद कर लिया। शक होने पर होटल लौटे तो उन्होंने देखा कि कमरे से सामान चोरी थे। होटल मैनेजर ने सीसी फुटेज दिखाने से इंन्कार कर दिया। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि जांच की जा रही है।

स्कूल गया छात्र घर वापस नहीं लौटा
सीएम एंग्लो बंगाली इंटर का छात्र देवांश यादव (16) स्कूल के लिए निकला और लापता हो गया। बहनोई अरुण प्रकाश सिंह ने भेलूपुर में गुमशुदगी दर्ज कराई। अरुण ने पुलिस को बताया कि मंगलवार सुबह सात बजे स्कूल के लिए निकला। स्कूल न जाकर ऑटो से रेलवे स्टेशन चला गया। सकलडीहा रेलवे स्टेशन पर बैग मिलने की जानकारी मिली है। थाना प्रभारी के अनुसार सीसी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। 

महिला ने दर्ज कराया दहेज प्रताड़ना का केस
पति समेत ससुराल के सदस्यों पर महिला ने दहेज उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों में बुधवार को भेलूपुर थाने में केस दर्ज कराया। मौसमी बोस ने पुलिस को बताया कि पति प्रीतम मंडल, सास आशा मंडल, बहन झुलन मरोधा, नानी बीलासी दास, मामा सुजीत दास व उसका दोस्त राजेश गिरी ने जान से मारने की धमकी दी। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है।

आईआरसीटीसी का सर्वर 15 जुलाई तक होगा अपग्रेड
आईआरसीटीसी अपने सर्वर को अपग्रेड कर रहा है, जिसका लक्ष्य 15 जुलाई तक पूरा होने का है। इस अपग्रेडेशन से ऑनलाइन टिकट बुकिंग की रफ्तार दोगुनी हो जाएगी। इस समय रेलवे टिकटों में से 65 प्रतिशत से अधिक आईआरसीटीसी की वेबसाइट और एप के माध्यम से बुक किए जाते हैं। इसके चलते प्लेटफॉर्मों पर काफी लोड रहता है। यह अपग्रेडेशन 15 जुलाई से लागू होने वाले तत्काल टिकट के नए नियमों के साथ-साथ हो रहा है। 

इन नए नियमों के तहत तत्काल कोटे की सीटों की बुकिंग के लिए यात्रियों के मोबाइल पर ओटीपी भेजा जाएगा, जिसे भरने के बाद ही टिकट बुक हो सकेगा। आईआरसीटीसी अधिकारियों का कहना है कि सर्वर अपग्रेड होने से न केवल टिकट बुकिंग की गति बढ़ेगी, बल्कि सेंधमारी पर भी लगाम लगेगी।

कांवड़ यात्रा मार्ग की दुकानों की जांच, खराब खाद्य पदार्थों को कराया नष्ट
खाद्य विभाग ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर छापा मारकर लस्सी, छाछ खाद्य पदार्थों को नष्ट करवाया। दुकानदारों को साफ-सफाई, गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों की बिक्री करने को कहा। दुकानों पर क्यूआर कोड लगवाए गए। ग्राहक इस पर गड़बड़ी की शिकायत कर सकते हैं।

कौशलेंद्र शर्मा, (सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय के आदेश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के प्रवर्तन दल ने कांवड़ मार्ग कछवा से मोढैला तिराहे, मोढैला तिराहे से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर तक के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने की अपील की। दल में सम्राट श्रीवास्तव, पंकज, राजेश, नीरज, आदित्य, विजय रहे।

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ। - फोटो : अमर उजाला
छह अगस्त तक विद्यापीठ में दूसरे-चौथे सेमेस्टर की परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत स्नातक (यूजी) दूसरे और चौथे सेमेस्टर की परीक्षाएं और वाइवा 24 जुलाई से 6 अगस्त तक होंगी। ये परीक्षाएं ललित कला विभाग के विषय स्किल डेवलपमेंट और माइनर/ मेजर कोर्स की हैं। ललित कला विभाग के अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि स्नातक दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा दोपहर एक बजे से दो बजे तक और चौथे सेमेस्टर की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से 3:30 बजे तक विभाग में ही होगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा की समय सारिणी काशी विद्यापीठ की वेबसाइट पर अपलोड है।

बूथ स्तर पर सपा को मजबूत करने के लिए पीडीए को करें एकजुट
महानगर समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक बुधवार को भेलूपुर स्थित सपा कार्यालय पर महानगर अध्यक्ष दिलीप डे की अध्यक्षता में हुई। महानगर अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत करने के लिए पीडीए के लोगों को एकजुट करें। भाजपा सरकार की गलत मंसूबों से जनता को अवगत कराएं। 

उन्होंने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार के इशारे पर सपा कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमा लादा जा रहा है। इससे पार्टी के कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं। जनता की समस्याओं को लेकर सपा लगातार संघर्ष करती रहेगी। सरकार एक साजिश के तहत 5000 प्राथमिक विद्यालयों को बंद कर रही है ताकि गरीबों के बच्चे शिक्षा से वंचित रह जाएं। 

सपा के पूर्व मंत्री डाॅ. बहादुर सिंह यादव ने कहा कि पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। संचालन योगेंद्र यादव और धन्यवाद ज्ञापन मीडिया प्रभारी रामजी यादव ने किया। बैठक में वरिष्ठ नेता रितेश केसरी, अशफाक अहमद, महेंद्र सिंह यादव, अनिल साहू, पूजा यादव, दिलशाद अहमद आदि मौजूद रहे।

BHU - फोटो : अमर उजाला
बीएचूय के छात्रों ने मनाया विद्यार्थी परिषद का 77वां स्थापना दिवस
बीएचयू के छात्रों ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का 77वां स्थापना दिवस मनाया। सुसुवाही स्थित एक इंटर कॉलेज में दिल्ली प्रांत के पूर्व क्षेत्रीय संगठन मंत्री आनंद ने कहा कि परिषद विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है। आज देश के हर क्षेत्र में विद्यार्थी परिषद का कार्यकर्ता कार्यरत है। परिषद छात्रों में राष्ट्र भावना जगाता है। जिला संयोजक राजमंगल सिंह ने कहा कि देश हमें सब कुछ देता है, हम भी कुछ देना सीखे। संगोष्ठी के बाद पौधरोपण किया गया। राजेश राय और विनय पांडे ने संचालन किया।

कैंपस प्लेसमेंट में 132 अभ्यर्थियों का चयन
राजकीय आईटीआई करौंदी परिसर में बुधवार को कैंपस प्लेसमेंट हुआ। इसमें अलग-अलग ट्रेडों के उत्तीर्ण और अंतिम वर्ष के 177 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के बाद 132 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर दिया गया। उन्हें एक सप्ताह के भीतर हंसलपुर, गुजरात के सुजुकी मोटर प्लांट में जॉइन करने को कहा गया है।

राजकीय आईटीआई करौंदी के नोडल प्रधानाचार्य एमके सिंह ने चयनित छात्रों को बधाई दी। साथ ही मेहनत और लगन से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। संस्थान के प्लेसमेंट प्रभारी सुनील कुशवाहा और सहप्रभारी देवब्रत, टीम के साथ मौजूद रहे।

भारतीय दंड और न्याय संहिता में कई असमानताएं, अधूरे ज्ञान से फैलेगी भ्रांतियां - प्रो. अनुराग
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में बुधवार को भारतीय न्याय संहिता विषय पर छह दिवसीय ऑनलाइन मल्टीडिसिप्लिनरी संकाय संवर्धन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान कानून के जानकारों ने कहा कि भारतीय दंड और न्याय संहिता में कई असमानताएं हैं। इसके अधूरे ज्ञान से भ्रांतियां फैलती हैं। 

मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र में इंडियन लॉ इंस्टिट्यूट, नई दिल्ली के प्रो. अनुराग दीप ने कहा कि भारतीय दंड संहिता के कुछ प्रावधान भारतीय न्याय संहिता में नहीं हैं और जो भारतीय न्याय संहिता में हैं वह दंड संहिता में नहीं है। इसकी जानकारी विधि विशेषज्ञों, विद्यार्थियों के साथ ही हर नागरिक को होनी चाहिए। भारतीय न्याय संहिता आने के बाद परिवर्तन हुआ है। बीएचयू विधि संकाय के प्रो. प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि न्याय संहिता, भारतीय दंड संहिता का बदला स्वरूप है।

नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक कल
मेयर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक 12 बजे से शुरू होगी। इसके लिए कार्यकारिणी के 12 सदस्यों को सूचना भेजी गई है। इसमें पौधरोपण को धार देने के लिए कई कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाएगी। शहर में सावन को लेकर चल रही तैयारियों पर भी विशेष चर्चा कर कई महत्वपूर्ण घोषणा की जाएगी। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु के तहत माई भारत प्लेटफाॅर्म की ओर से युवा जागरूकता कार्यक्रम पर चर्चा की जाएगी। निकाय में होने एबीसी कार्यक्रम की रूपरेखा तय की जाएगी।

नगर निगम वाराणसी। - फोटो : अमर उजाला
नगर निगम में कर्मचारियों का प्रदर्शन
काशी नगर निगम कर्मचारी संघ की ओर से बुधवार को नगर आयुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया गया। अध्यक्षता कर रहे रवींद्र नारायण उपाध्याय ने 10 सूत्रीय मांगपत्र नगर आयुक्त कार्यालय को दिया। कहा कि निकाय कर्मचारियों की सेवा नियमावली न बनाने से पदोन्नति और वेतन से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है।

कैशलेस इलाज की व्यवस्था होनी चाहिए। पुरानी पेंशन बहाल हो। 74वां संविधान संशोधन लागू किया जाना चाहिए। कई बार निवेदन किया गया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। आने वाले दिनों में आंदोलन तेज किया जाएग। प्रदर्शन करने वालों में विनोद कुमार चौबे, अनिल कुमार सोनकर, शंकर प्रसाद भारती, अखिलेश कुमार सिंह शामिल रहे। 

231 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय रुका
काम में लापरवाही के आरोप में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय रोक दिया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी डीके सिंह के अनुसार फेस बायोमैट्रिक पर डेटा ऑनलाइन न होने के कारण 231 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय रोका गया है। बताया कि 50 प्रतिशत से कम लाभार्थियों का फेस बायोमैट्रिक हुआ।

विश्वविद्यालयीय खेल प्रतियोगिता में खेलों की मेजबानी करेगा बीएचयू
बीएचयू वर्ष 2025-26 की अंतर-विश्वविद्यालयीय खेल प्रतियोगिता में तीन खेलों की मेजबानी करेगा। बीएचयू क्रीड़ा परिषद ने तीन खेलों के आयोजन के लिए अखिल भारतीय विश्वविद्यालय संघ (AIU) को औपचारिक प्रस्ताव भेज दिया है।

बीएचयू क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो. बी.सी. कापड़ी ने बताया कि जुलाई के अंत में शुरू होने वाले अंतर विश्वविद्यालयीय खेल प्रतियोगिता में तीन खेलों की मेजबानी के लिए विश्वविद्यालय ने पूरी तैयारी कर ली है। बताया कि प्रस्तावित खेलों में हॉकी सहित दो अन्य खेल शामिल हैं। जिनके नाम एआईयू की स्वीकृति मिलने के बाद सार्वजनिक किए जाएंगे। 

बेगमपुरा का इंजन फेल, एक घंटे खड़ी रही
जम्मू से वाराणसी जा रही बेगमपुरा एक्सप्रेस का इंजन फेल होने से काकोरी में पहिये थम गए। दूसरा इंजन भेजकर ट्रेन लखनऊ लाई गई। इसके चलते ट्रेन चारबाग रेलवे स्टेशन पर तय समय से एक घंटे से ज्यादा देरी से सुबह 8.20 बजे पहुंची। बुधवार सुबह ट्रेन के लोको पायलट ने काकोरी स्टेशन के पास इंजन फेल होने की सूचना कंट्रोल रूम को दी। बीच रास्ते में देर तक ट्रेन खड़ी होने से यात्री भी परेशान हो गए। कुछ यात्रियों ने इंजन तक पहुंचकर लोको पायलट से वजह पूछी, जिस पर उन्हें इंजन फेल होने और दूसरा इंजन आने की जानकारी मिली। 

खोदाई के दौरान टूटा पाइप, 150 घरों में जलापूर्ति बाधित
लोहता के धमरिया में मंगलवार को सड़क निर्माण के लिए हो रही खोदाई से जलनिगम का पाइप टूट गया। इसके चलते 150 घरों में पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। जलकल की ओर से एक पानी का टैंकर तो आया लेकिन वो 1500 की आबादी वाले इस क्षेत्र के लिए पर्याप्त नहीं रहा। चांदपुर से परमपुर तक वाराणसी भदोही मार्ग का चौड़ीकरण चल रहा है। मंगलवार को धमरिया पुल के पास सड़क निर्माण कार्य में लगी जेसीबी मशीन से खोदाई हो रही थी। 

पुल के नीचे पेयजल का पाइप क्षतिग्रस्त हो गया। इसके चलते पानी बस्ती में न जाकर नाले में गिरने लगा। घरों में पेयजलापूर्ति ठप हो गई। मोहल्ले के हाजी मुहम्मद सलीम, मन्नू फारूकी, पन्ना लाल, माधुरी, खरपत्तू ने बताया कि दूसरे मोहल्ले से पानी लाना पड़ रहा है। क्षतिग्रस्त पाइप को अभी तक ठीक नहीं किया जा सका है।

चंदौली को हराकर काशीपुर टिकरी की महिला टीम बनी कबड्डी चैंपियन
गुरु पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर बुधवार को जय गुरुवंदे आश्रम, छितौना में महिला कबड्डी का आयोजन हुआ। इसमें काशीपुर टिकरी की महिला टीम ने खेल का शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने चंदौली की टीम को हराकर चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। इसमें वाराणसी और चंदौली जिले की कुल छह टीमों ने हिस्सा लिया।

फाइनल मुकाबला काशीपुर टिकरी और चंदौली की टीमों के बीच खेला गया। काशीपुर टिकरी की टीम ने बेहतरीन तालमेल और रणनीति का प्रदर्शन करते हुए 40 अंक बनाए। वहीं चंदौली की टीम 35 अंकों पर ही सिमट गई। प्रतियोगिता का उद्घाटन संत गुरु वंदे महाराज ने किया। 

विजेता टीम की कप्तान अंजली, उपविजेता चंदौली टीम की कप्तान चंद अली और तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली अंबा टीम के कप्तान जेपी को सम्मानित किया गया। इस मौके पर सकलडीहा के सपा विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव, जंगीपुर विधायक बीरेंद्र यादव, एमएलसी आशुतोष सिन्हा, सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव और जिला पंचायत सदस्य धर्मेंद्र मौजूद रहे।

पंचक्रोशी यात्रियों के ठहरने के लिए बना टिन शेड
पंचक्रोशी यात्रियों के ठहरने के लिए शिवपुर स्थित रामलीला मैदान में टिन शेड तैयार हो गया है। इसमें पंखे, लाइट और पानी की व्यवस्था की गई है। हनुमान धर्मशाला, रामलीला मैदान धर्मशाला और राजा गोकुल चंद्र धर्मशाला की साफ-सफाई कर पंचक्रोशी यात्रियों के ठहरने की उत्तम व्यवस्था की गई है। सावन के सोमवार के दिन पांचों पांडव मंदिर और नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में भक्तों की काफी भीड़ होती है।

अब गोदौलिया पर बनेगी इंटरलॉकिंग सड़क
गोदौलिया चौराहे पर खोदी गई सड़क की इंटरलाॅकिंग कराने का निर्णय लिया गया है। रोपवे की पाइलिंग के दौरान 25 फीट में ध्वस्त हुए घोड़ा नाले की मरम्मत का काम जल निगम की ओर से किया जा रहा है। गोदौलिया चौराहे पर चल रहे काम के कारण यहां एक तरफ की सड़क को बंद किया गया है। दूसरी तरफ की सड़क पैदल आने जाने वालों के लिए खोली गई है। पहले यहां गिरजाघर की तरह सड़क बननी थी, लेकिन अब यहां इंटरलाॅकिंग कराई जा रही है।

 दरअसल नाले का निर्माण कार्य अभी खत्म नहीं हुआ है। ऐसी स्थिति में मिट्टी खोदने की नौबत आएगी। इसे ध्यान में रखकर इंटरलाॅकिंग कराई जा रही है ताकि सावन में आने वाले कांवड़ियों को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े। रोपवे, जल निगम, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों की ओर लगातार निरीक्षण कर मार्ग को व्यवस्थित किया जा रहा है। ताकि किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े। 

बीएचयू में विज्ञान के 278 छात्रों को बांटे टैबलेट
बीएचयू के विज्ञान संस्थान स्थित महामना सभागार में छात्र-छात्राओं को टैबलेट बांटे गए। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत देवरिया विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने 278 छात्र-छात्राओं को टैबलेट दिए।

युवाओं और छात्रों के लिए स्वामी विवेकानंद को आदर्श और प्रेरणास्रोत बताया। जिस तरह शिक्षिका की ओर से खारिज किए जाने के बावजूद एडिशन की मां ने उनकी मेधा को तराशा, उसी तर्ज पर महामना की धरती का हर विद्यार्थी न सिर्फ मेधावी है, बल्कि राष्ट्र के लिए पूर्ण समर्पित भी है। छात्र-सलाहकार प्रो. मधु तापड़िया ने कहा कि अभी भी देश में एक बड़ी जनसंख्या डिजिटल संसार से अनभिज्ञ है और बीएचयू के विद्यार्थियों का ये कर्तव्य है कि वे उन लोगों को डिजिटल क्षमताओं और प्रभावों से अवगत कराएं। 

डीएम से फिल्म 'उदयपुर फाइल्स' को टैक्स फ्री करने की मांग
सिनेमाघरों में फिल्म 'उदयपुर फाइल्स' को टैक्स फ्री करने और रिलीज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिला अधिकारी के प्रतिनिधि एडीएम (नगर) आलोक कुमार वर्मा को सौंपा।

श्रीआदि विशेश्वर मुक्ति विद्वत संघ, ज्ञानवापी से जुड़े प्रमुख अधिवक्ताओं और वादिनी का प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि उदयपुर फाइल्स सनातन धर्म, राष्ट्रवाद और मंदिरों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को उजागर करती है, जिसे कुछ तत्व विवादित बनाने की कोशिश कर सकते हैं। जबकि यह फिल्म किसी भी धर्म या जाति विशेष के विरुद्ध नहीं है। प्रतिनिधिमंडल में अधिवक्ता सोहनलाल आर्य, सुधीर त्रिपाठी, सुभाष नंदन चतुर्वेदी, दीपक सिंह, विक्रम कुमार शुक्ला, वादिनी लक्ष्मी देवी, सीता साहू, रेखा पाठक आदि शामिल रहीं।

9 खेलों में मंडल के 51 खिलाड़ियों का प्रदेश के खेल छात्रावासों में हुआ चयन
उत्तर प्रदेश खेल विभाग की ओर से प्रदेश भर में संचालित खेल छात्रावासों के लिए चयनित खिलाड़ियों की सूची बुधवार को जारी कर दी गई है। इसमें शामिल 16 खेलों में से 9 खेल में मंडल के 51 प्रतिभावान खिलाड़ियों ने अपनी जगह बनाकर शहर का नाम रोशन किया है। चयनित खिलाड़ियों में सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में नियमित अभ्यास करने वाले क्रिकेट के सबसे अधिक 14 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। 

कुश्ती में पांच बालक और एक बालिका का चयन हुआ। तीरंदाजी में 6, फुटबाॅल में आठ, हॉकी में 10, कबड्डी में तीन बालिकाओं का और वाॅलीबाॅल में दो खिलाड़ी शिवम यादव और धर्मवीर यादव का एथलेटिक्स और बाॅस्केटबाॅल में दो खिलाड़ियों का चयन हुआ है। 

इसके अलावा जूडो, टेबल टेनिस, हैंडबाॅल, तैराकी, जिमनास्टिक, बैडमिंटन, मुक्केबाजी में एक भी खिलाड़ी का चयन नहीं हुआ। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों की मेहन और प्रतिभा के आधार पर इनका चयन प्रदेश अलग अलग जिलों में मौजूद खेल छात्रावासों में हुआ है।

बसपा प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित राजभर परिवार से की मुलाकात, दिया मदद का भरोसा
बहुजन समाज पार्टी की प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को चिरईगांव ब्लॉक के छितौना गांव का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल ने बीते 5 जुलाई को राजभर समाज पर हुए प्राणघातक हमले के पीड़ित परिवार से मुलाकात की।

हमले में गंभीर रूप से घायल 45 वर्षीय छोटू राजभर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में कोमा में हैं, जबकि तीन अन्य लोग भी गंभीर चोटों के कारण वहां भर्ती हैं। बसपा नेताओं ने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए न्याय दिलाने में हर संभव मदद का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल द्वारा परिवार को तत्काल आर्थिक मदद भी प्रदान की गई और भविष्य में भी पूर्ण सहयोग का वादा किया गया। प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से बसपा जिलाध्यक्ष भूपति रवि कुमार, मंडल प्रभारी राजेश भारती, जिला प्रभारी रमेश चन्द्र और लक्ष्मण राम शामिल रहे।

45 दिनी निशुल्क अभिनय कार्यशाला आज से
राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) के सहयोग से बनारस थिएटर क्लब की ओर से 45 दिवसीय निशुल्क अभिनय कार्यशाला 10 जुलाई से सुरभि शोध संस्थान (गोयनका गली अस्सी) शुरू होगी। इस कार्यशाला में प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। एनएसडी नई दिल्ली की स्नातक की छात्रा और अनुभवी रंगकर्मी स्मृति मिश्रा, एनएसडी सिक्किम के स्नातक के छात्र और निर्देशक हर्ष गिरि, रंगकर्मी सूरज कुमार आदि कलाकार प्रशिक्षण देंगे। कार्यशाला 25 अगस्त तक चलेगी।

नागरिकता की नींव प्रशिक्षण शिविर संपन्न
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय 39 जीटीसी में नागरिकता की नींव पर एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन हुआ। प्राचार्य डॉ. सीबीपी वर्मा ने शिविर का उद्घाटन किया और संसाधनों को हरित पौधे भेंट कर उनका स्वागत किया। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सशक्त नागरिक बनाना और सामुदायिक विकास में भागीदार बनाना है। 

संसाधक हरिओम राय, इंद्राणी मंडल और अरनव घोष ने प्रतिभागियों को नागरिक संवर्धन कार्यक्रम के बारे में विस्तार से प्रशिक्षित किया। केंद्रीय विद्यालय संगठन, वाराणसी के विभिन्न विद्यालयों से लगभग 41 सदस्यों ने इस शिविर में भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन शालिनी मिश्रा ने किया, और अंत में बीएन मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।

11,12 जुलाई को यंग इंडियंस पार्लियामेंट का आयोजन
यंग इंडियंस वाराणसी चैप्टर की ओर से बुधवार को मंडुवाडीह स्थित एक होटल में यंग इंडियंस पार्लियामेंट 2025 की घोषणा हेतु प्रेस वार्ता हुई। चेयरमैन धवल प्रकाश ने बताया कि 11-12 जुलाई को एम आर जयपुरिया विद्यालय में कार्यक्रम होगा। इसका उद्देश्य स्कूल के विद्यार्थियों को संसद के कार्यों के बारे में बताना है। मॉक पार्लियामेंट प्रतियोगिता में 9 से 12 तक के छात्रों के लिए डिजाइन की गई है।

सीबीएसई ताइक्वांडो का आगाज़, राष्ट्रीय स्तर पर चयन का मौका
सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों के लिए क्लस्टर स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का बृहस्पतिवार को बाबतपुर में होगी। तीन दिवसीय खेल का आयोजन 13 जुलाई तक होगा। इसमें 500 से अधिक युवा और प्रतिभाशाली ताइक्वांडो खिलाड़ी शामिल होंगे।

जिला ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि क्लस्टर के विभिन्न स्कूलों से आए प्रतिभागी विभिन्न आयु और भार वर्गों में प्रतिस्पर्धा करेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए योग्य और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन करना है। सनबीम बाबतपुर के खेल अधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

पुरानी पेंशन योजना की बहाली को लेकर प्रदर्शन
नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन के बैनर तले रेल कर्मचारियों ने बुधवार को कैंट स्टेशन के पास लॉबी के सामने विरोध प्रदर्शन किया। एनएफआईआर उपाध्यक्ष व एनआरएमयू के महामंत्री बीसी शर्मा के आह्वान और मंडल मंत्री अवधेश दुबे के निर्देश पर हुए प्रदर्शन में पदाधिकारियों और सदस्यों ने पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली और आठवें वेतन आयोग के गठन की मांग की। प्रदर्शन में यूनियन के शाखा मंत्री विंध्यवासिनी यादव, एसएस हांडा, अरुण द्विवेदी, रामेश्वर सिंह आदि शामिल रहे। 

मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ व्यापारियों ने किया जागरूक
मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ काशी के व्यापारियों ने बुधवार को जनजागरूकता अभियान चलाया। खाद्य व्यापार मंडल के सदस्यों ने इंग्लिशिया लाइन से जवाहरलाल नेहरू मार्केट तक हाथों में प्लेकार्ड लेकर लोगों को जागरूक किया। खाद्य व्यापार मंडल के अध्यक्ष नवरतन राठी ने कहा कि हमारा उद्देश्य सिर्फ व्यापारियों को ही नहीं उपभोक्ताओं को भी जागरूक करना है। अभियान में नरेश केशवानी, विशाल रिझवानी, गौरव राठी, महेश होतवानी, सुशील जोतवानी, अनिल होतवानी, चरणजीत सिंह आदि शामिल रहे।

एडीएम वित्त एवं राजस्व वंदिता श्रीवास्तव बनीं आईएएस
जिले की एडीएम वित्त एवं राजस्व वंदिता श्रीवास्तव की बुधवार को पदोन्नति मिल गई। पीसीएस से आईएएस कैडर में पदोन्नति मिली है। उनकी तैनाती जुलाई 2023 से वाराणसी में है। जल्द ही नई तैनाती मिल जाएगी। दूसरी तरफ शासन ने बुधवार की देर शाम प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर देवेंद्र कुमार को वाराणसी भेजा है। इससे पहले देवेंद्र की तैनाती रामपुर में थी।

एबीसी वायर पंचर, हफ्तों से परेशान 50 घर
मैदागिन उपकेंद्र के बुलानाला एरिया में बिजली विभाग की लापरवाही से लगभग 50 से अधिक घर 15 दिनों से परेशान हैं। सुडिया (डाबर गली) में ट्रांसफार्मर के पास ही एबीसी वायर पंचर पड़ा है और सुबह शाम एक फेस की बिजली आपूर्ति खराब हो जा रही है। मुहल्ले वाले विभाग में शिकायत ले कर जाते हैं तो लाइन मैन आकर ऊपर ऊपर मरमत कर देते हैं। उसके बाद फिर से फाल्ट की समस्या हो जाती है।

मंगलवार की शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक बिजली गुल रही। रात 8 बजे के बाद बिजली कर्मचारियों के द्वारा सही किया गया, फिर रात 10 बजे खराब हो गई। दो घंटे बाद रात 12 बजे फिर से सही किया गया, रात 12.30 फिर आपूर्ति बंद हुई। रात 1.45 पर बिजली कर्मचारी आ कर ठीक किए। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर दूसरे दिन कहीं ना कहीं फाल्ट हो जा रहा है और समस्या पूरे दिन बनी रहती है। लाइनमैन आते हैं, सही करते है, थोड़ी देर में फिर से खराब हो जाती है।

कमियों को दूर कर ग्रामीण पेयजल की योजना को समय से कराएं पूरा: सचिव
सचिव, पेयजल ग्रामीण और जिले के नामित नोडल अधिकारी डॉ. राजशेखर ने अधिकारियों के साथ बैठक कर कई बिंदुओं पर चर्चा की। सर्किट हाउस में बैठक के दौरान उन्होंने गांवों में पानी की आपूर्ति बेहतर करने पर जोर दिया। जल जीवन मिशन के कार्यों को तेज करने को कहा। ग्रामीण पेयजल की परियोजनाओं के बचे कार्यों को तेजी से पूरा कराने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा, जिनमें कमियां हों उन्हें तत्काल ठीक कराके हैंडओवर करें। लक्ष्य के सापेक्ष हर घर नल का कनेक्शन पूरा कराएं। आंशिक एवं बंद पड़ी ग्रामीण पेयजल योजनाओं का अविलंब सर्वे और डीपीआर तैयार कर 15 जुलाई तक जमा करें। ऐसा न करने वाली कार्यदायी एजेंसियों पर कार्रवाई होगी। 

अधिकारी ने ग्रामीण पेयजल की सभी चरणों की परियोजनाओं को निर्धारित समयावधि तक अवश्य पूर्ण कराए जाने का निर्देश दिया। कहा कि अधिकारी परियोजनाओं की साप्ताहिक समीक्षा कर अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें। अधिक से अधिक मजदूर लगाकर कार्य को शीघ्रता से पूर्ण कराएं।
विज्ञापन

रेलवे कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन और नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन वाराणसी की तीनों शाखाओं के सदस्यों ने स्टेशन निदेशक कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने आठवें वेतन आयोग का तत्काल गठन करने पुरानी पेंशन योजना योजना लागू करने की मांग की। इस दौरान एससी गौतम, डीके सिंह, राजकुमार, जेएस यादव, अखिलेश पांडेय, रामतीरथ यादव रहे। 

पुलिस लाइन में प्रशिक्षुओं ने लगाए 1200 पौधे, थाने और चौकी पर 6000 पौधों का रोपण
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत कैम्प कार्यालय और रिज़र्व पुलिस लाइन परिसर में पौधरोपण किया। उन्होंने पुलिस लाइन में प्रशिक्षण ले रहे 1200 प्रशिक्षु आरक्षियों से एक-एक पौधे का रोपण कराया। पुलिस आयुक्त ने कहा कि यदि खुले क्षेत्र की तुलना में किसी वृक्ष के नीचे खड़ा हुआ जाए, तो तापमान में 10 डिग्री तक का अंतर महसूस किया जा सकता है। इसके अलावा कमिश्नरेट के सभी पुलिस कार्यालयों, थानों एवं पुलिस चौकियों में 6000 पौधों का रोपण किया गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें