फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

News: वाराणसी में डेढ़ लाख की साइबर ठगी, पत्नी की लाश लेकर महिला थाने पहुंचा पति, अरेस्ट; पढ़ें खास की खबरें

Sun, 13 Jul 2025 05:47 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News Today: वाराणसी के जैतपुरा थाना क्षेत्र के एक शख्स के साथ डेढ़ लाख की साइबर ठगी कर ली गई। वहीं, महिला थाना के बाहर जहर खाकर जान देने वाली महिला का पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर पति शनिवार शाम महिला थाने पहुंच गया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News in Hindi: जैतपुरा थाना क्षेत्र के पीलीकोठी कटेहर निवासी बुनकर अब्दुल वहीद अंसारी को साइबर जालसाज ने झांसा देकर क्रेडिट कार्ड से डेढ़ लाख रुपये उड़ा दिए। शनिवार को पीड़ित अब्दुल वहीद ने पुलिस को बताया कि उन्हें क्रेडिट कार्ड अपग्रेड करने के नाम पर एक युवक ने खुद को एचडीएफसी बैंक प्रतिनिधि बनकर बातचीत की। साथ ही झांसे में लेकर एप इंस्टॉल करवाया। एप इंस्टॉल होते ही फोन हैक हो गया, जिसके कुछ ही देर में बैंक क्रेडिट कार्ड से दो बार में 1,54,461 रुपये डेबिट हो गए। जैतपुरा थानाध्यक्ष बृजेश मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

विज्ञापन


पोस्टमार्टम के बाद पूजा का शव लेकर महिला थाने पहुंचा पति, बोला- कार्रवाई हो
महिला थाना के बाहर विषाक्त पदार्थ खाकर जान देने वाली पूजा का पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर पति शनिवार शाम महिला थाने पहुंच गया। परिजनों ने आरोपी रोशन और महिला थाने की एक एसआई पर आरोप लगाया। एसीपी कोतवाली ने किसी तरह मृतका के पति समेत परिजनों को समझा बुझाकर शांत कराया। पति का बयान भी दर्ज किया गया। 

वहीं, गिरफ्तार रोशन यादव को जेल भेज दिया गया। रात में पूजा दाह संस्कार कर दिया गया। एसीपी कोतवाली प्रज्ञा पाठक ने बताया कि मृतका का पति नासिक से पहुंचा था। घटनाक्रम समझने के लिए पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर थाने चला आया, जिसे समझाकर भेजा गया। पति ने अपना बयान भी दर्ज कराया है।
विज्ञापन


चौबेपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर धराधर निवासी पूजा यादव (24) और गांव के ही रोशन यादव को महिला थाने पर एक युवती की तहरीर के आधार पर जांच के क्रम में शुक्रवार दोपहर बुलाया गया था। रोशन और पूजा का थाना परिसर में ही विवाद हुआ और डेढ़ घंटे बाद ढाई बजे महिला थाना परिसर के बाहर पूजा अचेतावस्था में मिली। पुलिस ने मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद चिकित्सकों ने शाम 6.30 बजे मृत घोषित कर दिया था। पिता ओंकार यादव की तहरीर पर रोशन यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी को जेल भी भेज दिया गया। एक युवती पर भी पिता ने आरोप लगाए।

कैंट-भेलूपुर में खुलेआम शराब पीने वालों पर कार्रवाई
वाराणसी कमिश्नरेट की ओर से शहर के सभी सर्किल में खुले में शराब पीने वाले 100 से ज्यादा लोगों पर कार्रवाई की गई। भेलूपुर जोन के तहत लंका में 20, भेलूपुर में 22 और चितईपुर में 14 शराबियों को पकड़कर कार्रवाई की गई। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अतिक्रमण अभियान और सुचार यातायात व्यवस्था के मद्देनजर कार्रवाई की जा रही है। कैंट एसीपी ने पांडेयपुर चौराहे से लेकर भीड़भाड़ वाले इलाकों से अतिक्रमण हटवाए। शराब की दुकानें, मॉडल शॉप की चेकिंग कर सड़क पर शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई l 

साबरमती एक्सप्रेस की एसी बोगी में शॉर्ट सर्किट से लगी आग
शॉर्ट सर्किट से शनिवार को सुबह 8.05 बजे कैंट स्टेशन के वाशिंग लाइन में खड़ी साबरमती बीजी-वाराणसी एक्सप्रेस 20963 के एसी कोच में अचानक आग लग गई। इसके चलते चादर, तकिए और तार जल गए। वहां मौजूद रेल कर्मचारियों ने तुंरत आग पर काबू पा लिया। आरपीएफ थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि साबरमती बीजी-वाराणसी एक्सप्रेस सुबह 5.55 बजे कैंट स्टेशन पहुंची थी। 

पैडलॉकिंग के बाद ट्रेन को मेंटनेस के लिए वाशिंग लाइन ले जाया गया जहां सुबह करीब 8.05 बजे वाशिंग लाइन में बी-4 कोच में आग लगने की सूचना मिली। फायर अलार्म बजने पर स्टॉफ मौके पर पहुंचे। कोच के फायर डिटेक्टर सिस्टम से धुंआ निकल रहा था। आग पर काबू पाने के लिए विद्युत और कैरेज एंड वैगन स्टाफ के अलावा रेल सुरक्षा बल मौके पर पहुंचा।

ब्याज पर पैसा देकर धमकी देने वाले सात नामजद पर केस
ब्याज पर रकम देकर मूल से ज्यादा वसूलने और धमकी के मामले में शनिवार को लक्सा थाने में सात के खिलाफ पीड़िता ने केस दर्ज कराया। औरंगाबाद की सुनीता गुप्ता ने बताया कि भाई विनोद गुप्ता को ब्याज पर पैसा देने वाले परेशान कर रहे हैं। चार साल से ब्याज वसूल रहे हैं, मूल से ज्यादा ब्याज वसूल चुके हैं।

आरोपी केशव यादव, कल्लू यादव, सराय फाटक के पास बच्चू यादव, अंशु चौरसिया, किशन यादव और लकडू यादव व दालमंडी के रशीद पैसे के लिए धमका रहे हैं। भाई जान देने की बात कहते हुए हरिश्चंद्र घाट की ओर गया है। खोजबीन की जा रही है। लक्सा थानाध्यक्ष दयाराम ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है। 

विश्व हिंदू परिषद के नेता को धमकी, केस दर्ज
इंग्लिशिया लाइन में विश्व हिंदू परिषद के नेता को फोन पर धमकी के मामले में शनिवार को सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पीड़ित विनोद दुबे ने पुलिस को बताया कि वह इंग्लिशिया लाइन कार्यालय में शुक्रवार रात था। अनजान नंबर से फोन आया और देख लेने की धमकी दी। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि अनजान नंबर को ट्रेस कराया जा रहा है। 

पॉक्सो का आरोपी गिरफ्तार
पॉक्सो के मामले में वांछित राजू सिंह को कपसेठी पुलिस ने शनिवार को भुसौला बाराडीह तिराहे के पास से गिरफ्तार किया। डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने बताया कि कपसेठी के भुसौला बाराडीह निवासी राजू सिंह के खिलाफ नाबालिग से अश्लील हरकत करने व परिजनों से मारपीट का मुकदमा दर्ज है। 

दशाश्वमेध-गोदौलिया मार्ग पर अतिक्रमण में दुकानदार पर केस
दशाश्वमेध-गोदौलिया मार्ग पर अतिक्रमण कर खिलौना बिक्री के मामले में दुकानदार संतोष गुप्ता के खिलाफ दशाश्वमेध थाने में केस दर्ज किया गया। इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि संजय गांधी मार्केट के बाहर रामनगर के रहने वाले संतोष ने सड़क पर अतिक्रमण किया था। 

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार करें फॉगिंग और चूने का छिड़काव
डीएम सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को बाढ़ से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों और बाढ़ चौकी प्राथमिक विद्यालय, सलारपुर का निरीक्षण किया। सलारपुर गांव में ग्रामीणों से बात कर स्थिति के बारे में पूछा। डीएम ने नायब तहसीलदार को हाइजेनिक किचन, शौचालय, गैस कनेक्शन, मेन्यू के अनुसार भोजन, टेंट की व्यवस्था, मौके पर डॉक्टर की उपलब्धता, विद्युत सेफ्टी, बेहतर साफ-सफाई के प्रबंध करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि फॉगिंग व चूने का छिड़काव भी लगातार कराते रहें। बाढ़ चौकी स्थापित होने के बाद बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके प्रबंध के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिया। डीएम ने सामने घाट ज्ञान प्रवाह नाले का निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि ज्ञान प्रवाह नाले पर 10 पंपिंग मशीन लगाई जाए जिससे यहां पानी का भराव ना होने पाए। इसके बाद डीएम ने कलेक्ट्रेट स्थित बाढ़ नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया।

साबरमती ट्रेन में लगी आग, नहीं कोई नुकसान
साबरमती ट्रेन 20963 में शनिवार को अचानक शॉर्ट सर्किट से बी-4 में आग लग गई। ट्रेन वॉशिंग लाइन में खड़ी थी। इसके चलते कोई नुकसान नही हुआ। आरपीएफ प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि बी-4 कोच में आग लगने से छत का कुछ हिस्सा, केबल, चादर और पिलो कवर जल गई है। वहां मौजूद रेलकर्मियों ने तुरंत आग पर पा लिया काबू लिया।

जमीन पर कब्जे के मामले में तुरंत दर्ज करें केस
बाबतपुर के बड़ागांव थाना परिसर में शनिवार को अपर पुलिस आयुक्त अपराध राजेश कुमार सिंह ने जनसुनवाई में फरियादियों से संवाद किया। थानाध्यक्ष को निर्देशित किया कि जमीन से जुड़े विवादों पर सख्ती से कार्रवाई हो। कोई किसी की भूमि पर कब्जा करता है तो कठोर कार्रवाई कर मुकदमा दर्ज करें। बड़ागांव की दुलारी देवी ने वृद्धा पेंशन न मिलने की शिकायत की, उन्होंने मौके पर तहसील अधिकारियों से वार्ता कर पेंशन जल्द दिलाने का आश्वासन दिया। 

बसनी हकीम बाजार निवासी एकलाख ने पड़ोसी पर मकान के सामने जबरन खिड़की खोलने की शिकायत की। जनसुनवाई में कुल 15 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए, जिनमें 12 राजस्व विभाग, 3 पुलिस विभाग से संबंधित थे। मौके पर ही पुलिस के 3 व राजस्व के 2 मामलों का निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभाग की टीम को मौके पर जाकर निस्तारित करने के निर्देश दिए।

युवती को सोशल मीडिया पर लिखा अपशब्द, पांच पर केस
सारनाथ के पहड़िया की युवती की तहरीर पर पुलिस ने सोशल मीडिया पर अपशब्द लिखकर वायरल करने के मामले में 5 पर मुकदमा दर्ज किया है। युवती ने तहरीर में बताया पहड़िया निवासी राहुल पासवान, गोलू पासवान, नकुल राजभर, अजय, अभय राजभर ने अपशब्द लिख कर इंस्टाग्राम व फेसबुक पर वायरल कर दिया है। थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि अभय से युवती की पहले दोस्ती थी, लेकिन कुछ महीने से अभय से बातचीत बंद हो गई थी। तहरीर पर पांच युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

सरैया बाजार से ई-रिक्शा चोरी, मुकदमा दर्ज
जैतपुरा थाना क्षेत्र के सरैया बाजार से ई-रिक्शा चोरी के मामले में शुक्रवार को मुकदमा दर्ज हुआ है। पठानी टोला निवासी परवेज इकबाल खान ने बताया कि 3 जुलाई को उसका ई रिक्शा चोरी हो गया था। खोजने के बाद भी नहीं मिला तो शुक्रवार को मुकदमा दर्ज कराया। थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा दर्जकर ई-रिक्शा की तलाश की जा रही है। 

नाबालिग को भगाने के मामले में दो पर केस
नाबालिग को भगाने के मामले में दो लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ है। पिता ने तहरीर में बताया कि 15 साल की बेटी को शिवपुर निवासी जयप्रकाश राजभर (23) व पिता जियालाल 8 जुलाई को गुमराह कर साथ ले गए। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। थाना प्रभारी जगदीश कुशवाहा ने बताया कि मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी गई है।

मुकदमों के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर ईओडब्ल्यू के इंस्पेक्टर निलंबित
मुकदमों के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर आर्थिक अपराध शाखा वाराणसी सेक्टर के निरीक्षक चंद्र प्रकाश त्रिपाठी को निलंबित कर दिया गया है। शनिवार को डीजी ईओडब्ल्यू नीरा रावत के आदेश पर कार्रवाई हुई।

आर्थिक अपराध शाखा वाराणसी सेक्टर के पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि पांच साल में इंस्पेक्टर चंद्र प्रकाश त्रिपाठी को सौंपे गए मुकदमों के निस्तारण का ग्राफ काफी कम रहा। जिसकी वजह से कार्रवाई की गई है। सभी इंस्पेक्टर को निर्देशित किया गया है कि मुकदमों के निस्तारण में तेजी लाएं। डीजी ईओडब्ल्यू का सख्त निर्देश है कि जितने भी पुराने मुकदमे हैं, सभी का निस्तारण तेजी से करें।

आश्रम पर कब्जे के मामले में पांच के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज
हरिश्चंद्र घाट में आश्रम पर कब्जे के मामले में पांच के खिलाफ भेलूपुर थाने में धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज किया गया है। सतुआ बाबा पीठ के महंत संतोष दास सतुआ बाबा की तहरीर पर शुक्रवार रात मुकदमा दर्ज हुआ। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी अभिनव पांडेय, साझमा, स्वामी परमेश्वरानंद, श्वेताभ पांडेय, संतोषानंद के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचित व धमकी मामले में केस दर्ज किया गया है। 

सतुआ बाबा की तहरीर के अनुसार, अभिनव पांडेय आश्रम से स्नेह रखते थे। अभिनव ने कुछ माह पूर्व आश्रम के सहयोग 1 करोड़ 11 लाख चेक दिया। आश्रम की सेवा के लिए 84 लाख का चेक सतुआ बाबा ने दिया। दोनों चेक क्लियर होने के बाद अभिनव पांडेय ने कोई कागजात सतुआ बाबा को नहीं दिए। हरिश्चंद्र घाट में आश्रम साईं मां विष्णु शक्ति ट्रस्ट सेवा सतुआ बाबा के नाम से है। 

इस आश्रम पर साईं मां उनके आदमियों और विदेशी व्यक्तियों की ओर से कब्जा किया जा रहा हैं। जान से मारने की धमकी दी जा रहा हैं। अभिनव पांडेय उनके भाई श्वेताभ पांडेय उनके साथ कई लोग सतुआ बाबा का फर्जी हस्ताक्षर कर नोटरी पेपर तैयार किया है।

गालीगलौज और मारपीट के मामले में चार पर मुकदमा
चितईपुर थाना क्षेत्र के मलिहान बस्ती निवासी बच्चन विश्वकर्मा की तहरीर पर गालीगलौज और मारपीट के मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। बच्चन ने तहरीर में बताया कि शुक्रवार शाम घर के बाहर बैठा था। तभी रामजी वर्मा, अंशु वर्मा, पूनम वर्मा और मोना ने बेटे रवि विश्वकर्मा और मेरे साथ गालीगलौज कर की। मारपीट में दोनों लोग घायल हो गए। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी गई है। 

घर से लापता किशोरी पुणे से मिली
एक गांव में पांच जुलाई को लापता किशोरी पुलिस को पुणे से मिली। परिजनों ने गांव के ही जितेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस मोबाइल लोकेशन और तकनीकी सर्विलांस से शुक्रवार शाम किशोरी के साथ जितेंद्र को पुणे में बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस जितेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि किशोरी बीते शनिवार को घर से पढ़ने के लिए स्कूल के लिए निकली। देर शाम तक घर न आने पर परिजनों ने किशोरी की काफी खोजबीन की। अगले दिन रविवार को परिजनों ने मुकदमा दर्ज कराया था।

जिला जेल में बंदी ने चम्मच से काटी अपनी गर्दन
जिला कारागार में बंदी शुग्गन (23) ने शनिवार को चम्मच से अपनी गर्दन काटकर खुदकुशी का प्रयास किया। सोनभद्र के रायपुर थाना क्षेत्र के पौनी गांव निवासी शुग्गन ने चम्मच को धारदार हथियार बनाकर गर्दन काट ली। जेल प्रशासन ने उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया।

जिला जेल अधीक्षक सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि छह जुलाई को अपहरण और दुष्कर्म के मामले में शुग्गन को शिवपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया था और जेल भेजा था। शुग्गन ने सुबह बैरक के अंदर गर्दन पर वार किया और लहूलुहान होकर गिर पड़ा। बंदियों ने इसकी सूचना बंदी रक्षक को दी। 

लहूलुहान शुग्गन को मंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया जहां से बीएचयू के ट्रॉमा सेंंटर रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों की निगरानी में बंदी का उपचार चल रहा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बंदी ने यह कदम किन कारणों से उठाया है। बंदी के मानसिक स्वास्थ्य की स्थिति का भी पता लगाया जा रहा है। बैरक के अन्य बंदियों से भी पूछताछ की जा रही है।

गुजरात का रहने वाला रोहित था रेलकर्मी का हत्यारोपी
जंक्शन पर रेलकर्मी की रॉड मारकर हत्या करने के बाद भाग कर ट्रेन में चढ़ने के दौरान फिसलकर पहिए के नीचे आकर जान गंवाने वाले युवक की पहचान हो गई है। वह गुजरात के बनासकांठा जिले के गोठाडा गांव का निवासी रोहित कुमार रताजी (32) था। उसकी पहचान सीसीटीवी फुटेज और दाहिने हाथ पर गुदे अंग्रेजी के अक्षरों आईएमआर के आधार पर की गई। शनिवार को मोर्चरी पहुंचकर पिता रताजी व अन्य परिजनों ने शव की पहचान की। 

पिता ने बताया कि चार बेटों में दूसरे नंबर का रोहित मानसिक रूप से अस्वस्थ था। वह अकसर बिना बताए घर से निकल जाता था। छह जुलाई को वह यह कहकर घर से निकला था कि वह ससुराल जा रहा है जो राजस्थान के मेवाड़ क्षेत्र में है। मेवाड़ गुजरात की सीमा पर स्थित है और उनके गांव के करीब ही स्थित है। 

पिता के मुताबिक आठ जुलाई को वह ससुराल से यह कहकर निकल गया किया कि वह घर लौट रहा है लेकिन इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला।10 जुलाई की सुबह जीआरपी प्रयागराज से फोन आया। रेलकर्मी की हत्या व युवक की खुदकुशी की घटना की जानकारी देते हुए बताया गया कि यह मोबाइल वारदात को अंजाम देने वाले युवक के शव के पास मिला था।

रोडवेज बस के 1116 चालक-परिचालक को मिला बोनस
महाकुंभ 2025 में ड्यूटी करने वाले उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम चालक और परिचालक को 10 हजार रुपये बोनस दिया गया। जिले में 1110 से अधिक चालक-परिचालक के बैंक खाते में 10 हजार रुपये भेज दिए गए है। रोडवेज वाराणसी परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय ने बताया कि चालक-परिचालक, कर्मचारियों को वेतन के अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि से पुरस्कृत किया गया है। शासन की तरफ से इनके खाते में सीधा पैसा आया है।

कमिश्नर ने की गश्त, खुलेआम शराब पी रहे 341 गिरफ्तार, 315 पर मुकदमा
शहर में खुलेआम दुकानों और सड़कों पर शराब पी रहे 341 लोग गिरफ्तार किए। जबकि 315 पर मुकदमा दर्ज किया गया। पकड़े गए शराबियों ने कान पकड़कर और हाथ जोड़कर माफी मांगी और आगे से शराब न पीने का वादा किया। विशेष तौर पर कैंट और लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में चेकिंग हुई। वाराणसी पुलिस ने सड़कों पर लोगों से स्पष्ट किया कि खुलेआम शराब सेवन वर्जित रहेगा। ऐसा करते पाए जाने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। 

शनिवार रात पुलिस कमिश्नर माेहित अग्रवाल समेत कई अधिकारियों ने पांडेयपुर में भ्रमण और पैदल गश्त किया। शराब की दुकानों और सार्वजनिक स्थलों पर शराबियों की गहन चेकिंग की गई। मॉडल शॉप के बाहर निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिया कि शराब की दुकानों पर चखना बेचने वालों के वैध लाइसेंस की आबकारी विभाग के साथ मिलकर जांच कराई जाए।

सावन के पहले सोमवार को बंद रहेगा काशी विद्यापीठ
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सावन के पहले सोमवार के उपलक्ष्य में 14 जुलाई को अवकाश रहेगा। कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय ने बताया कि कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी के आदेशानुसार अवकाश घोषित किया गया है। यह भी बताया कि इस दिन होने वाली सभी परीक्षाएं अपने पूर्व निर्धारित समय पर संचालित होंगी और मूल्यांकन कार्य भी चलते रहेंगे। परीक्षा एवं मूल्यांकन से सम्बद्ध लोग भी अपना कार्य सम्पादित करेंगे।

तीन को संन्यास दीक्षा और 30 छात्रों को दी छात्रवृत्ति
इंटरनेशनल वेदांत सोसाइटी की ओर से रथयात्रा स्थित कन्हैया लाल गुप्ता स्मृतिभवन में आध्यात्मिक संध्या अनुष्ठान हुआ। सोसाइटी के महासचिव स्वामी प्रबुद्धानंद पुरी ने गुरुपूजन के बाद तीन को संन्यास दीक्षा दिलाई। 30 छात्रों को छात्रवृत्ति, 11 असहाय वृद्धों की मदद और मूकबधिर को विद्यालय में कंप्यूटर दिया। स्वामी प्रबुद्धानंद पुरी ने गुरु भगवान की स्मृति में एक छात्रवृत्ति कार्यक्रम भगवान प्रेमामृत का उद्घाटन किया। 

इसके तहत बंगाली टोला इंटर कॉलेज और दुर्गा चरण गर्ल्स इंटर कॉलेज के कक्षा छह से 12 में पढ़ने वाले गरीब छात्रों को पांच-पांच हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी। सेवक बप्पादित्य पाल, एम्स्टर्डम की मिस मेरेन और लंदन की ललिता देवी को ब्रह्मचर्य संन्यास दीक्षा दी गई। उनका वैदिक यज्ञ उपनयन संस्कार हुआ। देवब्रत मिश्र का गायन, श्रीकृष्ण मिश्रा का वादन और 11 महिलाओं शंखनाद किया। इस मौके पर ब्रह्मचारी वासुदेव चैतन्य, ब्रह्मचारिणी प्रभा मां रहीं।

जिले के 96 परिषदीय विद्यालयों से हटेंगे हाईटेंशन तार, 2 करोड़ का प्रस्ताव
परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से गुजरने वाले हाईटेंशन तारों को हटाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने लगभग दो करोड़ रुपये का प्रस्ताव निदेशालय को भेजा है। जिले के 96 विद्यालयों की सूची इसके लिए जारी की गई है। जल्द ही बिजली निगम के सहयोग हटाने का काम शुरू होगा। हाईटेंशन तार, जिनके संपर्क में आने से गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं, कई परिषदीय विद्यालयों के भवनों के बहुत करीब से गुजर रहे हैं। 

बारिश के मौसम में या हवा के तेज चलने पर तारों के टूटने या ढीले होने का खतरा और बढ़ जाता है। बेसिक शिक्षा अधिकारी भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि 96 विद्यालयों की सूची तैयार है, जहां से हाईटेंशन तार गुजर रहे हैं। प्रस्ताव में प्रत्येक विद्यालय के लिए तारों को हटाने, भूमिगत करने या मार्ग बदलने की अनुमानित लागत भी तैयार की गई है। 

परियोजना पर एक करोड़ 99 लाख 96 हजार 285 रुपये खर्च होने का अनुमान है। इस राशि का उपयोग नए पोल लगाने, तारों को इन्सुलेट करने और सुरक्षा मानकों के अनुसार उन्हें हटाने का काम किया जाएगा। बजट को मंजूरी मिलने के बाद, परियोजना को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए विद्युत निगम के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।

तीन दिन बिजली वितरण खंड पर लगेगा कैंप
वाराणसी। बिजली निगम की ओर से उपभोक्ताओं की बिजली बिल संबंधी समस्याओं को लेकर 17 से 19 जुलाई तक सुबह 10 से 5 बजे तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत हर वितरण खंड में मेगा कैंप लगाया जाएगा। इसमें नया कनेक्शन देने, भार वृद्धि, खराब मीटर, बिल संशोधन, बिल जमा करने सहित अन्य शिकायत उपभोक्ता बता सकेंगे। इस दौरान अधिशासी अभियंता, उपखंड अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे। मेगा कैंप में हर शिकायत का पंजीकरण 1912 हेल्पडेस्क पर कराया जाएगा। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि बिल रिवीजन की कार्यवाही एक सप्ताह में पूरी करवाई जाएगी।

ऑपरेशन नन्हें फरिश्ते के आरपीएफ ने पांच बच्चों को बचाया
रेलवे सुरक्षा बल की एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट टीम ने शनिवार को ऑपरेशन नन्हें फरिश्ते के तहत रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सहायक उप निरीक्षक धर्मेंद्र यादव, कांस्टेबल प्रियंका मणि दुबे और कांस्टेबल निशा ने प्लेटफार्म संख्या 8 और 9 से नाबालिग बच्चे अभिषेक (10) और अंशु (9), रोहन (9), सोनू (8) को रेस्क्यू किया। वहीं नए फुट ओवर ब्रिज से एक (9) वर्षीय मुख बधिर बच्चे को रेस्क्यू किया गया।। आरपीएफ प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि रेस्क्यू कर चाइल्ड लाइन को सौंप दिया गया है। इसके परिजनों को खोजा जा रहा है। 

11 स्थानों पर बना कांवड़ियों का शिविर, महिलाओं के रुकने की अलग से की जा रही व्यवस्था
द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रधान ज्योतिर्लिंग काशी विश्वनाथ के जलाभिषेक के लिए काशी में आम श्रद्धालुओं के साथ ही बड़ी तादाद में कांवड़िये भी आते हैं। इसमें महिला कांवड़ियों की संख्या भी काफी ज्यादा रहती है। जिला प्रशासन सावन के दौरान महिला कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रख रही है। 

महिला कांवड़ियों के लिए शिविरों में अलग से व्यवस्था की जा रही है। अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने बताया कि कांवड़ियों के आराम के लिए शहर में 11 स्थान पर शिविर बनाए गए हैं। कांवड़ियों को सामान रखने के लिए चौक में अमानती घर बनाया गया है। 

अपर नगर आयुक्त ने बताया कि प्रत्येक शिविर में लाइट, पंखा, पेयजल, चार्जिंग पॉइंट आदि की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा चार विभागों की क्विक रिस्पांस टीम बनाई गई है, जिसमें जलकल, आलोक, स्वास्थ्य विभाग व सामान्य अभियंत्रण विभाग शामिल है। ये सभी विभाग किसी भी सूचना पर तत्काल सड़क, सीवर सफाई, पेयजल तथा सड़कों आदि स्थानों पर प्रकाश से जुड़ी समस्याओं का समाधान करेंगे।

डीजी जेल ने हाई सिक्योरिटी बैरक में जम्मू-कश्मीर के बंदियों से किया संवाद, रोपा चंदन का पौधा
डीजी जेल पीसी मीणा ने शनिवार को सेंट्रल जेल का निरीक्षण किया। परिसर में चंदन का पौधा रोपा और हाई सुरक्षा बैरक में संवेदनशील बंदियों के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर के बंदियों से संवाद किया। पाकशाला में बंदियों के लिए भोजन की गुणवत्ता परखी। कारागार अस्पताल में भर्ती बंदियों से स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली।

डीजी जेल ने सर्किल नंबर-4 में सिलाई उद्योग, बेकरी उद्योग व साड़ी उद्योग का हाल जानने के बाद सर्किल-4 में स्थापित वाटिका देखी। विभिन्न जड़ी-बूटियों की जानकारी ली। गोशाला में गाय व बछड़ों को गुड़ और हरी घास खिलाई। डीजी जेल ने कारागार अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याओं को भी सुना और समाधान का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र, वरिष्ठ परामर्शदाता लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, वरिष्ठ चिकित्साधिकारी अभिषेक कुमार सिंह, जेलर अखिलेश कुमार, डिप्टी जेलर अखिलेश कुमार मिश्र रहे।

ममता पाल का केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने किया सम्मान
अमेरिका में वर्ल्ड पुलिस खेल की एथलेटिक्स में स्वर्ण पदक जीतकर लौटी ममता पाल को केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने सम्मानित किया। उनके सम्मान में स्वागत यात्रा निकाली गई। इसमें तिरंगे के साथ लोग शामिल हुए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने ममता पाल को स्मृति चिह्न दिया।

कहा कि ममता पाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों को साकार किया है। कैंट रेलवे स्टेशन से समर्थकों ने गाजे बाजे के साथ रोहनिया, मोहनसराय, मातलदेई में स्वागत किया। रोहनिया विधायक डाॅ. सुनील पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, राष्ट्रीय सचिव अपना दल एस उदय प्रताप प्रधान, डॉ. महेंद्र सिंह पटेल, प्रवेश पटेल मौजूद रहे।

सात करोड़ रुपये से टाटा लैब बनकर तैयार, सुपुर्दगी का इंतजार
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) करौंदी और चौकाघाट में 7.08 करोड़ रुपये की लागत से टाटा की आधुनिक प्रयोगशाला बनकर तैयार है। लेकिन अब तक इसे संस्थान को सुपुर्द नहीं किया गया है। आईटीआई करौंदी और चौकाघाट की दोनों प्रयोगशालाओं में तीन-तीन नए कोर्स की सुविधा है। 

साथ ही गुणवत्ता परक शिक्षा के लिए प्रदेश सरकार ने टाटा टेक्नोलॉजी लिमिटेड के साथ करार किया है। इसमें पांच कोर्स भी शुरू होने थे, लेकिन शिक्षक के अभाव में तीन तीन कोर्स में आवेदन लिए गए। आईटीआई करौंदी में मैकेनिक, इलेक्ट्रिक व्हीकल, इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स एंड डिजिटल मैन्यूफैक्चरिंग टेक्नीशियन और प्लंबर के कोर्स हैं। 

इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स एंड डिजिटल टेक्नीशियन में 40 सीटें, मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल में भी 24 सीटें है। जबकि एडवांस प्लंबर में 48 सीट हैं। आईटीआई करौंदी के प्रधानाचार्य मुकेश कुमार ने बताया कि सुपुदर्गी की प्रक्रिया चल रही है। इसके जल्द की पूरी होने के बाद संस्थान की ओर से प्रयोगशाला का संचालन किया जाएगा।

मेयर अशोक कुमार तिवारी। - फोटो : अमर उजाला
नगर निगम से जुड़ी समस्याओं के लिए 1533 पर करें कॉल : मेयर
मेयर अशोक तिवारी ने शनिवार को नगर निगम के अफसरों के साथ चितरंजन पार्क, दशाश्वमेध से मैदागिन तक पैदल निरीक्षण किया। नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने व्यापारियों से प्लास्टिक के झोले न प्रयोग करने को कहा। इस दौरान कपड़े के बने झोले भी वितरित किए। कहा कि किसी भी शिकायत के लिए नगर निगम का टोल फ्री नंबर 1533 प्रसारित किया गया है। 

नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने कहा कि श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर परिक्षेत्र और उसके आस-पास के क्षेत्रों में नगर निगम ने विशेष सफाई की व्यवस्था की है। नागरिकों से अपील की है कि सड़कों पर कूड़ा न फेकें। निरीक्षण में उपसभापति नरसिंह दास, अपर नगर आयुक्त सविता यादव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. एसके चौधरी, जोनल स्वच्छता अधिकारी रविचंद्र निरंजन, क्षेत्रीय स्वास्थ्य निरीक्षक आशीष श्रीवास्तव, डाक्यूमेंट मैनेजर प्रीति सिंह, आईईसी विशेषज्ञ सरिता तिवारी मौजूद रहे। 

पशु स्वास्थ्य शिविर में 382 पशुओं को मिली दवा, 268 का टीकाकरण
बाढ़ के दौरान पशुओं को सुरक्षित रखने और बीमारियों से बचाने बाढ़ के लिए शनिवार को गंगा नदी के किनारे चांदपुर गांव में पशु स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। इसमें 382 पशुओं को दवा दी गई और 268 का टीकाकरण किया गया। शिविर में आए पशुपालकों को उनके जानवरों की नियमित साफ-सफाई, बीमारियों से बचाव और उनकी देखभाल के बारे में जानकारी दी गई। क्षेत्रीय पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरए चौधरी ने बताया कि शिविर में कुल 382 पशुओं को कृमिनाशक दवा (कीड़ों से बचाव की दवा) वितरित की गई। 268 पशुओं को हेमोरजिक सेप्टिसीमिया (एचएस) का टीका लगाया गया।

महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ। - फोटो : अमर उजाला
शिक्षण संस्था के विकास में पुरातन छात्रों का अहम योगदान
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की ओर आयोजित पुरातन छात्र समागम में छात्रों ने पुरानी यादों को साझा किया। प्रो. राजेश मिश्र ने कहा कि हर व्यक्ति किसी न किसी कर्तव्यों से बंधा होता है। सभी को कर्तव्यों का पालन करना चाहिए। कहा कि शिक्षण संस्था के विकास में पुरातन छात्रों का योगदान अहम होता है। प्रो. राजेश ने कहा कि पुरातन छात्र संस्था के रीढ़ होते हैं। 

एलुमनी सेल के निदेशक प्रो. नलिनी श्याम कामिल ने सेल के उद्देश्यों की विस्तार से चर्चा की। समर्थ पोर्टल पर पुरातन छात्रों को पंजीकरण करने की प्रक्रिया के बारे में बताया। पुरातन छात्र डॉ. विनोद सिंह ने विभाग की उपलब्धियों को गिनाया। संचालन डॉ. प्रभा शंकर मिश्र, स्वागत डॉ. मनोहर लाल, धन्यवाद डॉ. नागेंद्र पाठक ने किया। इस दौरान डॉ. रमेश कुमार सिंह, अजीत पांडेय, प्रशांत शर्मा, प्रिया श्रीवास्तव मौजूद रहे।

यूपी कॉलेज में पीजी एंट्रेंस का रिजल्ट और कटऑफ जारी
उदय प्रताप कॉलेज के स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा 2025-26 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। 18 जुलाई से काउंसिलिंग शुरू होगी। दाखिला पाने वालों की मुख्य सूची जारी की जाएगी। वेटिंग लिस्ट वालों की काउंसलिंग 22 जुलाई को होगी। मुख्य और प्रतीक्षा सूची में चयनित उम्मीदवार अपना अनुक्रमांक यूपी कॉलेज की वेबसाइट www.upcollege.ac.in के Notice में जाकर पाठ्यक्रम के पीडीएफ को डाउनलोड कर देख सकते हैं। 

कृषि से एमएससी का जनरल कटऑफ 89 से 87 अंक तक गया। गणित एमएससी का 48 से 34, एमएससी केमेस्ट्री 63 से 48, एमएससी जूलॉजी 75 से 62, बॉटनी 72 से 52, फिजिक्स 72 से 57 और एमकॉम का कटऑफ 75 से 66 अंक तक चला गया। जनरल के अलावा बाकी सभी वर्गों की भी कटऑफ लिस्ट यूपी कॉलेज की वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। 

रोटरी क्लब बनारस के अध्यक्ष बने विजय
रोटरी क्लब बनारस का 81वां शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को कैंटोमेंट स्थित एक होटल में हुआ। विजय जायसवाल ने क्लब के नए अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाला। शुरुआत में पूर्व अध्यक्ष संतोष कश्यप ने बीते वर्ष की उपलब्धियों को साझा किया और योगदान देने वाले सदस्यों को सम्मानित किया।

पूर्व सचिव मुकेश पाठक ने क्लब की गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। नव नियुक्त अध्यक्ष विजय जायसवाल ने इस वर्ष किए जाने वाले विभिन्न सेवा कार्यों की रूपरेखा प्रस्तुत की। इनमें गरीब महिलाओं को सिलाई मशीन, छात्राओं को साइकिल वितरण, प्राथमिक विद्यालयों का उन्नयन, रक्तदान शिविर और पौधरापण शामिल रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पूनम गुलाटी, आशुतोष अग्रवाल मौजूद रहे।

नगर निगम वाराणसी। - फोटो : अमर उजाला
बंद रखने के आदेश के बाद भी खुल रही मीट-मछली की दुकानें
नगर निगम में शुक्रवार को हुई कार्यकारिणी बैठक में सावन भर मीट मछली की दुकानों को बंद रखने का आदेश दिया गया था। इसके बाद भी कई जगहों पर दुकानें खुल रही हैं। कई जगहों पर दुकान का शटर बंद है लेकिन घरों से मीट की सप्लाई जारी है। 

सारनाथ क्षेत्र में शनिवार को पुरानेपुल चौकी से करीब 100 कदम की दूरी पर ही मीट की दुकानें खुली थीं। पर्दा लगाकर उनकी बिक्री की जा रही थी। दुर्गाकुंड के नवाबगंज क्षेत्र में दुकानों के शटर डाउन रहे लेकिन घरों में लोगों की आवाजाही दिनभर जारी रही। रोहनिया क्षेत्र में मुख्य सड़क पर मीट की दुकानें बंद रही लेकिन कुछ गलियों में मीट की दुकानें खुली रहीं।

शनिवार को शहर में कई जगह अभियान चलाकर चेकिंग की गई। सोमवार से पूरे नगर निगम क्षेत्र में एक साथ अभियान चलाया जाएगा। दुकानें खुली मिलीं तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यदि कहीं घरों से व्यापार हो रहा है तो उसकी भी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

एक साथ 51 सौ पौधों का हुआ रोपण
एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत कठिराव स्थित सरजू प्रसाद इंटर काॅलेज के परिसर में एकलव्य वन के स्थापना के लिए एक साथ 51 सौ पौधरोपण किया गया। पिंडरा से भाजपा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने पर्यावरण संरक्षण में पीपल, बरगद और पाकड़ के पौधे लगाकर अभियान की शुरुआत की।

स्कूली बच्चे, शिक्षक, भाजपा कार्यकर्ता, ग्रामीण सहित गणमान्यों ने पौधरोपण में भाग लिया। विधायक ने कहा कि वन संरक्षण से पर्यावरण का संतुलन बना रहेगा। इस दौरान उप जिलाधिकारी पिंडरा प्रतिभा मिश्रा, क्षेत्रीय वन अधिकारी पंकज सिंह, भूपेंद्र दुबे, संतलाल यादव, पंकज चौरसिया, अजय पटेल मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री से मिले आयुष मंत्री, काशी में श्रद्धालुओं की व्यवस्थाओं पर चर्चा
आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने शनिवार को लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। काशी में श्रावण मास के अवसर पर आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की तैयारियों, श्रद्धालुओं की सुविधा व्यवस्था पर चर्चा कर उन्हें जानकारी दी। आयुष मंत्री के जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी ने बताया कि भेंट के दौरान आयुष मंत्री डॉ. दयालु ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गोरखपुर स्थित नवनिर्मित आयुष विश्वविद्यालय के लिए उनका आभार जताया। कहा कि यह विश्वविद्यालय आयुष चिकित्सा पद्धति के उत्थान, शोध एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। 

मार्कंडेय महादेव से जल लेकर कांवड़िया रवाना
शिवालयों में जलाभिषेक के लिए शनिवार को बड़ी संख्या में मार्कंडेय महादेव मंदिर और गौरा उपरवार गंगा घाट से जल लेकर कांवड़ियां रवाना हुए। सावन के पहले सोमवार पर त्रिलोचन महादेव धाम जौनपुर सहित अन्य शिव मंदिरों में कांवड़ियों के साथ श्रद्धालुओं का रेला उमड़ेगा। कैथी के मार्कंडेय महादेव और गौरा उपरवार मौनी बाबा आश्रम में दूर-दराज के कांवड़ियों ने डेरा डाल दिया है। इस दौरान सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। कांवड़ियां हर-हर महादेव और बोल बम का जयघोष करते हुए चल रहे थे। 

डीसीपी वरुणा ने ई-रिक्शा में सवार होकर कांवड़िया रूट का जाना हाल
डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने एडीसीपी और एसीपी के साथ शनिवार को मंडुवाडीह व रोहनिया के प्रमुख शिव मंदिरों और कांवड़ मार्ग का निरीक्षण ई-रिक्शा में सवार होकर किया। सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्लानिंग, श्रद्धालुओं की सुविधाएं, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था व मेडिकल सहायता की उपलब्धता का विशेष रूप से जायजा लिया। 

डीसीपी ने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि सावन में किसी प्रकार की अव्यवस्था, जाम या श्रद्धालुओं को असुविधा न हो, इसके लिए मुकम्मल प्रबंध किए जाएं व सभी अपने-अपने क्षेत्र की रिपोर्ट देंगे। डीसीपी प्रमोद कुमार ने बताया कि कर्मदेश्वर महादेव मंदिर, शूलटंकेश्वर महादेव मंदिर और कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया गया। यहां उचित व्यवस्थाएं बिजली, सीसी कैमरे समेत अन्य व्यवस्थाएं दुरूस्त रखने का निर्देश दिया गया।

बीएचयू स्त्री रोग विभाग की टीम ने छात्राओं को किया जागरूक
आईएमएस बीएचयू स्त्री रोग विभाग की टीम ने यूपी कॉलेज परिसर स्थित रानी मुरार कुमारी बालिका इंटर कॉलेज में छात्राओं को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर एडोलसेंट हेल्थ एंड डेवलपमेंट के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में स्त्री रोग विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. शिखा सचान ने पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता और एचपीवी टीकाकरण के बारे में छात्राओं को विस्तार से बताया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्राचार्या डॉ. ममता और उप-प्राचार्या श्रीमती निशा त्रिपाठी द्वारा स्वागत भाषण से हुई।

डॉ. शिखा सचान ने बताया क किशोरावस्था में संतुलित पोषण पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। इसमें आयरन, कैल्शियम, प्रोटीन और पानी की पर्याप्त मात्रा में सेवन करना चाहिए। जिससे कि ऊर्जा स्तर, हार्मोन संतुलन और प्रतिरक्षा प्रणाली मजबूत बनी रहे। डाॅ. सचान ने मासिक धर्म स्वच्छता पर खुलकर चर्चा की। उन्होंने मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों को भी दूर किया।

गुजरात में बीएचयू के वीसी ने शिक्षा मंत्री के सामने गिनाईं उपलब्धियां
वाराणसी। बीएचयू समेत देश भर के कुलपतियों के साथ केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गुजरात के नर्मदा जिले में स्थित केवड़िया में बैठक की। इसमें हिस्सा लेने पहुंचे बीएचयू के कार्यवाहक कुलपति प्रो. संजय कुमार ने आईओई स्कीम से किए गए खर्चों को अपनी उपलब्धियां बताईं। बताया कि बीएचयू नमस्ते ऐप, टॉप 500 संस्थानों की फैकल्टी, स्मार्ट क्लासरूम समेत कई उपलब्धियों को गिनाया।
विज्ञापन

बनारस में औसत से 13 और पूर्वी यूपी में 18 फीसदी कम बारिश
बनारस का तापमान फिर से बढ़ने लगा है। शनिवार को अधिकतम तापमान शुक्रवार के मुकाबले दो डिग्री ऊपर चला गया। पूरे दिन तेज धूप रही, हालांकि बीच-बीच में बादल भी मंडराते दिखे और बूंदाबांदी भी हुई। शहर में आठ मिलीमीटर की बारिश हुई। शनिवार को बनारस का अधिकतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री कम 33.4 डिग्री सेल्सियस तक चला गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री नीचे 27 डिग्री सेल्सियस तक आया। बहरहाल मानसून के बादल पूर्वी यूपी से ज्यादा पश्चिमी यूपी में बरस रहे हैं। 

मौसम विभाग के अनुसार एक जून से लेकर 12 जुलाई तक प्रदेश के 50 जिलों में औसत से 18 फीसदी कम 173.6 मिमी बरसात हुई। वहीं पश्चिमी यूपी के 23 जिलों में औसत से 47 फीसदी ज्यादा 237.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। बनारस में औसत से 13 फीसदी कम 166.8 मिमी बारिश हुई। यहां पर औसतन 191.5 मिमी बारिश होनी चाहिए थी। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बनारस में अगले चार दिनों तक बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें