गंगा के जलस्तर बढ़ने के कारण डाला छठ की तैयारियों में आ रही अड़चन को दूर करने के लिए मेयर अशोक कुमार तिवारी ने भोजपुरी समाज के लोगों के साथ मोटर बोट से गंगा घाटों का निरीक्षण किया। बृहस्पतिवार को अस्सी से लेकर नमो घाट तक तकरीबन ढाई घंटे तक निरीक्षण में एक एक घाटों की परेशानियों को छठ के प्रथम अर्घ्य से पूर्व दूर कराने को कहा।
इस दौरान भोजपुरी समाज के अध्यक्ष सोमनाथ ओझा ने मेयर से घाटों पर बेहतर साफ सफाई की मांग की। जिस पर मेयर ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसके चौधरी को पूजा वाले घाटों पर डस्टबिन रखवाने को कहा। घाटों पर जमी सिल्ट को समतल करने और बेहतर सफाई करने के लिए मुख्य अभियंता को जिम्मेदारी दी।
73 पंपों की सहायता से सिल्ट सफाई कराने की जानकारी पर मेयर ने कहा कि जरूरत पड़ तो और पंप लगाएं। जिससे कम समय में सिल्ट सफाई का कार्य पूरा हो सके। इस अवसर पर भोजपुरी समाज व पार्षदों में नरसिंह दास, सुरेश कुमार चौरसिया, प्रवीण राय, अमित सिंह पिंटू मौजूद रहे।