पेड़ से लटकता मिला युवक का शव
राजातालाब थाना क्षेत्र के नियैसीपुर गांव में बुधवार शाम शीशम के पेड़ की डाल से अज्ञात युवक का शव फंदे से लटकता मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। राजातालाब थानाध्यक्ष दयाराम ने बताया कि शव की शिनाख्त की जा रही है।
शादी का वादा कर दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
शादी का वादा कर युवती से दुष्कर्म के आरोपी जितेंद्र कुमार प्रजापति को सारनाथ पुलिस ने थाने के पास से गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी शिवानंद सिसोदिया ने बताया कि मंगलवार को युवती ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जितेंद्र बलुआ, चंदौली का रहने वाला है। शादी का वादा कर दुष्कर्म किया।
निजी स्कूल में बच्चों से कराई जा रही अन्य धर्म की प्रार्थना, अभिभावक नाराज
विकासखंड बड़ागांव के विरांव में एक पब्लिक स्कूल में तेरी है जमीन, तेरा आसमान, तू बड़ा मेहरबां, खुदा मेरे-तू बख्शीश कर प्रार्थना कराई जा रही थी। इसका लोगों ने विरोध किया। विरोध करने वालों का कहना है कि स्कूल में अन्य धर्म का प्रचार-प्रसार प्रार्थना के रूप में किया जा रहा है।
अभिभावक ने नाम न छापने की शर्त पर कहा है कि इस तरह के धार्मिक प्रचार वाले प्रार्थना से छोटे-छोटे बच्चों के दिल और दिमाग पर खराब असर पड़ेगा। प्रधानाचार्य पवन राय ने कहा कि डायरेक्टर के निर्देशानुसार पहले से ही प्रार्थना चल रही है। अगर किसी को कोई आपत्ति है तो उस पर विचार किया जाएगा। समाजसेवी मुकेश पांडेय ने निजी स्कूल में हो रहे इस गैर धार्मिक प्रार्थना का कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
दंपती सब्जी लेने गए और उधर खाली हो गया घर
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के बरेका परिसर में बुधवार शाम चोरों ने क्वार्टर नंबर 674-बी को निशाना बनाया और 17 लाख रुपये की चोरी कर डाली। बरेका में सहायक पद पर कार्यरत धर्मेंद्र कुमार पाल ने बताया कि वह अपनी पत्नी सुनीता पाल के साथ बुधवार शाम को सब्जी लेने बाजार गए थे। घर लौटने पर देखा कि दरवाजे की कुंडी टूटी थी, कमरे का सामान बिखरा था। अलमारी के लाॅकर से 15 लाख के जेवर और दो लाख रुपये चोर ले गए। थाना प्रभारी अजय राज वर्मा ने बताया कि सीसी कैमरों को खंगाला गया। जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को किया ब्रीफ
मुख्यमंत्री आगमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस आयुक्त ने बुधवार को कैंप कार्यालय पर अधिकारियों को ब्रीफ किया। पुलिस आयुक्त ने सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण से संबंधित व्यवस्था चाक चौबंद के निर्देश दिए। पुलिस आयुक्त ने महत्वपूर्ण मार्गों, संवेदनशील पॉइंट्स, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, ड्रोन कैमरों द्वारा एयरियल मॉनीटरिंग, होटल, लॉज की गहन चेकिंग, सोशल मीडिया की सतत निगरानी और असामाजिक तत्वों पर विशेष दृष्टि रखने के निर्देश दिए। वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात के लिए वैकल्पिक मार्ग, डायवर्जन, बैरिकेडिंग, रस्सों का उपयोग, रूफटॉप ड्यूटी व स्पष्ट प्वाइंटवार ब्रीफिंग पर विशेष जोर दिया।
ब्यूटी पार्लर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, डेढ़ घंटे में पाया काबू
सिगरा पेट्रोल पंप के सामने बिल्डिंग के तीसरे तल पर ब्यूटी पार्लर में बुधवार रात 8.30 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। बिल्डिंग में फंसे कुछ लोगों को सिगरा पुलिस और फायर ब्रिगेड ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला। डेढ़ घंटे में फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। ब्यूटी पार्लर पूरी तरह से जल गया। आसपास के शोरूम संचालक और ग्राहक भी सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए। आग से सिगरा मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी। भवन के ऊपरी मंजिल पर कुछ लोग फंस गए, जिन्हें फायर ब्रिगेड कर्मियों ने रेस्क्यू किया। कोई झुलसा नहीं है। हाइड्रोलिक क्रेन भी मंगाई गई थी, लेकिन कर्मियों ने सूझबूझ से लोगों को बचाया। भवन में आग से बचाव संबंधित कोई उपकरण नहीं थे।
खंडहर में लगी आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
चौक थाना क्षेत्र के जालपा देवी मोहल्ले में बुधवार दोपहर बंद पड़े खंडहरनुमा मकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आगे की सूचना स्थानीय निवासी शुभम दुबे ने पुलिस को दी। फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी ने आग पर काबू पा लिया। थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा ने बताया कि कोई नुकसान नहीं हुआ।
युवक पर लाठी-डंडों से पीटा, पांच पर प्राथमिकी दर्ज
चौबेपुर थाना क्षेत्र के डुढुआं गांव में रविवार देर रात पांच लोगों ने इंद्रेश की पिटाई कर घायल कर दिया। पीड़ित ने चौबेपुर थाने में अमन, पवन, सूरज और बादल समेत पांच लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई। इंद्रेश ने बताया कि फुलंदर ने उसपर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। जिसको लेकर कहासुनी हुई तो आरोपी घर चढ़ आए और लाठी-डंडों से हमला किया। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
साइबर ठग नए तरीके अपना रहे हैं, पुलिस के साथ नागरिक भी बरते सावधानी : डीजीपी
ट्रैफिक लाइन के नवीन सभागार में बुधवार को उत्तर प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्णा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से साइबर सुरक्षा को लेकर पुलिस और नागरिकों को संबोधित किया। प्रदेश में बढ़ते साइबर अपराधों की चुनौती पर चिंता व्यक्त की। कहा कि साइबर ठग लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं, इसलिए पुलिस के साथ-साथ नागरिकों को भी हर कदम पर सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
डीजीपी ने जोर दिया कि किसी भी संदिग्ध कॉल, संदेश, लिंक या क्यूआर कोड पर भरोसा न करें। सार्वजनिक प्लेटफॉर्म पर संवेदनशील जानकारी साझा करने में सतर्कता बरती जाए। ठगी का संदेह हो तो साइबर सेल या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करे। साइबर एक्सपर्ट रक्षित टंडन ने बचाव के बारे में जानकारी दी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, अपर पुलिस आयुक्त (लॉ एंड ऑर्डर) शिवहरी मीणा, डीसीपी क्राइम टी. सरवरणन व अन्य उपस्थित रहे।
सुपरवाइजर को पीटा और पिकअप में उठा ले गए
फूलपुर थाना क्षेत्र के मानापुर में मंगलवार देर रात एक एग्रो कंपनी के सुपरवाइजर के साथ मारपीट कर पिकअप से उठा ले गए। जलालपुर, आजमगढ़ निवासी पीड़ित विपुल यादव ने फूलपुर थाने में तहरीर दी। बताया कि वह चांदमारी में एक कंपनी में सुपरवाइजर हैं। मानापुर पिंडरा फॉर्म पर मुर्गा लोड करने रात डेढ़ बजे पहुंचा। पिकअप वाहन का चालक दुर्व्यवहार करने लगा। विरोध करने पर पिकअप में बैठाकर मारपीट की और बाबतपुर में छोड़ दिया। फूलपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
टीएसआई लाइन से जब्त ई-रिक्शा को ले जाने वाला गिरफ्तार
टीएसआई लाइन परिसर में जब्त ई-रिक्शा को जबरन ले जाने के मामले के मुख्य आरोपी आशुतोष पासवान को बुधवार सुबह कैंट पुलिस ने पंचकोशी सब्जी मंडी के पास से गिरफ्तार किया। इस मामले में ट्रैफिक उप निरीक्षक जनरैल सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। घटना 22 जुलाई 2025 की है। ट्रैफिक उप निरीक्षक जनरैल सिंह के नेतृत्व में यातायात प्रवर्तन टीम ने ई-रिक्शा को सीज कर टीएसआई लाइन में खड़ा कराया था।
इसी दौरान दो किन्नरों समेत छह लोग पहुंचे और पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया। आरक्षी सुनील कुमार का मोबाइल फोन और हैंडसेट छीन लिया। वर्दी फाड़ने की कोशिश की और निगरानी रजिस्टर को फाड़ दिया था। इस बीच मुख्य आरोपी आशुतोष पासवान ई-रिक्शा को लेकर भाग निकला था।
आत्महत्या मामले में पत्नी-सास गिरफ्तार, प्रेमी की तलाश
लोहता थाना क्षेत्र के बनकट गांव में मंगलवार सुबह आत्महत्या मामले में पुलिस ने नामजद तीन आरोपियों में पत्नी संध्या और सास माधवी सिंह को बुधवार को भुल्लनपुर से गिरफ्तार किया। नामजद शुभम सिंह डेंजर अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। मंगलवार को राहुल मिश्रा ने फंदा लगाकर जान दे दी थी। मरने से पहले उसने वीडियो में पत्नी, सास और पत्नी के कथित प्रेमी शुभम सिंह उर्फ डेंजर को जिम्मेदार बताया था। मां रानी देवी की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। संध्या अपने डेढ़ साल के बेटे को खुद से दूर नहीं रखना चाहती थी, वह भी मां के साथ ही है।
15 मरीजों और तीमारदारों ने गिनाईं समस्याएं
कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के उप क्षेत्रीय कार्यालय में बुधवार को सुविधा समागम कार्यक्रम के तहत मरीजों की समस्याएं सुनी गईं। कुल 15 नियोजक, बीमित व्यक्ति और उनके आश्रितजनों ने अधिकारियों के समक्ष इलाज में आने वाली समस्याएं रखीं। ईएसआईसी के संयुक्त निदेशक संजय कुमार और ईएसआईसी अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पीके राय ने समस्याएं सुनकर समाधान का आश्वासन दिया।
मरीजों और उनके तीमारदारों ने अस्पताल में दवा वितरण काउंटर पर बीमाकृत और गैर बीमाकृत दोनों प्रकार के लाभार्थियों को एक जैसी सुविधा दिए जाने का मुद्दा उठाया। बीमाकृत व्यक्ति लाल चंद गुप्ता ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग काउंटर न होने पर चिंता जताई। संयुक्त निदेशक ने समाधान कराने को कहा। इस दौरान शाखाधिकारी आलोक कुमार मिश्र, प्रवर श्रेणी लिपिक अर्जिता और मनीष कुमार मौजूद रहे।
कर्मचारियों ने एडी बेसिक को सौंपा ज्ञापन
यूपी एजुकेशनल मिनिस्टि्रयल ऑफिसर्स एसोसिएशन वाराणसी मंडल के सचिव महर्षि राज की ओर से एडी बेसिक वाराणसी को बुधवार को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में उन्होंने राजकीय लिपिक संवर्ग की विभिन्न मांगों के समय से निस्तारण की मांग की है। इसके पूर्व एडी बेसिक कार्यालय परिसर में कर्मचारियों ने धरना भी दिया।
मंडलीय सचिव ने बताया कि मांग पूरी न होने पर 15 दिसंबर को मंडलीय उप शिक्षा निदेशक माध्यमिक कार्यालय, 19 दिसंबर को मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय, 29 दिसंबर को अपर शिक्षा निदेशक बेसिक प्रयागराज कार्यालय, 6 जनवरी को शिक्षा निदेशक बेसिक लखनऊ, 12 जनवरी को शिक्षा निदेशक माध्यमिक लखनऊ कार्यालय और 19 जनवरी को महानिदेशक स्कूल शिक्षा उत्तर प्रदेश लखनऊ कार्यालय प्रांगण में कर्मचारी धरना देंगे। बुधवार को धरना देने वालों मंडलीय अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनीष शुक्ला, निवर्तमान प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष विशाल ल्यूक, जनपदीय सचिव अमित कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
सस्ते दाम पर गहने बेचने का लालच देकर डेढ़ लाख की ठगी
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में सोने के गहने सस्ते में बेचने का लालच देकर ठग ने पंचकोशी सारनाथ निवासी संदीप प्रजापति से डेढ़ लाख रुपये की ठगी की। पीड़ित ने लालपुर पांडेयपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। संदीप ने बताया कि सात दिसंबर को पांडेयपुर में चाय पीते समय एक व्यक्ति मिला, जिसने उसे एक सिक्का दिखाकर भरोसा दिलाया कि उसके पास ऐसे कई कीमती सिक्के और सोने के गहने हैं, जिन्हें वह पैसों की जरूरत के कारण बेच रहा है।
बहकावे में आकर नौ दिसंबर को 1 लाख 52 हजार रुपये लेकर पहड़िया पहुंचा। आरोपी ने रुपये लेने के बाद कहा कि थोड़ी दूरी पर उसका साथी खड़ा है, जिसके पास गहने हैं। इसी बहाने वह संदीप को आगे ले गया और मौका मिलते ही चकमा देकर फरार हो गया। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
50 लाख की रंगदारी मांगने का आरोपी गिरफ्तार
सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फंसाकर 50 लाख की रंगदारी मांगने के आरोपी शेख अजदर निवासी मंडुवाडीह वैष्णो नगर कॉलोनी को लंका पुलिस ने बुधवार को मंडुवाडीह से गिरफ्तार किया। कोर्ट में पेश कर आरोपी को जेल भेजा। प्रभारी निरीक्षक लंका राजकुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ लंका निवासी रवि प्रकाश जायसवाल ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शेख अजदर, जुबरान शेख और साकेत नगर निवासी अफताब उर्फ बदल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मंडुवाडीह लंका कैंट थाने में धोखाधड़ी धमकी सहित अन्य मामलों में 10 प्राथमिकी दर्ज है। फरार अन्य दो आरोपी की तलाश की जा रही है।
कोर्ट के आदेश पर लूट के मामले में प्राथमिकी दर्ज
बड़ागांव थाना क्षेत्र के कोदई गांव निवासी युवक से मारपीट और चेन समेत नकदी छीनने के मामले में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सप्तम की अदालत ने बड़ागांव पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है। पुलिस ने तीन नामजद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पीड़ित रितेश मौर्या का आरोप है कि नौ अगस्त की रात 10.30 बजे वह घर लौट रहा था। घर के पास रामलाल और प्रेमलता ने मारपीट कर चेन और पांच हजार रुपये छीन लिए। आरोपियों के बेटे अमित ने घर में घुसकर मारपीट की।
दहेज के लिए विवाहिता को पीटा, कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी
दहेज में दो लाख की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने के मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सप्तम की अदालत ने बड़ागांव पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की। खुशीयाली पुर गांव निवासी संजू यादव ने आरोप लगाया है कि थाना क्षेत्र के दासेपुर गांव निवासी दीनानाथ यादव के साथ 2006 में शादी हुई। शादी के बाद से ही ससुराल वाले प्रताड़ित कर रहे हैं। दो दिसंबर को सभी ने जान से मारने की कोशिश की। ऐसे में वह मायके चली आई। ससुराल वालों ने स्त्री धन भी छीन लिया। थाना प्रभारी बड़ागांव अजय कुमार मिश्र ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
बुलेट और पांच लाख के लिए प्रताड़ित करने के आरोप में प्राथमिकी
दहेज में बुलेट और पांच लाख की मांग को लेकर प्रताड़ित करने के मामले में विवाहिता की तहरीर पर बड़ागांव पुलिस ने पति समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। औसानपुर गांव निवासी पीड़िता रुबी मौर्या ने बताया कि सारनाथ थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर गांव निवासी रामसेवक मौर्य के साथ उसकी शादी साल 2022 में हुई। शादी के बाद से पति ससुर, जेठ और जेठानी दहेज में बुलेट और पांच लाख की मांग को लेकर प्रताड़ित करते हैं।असमर्थता जताने पर मारपीट भी करते हैं। थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्र ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
21 लाख से ज्यादा बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
मंडल के चारों जिलों जौनपुर, गाज़ीपुर, चंदौली और वाराणसी में 14 दिसंबर को विशेष राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस पर पल्स पोलियो अभियान शुरू होगा। इस दिन बूथ डे का आयोजन भी होगा, जहां 5 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी बूथ पर पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
अपर निदेशक एनडी शर्मा ने सोमवार को चारों जिलों के जिला प्रतिरक्षण अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जिलों में माइक्रोप्लान समय से तैयार हो। टीमें पूरी तरह प्रशिक्षित हों और वैक्सीन के साथ सभी आवश्यक लॉजिस्टिक्स उपलब्ध हों। अभियान के अगले चरण में 15 से 19 दिसंबर तक घर-घर अभियान चलेगा। इस दौरान स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो ड्राॅप पिलाएंगी।
चारों जिलों में कुल 21,33,865 बच्चों को इस अभियान के तहत पोलियो की खुराक दिए जाने का लक्ष्य निर्धारित है। इसके लिए प्रत्येक जिले में टीमों का गठन, बूथों की स्थापना, रूट योजनाएं और फील्ड मॉनीटरिंग की तैयारियां हो चुकी हैं। डॉ. शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अभियान को मिशन मोड में चलाएं और समुदाय में टीकाकरण और पोलियो की दवा के प्रति जागरूकता बढ़ाएं।
छोटे भूखंडों का परमिट सिर्फ एक रुपये
सरकार ने प्रदेश के छोटे भूखंड मालिकों को बड़ी राहत दी है। अब 100 स्क्वायर मीटर तक के आवासीय और 30 स्क्वयर मीटर तक के वाणिज्यिक भूखंडों पर भवन परमिट शुल्क मात्र 1 रुपये होगा। यह निर्णय शहरी विकास, नियमन, और मिशन हाउसिंग फॉर ऑल को गति देने में मील का पत्थर माना जा रहा है। क्रेडाई पूर्वांचल के चेयरमैन आकाशदीप ने कहा कि प्रदेश सरकार का यह निर्णय आवासीय विकास को नई दिशा देगा। आम नागरिक के लिए अपना घर बनाना, पहले से कहीं अधिक आसान करेगा। क्रेडाई पूर्वांचल सरकार के इस कदम का स्वागत करता है।
काशी पहुंचा तमिल डेलीगेट्स का पांचवां दल
काशी तमिल संगमम के लिए तमिलनाडु से काशी आने वालों का सिलसिला जारी है। बुधवार को 200 से अधिक सदस्यों का पांचवां दल विशेष ट्रेन से बनारस रेलवे स्टेशन पहुंचा। इसमें तमिल के कारीगर शामिल थे। स्टेशन पर पहुंचते ही हर हर महादेव... और वणक्कम काशी... के स्वर गूंजने लगे। इस दौरान डमरू बजाकर और पुष्पवर्षा कर तमिल प्रतिनिधियों का स्वागत हुआ। कुछ ऐसे भी प्रतिनिधि रहे जो ट्रेन से उतरते ही जमीन पर दंडवत लेट गए। कहा कि यह पवित्र धरती है यहां आकर बहुत खुशी हुई है। दो राज्यों की संस्कृति और भाषा का मिलन हो रहा है।
ग्राम सचिव साइकिल से पहुंचे ब्लाॅक मुख्यालय
ग्राम पंचायत अधिकारी/ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति के आह्वान पर चल रहे शांतिपूर्ण सत्याग्रह आंदोलन के क्रम में बुधवार को ग्राम पंचायत अधिकारी व ग्राम विकास अधिकारी (ग्राम सचिव) यात्रा भत्ता के रूप में मिलने वाले अत्यंत न्यूनतम राशि के कारण साइकिल से काशी विद्यापीठ ब्लाक मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान ग्राम सचिवों ने ऑनलाइन उपस्थित, सचिवों से लिए जा रहे गैर विभागीय कार्य चर्चा कर आगे की रणनीति बनाई। इस दौरान सुयश श्रीवास्तव, अभिषेक सिंह, आयुष मौर्या, रमानंद यादव मौजूद रहे। वहीं, चोलापुर सचिव भी साइकिल से पहुंचे।
600 अभ्यर्थी मिलिट्री हॉस्पिटल प्रयागराज नहीं पहुंचे, 13 दिसंबर अंतिम तिथि
अग्निवीर भर्ती के दौरान मेडिकल रिव्यू के लिए भेजे गए तीन हजार अभ्यर्थियों में से 600 मिलिट्री हॉस्पिटल प्रयागराज नहीं पहुंचे। भर्ती कार्यालय ने इसे गंभीरता से लेते हुए अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि के भीतर मेडिकल प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। मेडिकल मुआयना की अंतिम तिथि 13 दिसंबर है। छावनी के रणबांकुरा स्टेडियम में 8 नवंबर को कुल 16,285 कॉल जारी की गई थी। 13,201 अभ्यर्थियों ने स्थल पर पहुंचकर उपस्थिति दर्ज कराई, जबकि 9,505 उम्मीदवारों ने दौड़ में सफलता प्राप्त की।
पास अभ्यर्थियों में से बड़ी संख्या को मेडिकल रिव्यू की प्रक्रिया के लिए प्रयागराज भेजा गया था, ताकि आगे की भर्ती प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके। भर्ती निदेशक कर्नल शैलेश कुमार ने कहा कि जिन अभ्यर्थियों को रिव्यू सर्टिफिकेट दिया गया है, वे समय से अस्पताल पहुंचकर अपना परीक्षण पूर्ण कराएं, ताकि परिणाम घोषणा और आगे की कार्रवाई में किसी प्रकार की देरी न हो।
शिक्षक डॉ. रामजी दूबे को मिला टीचर ऑफ द ईयर अवार्ड 2025
बड़ागांव क्षेत्र में स्थित एक निजी पीजी कॉलेज में प्राणी विज्ञान के प्राध्यापक डॉ. रामजी दूबे को टीचर ऑफ द ईयर अवार्ड 2025 से एक दो-दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में सम्मानित किया गया। दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन शनिवार और रविवार को को एनवायरनमेंट एंड सोशल एसोसिएशन (जेसा) नई दिल्ली की ओर से लखनऊ के ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में किया था।
यह प्रतिष्ठित पुरस्कार उन्हें उत्तर प्रदेश संघ लोक सेवा आयोग के सदस्य डॉ. एके वर्मा और ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनंद तनेजा ने प्रदान किया। यह पुरस्कार उन्हें उनके शैक्षिक कार्यों का मूल्यांकन करते हुए यह पुरस्कार प्रदान किया गया । डॉ. रामजी की अकादमिक यात्रा में 15 से अधिक शोधपत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं।
अधिवक्ताओं ने महाकवि की प्रतिमा पर जलाए 143 दीप
महाकवि सुब्रह्मण्यम भारती की 143वीं जयंती की पूर्व संध्या पर हनुमान घाट पर बनारस बार के पूर्व महामंत्री नित्यानंद राय और विनोद पांडेय ‘भैयाजी’ के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने कांची कामकोटि स्वर मंदिर के उत्तर स्थित महाकवि की प्रतिमा के सामने 143 दीप जलाकर उन्हें नमन किया। नित्यानंद राय ने बताया कि सुब्रह्मण्यम भारती को उत्तर और दक्षिण भारत के बीच का सांस्कृतिक सेतु कहा जाता है। महाकवि भारती 1898 से 1901 तक चार वर्षों तक काशी में रहे। उनकी बुआ के परिवार की अगली पीढ़ी आज भी उसी घर में निवास कर रही है। तमिलनाडु सरकार ने इस घर पर स्मृति-चिह्न के रूप में एक शिलापट्ट भी स्थापित किया है।
कुश्ती चैंपियनशिप के लिए यूपी की टीम रवाना
अहमदाबाद में 11 से 14 दिसंबर तक आयोजित होने वाली सीनियर राष्ट्रीय पुरुष एवं महिला कुश्ती चैंपियनशिप के लिए यूपी की टीम बुधवार को रवाना हो गई। टीम के साथ वाराणसी के दो अनुभवी प्रशिक्षक अरविंद यादव और रविंद्र कुमार सिंह यादव भी शामिल रहे। दोनों प्रशिक्षकों को उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ ने टीम का कोच नियुक्त किया। भारतीय कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार सिंह बबलू, यूपी कुश्ती संघ के अध्यक्ष करणभूषण सिंह, महासचिव सुरेश चंद्र उपाध्याय ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। वाराणसी कुश्ती संघ के कार्यवाहक जिला अध्यक्ष राजीव सिंह रानू ने कहा कि टीम के साथ अनुभवी कोच होने से टीम को लाभ मिलेगा।
आईएमए वाराणसी शाखा को मिलेगा बेस्ट सेक्रेटरी अवाॅर्ड
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) वाराणसी शाखा को दिल्ली स्थित नेशनल हेडक्वार्ट्स से बेस्ट सेक्रेटरी का अवाॅर्ड मिलेगा। अहमदाबाद में 27 दिसंबर को आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन में सचिव डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी ये अवॉर्ड लेंगे। आईएमए के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. भानुशाली ने वाराणसी शाखा के सचिव समेत अन्य पदाधिकारियों को इसके लिए बधाई दी है। शाखा अध्यक्ष डॉ. एसपी सिंह ने इस सम्मान को आईएमए के लिए गौरवपूर्ण बताया। इसके अलावा आईएमए यूपी के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव, वैज्ञानिक सचिव डॉ. विशाल सिंह यादव, शाखा के अध्यक्ष निर्वाचित डॉ अनुराग टंडन सहित अन्य पदाधिकारियों ने बधाई दी है।
सीएम योगी।
- फोटो : अमर उजाला
आज आएंगे मुख्यमंत्री योगी, एसआईआर की करेंगे समीक्षा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार की शाम वाराणसी पहुंचेंगे। वह यहां सर्किट हाउस में प्रशासनिक अफसरों के साथ एसआईआर की समीक्षा बैठक करेंगे। इसमें जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री आजमगढ़ और जौनपुर में समीक्षा करेंगे।
मुख्यमंत्री एसआईआर के अलावा कज्जाकपुरा फ्लाईओवर और रोपवे की भी समीक्षा करेंगे। दोनों प्रोजेक्ट को 31 दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही दालमंडी की प्रगति रिपोर्ट भी देखेंगे। अफसरों ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसके बाद श्रीकाशी विश्वनाथ और बाबा कालभैरव के दर्शन करेंगे।
बता दें कि जिले में कुल 31 लाख मतदाताओं में से अब तक 25 लाख के एसआईआर फॉर्म भरे जा चुके हैं। 14 लाख की मैपिंग भी पूरी हो गई है। अजगरा, पिंडरा, शिवपुर और सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र में सर्वे का 100 प्रतिशत काम पूरा हो गया। जबकि कैंट और दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र और रोहनिया व उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में अभी कुछ प्रतिशत काम बाकी रह गया है।
दक्षिण काशी से 2460 किमी की दूरी तय कर पहुंचे काशी
काशी तमिल संगमम 4.0 की नौ दिवसीय कार रैली बुधवार को नमो घाट पहुंची। तेनकासी से दो दिसंबर को निकली इस ऐतिहासिक कार रैली ने करीब 2,460 किमी की दूरी तय की। काशी पहुंचने पर रैली का भव्य स्वागत हुआ। मोहन सराय काशी द्वार पर एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने पुष्पवर्षा और माल्यार्पण कर रैली का स्वागत किया। नमो घाट पर पहुंचने पर मंडलायुक्त एस राजलिंगम और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने दल का औपचारिक स्वागत किया। मंडलायुक्त ने कहा कि यह यात्रा न केवल तमिल और काशी की सांस्कृतिक निकटता का उत्सव है, बल्कि भारत की उस आध्यात्मिक एकता की जीवंत अनुभूति भी है। जिसने सदियों से उत्तर और दक्षिण को एक सूत्र में बांध रखा है।
पहले दिन बच्चों ने दी मौखिक परीक्षा
जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों में बुधवार से अर्द्धवार्षिक परीक्षा शुरू हो गई। पहले दिन प्राथमिक विद्यालय के बच्चों की मौखिक परीक्षा हुई। उच्च प्राथमिक विद्यालय कला, कृषि, गृहशिल्प, खेलकूद एवं शारीरिक शिक्षा की परीक्षा हुई। परीक्षा दो पालियों में आयोजित हुई। प्रथम पाली में कक्षा एक से पांच तक के बच्चों की मौखिक परीक्षा हुई। दूसरी पाली में छह से आठ तक के बच्चों की कला, कृषि, गृहशिल्प, खेलकूद एवं शारीरिक शिक्षा की परीक्षा हुई। प्रभारी बीएसए भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि 1143 विद्यालयों में कुल 1,78,000 बच्चे परीक्षा में प्रतिभाग कर रहे हैं।
संस्कृत विश्वविद्यालय में परंपरा, संस्कृतियों से रूबरू हुए तमिल अतिथि
काशी तमिल संगमम में आए प्रतिनिधियों ने बुधवार को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय का भ्रमण किया। यहां की संस्कृति और परंपराओं को सहेजने के लिए किए जाने वाले प्रयासों से रूबरू हुए। काशी सहित देश भर में संबद्ध महाविद्यालयों में पठन-पाठन के बारे में भी जानकारी ली। तमिल प्रतिनिधियों का स्वागत कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने दुपट्टा, रुद्राक्ष की माला और विश्वविद्यालय से प्रकाशित पंचांग देकर किया। ऐतिहासिक मुख्य भवन, वेधशाला, सरस्वती भवन पुस्तकालय एवं विस्तार भवन पुस्तकालय को देख प्रतिनिधि भावविभोर हो गए।
उन्होंने सरस्वती भवन पुस्तकालय में रखे दुर्लभ पांडुलिपियों को भी देखा। तीन लाख से अधिक दुर्लभ ग्रंथों का सूक्ष्मता से अवलोकन कर टीम का नेतृत्व कर रहे मदुरई ने कहा कि यह संस्था भारत, भारतीय और भारतीयता के मर्म को वैश्विक स्तर स्थापित करने वाली है। तमिल प्रतिनिधियों का नेतृत्व कर रहे डॉ. गोविंद राजन ने कहा कि काशी को समझने के लिए देववाणी संस्कृत के इस मंदिर में आना होगा। इस दौरान डॉ जगदीशन, डॉ. भूपीनंदन आदि मौजूद रहे।
इवेंट फिल्म का देवनागरी लोगो लॉन्च
सिनेमा और संस्कृति के अनोखे संगम का जश्न मनाते हुए साल की सबसे बहुप्रतीक्षित वैश्विक इवेंट फिल्म अवतार: फायर एंड ऐश को बुधवार को काशी में लॉन्च हुआ। गंगातट पर अपने विशेष देवनागरी लोगो का अनावरण हुआ। थीम के अनुरूप, खासतौर पर तैयार किया गया ऊर्जावान संगीत जस्टिन-उदय डुओ ने कंपोज किया है। फिल्म के मुख्य विषय अग्नि, प्रकाश और रूपांतरण को खूबसूरती से प्रतिबिंबित करती है। यह फिल्म 19 दिसंबर को अंग्रेज़ी, हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ सहित छह भाषाओं में रिलीज होगी।
कल महालक्ष्मी का अन्नकूट शृंगार, भजन संध्या
लक्सा स्थित महालक्ष्मी मंदिर में त्रिशक्तिपीठ स्वर्ण महालक्ष्मी माता का वार्षिक अन्नकूट श्रृंगार महोत्सव एवं भजन संध्या 12 दिसंबर को आयोजन होगा। मंदिर के महंत पं. शिवप्रसाद पांडेय ने बताया कि माता महालक्ष्मी अन्नकूट महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। संतोषी माता, जीवित्पुत्रिका माता सहित सभी विग्रहों का शृंगार होगा। रात में आरती होगी। गीतकार कन्हैया दुबे केडी के संयोजन में भजन संध्या होगी। पूर्वांचल के सुप्रसिद्ध कलाकारों में लोक गायिका नायिका शैलबाला, डॉ अमलेश शुक्ला, बाल कलाकार यथार्थ दुबे, स्नेहा अवस्थी, अरुण मिश्रा आदि माता दरबार में हाजिरी लगाएंगे।
बीएचयू दीक्षांत में डीजे और लाउड स्पीकर बजाने पर लगी रोक
बीएचयू के दीक्षांत समारोह के दौरान कैंपस में डीजे या किसी भी तरह के लाउड स्पीकर के बजाने पर रोक लगा दी गई है। पूरे कैंपस में कहीं भी डीजे गाना नहीं बजा सकेंगे। बीएचयू की दीक्षांत समारोह समिति की ओर से ये फैसला लिया गया है। वहीं चीफ प्रॉक्टर कार्यालय को भी सूचित किया गया है। वहीं चीफ प्रॉक्टर प्रो. शिव प्रकाश सिंह की ओर से भी एक सूचना जारी कर बताया गया है कि सभी डीन और विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि समारोह के दौरान डीजे या लाउड स्पीकर बजाने की स्वीकृति न दी जाए।
इस बार बीएचयू में काशी तमिल संगमम के एकेडमिक कार्यक्रम के चलते बड़ी संख्या में डेलीगेट्स बीएचयू में रहेंगे। इस दौरान डीजे पर अभद्र और अश्लील गाने भी बजाए जाते हैं जिससे कई बाद विवाद और हंगामे की स्थिति खड़ी हो जाती है। ऐसे में काशी तमिल संगमम के चलते इस बार ऐसी कोई अप्रिय स्थिति न खड़ी हो ऐसा प्रयास किया जा रहा है।
11 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बही हवा
जिले के मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। दोपहर में दो घंटे ही अच्छी धूप मिल रही, उसके पहले और बाद में कभी ठंडी हवा बह रही तो कभी धुंध जैसा नजारा दिख रहा है। बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री कम 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा 11 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से बही। दोपहर तीन बजे के बाद गलन बढ़ने लगी है। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से कोई चेतावनी नहीं जारी की गई है। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि कोहरा छाने की संभावना है। वहीं कुछ दिनों तक ठंड की स्थिति ऐसी ही रहेगी।
काशी तमिल संगमम: गंगातट पर सजाए लोक संगीत का गुलदस्ता, आनंद से सराबोर
काशी तमिल संगमम 4.0 में बुधवार को नमो घाट के मुक्ताकाशी मंच पर संगीत का गुलदस्ता सजा। तमिल व काशी के लोक संगीत ने दर्शकों को ठंड के बीच गर्मी का एहसास कराया। आनंद से सराबोर रहे। स्थानीय व तमिल कलाकारों ने अपनी विशिष्ट प्रस्तुतियों मां गंगा को नमन किया और कला की विविधता से रूबरू कराया।
उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र प्रयागराज एवं दक्षिण क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र तंजावूर संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से सजी सांस्कृतिक संध्या में तमिलनाडु एवं काशी के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दर्शकों के दिलों में उतर गईं। मन्नालाल यादव के बिरहा गायन से संगीत के संगम का आगाज हुआ। उन्होंने भारत देशवा मोर सबसे महान..., काशी महिमा... आदि सुनाया।
दूसरी प्रस्तुति उपशास्त्रीय गायिका डॉ. सुचरिता गुप्ता की रही। अगली प्रस्तुति आर मुथुपाडी एवं दल, तमिल नायडू द्वारा करगम, कवड़ी तमिल लोक नृत्य की रही। नृत्य की आभा से सभी चकित रहे। चौथी प्रस्तुति वृष्टि चक्रवर्ती एवं दल का लोकनृत्य की ही रही। कलाकारों में वृष्टि चक्रवर्ती, सृष्टि यादव, परी यादव, इप्शीता मुखर्जी, सिमरन सिंह, सुनैना रॉव, पायल सिंह, अहाना दास गुप्ता आदि ने नृत्य की भावभंगिमाओं से मुग्ध किया।
बीएचयू में खून संबंधी बीमारियों पर तीन दिन मंथन करेंगे विशेषज्ञ
आईएमएस बीएचयू और वाराणसी क्लिनिकल हेमेटोलॉजी सोसाइटी की ओर से तीन दिवसीय राष्ट्रीय हेमेटोलॉजी संगोष्ठी का आयोजन 12 से 14 दिसंबर तक किया गया है। इस दौरान देश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले विशेषज्ञ खून संबंधी बीमारियों के कारण, उपचार पर मंथन करेंगे। मेडिसिन विभागाध्यक्ष प्रो.एलपी मीना ने बताया कि संगोष्ठी में रक्त रोगों से जुड़ी नवीनतम शोध, उपचार और चुनौतियों पर मंथन होगा।
संगोष्ठी के पहले दिन का कार्यक्रम ट्रॉमा सेंटर स्थित बोनमैरो ट्रांसप्लांट यूनिट में आयोजित होगा। बाकी के दो दिन बीएचयू के केएन उडुप्पा सभागार में वैज्ञानिक सत्र होंगे। कार्यक्रम के दौरान रक्त कैंसर, एनीमिया, ब्लीडिंग डिसऑर्डर, प्लेटलेट विकार सहित हेमेटोलॉजी से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी।
भारत सरकार की नेशनल हेल्थ अथॉरिटी (एनएचए) की विशेषज्ञ प्रो. विनीता श्रीवास्तव मुख्य अतिथि होंगी, जबकि आईएमएस बीएचयू के पूर्व निदेशक प्रो. वीपी सिंह विशिष्ट अतिथि रहेंगे। संगोष्ठी में हेमेटोलॉजी के जनक डॉ. एमबी अग्रवाल, पद्मश्री डॉ. कमलाकर त्रिपाठी, ओडिशा से डॉ. आरके जीना, कोलकाता से डॉ. तुफान कांती, लखनऊ से डॉ. एके त्रिपाठी होंगे।
संत कबीर राज्य हथकरघा पुरस्कार के लिए पूर्वांचल के तीन बुनकर चयनित
संत कबीर राज्य हथकरघा पुरस्कार के लिए पूर्वांचल के तीन बुनकरों का चयन हुआ है। इनमें दो वाराणसी और एक मिर्जापुर के हैं। क्लेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में चयन समिति के सदस्यों ने पुरस्कार के लिए तीन बुनकरों का चयन किया।
इसमें अजगरा के दूधनाथ प्रसाद की कटुआ रंगकार्ट साड़ी प्रथम, कमना चोलापुर की सविता प्रसाद के रंगकार्ट कटुआ वाल हैंगिंग द्वितीय तथा मिर्जापुर जिले के चुनार निवासी फैजलुर रब की दरी कैनवास मध्य कालीन कलाकृति डिजाइन के लिए तृतीय स्थान हेतु चयनित की गई है।
चयन समिति के सदस्यों में संयुक्त आयुक्त उद्योग मोहन शर्मा, उपायुक्त उद्योग अजय कुमार गुप्ता, क्षेत्रीय प्रबन्धक यूपिका, प्रतिनिधि प्रोजेक्ट आफिसर राज्य हथकरघा निगम आरएमएम, उप निदेशक बुनकर सेवा केन्द्र तथा नामित 2 बुनकर प्रतिनिधि सदस्य के रूप में शामिल रहे।
वित्तीय नियोजन से रूबरू हुई रेलवे की महिला कर्मचारी
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल की ओर से बुधवार को आयोजित महिला वित्तीय सशक्तीकरण और वित्तीय कल्याण संवर्द्धन कार्यक्रम में वित्तीय नियोजन पर चर्चा हुई। मुख्य वक्ता कौशल विकास संगठन के सलाहकार कन्हैया कुमार ने महिला कर्मचारियों को वित्तीय नियोजन से जुड़ी जानकारी दी।
लहरतारा न्यू लोको काॅलोनी स्थित इंद्रप्रस्थ सामुदायिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में कन्हैया कुमार ने कहा कि प्रेजेंटेशन के माध्यम से वाराणसी मंडल पर कार्यरत महिला कर्मचारियों को परिसंपत्तियों की सुरक्षा करने और अपने वित्तीय लक्ष्यों को प्राप्त करने के उपाय बताए। अध्यक्ष मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य कर्मचारियों को बचत, धन के खर्च करने आदि के बारे में जागरूक करना है। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह ने स्वागत किया।
बनारस में बीएसएनएल का ब्लैक आउट, 10 हजार नंबर स्विच ऑफ
बीएसएनएल के सिम अपग्रेडेशन सिस्टम में आई तकनीकी खराबी ने जिले के उपभोक्ताओं को काफी समस्या हो रही हैं। 10 दिनों से जिले के लगभग 10 हजार उपभोक्ताओं का मोबाइल नंबर स्विच ऑफ बता रहा है, जिसके कारण उनकी आपसी कनेक्टिविटी पूरी तरह टूट गई है। इससे शैक्षणिक कार्य, बैंकिंग और व्यावसायिक लेनदेन बुरी तरह प्रभावित है।
बीएसएनएल अधिकारियों के मुताबिक, हाल ही में पूरे जिले में सिम अपग्रेडेशन प्रक्रिया शुरू की गई है। नई तकनीक में स्थानांतरण के दौरान सर्वर में तकनीकी बाधा आ गई, जिसके कारण उपभोक्ताओं के नंबर निष्क्रिय हो गए। बीएसएनएल जनसंपर्क अधिकारी अनिश सिंह ने बताया कि नई सिम खेप आने में 4-5 दिन का समय लगेगा।
अंतर्देशीय जल परिवहन को सुदृढ़ करने के लिए प्रभावी एजेंसी में समन्वय जरूरी
केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के सचिव विजय कुमार ने बुधवार को कमिश्नरी सभागार में जल परिवहन के अधिकारियों संग बैठक कर आगामी परियोजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने बृहस्पतिवार को होने वाले हाइड्रोजन टैक्सी के उद्घाटन कार्यक्रम के मिनट्स पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि अंतर्देशीय जल परिवहन को सुदृढ़ करने के लिए प्रभावी एजेंसी में समन्वय जरूरी है।
सचिव ने मंत्रालय की ओर से वाराणसी को एक प्रमुख अंतर्देशीय जलमार्ग परिवहन हब के रूप में विकसित करने की योजना है। समीक्षा बैठक में वर्तमान में प्रगति पर विभिन्न परियोजनाओं पर चर्चा की गई। सचिव ने एजेंसियों के प्रयासों की सराहना की और निर्देश दिया कि परियोजनाओं की निर्बाध प्रगति सुनिश्चित करने के लिए आपसी समन्वय बनाए रखें। इस बैठक में मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, आईडब्ल्यूएआई के वरिष्ठ अधिकारी आदि मौजूद रहे।
सम्मानजनक जीवन जीने के लिए मानवाधिकार के प्रति जागरूकता जरूरी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने मानवाधिकार से जुड़े मूल्यों पर विस्तार से चर्चा की। शिक्षाशास्त्र विभाग के अध्यक्ष प्रो. सुरेंद्र राम ने कहा कि मानवाधिकार उन मूल्यों पर आधारित है जो मानव को एक सम्मानजनक एवं गरिमापूर्ण जीवन जीने के लिए आवश्यक है।
विभाग में आयोजित कार्यक्रम में प्रो. सुरेंद्र ने कहा कि भारतीय संविधान में मौलिक अधिकार के रुप में मानवाधिकारों को शामिल किया गया है। अतिथियों का स्वागत करते हुए डॉ. दिनेश कुमार ने कहा कि मानवाधिकार के अभाव में व्यक्ति का समग्र विकास संभव नहीं हो सकता है। ऐसे में हमें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और सजग रहना होगा। इस दौरान डॉ. वीणा वादिनि, डॉ. ज्योत्सना राय,डॉ. राखी देब आदि लोग मौजूद रहे।
राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से आयोजित मानवाधिकार और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा में युवा शक्ति की भूमिका विषयक संगोष्ठी में कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने कहा कि अधिकारों के रहते हुए भी हम अनभिज्ञ रहते है। ऐसे में हम सभी को अधिकारों के प्रति जागरूक रहना होगा। बीएचयू विधि संकाय के प्रो. अजेंद्र श्रीवास्तव रहे।
प्रमुख सचिव ने अटल आवासीय विद्यालय करसड़ा का किया निरीक्षण
अटल आवासीय विद्यालय, करसड़ा में बुधवार को उत्तर प्रदेश शासन के श्रम एवं सेवायोजन विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. एमके शन्मुगा सुंदरम ने निरीक्षण किया। इस दौरान कक्षा 10 के बच्चों के गणित, विज्ञान और अंग्रेजी विषय में कमजोर प्रदर्शन देख नाराजगी जताई। उन्होंने उच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ कमजोर विद्यार्थियों के छोटे समूह बनाकर रेमिडियल टीचिंग और सुपरवाइज्ड स्टडी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
बच्चों को पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे कलाम और अल्बर्ट आइंस्टीन से प्रेरणा लेने को कहा। कार्यक्रम के दौरान प्रांगण में पौधरोपण हुआ। स्वागत प्राचार्य ने किया। इस दौरान सहायक श्रमायुक्त अविनाश चंद्र तिवारी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी सुनील द्विवेदी और वरिष्ठ सहायक अंजनी राय उपस्थित रहे।
बिजली निगम निजीकरण के विरोध में एक जनवरी से आंदोलन
बिजली निगम के निजीकरण का विरोध में बुधवार को कर्मचारियों ने बिजली कार्यालयों पर प्रदर्शन कर निजीकरण के विरोध में नारेबाजी की। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले चल रहे प्रदर्शन में पदाधिकारियों ने एक जनवरी से आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। फरवरी से सभी ट्रेड यूनियनों के साथ ही हड़ताल करने की घोषणा की।
संघर्ष समिति की ओर से चल रहे विरोध प्रदर्शन में मीडिया सचिव अंकुर पांडेय, राजेश सिंह ने कहा कि नियमित बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं के खाते में एक वर्ष के औसत खपत के आधार पर उनके वर्तमान बिल में 25 प्रतिशत क्रेडिट देने की व्यवस्था करनी चाहिए। उप्र में बिजली के निजीकरण के विरोध में चल रहे विरोध प्रदर्शन के साथ प्रदेशभर में बिजली कर्मी आगामी 1 जनवरी से आंदोलन करेंगे। इस दौरान संदीप कुमार, हेमन्त श्रीवास्तव, अभिषेक शुक्ला,धनपाल सिंह मौजूद रहे।
बीएचयू में कला प्रदर्शनी में दिखीं मेले, त्योहारों की तस्वीरें
बीएचयू के दृश्यकला संकाय के अहिवासी कला वीथिका में तीन दिवसीय कला प्रदर्शनी का उद्घाटन बुधवार को हुआ। गुजरात के वरिष्ठ छायाकार मनन ठाकर ने प्रदर्शनी में देश के विभिन्न प्रांतों में आयोजित होने मेले, त्योहार से जुड़ी तस्वीरों को लगाया है। संकाय प्रमुख प्रो. उत्तमा दीक्षित ने प्रदर्शनी की सराहना की। बीएचयू में 12 दिसंबर तक चलने वाली प्रदर्शनी का उद्घाटन दृश्य कला संकाय की प्रमुख प्रोफेसर उत्तमा दीक्षित, फोटोग्राफर डॉ. गौतम चक्रवर्ती, वरिष्ठ छायाकार बिनय रावल ने किया। कला दीर्घा संयोजक डॉ. सुरेश जांगिड़ ने प्रदर्शनी का परिचय प्राप्त किया। प्रो. उत्तमा ने कहा कि किसी ने सच ही कहा है कि चेहरे से व्यक्ति के व्यक्तित्व और जीवन से जुड़ी अनेक बातों का पता चलता है। इस दौरान अजय उपासनी, डॉ. आशीष गुप्ता, कृष्णा सिंह, सुरेश नायर मौजूद रहे।
स्वच्छता सर्वेक्षण-2025 के लिए वर्चुअल कार्यशाला
नगर विकास विभाग, उत्तर प्रदेश शासन की ओर से स्वच्छता सर्वेक्षण की दृष्टि से आयोजित वर्चुअल कार्यशाला में बुधवार को नगर निगम वाराणसी की टीम ने प्रतिभाग किया। इसमें स्वच्छता सर्वेक्षण के विभिन्न मानकों के अनुरूप शहर में जन-जागरूकता बढ़ाने, नागरिकों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने के तरीकों पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रतिभागियों को सर्वेक्षण में शामिल मूल्यांकन प्रक्रियाओं एवं मानकों का भी प्रशिक्षण दिया गया। वाराणसी से डॉक्यूमेंट मैनेजर प्रीति सिंह आदि मौजूद रहे।