Varanasi News in Hindi: भाजपा के प्रदेश मंत्री (अनुसूचित जाति मोर्चा) अशोक सोनकर का व्हाट्सएप हैक कर साइबर जालसाजों ने संबंधियों से पैसे की मांग की। पीड़ित ने पुलिस आयुक्त समेत सिगरा थाने में प्रार्थना पत्र दिया। शिकायत के बाद गड़बड़ी दूर की गई। चंदुआ छित्तूपुर निवासी भाजपा नेता अशोक ने बताया कि अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले खुद को ब्लू डॉट कोरियर में पार्सल पैकेट आने का हवाला देकर एक लिंक भेजा, जिसे खोलते ही मोबाइल हैक हो गया। थोड़ी ही देर बाद उनके परिचितों को व्हाट्सएप पर 45 हजार रुपये की मदद मांगी गई। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि जांच कराई जा रही है।
ऑटो में बैठी महिला के गहने चोरी
शादी समारोह में शामिल होने जा रहीं भीटी निवासी चंद्र रेखा का पर्स खोलकर गहना चोरी कर लिया गया। वह ऑटो से लंका से भिखारीपुर जा रही थी। चंद्र रेखा ने बताया कि भिखारीपुर पहुंचने से पहले ऑटो में दो महिलाएं बुर्का पहने पास में बैठी थीं। बंगाल स्वीट हाउस के सामने मिठाई खरीदने के लिए उतरीं तो देखा कि पर्स खुला है और नेकलेस समेत अन्य जेवर नहीं थे। चंद्र रेखा ने प्राथमिकी दर्ज कराई। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि छानबीन की जा रही है।
देवरिया पुलिस ने वाराणसी से हत्या के आरोपी को किया गिरफ्तार
वाराणसी में रविवार को देवरिया पुलिस ने सारनाथ से सुनील कुमार यादव को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज थी। सर्विलांस की मदद से छह महीने से उसकी खोज की जा रही थी। आरोप है कि उसने एक युवती को हिरोइन बनाने का आश्वासन देकर नेपाल ले जाकर उसकी हत्या कर दी थी। सारनाथ के बुद्धा सिटी से देवरिया पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस दाैरान पुलिस को उसके परिजनों का भी विरोध झेलना पड़ा।
युवती को थार ने मारी टक्कर, प्राथमिकी दर्ज
चितईपर थाना के नेवाद सुंदरपुर निवासी विनय सिंह ने थार चालक के खिलाफ चितईपुर थाने में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई। विनय सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी पूजा ठाकुर तीन नवंबर को भिखारीपुर में सड़क पार कर रही थी। इस दौरान थार चालक ने उनको टक्कर दी। पैर में गंभीर रूप से चोट आ गई। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
पुलिस ने शराब बनाने की 50 भट्ठियां तोड़ीं
चौबेपुर क्षेत्र के परानापुर कंजड बस्ती में कच्ची शराब बनाने वालों के यहां आबकारी विभाग व पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार को छापा मारा। एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में करीब 50 से अधिक शराब भट्ठियां तोड़ी गईं और 50 क्विंटल लहन नष्ट किया गया। छापेमारी में आबकारी इंस्पेक्टर प्रवीण मिश्रा, चौबेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा भी अपनी टीम के साथ शामिल रहे। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि कच्ची शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए यह कारवाई की गई है।
जमीन के विवाद में मारपीट, प्राथमिकी दर्ज
जमीन के विवाद में शनिवार को अधिवक्ताओं के बीच मारपीट हुई। दोनों पक्ष ने एक दूसरे पर शिवपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पंचकोसी गिलट बाजार निवासी अधिवक्ता अमित कुमार सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि शनिवार सुबह 11.45 बजे गिलट बाजार पुलिस चौकी पर कुछ काम से आए थे।
शिवप्रकाश सिंह, कृष्णनिधि पांडे, मनीष चौरसिया, अनंत शर्मा उर्फ बब्बलू, हनुमंत सिंह समेत 12 लोगों ने हमला किया। राजर्षि नगर गिलट बाजार शिवपुर निवासी शिवप्रकाश सिंह ने तहरीर में आरोप लगाया कि शनिवार की सुबह मकान के बंटबारे के बाद निर्माण विवादित स्थल पर करने लगे। विरोध करने पर ईंट पत्थर से हमला किया। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मारपीट बलवा समेत अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
नशे में धुत युवकों ने दंपती को पीटा
मिर्जामुराद क्षेत्र के बिरबलपुर गांव में शनिवार दोपहर के नशे में धुत दो युवकों ने विनोद दूबे और उनकी पत्नी रानी दूबे के साथ दुर्व्यवहार किया। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। विनोद दूबे के सिर में गंभीर चोट आई और पत्नी भी घायल हुई। पीड़ित विनोद ने आरोपी गौरव और मनोज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। थाना प्रभारी प्रमोद पाण्डेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
तीन मंजिला मकान में लगी आग, चार महिलाएं झुलसीं
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के भिटारी स्थित एसबीआई बैंक के पास एक मकान में शनिवार देर रात सुधा पांडेय के मकान में शाॅर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। लपटें ग्राउंड फ्लोर से तीसरी मंजिल तक फैल गईं। हादसे में मकान में किराये पर रहने वाली चार महिलाएं झुलस गईं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार घर के बगल में एक कार्टन का गोदाम है। आग पहले उसी में लगी थी। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत ने बताया कि आग शाॅर्ट सर्किट से लगी थी। इसपर काबू पा लिया गया है।
समाधान दिवस : 119 शिकायतें आईं, 7 का मौके पर निस्तारण
शनिवार को सभी तहसीलों में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। डीएम सत्येंद्र कुमार ने पिंडरा तहसील में लोगों की समस्याएं सुनीं। 119 शिकायतों में 7 का मौके पर ही निस्तारण किया। अफसरों को निर्देश दिए कि फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करें।
पिंडरा ग्राम सभा के असिला निवासी विश्राम यादव, बलिराज व श्यामबली ने आरोप लगाया कि बिछे खड़ंजे पर ग्राम प्रधान द्वारा नया खड़ंजा बिछाया जा रहा था। कुछ लोगों के विरोध के चलते मारपीट कर निर्माण कार्य ठप हो गया है। बरही नेवादा निवासी दया राम ने दबंगों द्वारा 8 बिस्वा की रजिस्ट्री लेने के बाद 16 विस्वा खेती की जमीन को जोत लेने का आरोप लगाते हुए शिकायत की।
फुलपुर निवासी सुनील कुमार ने ट्यूबवेल के नाली के निर्माण की गुहार लगाई। वहीं तहसील राजातालाब में नायब तहसीलदार संग्राम सिंह ने शिकायतें सुनीं। बिशुनपुर लोहता की रिंकी देवी ने शिकायत की कि उनके ससुर और देवर उनके साथ मारपीट करते हैं। गौर मधुकर शाहपुर निवासी गुड़िया ने जमीन की मेड़बंदी की मांग की।
हत्या का आरोपी 13 साल बाद गिरफ्तार, वाराणसी में रह रहा था
अपहरण के बाद गाड़ी के पीछे घसीट कर तीर्थ नगर के मोहित राणा को मौत के घाट उतारने के मामले में पुलिस को सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मामले में 15वें हत्यारोपी तीर्थ नगर की टपरियां निवासी अभिषेक उर्फ सन्नी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पांच हजार रुपये का इनाम था। वह अदालत से भी 25 नवंबर 2014 से भगोड़ा घोषित था। पुलिस ने उसे मंडौली मोड से काबू किया है। हत्यारोपी अभिषेक उर्फ सन्नी वारदात के बाद से ही वाराणसी और हरिद्वार में साधू के वेश में छुप कर रह रहा था। उस पर लड़ाई-झगड़ा का एक अन्य केस भी दर्ज है। संवाद
तीन साल से फरार दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
झाड़ फूंक के बहाने विवाहिता से दुष्कर्म और आभूषण लूटने के मामले में तीन साल से वांछित आरोपी गप्पू उर्फ राजनाथ को कैंट पुलिस ने शुक्रवार की रात मिर्जामुराद स्थित बेनीपुर से गिरफ्तार किया।कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मिर्जामुराद के बेनीपुर का निवासी है।
मिर्जामुराद क्षेत्र के रहने वाले पीड़ित ने तीन साल पहले प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि गप्पू उर्फ राजनाथ ने अपने साथी प्यारेलाल के साथ मिलकर 10 अप्रैल 2022 को पत्नी के साथ तंत्र-मंत्र का झांसा देकर दुष्कर्म किया और झाड़-फूंक के नाम पर पत्नी से मंगलसूत्र और कान की बाली लूट ली।
18 फरवरी 2023 को दुष्कर्म, लूट समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज कराई। एक मार्च 2023 को प्यारेलाल को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद आरोपी गप्पू उर्फ राजनाथ फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार का इनाम घोषित किया था। कोर्ट ने गैर जमानती वारंट और कुर्की की कार्रवाई तक हुई।
चोरी करने के आरोपी मां, बेटा समेत चार गिरफ्तार
वरुणा जोन में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले मां, बेटे समेत चार आरोपियों को लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने शनिवार को गोईठहा रिंग रोड के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से पुलिस ने चोरी के आभूषण, 31500 रुपये और बाइक बरामद की। आरोपियों में नई बस्ती पांडेयपुर निवासी विक्की बेनवंशी, उसकी मां ललिता उर्फ सपना, आरिफ उर्फ शाहरुख, रोहित बेनवंशी है।
एडीसीपी वरुणा जोन नीतू ने बताया कि आरोपियों में विक्की और आरिफ व रोहित बेनवंशी ने पुलिस की पूछताछ में कबूला कि चोरी की बाइक से रोहनिया थाना क्षेत्र के भोलेनगर खैरा चक में बंद मकान में चोरी की घटना को अंजाम दिए थे। चोरी के आभूषण मां ललिता उर्फ सपना को दिए। चोरी के आभूषण को मां सराफ व्यवसायियों को बेचती थी। 26 नवंबर की रात लमही स्थित महालक्ष्मीपुरम काॅलोनी के बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी की। 27 नवंबर को बजरंग नगर काॅलोनी पहड़िया में एक बंद मकान को निशाना बनाया।
20 नवंबर को दशरथ विहार काॅलेनी रसूलपुर में एक मकान को निशाना बनाया। दो दिसंबर को ओमनगर काॅलोनी गोइठहा में बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी की। आरोपी आरिफ उर्फ शाहरुख ने पुलिस को बताया कि 1 दिसंबर को सारनाथ क्षेत्र के सिंहपुर स्थित अरिहंत नगर कालोनी में बंद मकान को निशाना बनाया। 15 नवंबर की रात सारनाथ के डीह बाबा मंदिर के पास मकान से 50 हजार नकदी और आभूषण चोरी की। मां गायत्री धाम कालोनी शिवपुर में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। एडीसीपी ने बताया कि चोरी के पूर्व मामलों में आरिफ, विक्की जेल भी जा चुके हैं।
झुग्गी-झोपड़ियों में रह रहे लोगों की जांच की
बड़ागांव थाना क्षेत्र के कोईराजपुर में शनिवार को पुलिस ने झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले लोगों की जांच की। सात दिन के विशेष सत्यापन अभियान के तहत बांग्लादेशी, रोहिंग्या या संदिग्ध फेरी और घुमंतु गतिविधियों से जुड़े लोगों की जांच की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त गोमती जोन आकाश पटेल ने बताया कि सभी थानों में अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। गोमती जोन के अपर पुलिस उपायुक्त वैभव बांगर, बड़ागांव थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा की टीम के साथ कोईराजपुर पहुंचे। पुलिस टीम ने झुग्गियों में रह रहे लोगों से उनका नाम, पता, फोटो और अन्य पहचान संबंधी जानकारी ली।
कई लोगों की पृष्ठभूमि भी खंगाली गई ताकि पता चल सके कि वे यहां कब से और किस उद्देश्य से रह रहे हैं। एडीसीपी ने बताया कि जिन लोगों के दस्तावेज या पहचान संदिग्ध पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जमीन कब्जा करने का आरोप पुलिस आयुक्त से शिकायत
सारनाथ के आशापुर में मनीष कुमार पांडेय की जमीन को फर्जी दस्तावेज के सहारे मनबढ़ कब्जा करने के प्रयास में है। पीड़ित को धमकी दे रहे हैं। शनिवार को पीड़ित ने पुलिस आयुक्त कार्यालय और सारनाथ थाने पर शिकायत पत्र दिया। पीड़ित का आरोप है कि सारनाथ पुलिस आरोपियों के पक्ष में माहौल बना रही है।
Varanasi court
- फोटो : अमर उजाला
आईआईटी बीएचयू दुष्कर्म मामले में सुनवाई नौ को
फास्टट्रैक कोर्ट (प्रथम) के न्यायाधीश कुलदीप सिंह की अदालत में आईआईटी बीएचयू की छात्रा संग हुए सामूहिक दुष्कर्म प्रकरण की सुनवाई शनिवार को जारी रही। मामले में पीड़िता के साथ मौजूद रहे उसके साथी छात्र की गवाही पर आरोपी आनंद चौहान के अधिवक्ता ने जिरह की। कोर्ट ने जिरह की प्रक्रिया जारी रखते हुए अगली सुनवाई के लिए नौ दिसंबर की तिथि निर्धारित की है। इससे पहले दो अन्य आरोपियों कुणाल पांडेय और सक्षम पटेल की ओर से जिरह पूरी हो चुकी है। दो नवंबर की रात बीएचयू परिसर में आईआईटी की छात्रा के साथ बाइक सवार तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था।
ज्ञानवापी : याचिका पर सुनवाई 16 को
जिला जज संजीव शुक्ला के अवकाश पर रहने के कारण ज्ञानवापी 1991 मामले में आवेदिका अनुष्का तिवारी की ओर से दाखिल पुनर्विचार याचिका पर सुनवाई शनिवार को टल गई। अगली सुनवाई के लिए 16 दिसंबर की तारीख नियत की गई है। ज्ञानवापी मामले से जुड़े सबसे प्राचीन वाद 610/1991, जिसे जनप्रतिनिधित्व प्रकृति का वाद है जो स्व. पंडित सोमनाथ व्यास, स्व. पंडित की रामरंग शर्मा तथा स्व. हरिहर पांडे द्वारा दाखिल किया गया था।
खादी ग्रामोद्योग मामले में 12 को सुनवाई
खादी ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) के खिलाफ नाला, ताल एवं बंजर भूमि पर कथित कब्जे के मामले में शनिवार को नगर मजिस्ट्रेट रविशंकर सिंह के कार्यालय में होने वाली सुनवाई टल गई। अगली सुनवाई 12 दिसंबर को होगी। इस मामले में अधिवक्ता नित्यानंद राय ने 21 नवंबर को जिलाधिकारी को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि आयोग के लोग बन्दोबस्ती नाला, बंजर एवं विवादित जमीनों पर अवैध निर्माण करा रहे हैं।
प्रदेश में मॉडल बनेगा सीएचसी चोलापुर
सीएचसी चोलापुर को प्रदेश में मॉडल स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाएगा। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सीएचसी चोलापुर को राष्ट्रीय स्तर का एनक्वास पुरस्कार तथा प्रदेश स्तर पर नौ बार कायाकल्प सम्मान प्राप्त हो चुका है। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि सीएचसी में पहले 30 बेड ही उपलब्ध थे, अब इसकी संख्या बढ़ाकर 100 कर दी जाएगी।
ऑस्ट्रेलियाई शिक्षिका ने दी नैरेटिव थेरेपी की सीख
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के मनोविज्ञान विभाग में शनिवार को साइकी स्पीक-IV में कार्यशाला हुई। ऑस्ट्रेलिया के क्वींसलैंड यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी से आईं मुख्य संसाधन विशेषज्ञ एना टेट ने नैरेटिव थेरेपी पर बातें कीं। कहानियों, अनुभवों और तकनीक के माध्यम से बताया कि कथा आधारित परामर्श व्यक्ति की पहचान करना बताया। डॉ. आशीष गुप्ता ने मनोवैज्ञानिक हस्तक्षेपों की सामाजिक उपयोगिता और सामुदायिक कल्याण में उनकी भूमिका को बताया।
ऑस्ट्रेलियाई शिक्षिका ने दी नैरेटिव थेरेपी की सीख
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के मनोविज्ञान विभाग में शनिवार को साइकी स्पीक-IV में कार्यशाला हुई। ऑस्ट्रेलिया के क्वींसलैंड यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी से आईं मुख्य संसाधन विशेषज्ञ एना टेट ने नैरेटिव थेरेपी पर बातें कीं। कहानियों, अनुभवों और तकनीक के माध्यम से बताया कि कथा आधारित परामर्श व्यक्ति की पहचान करना बताया। डॉ. आशीष गुप्ता ने मनोवैज्ञानिक हस्तक्षेपों की सामाजिक उपयोगिता और सामुदायिक कल्याण में उनकी भूमिका को बताया।
कृषि एडवांसमेंट की महत्ता जानी
बीएचयू ने चंडीगढ़ में आयोजित चार दिवसीय इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल में हिस्सेदारी की। कट एज रिसर्च, टेक्नोलॉजिकल इनोवेशन और कृषि एडवांसमेंट विज्ञान और कृषि की महत्ता को दिखाया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने किया। बीएचयू की ओर से लगाई प्रदर्शनी में विज्ञान के प्रयोगों, हाइड्रोजन से चलने वाले वाहनों के प्रोटोटाइप के पोस्टर और वीडियो के साथ ही सॉलिड स्टेट हाइड्रोजन स्टोरेज तकनीक को समझाया गया। इसने 2डी टेक्नोलॉजी, एडवांस मटेरियल, कैंसर रिसर्च, प्लांट डिफेंस प्राइम के काम को दिखाया।
नैक ग्रेडिंग का प्रमाणपत्र पहुंचा विश्वविद्यालय
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय को शनिवार को नैक ग्रेडिंग का प्रमाणपत्र प्राप्त हुआ। विश्वविद्यालय की अपील के बाद राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद ने जांच के बाद विश्वविद्यालय को ए ग्रेडिंग दी थी। नैक के निदेशक प्रो. रमेश प्रसाद ने बताया कि विश्वविद्यालय की नैक ग्रेडिंग का प्रमाणपत्र मिला है। इसका विधिवत क्वालिटी प्रोफाइल तथा सर्टिफिकेट आफ एक्रेडेशन विश्वविद्यालय को हस्तगत हुआ है।
सनबीम के इंस्पायर 4.0 में आएंगे शॉर्क टैंक इंडिया के प्रथमेश
सनबीम एकेडमी समूह द्वारा आयोजित कार्यक्रम इंस्पायर 4.0 में शॉर्क टैंक इंडिया सीजन वन के फेम प्रथमेश सिन्हा आएंगे। सामनेघाट स्थित नॉलेज पार्क और सनबीम एकेडमी में 7 से 9 दिसंबर तक कार्यक्रम होगा। वे अपने संघर्षों, प्रेरक अनुभवों और उपलब्धियों को छात्रों के साथ साझा करेंगे। इससे बच्चों में आत्म विश्वास और सकारात्मक सोच को नई दिशा मिलेगी। प्रथमेश टीईडीएक्स स्पीकर, नेशनल अवाॅर्डी और थिंकरबेल लैब्स के ब्रांड अंबेसडर भी हैं।
समूह के सचिव जगदीप मधोक ने कहा कि यह कार्यक्रम निश्चित रूप से बच्चों के मनोबल और आत्म विश्वास को बढ़ाएगा। सीईओ रोहन मधोक ने कहा कि प्रथमेश जैसे प्रेरक व्यक्तित्व से रूबरू होंगे। निदेशक पूनम मधोक ने कहा कि यह सिर्फ कार्यक्रम नहीं होगा बल्कि बच्चों के मानसिक और भावनात्मक विकास को समृद्ध करेगा। संचालन प्रमुख सलोनी मधोक, प्राचार्य शश्वती शर्मा और प्राचार्य पंकज मिश्रा ने भी संबोधित किया।
शिक्षाविद, लेखक राम अवतार सिंह को किया नमन
शिक्षाविद व लेखक दिवंगत राम अवतार सिंह की नौवीं पुण्यतिथि पर शनिवार को महादेव पीजी कॉलेज में उन्हें नमन किया गया। उनके चित्र पर माल्यार्पण किया गया और आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने अपनी बात रखी। वक्ताओं ने कहा कि राम अवतार सिंह एक कुशल शिक्षक, लेखक शिक्षाविद के रुप में ही नहीं बल्कि महादेव पीजी कॉलेज के संस्थापक के रूप में शिक्षा जगत में अमिट छाप छोड़ गए। इस मौके पर प्रोफेसर अनिल उपाध्याय, अजय सिंह, डॉ. अरविंद सिंह, सीमा सिंह, डॉ. लोकनाथ पांडेय, डॉ. मारुत नंदन मिश्रा, राहुल पांडेय, अवनीश सिंह, विकास सिंह, डॉ. दिवाकर सिंह मौजूद रहे।
बनारस में पीएम सूर्य घर से 90 हजार टन कार्बन उत्सर्जन घटा : पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में एक मीडिया कार्यक्रम में शनिवार को कहा कि काशी के 26 हजार से ज्यादा घरों में पीएम सूर्य घर योजना के सोलर प्लांट लगे हैं। इससे हर रोज तीन लाख यूनिट से ज्यादा बिजली पैदा हो रही है, जिससे इन लोगों के पांच करोड़ रुपये हर महीने और साल भर के 60 करोड़ रुपये बच रहे हैं। इतना सोलर पॉवर बनने से हर साल करीब 90 हजार टन कार्बन उत्सर्जन कम हो रहा है। इतने कार्बन उत्सर्जन को खपाने के लिए हमें 40 लाख से ज्यादा पेड़ लगाने पड़ते हैं। ये उदाहरण सिर्फ काशी का है। कल्पना कर सकते हैं कि इस योजना से कितना ज्यादा फायदा हो रहा है।
कारीगरों को दिया जाएगा 10 दिनों का प्रशिक्षण
उद्योगों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत उद्योग विभाग के ओर से 10 दिवसीय प्रशिक्षण एवं टूलकिट वितरण कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए इस योजना के अंतर्गत विभिन्न पारंपरिक ट्रेड से जुड़े कारीगरों से आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए थे। इनके चयन के लिए साक्षात्कार की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। योजना के तहत हलवाई ट्रेड का साक्षात्कार 8 दिसंबर होगा। इसके बाद 9 दिसंबर को बढ़ई, नाई और मोची ट्रेड के आवेदकों का इंटरव्यू लिया जाएगा।
इसी क्रम में 10 दिसंबर को लोहार, कुम्हार, धोबी और दर्जी ट्रेड के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार होगा। इसके अतिरिक्त 11 और 12 दिसंबर 2025 को विशेष रूप से दर्जी ट्रेड के आवेदकों के लिए साक्षात्कार आयोजित होंगे। उपायुक्त उद्योग अजय कुमार गुप्ता ने बताया कि आवेदकों को अपने साथ आवेदन पत्र की प्रति, पारंपरिक कारीगरी का प्रमाण पत्र, शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, तथा बैंक पासबुक की मूल और छाया प्रति लेकर उपस्थित होना होगा।
कॉकलियर इम्प्लांट से 18 बच्चों को मिलेगा नया जीवन
दुर्गाकुंड स्थित सीएमओ कार्यालय में शनिवार को मूकबधिर मुक्त काशी अभियान के तहत मूकबधिर बच्चों के लिए निशुल्क स्क्रीनिंग कैंप लगाया गया। इसका 18 बच्चों ने लाभ लिया। शिविर में ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. मनोज गुप्ता ने विभिन्न उम्र के बच्चों के सुनने और बोलने की क्षमता की जांच की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि कैंप में अत्याधुनिक मशीन से हुई जांच में जो बच्चे कॉकलियर इम्प्लांट के लिए उपयुक्त पाए गए हैं, उनका निशुल्क कॉकलियर इम्प्लांट ऑपरेशन विभिन्न सरकारी योजनाओं से कराया जाएगा। इस ऑपरेशने में 6 लाख तक का खर्चा आता है।
सभी चिह्नित बच्चों की सूची तैयार की जाएगी। सीएमओ ने बताया कि आगे की प्रक्रिया के तहत बच्चों का टेस्ट, सीटी स्कैन और अन्य आवश्यक जांचें भी निशुल्क कराई जाएंगी। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी और नोडल अधिकारी डॉ. संजय राय ने बताया कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने बच्चों की जांच की। जांच में 3 बच्चे (5 वर्ष से कम आयु) कॉकलियर इम्प्लांट ऑपरेशन के लिए चिह्नित हुए। 8 बच्चों को निशुल्क हियरिंग एड दिया जाएगा। 7 बच्चों को स्पीच थेरेपी दी जाएगी। कैंप में डॉ. मनोज गुप्ता, डॉ. संघी सेठ, डॉ. पियूष कांत मौजूद रहे।
आईएमए चुनाव के लिए भरे गए नामांकन
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन बनारस शाखा के चुनाव के लिए शनिवार को चुनाव प्रक्रिया के तहत विभिन्न पदों के लिए दावेदार प्रत्याशियों ने निर्धारित समय पर चुनाव अधिकारी डॉ. अजीत सैंगल को नामांकन पत्र सौंपे। सचिव पद के लिए डॉ. अतुल कुमार सिंह ने नामांकन प्रस्तुत किया।
अध्यक्ष पद के लिए डॉ. राजेश्वर नारायण सिंह ने नामांकन पत्र भरा। डॉ. अमित कुमार सिंह ने वित्त सचिव के पद के लिए पर्चा जमा किया जबकि डॉ. शिवशक्ति प्रसाद द्विवेदी ने वैज्ञानिक सचिव पद के लिए पर्चा भरा। डॉ. कर्मराज सिंह ने सामाजिक सचिव नामांकन भरा।
इसके अलावा आईएमए बनारस शाखा के पूर्व अध्यक्ष डॉ. संजय राय, डॉ. ओपी तिवारी, डॉ. अरविंद सिंह, डॉ. कार्तिकेय सिंह, अशोक कुमार राय, डॉ. विवेक कुमार व आईएमएस बीएचयू के ईएनटी विभाग के प्रो. विश्वंभर सिंह ने स्टेट कांउसिल के सदस्य के लिए अपना नामांकन पत्र सौंपा। चुनाव अधिकारी डॉ. अजीत सैंगल ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच कर निर्धारित तिथि को अंतिम सूची जारी की जाएगी।
किसानों को पराली प्रबंधन की जानकारी दी
मिर्जामुराद क्षेत्र के मेहंदीगंज ग्राम में शनिवार को कृषि विज्ञान केंद्र कल्लीपुर में फसल अवशेष प्रबंधन परियोजना के तहत 50 से अधिक किसान को जागरूक किया गया। केंद्र के प्रभारी व वैज्ञानिक डॉ. नवीन कुमार सिंह ने किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन की तकनीकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि फसल जलाने से मृदा, जल और वायु प्रदूषण होता है। पराली को खेत में ही डीकम्पोजर डालकर सड़ाने से खेत की मृदा शक्ति बढ़ेगी। डॉ. प्रतीक्षा, डॉ. राहुल सिंह रहे।
महापरिनिर्वाण दिवस पर बाबा साहब आंबेडकर को किया याद
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में भारत रत्न डॉ. भीम राव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर शनिवार को विभिन्न विभागों में श्रद्धांजलि सभा एवं परिचर्चा का आयोजन हुआ। इसमें कुलपति प्रो. एके त्यागी ने विचार रखे। शिक्षाशास्त्र विभाग के संगोष्ठी कक्ष में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष प्रो. सुरेंद्र राम ने की।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब का व्यक्तित्व इतना विराट है कि उसका विवरण शब्दों की सीमा में नहीं बाधा जा सकता। कार्यक्रम में प्रो. रमाकांत सिंह, डॉ. दिनेश कुमार, डॉ. राजेंद्र यादव, डॉ. वीणा वादिनि ने विचार व्यक्त किए। उधर, समाज कार्य विभाग के स्मार्ट कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. आंबेडकर के व्यक्तित्व और कृतित्व पर चर्चा की गई। प्रो. वंदना सिन्हा, प्रो. संजय, प्रो. महेंद्र मोहन रहे।
तंबाकू सेवन के दुष्प्रभाव बताए
आर्य महिला पीजी कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पुष्पा त्रिपाठी के नेतृत्व में शनिवार को कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव में 100 स्वयं सेविकाओं को तंबाकू मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूक किया गया।
युवाओं में तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति चेतना जगाने, स्वास्थ्य सुरक्षा और राष्ट्रीय विकास में युवाओं की सक्रिय भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रचना दूबे ने एनएसएस के उद्देश्यों से उन्हें अवगत कराया। उन्होंने कहा कि तंबाकू की रोकथाम से युवाओं को गलत राह पर जाने से रोक सकते हैं। इससे उनके भविष्य में बेहतर करने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।
महिलाओं को दिया सीपीआर का प्रशिक्षण
बीएचयू के समन्वित ग्रामीण विकास केंद्र में शनिवार को सीपीआर (कार्डियो पल्मनेरी रेसयूसीयसन) प्रशिक्षण कार्यशाला हुई। आपात चिकित्सा के विशेषज्ञ मुख्य वक्ता आयुर्वेद संकाय के प्रो. कुलदीप कुमार पांडेय और उनकी टीम ने ग्रामीण महिलाओं को भी सीपीआर के व्यावहारिक कौशल सिखाए। आपात स्थिति में उनकी तत्परता और आत्मविश्वास को मजबूत करने की बारीकियां भी बताईं। प्रतिभागियों में आत्मविश्वास, तत्परता और जीवन-रक्षक स्थितियों में प्रभावी प्रतिक्रिया देने की क्षमता को बढ़ाया।
शिवकुमार निषाद महानगर अध्यक्ष बने
डॉ. राजेंद्र प्रसाद घाट स्थित बाबू राजेन्द्र प्रसाद के प्रांगण में शनिवार को निषाद पार्टी का सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। शिवकुमार निषाद को निषाद पार्टी का महानगर अध्यक्ष मनोनीत किया। बैठक का संचालन प्रकाश साहनी (छोटू) ने निभाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिलाध्यक्ष रामरति, प्रकाश साहनी(छोटू), विष्णु प्रजापति, भोला साहनी, संतोष साहनी समेत अन्य मौजूद रहे।
बेकरी उत्पादों की लगाई प्रदर्शनी
मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार योजना के तहत बेकरी विशेषज्ञ डॉ. आशा रौनियार ने शनिवार को राजकीय खाद्य विज्ञान केंद्र कचहरी में नान खटाई, मेल्टिंग मोमेंट, काजू बिस्किट के बारे में जानकारी दी। इसकी प्रदर्शनी भी लगाई गई। जिला प्रभारी खाद्य प्रसंस्करण आरसी अग्रवाल ने प्रदर्शन का अवलोकन कर इसका टेस्ट किया और प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि युवा इसकी ट्रेनिंग लेकर उद्योग स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। स्वागत व धन्यवाद ज्ञापन केंद्र के मंडलीय प्रधानाचार्य पवन कुमार ने किया।
एम देवराज के हटाए जाने पर मनाई खुशी
प्रमुख सचिव पद से एम देवराज के हटाए जाने से सेल्स टैक्स अधिवक्ताओं में खुशी की लहर है। शनिवार को सेल्स टैक्स ऑफिस चेतगंज में अधिवक्ताओं ने ढोल नगाड़े के साथ खुशी मनाई। उत्तर प्रदेश सरकार के इस कदम का स्वागत किया। साथ ही प्रमुख सचिव पद पर कामिनी रतन चौहान का स्वागत किया।
अधिवक्ताओं ने कहा कि एम देवराज को हटाने की मांग बहुत पहले हो रही थी। सितंबर माह में सारनाथ में आयोजित प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक में यह प्रस्ताव रखा गया था। वाराणसी टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नागेश्वर सिंह महादेव, विनयकांत मिश्रा, उमेश सिंह, गंगेश पांडेय, अमित कुमार राय आदि ने खुशी जताई है।
अभिनेता धर्मेंद्र की मनाई तेरहवीं
प्रख्यात अभिनेता धर्मेंद्र कुमार प्रशंसकों ने शनिवार को उनकी तेरहवीं मनाई। औरंगाबाद नीमा माता मंदिर के पास उनके प्रशंसक मोतीलाल सहित अन्य लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनके फिल्मों के गानों को गुनगुनाए। आयोजित भंडारे में एक हजार से अधिक लोगों को भोज किया। श्रद्धांजलि सभा में नारायण श्रीवास्तव, रमेश चौरसिया, धीरज, शेखर, ओपी चौरसिया, रामजी प्रजापति रहे।
सामूहिक विवाह में प्रमाण-पत्र भाजपा विधायक।
- फोटो : संवाद
सामूहिक विवाह : बैंड-बाजे और मंगल गीतों के बीच 88 जोड़ों ने लिए सात फेरे
सामूहिक विवाह में शनिवार को मंगारी स्थित ब्लाॅक परिसर में बैंडबाजे और शहनाई की धुन और मंगल गीतों के बीच 88 जोड़ों ने सात फेरे लिए। पिंडरा से भाजपा विधायक अवधेश सिंह ने उन्हें उपहार देकर आशीर्वाद दिए। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत पिंडरा के 44 और बड़ागांव के 44 जोड़ों की शादी हुई।
ब्लाॅक परिसर में सुबह से ही आकर्षक सजावट की गई थी। वैदिक ब्राह्मणों के मंत्रोच्चार के साथ हिंदू रीति-रिवाज से शादी हुई। जोड़ों ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए। डॉ. अवधेश सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अंतिम व्यक्ति को विकास और सरकारी योजनाओं को आच्छादित कर रही है।
संचालन एडीओ पंचायत अशोक कुमार चौबे व धन्यवाद ज्ञापन बीडीओ पिंडरा देवेंद्र सिंह ने दिया। मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष पवन सिंह, बीडीओ बड़ागांव वीरेंद्र नारायण द्विवेदी, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी दिलीप दूबे, सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण अर्पित श्रीवास्तव रहे।
सालभर में हुईं 821 शादियां : समाज कल्याण विभाग की ओर से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत इस वर्ष कुल 821 शादियां हुईं। समाज कल्याण अधिकारी गिरीशचंद्र दूबे ने बताया कि अप्रैल, मई, जून व जुलाई में 396 जोड़ों की शादी हुई थीं। नवंबर और दिसंबर में कुल 27 से 29 नवंबर तक 337 जोड़ों की शादी हुई। शनिवार को कुल 88 शादियां हुईं। इस सत्र में लक्ष्य से करीब 60 शादियां ज्यादा हुईं।
शिव को बना लें सुख-दुख का साथी कल्याण होने में नहीं होगा विलंब
पंच महाभूतों के स्वरूप में शिव ही सृष्टि कर्ता से लेकर संहार तक विद्यमान हैं। जीवन का सत्य शिव हैं, जिसमें वह अपनी लीला माधुर्य से शिव भक्तों को काशी में दिव्यानुभूति कराते हैं। उनकी कृपानुभूति एक साधना पक्ष की दृढ़ता में छुपी है।
जन मानस को चाहिए कि काशीपुरी में आध्यात्मिक चेतना के लिए निवास करें। उक्त बातें कथा व्यास भगवान वेदांताचार्य ने कहीं। वह शनिवार को फलाहारी बाबा आश्रम में चल रहे महालक्ष्मी महायज्ञ के बाद शिवपुर रामलीला मैदान प्रांगण शिव महापुराण कथा सुना रहे थे।
शतरुद्र संहिता के अंतर्गत शिव तत्व का निरूपण करते हुए भगवान वेदांताचार्य ने कहा कि कथा से व्यथा मिटती है। योगीराज 1008 महंत राम करण दास, विनोद कुमार दुबे, पुरुषोत्तम जालान, कमलेश केशरी, आनंद अग्रवाल मौजूद रहे।
भक्तों को उबारने और दुष्टों का नाश करने के लिए हुआ भगवान राम का जन्म
मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम का जन्म राक्षसों का वध करने के लिए हुआ। वह ऋषि मुनियों और अपने भक्तों को दर्शन देकर तारने के लिए अवतरित हुए। भगवान राम जहां रावण का वध कर उसे भी सद्गति प्रदान करते हैं ठीक उसी तरह अनेक ऋषि मुनियों को दर्शन देकर उनको भी अपने चरणों में जगह देते हैं।
उक्त बातें मानसपीठ खजुरी ताल मैहर से आए जगद्गुरु स्वामी रामललाचार्य ने कहीं। वह शनिवार को अस्सी स्थित मारवाड़ी सेवा संघ में आयोजित सप्तदिवसीय श्री राम कथा के तृतीय दिन शनिवार को भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर प्रवचन सुना रहे थे।
कथा के बीच में जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। भगवान राम के रूप में एक नन्हे बालक को राम का स्वरूप धारण करके पालने में झूलाया गया। पूरा परिसर राममय हो गया। स्वामी रामललाचार्य महाराज ने कहा कि भगवान राम के चरित्र से आज की युवा पीढ़ी को सीख लेनी चाहिए।
कथा के अंत में मानस पोथी की आरती कर भक्तों में प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर रामस्वरूप पाठक, पुरुषोत्तम शर्मा, मारवाड़ी सेवा संघ के नंदकिशोर, रामयश मिश्र, राजकुमारी शुक्ला, पुष्पा शुक्ला सहित काफी संख्या में भक्त उपस्थित थे।
बन जा गली बनारस की... फेम शकील आजमी आएंगे बनारस
ऑल इंडिया मुशायरा एवं कवि सम्मेलन का आयोजन सात दिसंबर को शाम 7 बजे पीलीकोठी स्थित नेशनल इंटर कॉलेज में होगा। आयोजन मानव रक्त फाउंडेशन, सौहार्द पीस सेंटर और विश्व ज्योति जन संचार समिति की ओर से होगा।
यह जानकारी शनिवार को खजुरी पर समिति के लोगों ने प्रेस वार्ता में दी। मानव रक्त फाउंडेशन के अध्यक्ष अबू हाशिम और सचिव अब्दुल्ला खालिद ने बताया कि काशी में यह पांचवा मुशायरा व कवि सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।
इसमें बनारस की पहचान बन चुके गीत तू बन जा गली बनारस की… फेम लेखक शकील आजमी (मुंबई), लेखिका अना देहलवी (दिल्ली), मशहूर गजल गायक अजम शाकरी, दिवंगत राहत इंदौरी के पुत्र सतलज राहत इंदौरी, शायर फैज कुमार बाराबंकवी, शहबाज तालिब (लखनऊ), हास्य कवि चकाचौंध ज्ञानपुरी, शारिक फूलपुरी, रीना तिवारी और चेतना तिवारी शामिल होंगे।
वायलिन की तान से झंकृत हुईं वरुणा संध्या
छावनी परिषद एवं दीपिका कल्चरल सोसाइटी ऑफ इंडिया की ओर शनिवार को कैंटोनमेंट के नेहरू पार्क में वरुणा संध्या का आयोजन हुआ। वरुणा संध्या में वायलिन वादक अर्जुन कुमार ने राग यमन तीन ताल और पारंपरिक धुन की प्रस्तुति दी। अंत में भजन श्री कृष्ण गोविंद हरे मुरारी हे नाथ नारायण वासुदेव....से समापन हुआ। तबले पर अभिनंदन मिश्रा ने संगत की। कलाकारों को प्रमाण पत्र दीपिका कल्चरल सोसायटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अजय गुप्ता एवं समाजसेवी सुधांशु ने दिया। संचालन तनुज कुमार वर्मा व धन्यवाद ज्ञापन अभियंता सचिन कुमार श्रीवास्तव ने दिया।
आज चर्चों में गूंजेंगे प्रभु यीशु के आमद के गीत
प्रभु यीशु के आगमन के दूसरे संडे पर चर्चों में कैरोल सॉन्ग गूंजेंगे। मसीही प्रभु का महिमागान करेंगे। सिगरा चर्च में कैंडल मार्च निकाले जाएंगे। कैंटोमेंट के महागिरजा में मिसा पूजा और प्राथना सभा होगी। उधर, चर्चों और मसीही घरों में क्रिसमस की तैयारी तेज हो गई। प्रभु यीशु के आमद की खुशी मसीहियों पर छाने लगी है। रंग-रोगन से लेकर झांकियां सजाए जा रहे हैं।
रविवार शाम को सिगरा चर्च में शहर के 10 से ज्यादा चर्चों के मसीही जुटेंगे। पादरी संजय दान प्रार्थना करवाएंगे। इसके बाद चर्च परिसर में कैंडल मार्च निकलेगा। इसमें सीएनआई के लाल चर्च, गिरजाघर चर्च, तेलियाबाग, रामकटोरा, आर्ट ऑफ लिविंग चर्च, बैथिलफुल चर्च, सेंट मेरीज चर्च भाग लेंगे। उधर, महागिरजा में सुबह पुरोहित पूजा और प्रार्थना करवाएंगे।
150 प्रतिभागियों ने कराया पंजीकरण
पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रणाम वंदे मातरम समिति की ओर से एक दिवसीय खेल उत्सव अस्सी घाट पर सुबह ए बनारस मंच के समीप आयोजित किया गया है। छह खेल स्पर्धा में हिस्सा लेने के लिए 150 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया। आयोजन सचिव अनूप जायसवाल ने बताया कि प्रतियोगिता का अस्सी गंगा तीरे आयोजित होने वाले खेल स्पर्धा का नाम अस्सी पे अठासी रखा गया है। इसमें तीन तिबड़ी, गुल्ली डंडा, कंचा, लट्टू, टायर दौड़ और रस्साकशी की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। उद्घाटन कैंटोनमेंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव करेंगे।
अनीश ने राग भैरव में सुनाया बलमुआ मोरा सैयां...
सुबह ए बनारस में छपरा के कलाकार अनीश अणु का गायन हुआ। छपरा के वरिष्ठ गायक पं. रामप्रकाश मिश्र के शिष्य अनीश अणु के साथ तबला संगति काशी के बाल कलाकार रुद्रांश प्रताप सिंह एवं संवादिनी एवं बांसुरी पर ऋतिक शुक्ला ने संगत की। शनिवार को अनीश ने गायन का आरंभ राग भैरव में विलंबित एकताल में निबद्ध बंदिश बलमुआ मोरा सैयां...से की। इसके उपरांत द्रुत तीनताल में निबद्ध बंदिश धन-धन मूरत कृष्ण मुरारी... सुनाकर आनंदित किया। गायन का समापन भजन बोल पिंजरे का तोता से हुआ। कलाकार को प्रमाणपत्र समाजसेवी अजय पांडेय एवं कौशल शर्मा ने दिया।
मुक्ताकाशीय मंच पर सजा वाद्यवृंद
सुबह ए बनारस आनंद कानन की ओर से बड़ालालपुर स्थित मुक्ताकाशीय मंच पर शनिवार को सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ। इसमें वाद्यवृंद की प्रस्तुति कलाकारों ने दी। इसमें राघवेंद्र कुमार क्लासिकल गिटार, अभिषेक बांसुरी, अंकित कुमार सिंह तबला, हैंडसोनिक पर अंसल, कीबोर्ड पर प्रतीक ने संगत की। कार्यक्रम का आरंभ पुष्पांजलि से हुआ। इसके बाद राग किरवानी में एक बंदिश से प्रस्तुति प्रारंभ हुई। कलाकारों ने कई धुन पेश किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अजय श्रीवास्तव ने दीप जलाकर किया। स्वागत प्रद्युम्न पांडेय, संयोजन डॉ. रत्नेश वर्मा एवं संचालन अंकित सिंह ने किया।