दिसंबर महीने की शुरुआत में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। नवंबर महीने की आखिरी तारीख को न्यूनतम तापमान के 13.6 डिग्री सेल्सियस पहुंचने के बाद अब धीरे-धीरे इसमें कमी आ रही है। सुबह और रात में ठंड अन्य दिनों की तुलना में बीते बुधवार को ज्यादा रही। इधर दिन में धूप भी बहुत असरदार नहीं रही। इस वजह से पिछले चार दिन में न्यूनतम तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस की कमी आई।
बीते नवंबर महीने में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक रहा तो न्यूनतम तापमान में भी उतार-चढ़ाव बना रहा। इधर दिसंबर में अब तक बीते दिन में अधिकतम तापमान 30 से नीचे आया है तो न्यूनतम में भी गिरावट का क्रम जारी है।
बीते बुधवार को अधिकतम तापमान 27.3 और न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि अगले सप्ताह से ठंड बढ़ने के आसार हैं। तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।