अफसरों के साथ मीटिंग करते स्टांप मंत्री।
- फोटो : अमर उजाला
Varanasi News: स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने गुरुवार को डीएम सत्येंद्र कुमार, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और वीडीए वीसी पुलकित गर्ग के साथ बैठक की। उन्होंने पुलिस कमिश्नर को निर्देश दिए कि दीपावली पर्व के दौरान सड़क के किनारे पटरियों पर दुकान लगाकर सामानों की बिक्री कर रहे छोटे दुकानदारों को न हटाया जाए। क्षेत्रीय पुलिस के लोग उन्हें परेशान बिल्कुल न करें।
राज्यमंत्री ने कहा कि दीपावली पर्व के दौरान छोटे-छोटे त्योहार पर प्रयोग होने वाले झालर, दाना, दीया, बत्ती, खिलौने आदि सामानों की बिक्री करते हैं। जो उनकी जीविका का साधन भी है। ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए की दुकानदार पटरियों पर रखकर अपना सामान भी बेंच सके और इस दौरान यातायात सुगमता से चलता रहे।
गरीब दुकानदारों के जीविका पर कोई असर नहीं पड़ना चाहिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रमुख मार्गों पर जहां पार्किंग की व्यवस्था नहीं है, वहां की सड़कों के दोनों तरफ समान दूरी पर 8 फीट स्थान का निर्धारण कर सफेद पट्टी का निशान लगा दिया जाए, ताकि इन मार्गों पर दुकानों से खरीदारी करने वाले आम लोग अपने वाहनों को इस स्थान पर पार्क कर सके और बिना वजह पुलिस उनके वाहनों का चालान ना कर सके।