महिला की मौत पर हंगामा
लंका थाना क्षेत्र के साकेतनगर में एक निजी अस्पताल में मंगलवार को एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा मचाया। परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना पाकर मौके पर पहुंची लंका पुलिस ने किसी तरह समझा बुझाकर मामले को शांत करवाया। हालांकि, परिजनों ने कोई लिखित शिकायत पुलिस से नहीं की। बिहार के रोहतास बहुआरा निवासी बिट्टू सिंह ने पत्नी नीलू सिंह (28) को साकेतनगर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। भाई संतोष कुमार ने बताया कि सोमवार को अस्पताल में भर्ती करने के बाद डॉक्टर ने छोटे भाई की पत्नी की बच्चेदानी का ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के थोड़ी देर बाद ही डॉक्टर ने बताया कि फिर से ऑपरेशन करना है। दो बार ऑपरेशन के बाद मंगलवार को सुबह ब्लीडिंग हो रही थी तो डॉक्टर फिर ओटी में ले गए। इसके बाद मरीज की मौत हो गई। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि परिजनों और अस्पताल संचालक से बातचीत की गई। परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।
साइबर ठगी के मामले में सात युवक हिरासत में
साइबर ठगी के गिरोह में शामिल सात युवकों को साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने मंगलवार रात लंका थाना क्षेत्र के साकेतनगर में फ्लैट से हिरासत में लिया है। फ्लैट से पांच से अधिक लैपटॉप, पासबुक, चेकबुक, मोबाइल अन्य सामग्री बरामद हुए हैं। टेली कॉलिंग से जुड़ा मामला बताया जा रहा है। एसीपी साइबर क्राइम विदुष सक्सेना के नेतृत्व में पहुंची टीम ने फ्लैट से युवकों को हिरासत में लिया। युवकों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की ,लेकिन पुख्ता साक्ष्य और इनपुट के कारण सभी को हिरासत में लिया गया। लैपटॉप समेत अन्य उपकरणों को जब्त किया। मोबाइल, व्हाट्सएप चैट को खंगाला गया। मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर आरोपियों को हिरासत में लिया गया। संकटमोचन चौकी पर सभी को लाया गया। संदिग्ध युवकों से पुलिस पूछताछ कर रही है। नाइट शिफ्ट में भी काम चल रहा था।
सिगरा के महमूरगंज में कॉल सेंटर पर पड़ा था छापा
विभागीय सूत्रों ने बताया कि मई में सिगरा के महमूरगंज के अपार्टमेंट में कॉल सेंटर का पर्दाफाश हुआ था। जापानी नागरिकों से ठगी करने वाले कॉल सेंटर से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। सीबीआई नई दिल्ली की टीम ने छापा मारा था। बताया जा रहा है कि छह आरोपियों को पकड़वाने वाले इन्हीं गिरोह के सदस्य हैं। बदले में इन्हें भी पकड़वाया गया।
बाइक की टक्कर के बाद दो पक्षों में मारपीट, पांच घायल
मिर्जामुराद क्षेत्र के मेंहदीगंज गांव में सोमवार रात बाइक से टक्कर होने के बाद दो पक्षों में कहासुनी और फिर मारपीट हो गई। आरोप है कि एक पक्ष की ओर से लाठी-डंडे से हमला किया गया। हमले में आरिफ, रमजान, शालू, मीना और सद्दाम घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। आरिफ ने मंगलवार शाम तहरीर में थाने गांव निवासी बदरे आलम, नवसाद, सद्दाम और आलमगीर पर पीटने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।
खोजवा में कार सवार से मारपीट, क्षतिग्रस्त
भेलूपुर थाना क्षेत्र के खोजवा में ब्रिज इंक्लेव कॉलोनी में मंगलवार रात 8 बजे युवक के साथ मारपीट कर उसकी कार को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल रहा, हालांकि पुलिस के पहुंचने पर स्थिति सामान्य हो गई। ब्रिज इंक्लेव कॉलोनी निवासी प्रद्युम्न पांडेय अपनी कार से कहीं जा रहे थे। अज्ञात बाइक सवार युवकों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। युवकों ने प्रद्युम्न पांडेय के साथ मारपीट की और उनकी कार में तोड़फोड़ कर दी, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया की प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।