फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News Today: तीन ट्रेलर आपस में टकराने से चालक की मौत, फर्नीचर की दुकान में लगी आग समेत अन्य खबरें

Sun, 19 Apr 2026 01:21 AM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी जिले में तीन ट्रेलर आपस में टकराने से एक चालक की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। वहीं फर्नीचर की दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। पढ़ें- दिनभर की घटनाओं की खबरें
विज्ञापन
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वाराणसी कमिश्नरेट के चोलापुर थाना क्षेत्र के रिंग रोड पर शनिवार सुबह हरिबल्लमपुर गांव के पास तीन ट्रेलर आपस में टकरा गए। हादसे में एक चालक की मौत हो गई। वहीं, दो सहायक घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। शव को संरक्षण में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चांदपुर चौकी के रिंग रोड हाईवे पर हरिबलमपुर गांव के पास सुबह सड़क किनारे एक ट्रेलर खराब होकर सड़क पर खड़ा था। इस बीच पीछे से दूसरा और तीसरा ट्रेलर भी टकरा गए। तीसरे ट्रेलर के ड्राइवर चंदौली के नौगढ़ पटेहु निवासी श्याम सुंदर यादव (20) की घटनास्थल पर मौत हो गई। पुलिस ने दो अन्य घायलों को किसी तरह बाहर निकलवाया। दोनों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। 
विज्ञापन


फर्नीचर की दुकान में शॉर्ट सर्किट से लगी आग
पुराना पुल पुलकोहना में शनिवार शाम शॉर्ट सर्किट से फर्नीचर की दुकान में आग लग गई। लोगों ने पुलिस के सहयोग से 30 मिनट में आग पर काबू पा लिया। सोनातलाब के राजकुमार का दो तल का मकान है, जिसमे कश्टुआ थाना मोतीगंज जनपद गोंडा के रहने वाले बेलाल अहमद पिछले पांच साल से फर्नीचर की दुकान चला रहे हैं। पिछले हिस्से में पत्नी शहनाज व दो साल की पुत्री इंलमा रहती है। दुकान के दूसरे तल पर बेलाल अहमद मजदूरों के साथ फर्नीचर का कारोबार करते हैं। शाम 7 बजे दुकान के दूसरे तल पर शॉर्ट सर्किट से धुआं उठने लगा। सड़क उस पार चाय के दुकानदार अनिल कुमार ने धुआं निकलते देखा तो शोर मचाया। जब तक लोग पहुंचते तब तक फर्नीचर की दुकान पूरी तरह से जल चुकी थी। सारनाथ पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और 30 मिनट में आग पर काबू पाया। उसके बाद फायर ब्रिगेड पहुंचा। पीड़ित बेलाल ने बताया कि सोफे पर लगाने वाला फोम, लकड़ी के फर्नीचर और लकड़ी जलकर नष्ट हो गईं। 

शिक्षिका पत्नी को दी गोली मारने की धमकी, प्राथमिकी दर्ज
विवाहिता ने पति देवेश जायसवाल के खिलाफ जान से मारने की धमकी और संपत्ति हड़पने समेत अन्य आरोपों में शनिवार को चितईपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। सुंदरपुर नेवादा के विभूति कुंज निवासी पीड़िता पूनम जायसवाल ने पुलिस को बताया कि वह बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापिका हैं, जो कि संबद्ध प्राथमिक विद्यालय बगही, ब्लाक बरहनी चंदौली से है। पति देवेश जायसवाल प्रताड़ित करता है। 27 फरवरी को फोन पर धमकी दी कि संपत्तियों की चाबी नहीं सौंपती हैं तो बीच सड़क पर गोली मार कर हत्या कर देंगे। कठिन परिश्रम से अर्जित आय से दो फ्लैट खरीदा है। चित्रगुप्त रेजिडेंसी, मीरा नगर कॉलोनी, कंदवा रोड, चितईपुर और विभूति कुंज नेवादा सुंदरपुर में फ्लैट है। पति देवेश जायसवाल लगातार दबाव बना रहा है कि दोनों फ्लैट की चाबी सौंप दें, अन्यथा हत्या करा देंगे। पति ने भाई राकेश जायसवाल को भी उनके विश्वेश्वरगंज में दुकान पर गोली मारने की धमकी दी है।  
विज्ञापन

 
अभिलेखागार में छेड़छाड़ का मामला, अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज
कलेक्ट्रेट अभिलेखागार में पुराने मुकदमे की फाइल में छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। अपर नगर मजिस्ट्रेट (द्वितीय) के आदेश पर थाना कैंट में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मुकदमे से जुड़ी फाइल पहले रिकॉर्ड में मौजूद नहीं बताई गई थी। 2023 और 2025 में दिए गए नकल प्रार्थना पत्रों में भी पत्रावली उपलब्ध न होने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। 27 जून 2025 को जारी नकल में इसी फाइल की प्रति मिलने पर मामला संदिग्ध हो गया। जांच में पाया गया कि गोशवारा (रिकॉर्ड रजिस्टर) में किसी अज्ञात व्यक्ति ने ओवरराइटिंग कर मुकदमे की पत्रावली को अलग से दर्ज कर दिया है। अधिकारियों ने इसे सरकारी अभिलेखों में छेड़छाड़ मानते हुए थाना कैंट पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि जांच के आधार पर दोषी की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।  

रंजिश में मारपीट, प्राथमिकी दर्ज
भेलूपुर थाना क्षेत्र के किरहिया तिराहे पर किराये के मकान में रहने वाले सुजीत कुमार के साथ मारपीट के मामले में आरोपी गोलू और मुरारी के खिलाफ पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की। आरोप है कि शुक्रवार 11 बजे रंजिश को लेकर आरोपियों ने मारपीट की। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।  

बुलेट के नंबर प्लेट पर लिखा था ठाकुर, सीज
चितईपुर क्षेत्र में शनिवार रात चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने ठाकुर लिखा एक बुलेट सीज कर दिया। बुलेट के पीछे नंबर प्लेट पर ठाकुर लिखा था। बीएचयू के छात्र की बुलेट है। चितईपुर थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि नंबर प्लेट पर ठाकुर और तेज आवाज वाले साइलेंसर भी लगे थे। बुलेट को सीज कर थाने भेजा गया गया। 

महिला को परेशान करने वाले पर प्राथमिकी दर्ज
महिला को परेशान और धमकी देने के मामले में आरोपी साहिल खान के खिलाफ भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। बड़ी गैबी निवासी विवाहिता ने पुलिस को बताया कि दोस्ती के बहाने साहिल ने फोटो खींची। साहिल की हरकतों को देख पति ने उससे दूर रहने के लिए समझाया। साहिल से बातचीत बंद कर दी। इस बीच साहिल लगातार दबाव बना रहा है। 15 अप्रैल की रात 1 बजे पति को फोन कर धमकी दी। भेलूपुर थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।  
 
सुबह टहलने निकली महिलाओं से मोबाइल लूट का प्रयास
चोलापुर थाना क्षेत्र के नियार गांव में शनिवार सुबह टहलने निकली दो महिलाओं का मोबाइल लूटने का प्रयास किया गया। महिला गुड़िया तिवारी ने बताया कि वह देवरानी प्रीति के साथ टहलने निकली थी। इस बीच हेलमेट पहने बाइक सवार नजदीक आया और हाथ से मोबाइल छिनने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सका। चोलापुर थाने पर शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी मानसी दहिया ने बताया कि बाइक सवार की पहचान कराई जा रही है।  

महिला ने वीडियो जारी कर दी सफाई, कहा पति और बहनोई करते हैं प्रताड़ित
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली एक विवाहिता ने पति और उसके बहनोई की हरकतों से तंग आकर 20 दिन पहले अपने बेटे को साथ लेकर घर छोड़ दिया। इसके बाद पति ने पत्नी और बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। 17 अप्रैल को महिला ने पति के भांजे के साथ रहने के लिए कोर्ट में अर्जी दी, लेकिन कोर्ट ने उसे खारिज कर दिया। महिला ने एक वीडियो बनाकर अपने रिश्तेदारों को भेजा, जिसमें उसने आरोप लगाया कि उसका बहनोई उसके साथ गलत व्यवहार करता था और विरोध करने पर पति ने चुप रहने को कहा। महिला के अनुसार, शिकायत करने पर पति ने मारपीट कर उसे बच्चे सहित घर से निकाल दिया। इसके बाद महिला ने पति के भांजे से संपर्क कर उसके साथ रहने का निर्णय लिया और कोर्ट में अनुमति मांगी। मामले की जानकारी मिलने पर पति ने कोर्ट पहुंचकर विरोध किया, जिसके बाद अर्जी खारिज हो गई। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि मामला संज्ञान में हैं। जांच की जा रही है।  

जनसेवा केंद्र में लगी आग, कंप्यूटर और काउंटर जले
रोहनिया क्षेत्र के खुशीपुर में सूरज जनसेवा केंद्र में शुक्रवार रात अराजकतत्वों ने लाग लगा दी। चौखंडी जंसा निवासी शिव कुमार श्रीवास्तव उर्फ विकास ने बताया कि उन्होंने आठ साल पहले खुशीपुर में सूरज जनसेवा केंद्र खोला था। तीन अप्रैल को वे दिल्ली चले गए थे। शुक्रवार रात अराजकतत्वों ने जलती हुई सिगरेट शटर के अंदर फेंक दी, जिससे अंदर आग लग गई। आग की चपेट में उपकरण जलकर पूरी तरह खाक हो गए। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।  

सड़क किनारे अज्ञात युवक का शव मिला
चोलापुर थाना क्षेत्र के चंदापुर पुलिस चौकी क्षेत्र में तारापुर गांव के पास शनिवार दोपहर सड़क किनारे अज्ञात युवक का शव मिला। पुलिस ने जांच के बाद शव को मोर्चरी में भेजवाया। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद पहचान नहीं हो सकी।  

टोटो विवाद में आरोपी के घर नोटिस चस्पा
थाना लालपुर पांडेयपुर क्षेत्र के गोईठहा निवासी हरि सिंह के खिलाफ टोटो न लौटाने के मामले व न्यायालय की ओर से जारी गैर जमानती वारंट के बाद भी पेश न होने पर पुलिस ने अदालत के आदेश पर आरोपी के घर धारा 82 के तहत कार्रवाई की। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी अदालत में पेश नहीं होता है तो कार्रवाई होगी।  

फर्जी दान-पत्र से जमीन हड़पने का आरोप, प्राथमिकी दर्ज
बेनीपुर निवासी हरीलाल की शिकायत पर फर्जी दान-पत्र से जमीन हड़पने के आरोप में चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। हरीलाल के अनुसार, उसने 1995 में गनेशपुर की 0.310 हेक्टेयर भूमि खरीदी थी, जिसका नामांतरण 2002 में हो चुका है। आरोप है कि खंडाटी ने 2025 में पत्नी शंकुतला के नाम फर्जी दान-पत्र करा दिया। सेवालाल व सोमारू पर भी मिलीभगत का आरोप है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि जांच की जा रही है। 
विज्ञापन

जानलेवा हमले में प्राथमिकी दर्ज
चौबेपुर थाना क्षेत्र के गौरडीह गांव में रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला हुआ। मिर्जापुर के लालगंज निवासी संजीव कुमार दूबे के अनुसार 17 अप्रैल को रात 1.30 बजे जीजा किशोर त्रिपाठी को घर के बाहर घेरकर कुछ लोगों ने लाठी से पीटा। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

नौकरी दिलाने के नाम पर महिला को बंधक बनाने का आरोप
नौकरी दिलाने के नाम पर पैसा लेकर बंधक बनाने के आरोप में लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। सोनभद्र के दुद्धी क्षेत्र निवासी देवंती कुमारी गौंड, सावित्री देवी, मानमती गौड़, अनीता खरवार और राकेश कुमार ने आरोप लगाया कि डाफी के एसएस काशी हार्बोना एसोसिएशन कंपनी के संचालक मनीष सिंह ने उन्हें नौकरी देने की बात कहकर बुलाया। वहां पहुंचने पर आरोपी ने सभी से दो लाख रुपये ले लिए और उनके मोबाइल फोन अपने पास रख लिए। परिवार से बात करने के लिए सीमित समय ही दिया जाता था और निगरानी में बात कराई जाती थी। पीड़ित किसी तरह वहां से बचकर अपने घर पहुंचे। पैसा वापस मांगने पर आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहा है। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।  
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें