रोहनिया थाना क्षेत्र में 24 अगस्त की रात अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल बाइक सवार युवक की बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। हरपालपुर, लोहता निवासी पवन कुमार तिवारी का पुत्र पवित्र कुमार तिवारी (20) 24 अगस्त की रात बाइक से रोहनिया से अपने घर लौट रहा था। भाजपा कार्यालय के सामने पहुंचा था, तभी सामने से आए तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में पवित्र गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा था। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि मृतक के पिता पवन कुमार तिवारी की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
गड्ढे में मिला युवक का शव, हाथ पर रोहित राधिका लिखा है नाम
चौबेपुर थाना क्षेत्र के राजवारी बारी गांव के पास झुरमुट के बीच एक गड्ढे में रविवार की शाम युवक का शव पुलिस ने बरामद किया। फाॅरेंसिक टीम ने भी छानबीन की। पुलिस ने शव को संरक्षण में लिया। युवक के बांह पर रोहित-राधिका का नाम गोदना से लिखा मिला है। शव से तेज दुर्गंध आ रही थी। पुलिस के अनुसार शव 4 से 5 दिन पुराना लग रहा है। राजवारी बारी गांव के पास झुरमुट के बीच गड्ढे से तेज दुर्गंध उठने पर ग्रामीण पास गए तो युवक का सड़ा गला शव देखा। गांव के प्रधान समेत अन्य ने पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि शव करीब चार-पांच दिन पुराना प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा।
20 रुपये मांगने पर दुकानदार का कान काटा
सिगरा थाना क्षेत्र के शिवपुरवा स्थित गांधी चबूतरा के पास गोलगप्पा बिक्री करने वाले दुकानदार विपिन गुप्ता को रविवार की शाम मनबढ़ मछली विक्रेता ने चाकू से कान पर हमला कर दिया। गोलगप्पा के 20 रुपये मांगने पर मछली विक्रेता ने चाकू से वार किया। लहूलुहान विपिन का पास के एक निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया। सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि पीड़ित ने तहरीर नहीं दी और किसी तरह की कार्यवाही से भी इंकार किया है।
रंजिश में युवक को बंधक बनाकर पीटा
लोहता थाना क्षेत्र के भिटारी गांव में रविवार को रंजिश के चलते एक युवक को बंधक बनाकर लाठी-डंडों से पीटा गया। उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित दिनेश पटेल ने बताया कि हमला करने वालों में मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर का एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है। पुलिस ने भिटारी निवासी अशोक पटेल, उनके पुत्र, नागेंद्र पटेल और चांदपुर निवासी शिवबालक पटेल उर्फ कोली के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया है। थानाध्यक्ष अभिजीत सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सीएम योगी दिखाएंगे बाइक यात्रा को हरी झंडी
भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक पूरे एक महीने सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। इस दौरान 13 जनकल्याणकारी कार्यक्रम होंगे। 17 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर पहुंचेंगे और रुद्राक्ष गेट से युवा बाइकर्स की टोली को हरी झंडी दिखाएंगे। काशी और वडनगर के बीच 500-500 प्रतिनिधियों के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक आदान-प्रदान की भी योजना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों पर रविवार को भाजपा महानगर कार्यालय गुलाब बाग में व्यवस्था टोली की बैठक हुई। महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि की अध्यक्षता में हुई बैठक में राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी जगदीश पटेल ने पदाधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली। महानगर अध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में लंबे सेवाकाल को केंद्र में रखकर पूरे एक महीने कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
11 साल की बच्ची से आपत्तिजनक हरकत
दूध देने के बहाने 11 साल की बच्ची को कमरे में बुलाकर उसके साथ आपत्तिजनक हरकत करने के आरोप में तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पड़ोसी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। कैंट थाना क्षेत्र निवासी बच्ची के पिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि बेटी को दूध लेने भेजा था। दूध विक्रेता के कहने पर बेटी पड़ोसी के यहां दूध देने पहुंची। आरोपी को बच्ची को अंदर बुला लिया। दूध पलटने के दौरान उसके हाथ पर दूध गिर गया तो आरोपी ने उसकी टी-शर्ट से हाथ पोंछा और आपत्तिजनक हरकत की। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
पहड़िया मंडी में फल कारोबारी पर हमला
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के पहड़िया मंडी में फल कारोबारी गुड्डू सोनकर पर हमला करने के आरोप में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। आरोप है कि 12 सितंबर को राजकुमार, शिवकुमार, रोहित, सोनू और करिया सोनकर फर्म में पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए गुड्डू की लात-घूंसों से पिटाई कर दी। मारपीट में उनके चेहरे पर कट लगा और शरीर में कई चोटें आईं। आरोपित जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
कारोबारी के सहयोगी को रोक कर पीटा
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के हुकुलगंज मार्ग पर बाइक सवार कारोबारी के सहयोगी दिनेश गौड़ को रोककर गला दबाने और मारपीट के मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की। दिनेश का आरोप है कि हमले में सिर में गंभीर चोट लगी और करीब 12 ग्राम की सोने की चेन गायब हो गई। आजमगढ़ के सुल्तानपुर निवासी दिनेश के मुताबिक, 10 सितंबर की रात वह पांडेयपुर से हुकुलगंज लौट रहा था। पेट्रोल पंप के पास पीछे से बाइक में लात मारी गई। इसके बाद दो बाइकों पर सवार पांच लोगों ने रास्ता रोक लिया। आरोप है कि एक युवक ने गले में पड़ा गंडा कस दिया, जबकि अन्य ने ईंट-पत्थर और डंडे से हमला किया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
गुमटी मार्केट में एक ही रात दो दुकानों में चोरी
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के बरेका गुमटी मार्केट में चोरों ने एक ही रात दो दुकानों को निशाना बनाया और हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। गुमटी मार्केट की दुकान नंबर 443 में जिगत पांडेय की कपड़े की दुकान है। रात में चोर टीन शेड हटाकर दुकान में दाखिल हुए।
इसके बाद करीब 23 हजार रुपये कीमत के लोअर और अन्य कपड़े चोरी कर ले गए। इसी मार्केट में अजय मिश्रा के गिफ्ट काउंटर को भी चोरों ने निशाना बनाया। थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि सीसी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही चोरों की पहचान की जा रही है।
वाराणसी के स्वप्निल के खिलाफ प्राथमिकी
गाजियाबाद के मुरादनगर निवासी एक व्यक्ति ने बंधक बनाकर धोखे से जमीन हड़पने और उसे 1.50 करोड़ रुपये में बेचने की शिकायत की है। पुलिस के सुनवाई नहीं करने पर पीड़ित ने कोर्ट का रुख किया। कोर्ट के आदेश पर थाना सिहानीगेट पुलिस ने आरोपी दिनेश, अंकित, सचिन प्रधान निवासी जलालाबाद, संतोष कुमार दुबे निवासी वैशाली, ट्रांस हिंडन, स्वप्निल तिवारी निवासी भोगवारा वाराणसी और हुकुम सिंह निवासी सैन विहार, डूंडाहेड़ा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
स्कूटी चोरी का आरोपी गिरफ्तार, वाहन बरामद
कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर एक स्कूटी चोरी के आरोपी सिद्धार्थ साहनी को रविवार को चौकी लाट भैरव के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी कोनिया आदमपुर का निवासी है। कोतवाली निरीक्षक दयाशंकर सिंह ने बताया कि आरोपी सिद्धार्थ ने पूछताछ में बताया कि उसने स्कूटी मध्यमेश्वर थानाक्षेत्र कोतवाली स्थित एक घर से चुराई थी। शनिवार की रात पुलिस ने चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार को रोका और रजिस्ट्रेशन नंबर से जांच की तो वाहन चोरी का निकला।
चाय की दुकान में तोड़फोड़, 1900 रुपये लूटे
हरहुआ के काजीसराय में रविवार दोपहर बाद मनबढ़ों ने चाय दुकान के कर्मचारी की पिटाई और तोड़फोड़ की। इस दौरान 1900 रुपये भी लूट लिए। मनबढ़ों ने रंगदारी की मांग की है। पीड़ित की तहरीर पर नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बड़ागांव थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दुकान संचालक शशांक द्विवेदी ने पुलिस को बताया कि अहरक पाही निवासी उत्कर्ष सिंह और शिवम सिंह अपने साथियों के साथ दुकान पर आए थे। इन युवकों ने दुकान में काम करने वाले रवि गुप्ता पर जानलेवा हमला किया। उन्होंने तोड़फोड़ करते हुए दुकान से 1900 रुपये लूट लिए। जाते समय हमलावरों ने असलहा लहराते हुए रंगदारी मांगी। बड़ागांव थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि उत्कर्ष और शिवम समेत अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
शारीरिक शोषण करने का आरोपी गिरफ्तार
शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने के आरोपी प्रयांशु सिंह उर्फ अर्जुन सिंह को कोतवाली पुलिस ने रविवार को गायघाट स्थित मच्छोदरी पार्क से गिरफ्तार किया। वह नवापुरा थाना कोतवाली का निवासी है। कोतवाली निरीक्षक दयाशंकर सिंह ने बताया कि पीड़िता ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया।
पुरानी रंजिश में युवक पर लाठी से हमला
रोहनिया थाना क्षेत्र के कुरहुआं गांव में रविवार को पुरानी रंजिश को लेकर सरवन राजभर को नूरी आलम और रमजान ने लाठी से वार कर घायल कर दिया। पुलिस को दी गई तहरीर में सरवन राजभर ने बताया कि नूरी आलम और रमजान से पुराना विवाद चल रहा है। रविवार को सरवन गांव स्थित देवरही माता मंदिर के पास बैठा था। इसी दौरान दोनों पहुंचे और लाठी से वार किया। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।
पान की दुकान में चोरी का आरोपी गिरफ्तार
मंडुवाडीह चौराहे पर पिकेट के सामने पान की दुकान में चोरी के आरोपी राजू राजभर को मंडुवाडीह पुलिस ने रविवार की दोपहर नाथूपुर बरेका मार्ग से गिरफ्तार किया। उसके पास से चोरी के 170 पैकेट सिगरेट और 3000 रुपये बरामद हुए। मंडुवाडीह थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गाजीपुर के दुल्लहपुर गांव का निवासी है। वर्तमान में वह वह रोहनिया के अवलेशपुर में रहता है। 13 सितंबर को पीड़ित दुकानदार ने प्राथमिकी दर्ज कराई कि दुकान से डेढ़ लाख रुपये की चोरी हो गई। पुलिस ने आसपास के सीसी कैमरे खंगाले तो राजू राजभर को चिह्नित किया गया।
तीन महीने से अवसाद में थे चिकित्सक, पत्नी से अनबन बनी खुदकुशी की वजह
रोहनिया के भदवर स्थित हेरिटेज मेडिकल कॉलेज में यूरोलॉजिस्ट डॉ. गौतम शुभंकर (42 वर्ष) की खुदकुशी मामले में रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पिता डॉ. रविंद्र सिंह समेत रिश्तेदार शव लेकर बिहार गए। पुलिस के अनुसार घरेलू कलह के कारण एनेस्थीसिया का ओवरडोज लेकर डॉ. गौतम ने कॉलेज परिसर के कमरे में जान दे दी थी।
पिछले तीन माह से डॉ. गौतम अवसाद में थे और पत्नी से भी अनबन चल रही थी। डॉ. गौतम के मोबाइल की भी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। बिहार पटना के कंकड़बाग निवासी डॉ. गौतम शुभंकर भदवर स्थित हेरिटेज मेडिकल कॉलेज में यूरोलॉजिस्ट थे। कॉलेज परिसर के बने आवास के आठवें मंजिल के 802 नंबर रूम में रहते थे। तीन माह पहले पत्नी भी पटना से रहने आई थी, एक साल के बेटे को साथ लेकर पहुंची पत्नी कुछ दिन रहने के बाद पुन: पटना चली गई। एसीपी रोहनिया अवधेश विश्वकर्मा ने बताया कि अब तक की छानबीन में सामने आया कि डॉ. गौतम ने पारिवारिक कारणों के चलते यह कदम उठाया।
ओवरलोड बालू वाहनों पर कार्रवाई की मांग
बनारस ट्रक ऑपरेटर एसोसिएशन ने रविवार को टेंगरा मोड़ मंडी में एक बैठक की। एसोसिएशन ने ओवरलोड और बिना आवश्यक परिवहन परमिट वाले बालू वाहनों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसे वाहनों से वैध कारोबार करने वाले ट्रक मालिकों को भारी नुकसान हो रहा है। एसोसिएशन के अनुसार, नियमों का पालन करने वाले ट्रक मालिकों को लगातार हानि उठानी पड़ रही है। ओवरलोड और बिना परमिट वाले वाहन बाजार में अनुचित प्रतिस्पर्धा पैदा कर रहे हैं। इससे वैध मोटर मालिकों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। बैठक में अंशुमान सिंह, विजय सिंह, मनीष राज गौरव, धीरज तिवारी, अभिषेक जायसवाल मौजूद रहे।
ओडिशा की महिला वाराणसी में भटकी
ओडिशा की निवासी महिला का रविवार को अपना घर आश्रम में अपने बेटों से मिलन हुआ। वह पितृ तर्पण के लिए घर से बिना बताए निकली थीं और वाराणसी में भटक गई थीं। पुलिस ने उन्हें दशाश्वमेध घाट पर असहाय अवस्था में पाया था। इसके बाद उन्हें अपना घर आश्रम लाया गया। आश्रम संचालक डॉ. के. निरंजन ने बताया कि आश्रम में लगातार सेवा और चिकित्सा के बाद उन्होंने अपने घर का पता बताया। इस जानकारी के आधार पर उनके परिजनों से संपर्क किया गया। उनके परिवार ओडिशा में रहते हैं। सूचना मिलते ही उनके दोनों बेटे आश्रम पहुंचे। बेटे अपनी मां को आश्रम से सकुशल अपने साथ ले गए। परिजनों ने उन्हें खोजने का काफी प्रयास किया था और पुलिस में रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।
डॉ. लहरी को न्याय दिलाने के लिए मुहिम तेज
बीएचयू अस्पताल में भर्ती कार्डियोथोरेसिक विभाग के इमेरिटस प्रोफेसर पद्मश्री डॉ.टीके लहरी के साथ पिछले दिनों आईसीयू में घटी घटना की आईएमएस बीएचयू प्रशासन जांच करवा रहा है। अब उन्हें न्याय दिलाने की मुहिम जस्टिस फॉर डॉ. लहरी शुरू हो गई।
आईएमएस बीएचयू के हृदय रोग विभाग के प्रो.ओमशंकर ने घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। वहीं अधिवक्ता दिनेश दीक्षित ने भी पुलिस कमिश्नर को शिकायत कर मामले में अस्पताल प्रशासन की ओर से मेडिकल न कराए जाने और मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
डॉ. टीके लहरी को 29 अगस्त को आईसीयू में भर्ती रहने के दौरान थप्पड़ मारने, गाली देने का आरोप लगाते हुए उनके परिजनों ने 1 सितंबर को कुलपति, आईएमएस बीएचयू के निदेशक, डीन सहित अन्य लोगों से शिकायत की थी। मेल में ही परिजनों ने तीन फोटो भी अटैच किया था। इसमें एक फोटो में डॉ.लहरी के चेहरे पर चोट के निशान, दूसरी में आंखों में लालिमा, तीसरे पर भी लाल कलर का चेहरे पर दाग दिख रहा था।
अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल, कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव के साथ ही सपा नेताओं का प्रतिनिधिमंडल बीएचयू पहुंचा और डॉ. लहरी की जानकारी ली थी। घटना के 15 दिन अब हो गए हैं। प्रो. ओमशंकर ने भी उनके साथ की तस्वीर फेसबुक पर डाल घटना पर चिंता जताई थी।
15 सितंबर के बाद शुरू हो सकता है नाव संचालन
गंगा के जलस्तर में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। रविवार को जलस्तर 68.57 मीटर रहा। नमो घाट पर भी 6 फीट पानी कम हुआ। केंद्रीय जल आयोग के आंकड़ों के अनुसार पानी लगातार घट रहा है। ऐसे ही हालात रहे तो 15 सितंबर के बाद कभी भी नाव संचालन को अनुमति दी जा सकती है। मौजूदा हालात यह हैं कि जैसे-जैसे जलस्तर घट रहा है, वैसे-वैसे परेशानियां बढ़ रहीं हैं। पानी उतरने के बाद कचरा और गंदगी भी दिखाई दे रही है, दुर्गंध भी फैली है। घाटों पर अभी भी शवदाह छतों और गलियों में हो रहे हैं।
आरटीओ की मनमानी के खिलाफ 15 को तालाबंदी
परिवहन विभाग की कथित मनमानी के खिलाफ बनारस टूरिस्ट ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने 15 सितंबर को आरटीओ कार्यालय में तालाबंदी आंदोलन की घोषणा की। रविवार को नदेसर स्थित एक रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेसवार्ता में एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने आरटीओ वाराणसी के खिलाफ आक्रोश जताते हुए आंदोलन का एलान किया।
पदाधिकारियों ने बताया कि मोटर मालिकों की समस्याओं को लेकर महीनों से परिवहन विभाग के अधिकारियों से वार्ता हो रही है। कई बार आश्वासन भी मिले, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। महामंत्री प्रकाश जायसवाल ने कहा कि ट्रांसपोर्टरों को अब आश्वासन नहीं मांगों का ठोस समाधान चाहिए। प्रवक्ता शशि प्रताप सिंह ने कहा कि हमारी मांगों का समाधान करना विभाग की जिम्मेदारी है।
पहले 600-700 टन, अब रोज 1100 टन कूड़ा करसड़ा प्लांट होगा अपग्रेड
वाराणसी शहर में कूड़े की मात्रा तेजी से बढ़ी है। पहले रोजाना 600 से 700 टन कूड़ा करसड़ा स्थित सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट पहुंचता था, जो अब बढ़कर करीब 1100 टन हो गया है। कूड़े की बढ़ती आवक को देखते हुए नगर निगम अब प्लांट की प्रसंस्करण क्षमता बढ़ाएगा। इसके लिए अतिरिक्त ट्रॉमेल लगाए जाएंगे। साथ ही आरडीएफ लाइन चालू करने और लीचेट ट्रीटमेंट प्लांट को पूरी तरह संचालित करने की तैयारी है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने रविवार को करसड़ा स्थित सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट का निरीक्षण कर यह बातें कहीं। उन्होंने कूड़े की मात्रा और उसके प्रसंस्करण की स्थिति की जानकारी ली। बढ़ती आवक को देखते हुए अधिकारियों को प्लांट की क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए।
जो मकाम है नबी का वह मकाम लिख रहा हूं...
वाराणसी। नदेसर में सीरत कमेटी और मानू रकत फाउंडेशन ने शनिवार की रात नातिया मुशायरे का आयोजन किया। वक्ताओं ने पैगंबर हजरत मोहम्मद की सीरत को अमल में लाने की नसीहत दी। समाजसेवी इस्तिकबाल कुरैशी की सरपरस्ती में शफी आलम ने पैगंबर हजरत मोहम्मद की जिंदगी पर रोशनी डाली। मुशायरे में नातख्वानी के बजाय शायरी से शायरों ने लोगों को नबी की जिंदगी से सीखने के लिए प्रेरित किया।
अहमद आजमी ने सुनाया- जो मकाम है नबी का वह मकाम लिख रहा हूं, सभी अंबिया का उनको मैं इमाम लिख रहा हूं...। जमजम रामनगरी ने सुनाया- तमाम लोग जिसे काइनात कहते हैं, हम उसको हुस्न-ए-नबी की जकात कहते हैं...। आलम बनारसी, शारिक फूलपुरी आदि शायरों ने कलाम पेश किया।
प्रभाती सत्र में गूंजा मौसमी चटर्जी का मधुर स्वर
रविवार को सुबह-ए-बनारस, आनंद कानन में प्रभाती सत्र का आयोजन हुआ। इस मौके पर कोलकाता की सुप्रसिद्ध और वरिष्ठ गायिका मौसमी चटर्जी ने गीतों की प्रस्तुति दी। उन्होंने राग भैरव पर आधारित रटत तेरा नाम, मन सुमरत निशदिन... गीत से कार्यक्रम की शुरुआत कर सूर्य का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने बाजे मुरलिया बाजे...भजन की प्रस्तुति दी जिसे सुन कर सभी श्रोता मंत्रमुग्ध हो उठे। कार्यक्रम में मौसमी चटर्जी के साथ पंकज राय ने तबले पर और मोहित साहनी ने संवादिनी पर संगत दी।
प्रेमचंद का यथार्थ मनुष्य के अंतर्द्वंद्व को भी दर्शाता है
प्रेमचंद मार्गदर्शन केंद्र ट्रस्ट, लमही की ओर से 2035वें दिन प्रेमचंद की स्मृति में कहानी पाठ हुआ। कहानी शृंखला सुनो मैं प्रेमचंद में उनकी कहानी आभूषण का पाठ भानू प्रताप राय ने किया। कहानी की समीक्षा करते हुए प्रो. श्रद्धानंद ने कहा प्रेमचंद का यथार्थ केवल सामाजिक परिस्थितियों तक सीमित नहीं है बल्कि वे पात्र के अंदर चलने वाले अंतर्द्वंद्व को भी गहराई से पकड़ते हैं। कहानी में लेखक ने यह बखूबी दिखाया है कि मनुष्य शिक्षित होने के बाद भी अपनी वासनाओं, पूर्वाग्रहों और आकर्षणों से पूरी तरह मुक्त नहीं हो पाता।
राज्यमंत्री ने दी साड़ी और शृंगार की सामग्री
दिवंगत कलावती देवी रघुनाथ प्रसाद अग्रहरी चैरिटेबल ट्रस्ट की तरफ से रविवार को हुकूलगंज स्थित कार्यालय पर गरीब महिलाओं को साड़ी और शृंगार की सामग्री दी गई। यूपी सरकार के आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र उर्फ दयालु गुरु ने सामग्री दी है। मंत्री दयाशंकर मिश्र ने कहा कि गरीबों की मदद करना भारतीय सभ्यता का हिस्सा है। डॉक्टर अशोक कुमार राय, अरुण अग्रहरी और प्रमोद अग्रहरी ने कहा कि गरीबों की सेवा का संकल्प लिया गया है। कार्यक्रम का संचालन बबलू अग्रहरि ने किया।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ भूमि पूजन
अर्दली बाजार के जय माता दी स्पोर्टिंग क्लब की ओर से होने वाले दुर्गोत्सव की तैयारियों का शुभारंभ रविवार को हुआ। इस मौके पर वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भूमि पूजन से हुआ जिसमें क्लब के पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए। क्लब की ओर से पंडाल निर्माण, साज-सज्जा, विद्युत व्यवस्था, इलेक्ट्रॉनिक प्रस्तुति सहित अन्य तैयारियों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। आयोजन को भव्य और आकर्षक स्वरूप देने के लिए क्लब के सदस्य तैयारियों में लगे हुए हैं।
चित्रगुप्त सभा काशी के अध्यक्ष बने राजीव
चित्रगुप्त सभा काशी का वार्षिक निर्वाचन रविवार को इंदू निवास में संपन्न हुआ। इसमें सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी गठित की गई। राजीव श्रीवास्तव को अध्यक्ष तथा अवधेश कुमार श्रीवास्तव को महामंत्री चुना गया। उपाध्यक्ष पद पर केबीएल श्रीवास्तव व डॉ. शेखर श्रीवास्तव, सहायक मंत्री पद पर प्रदीप कुमार वर्मा व प्रीती श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष पद पर अभिजय श्रीवास्तव, संपर्क मंत्री पद पर पल्लव श्रीवास्तव और आय-व्यय निरीक्षक पद पर भरत प्रसाद का चयन हुआ।
जैन मंदिर में प्रतिमाओं की हुई सफाई
जैन समाज का पर्यूषण पर्व 16 सितंबर को शुरू होने जा रहा है। इस अवसर पर भेलूपुर, सारनाथ और शहर के विभिन्न जैन मंदिरों में मौजूद प्रतिमाओं की साफ-सफाई जैन समाज ने उत्साहपूर्वक की। जैन समाज के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश जैन ने बताया कि शहर के जैन समाज को दो जैन संतों धर्म सागर महाराज और भाव सागर महाराज का सानिध्य मिल रहा है।
इस अवसर पर 108 भाव सागर महाराज ने बताया कि 10 लक्षण पर्व 10 दिनों में आत्म शुद्धि का पर्व है। इस मौके पर दिगंबर जैन समाज काशी के अध्यक्ष आरसी जैन, समाज के प्रधानमंत्री प्रदीप चंद्र जैन, समाज के मंत्री विनोद जैन, भगवान पारसनाथ जन्म स्थल के अध्यक्ष संजय जैन, मंत्री पवन जैन, प्रचार मंत्री किशोर जैन, कोषाध्यक्ष सौरभ जैन, सह कोषाध्यक्ष विनोद जैन मौजूद मौजूद रहे।
पीएम के जन्मदिन कार्यक्रम पर की चर्चा
विश्वकर्मा समाज की बैठक रविवार को राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा के आवास कंचनपुर में हुई। इसमें 17 सितंबर को भगवान विश्वकर्मा की पूजा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर चर्चा हुई। इसे सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकार के साथ मनाने का संकल्प लिया गया। राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा केवल निर्माण और शिल्प के देवता नहीं हैं। वे सृजन, श्रम, कौशल, कर्म और मानव कल्याण की प्रेरणा के प्रतीक हैं। विश्वकर्मा सभा चौकाघाट के कार्यवाहक अध्यक्ष सोमनाथ विश्वकर्मा ने कहा कि नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विश्वकर्मा समाज के उत्थान के लिए कई पहल की गई हैं।
10 शिक्षाविदों को शिक्षा गौरव सम्मान
रोटरी क्लब वाराणसी सेंट्रल की ओर से रविवार को सिगरा स्थित एक होटल में 10 शिक्षाविदों को शिक्षा गौरव सम्मान से सम्मानित किया। उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान दिया गया। मुख्य अतिथि पद्मश्री महामहोपाध्याय आचार्य डॉ. हरिहर कृपालु त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षकों का सम्मान वास्तव में ज्ञान की परंपरा का सम्मान है। इसे हमें कायम रखना चाहिए।
सम्मानित शिक्षाविदों में डॉ. प्रतिभा यादव, प्रियंका तिवारी, निशा यादव, केपी गुप्ता, अदिति गुलाटी और नीता कुमार गंगवार, प्रो. एसके राय, प्रो. आशुतोष मिश्रा, प्रो. एमके श्रीवास्तव, मनोज गुप्ता शामिल हैं। क्लब अध्यक्ष डॉ. रितु गर्ग ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के भविष्य के निर्माता हैं। इस मौके पर ललित कुमार गुप्ता, रवि कुमार सिंह, मनोज कुमार जाजोदिया आदि रहे।
नई तकनीक से दंत प्रत्यारोपण से इलाज की राह हुई आसान, मरीजों को राहत
इंडियन डेंटल एसोसिएशन (आईडीए) वाराणसी शाखा की ओर से आयोजित डेंटल शो में दांतों के प्रत्यारोपण के साथ थ्रीडी स्कैनिंग, डिजिटल माध्यम से इलाज की तकनीक पर चर्चा हुई। इस दौरान वक्ताओं ने नई तकनीक से प्रत्यारोपण करने से इलाज की राह को आसान बताया। नदेसर स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में वाराणसी के साथ ही मऊ, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली आदि जगहों से 100 से ज्यादा दंत चिकित्सकों ने हिस्सा लिया।
आईडीए वाराणसी शाखा के अध्यक्ष डॉ. अभिषेक मिश्र और सचिव डॉ. अमर अनुपम ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम का उद्देश्य चिकित्सकों को दंत प्रत्यारोपण (डेंटल इम्प्लांट) से संबंधित नवीनतम तकनीकों के बारे में जानकारी देना है। डॉ. अली फराज, डॉ. सैली वडकर ने विचार रखे। सचिव डॉ. अमर अनुपम ने सभी अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में आईडीए वाराणसी शाखा के संयुक्त सचिव डॉ. प्रशांत सिंह के साथ ही डॉ. जसलोक सिंह, पूर्व अध्यक्ष डॉ. प्रवीण कुमार, डॉ. आरती गुप्ता, डॉ. गौरव गुप्ता, डॉ. अनिकेत शेट, डॉ. आदित्य शंकर पांडे, शशिकांत शुक्ला मौजूद रहे।
डीआईजी ने जेन जी को दिए 10 सुझाव
जेन जी कार्यशाला में डीआईजी वैभव कृष्ण ने युवाओं को राष्ट्र, समाज और परिवार के प्रति उनके कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए सुझाव दिए। वक्ताओं ने उनकी समस्याओं और चुनौतियों पर भी गहन विमर्श किया। 198 जेन जी युवा कार्यशाला में शामिल थे। विशाल भारत संस्थान और मालवीय सेंटर फॉर पीस रिसर्च की ओर से लमही में हुई कार्यशाला में वैभव कृष्ण ने एक पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन से जेन जी को जीवन परिवर्तन और कर्तव्य निर्वहन के सूत्र बताए। माता-पिता का सम्मान करने, स्वास्थ्य का ध्यान रखने, मोबाइल को उपकरण बनाने, असफलता से न डरने और कानून का सम्मान करने सहित 10 सुझाव दिए।
डीआईजी ने युवाओं से अपने सपनों को बड़ा रखने, चरित्र को उससे भी बड़ा बनाने और किसी से तुलना न करने का आग्रह किया। संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजीव श्रीगुरु ने कहा कि भारत के 38 करोड़ जेन जी विश्व निर्माण के लिए एक संसाधन हैं। सेंटर फॉर पीस रिसर्च के को-ऑर्डिनेटर प्रो. मनोज मिश्रा ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में जेन जी के संभावित दुरुपयोग पर चिंता व्यक्त की।
एयरपोर्ट विस्तार में अधिग्रहण और मुआवजे की प्रक्रिया पर उठे सवाल
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के तीसरे चरण के विस्तार के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पर स्थानीय किसानों ने सवाल खड़े किए हैं। करमी गांव के किसानों ने आरोप लगाया है कि प्रभावित और अप्रभावित जमीन के निर्धारण से लेकर संरचना और क्षेत्रफल दर्ज करने तक में राजस्वकर्मियों ने गड़बड़ी की गई। कुछ किसानों ने जमीन के फर्जी बैनामे कराकर सरकारी धन के कथित दुरुपयोग का भी आरोप लगाया है। मामले की शिकायत जिलाधिकारी से करते हुए किसानों ने स्थलीय जांच, दस्तावेजों के मिलान और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ एफआईआर की मांग की है।
एसडीएम पिंडरा कुंदन राज सिंह ने बताया कि एयरपोर्ट विस्तार के तीसरे चरण में करीब 350 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। इसमें सगुनहा, घमहापुर, करमी, बैकुंठपुर, मंगारी, पुरा रघुनाथपुर और बसनी गांव शामिल हैं। परियोजना के तहत ली जाने वाली जमीन से करीब 900 किसान प्रभावित हो रहे थे। जिन्हें राज्य सरकार की ओर से मुआवजा दिया गया। परियोजना के तहत 4075 मीटर लंबे रनवे के साथ रनवे-अंडरपास टनल का निर्माण प्रस्तावित है।
दौलतपुर उपकेंद्र से 3 घंटे कटेगी बिजली
सड़क चौड़ीकरण के लिए बिजली के खंभे और लाइन शिफ्टिंग की जाएगी। इसके लिए सोमवार को दौलतपुर उपकेंद्र के रमरेपुर फीडर की आपूर्ति सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक बंद रहेगी। इससे पहड़िया चौराहा, काली माता मंदिर के आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
पुरवा ने बढ़ाई उमस फिर कराई बारिश
काशी में दक्षिण-पूर्व से आ रही नम पुरवा हवा ने उमस बढ़ा दी है। रविवार को हवा में नमी 95 फीसदी के पार चली गई। दिन में तेज धूप के चलते उमस ने काशीवासियों को बेबस कर दिया। तभी दोपहर में दो बजे के बाद अचानक घने बादल घिर गए और तेज बारिश होने लगी। इससे तापमान अचानक सात डिग्री तक लुढ़क गया, वहीं आधे घंटे बाद बारिश थमते ही दोबारा निकली धूप ने उमस को बढ़ा दिया।
विश्वनाथ मंदिर के सीईओ विश्वभूषण का तबादला
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विश्वभूषण मिश्रा का रविवार की देर रात तबादला हो गया। उन्हें उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग में उप सचिव बनाया गया है। विश्वभूषण ने 2 फरवरी 2024 को षोडशोपचार के बाद कार्यभार संभाला था। ढाई साल से ज्यादा समय तक सीईओ की जिम्मेदारी संभालते रहे। उन्होंने वायु प्रदूषण से बचाव के लिए एयर फिल्टर लगवाने का फैसला लिया था। धाम परिसर में एयर फिल्टर लगे भी हैं। इसी तरह पीसीएस बरखा सिंह को वाराणसी का अपर नगर आयुक्त बनाया गया है। इससे पहले बरखा सिंह उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ में प्रधान प्रबंधक थीं।
लखनऊ स्टेशन पर बन रहा कॉनकोर्स
उत्तर रेलवे के लखनऊ रेलवे स्टेशन पर कॉनकोर्स निर्माण के लिए रेलवे की ओर से पावर ब्लॉक लिया गया है। इसके तहत 14-15 सितंबर को बदले मार्ग से चलाया जाएगा। 15107 बनारस-लखनऊ एक्सप्रेस उतरेटिया में यात्रा समाप्त करेगी। इस ट्रेन को उतरेटिया-लखनऊ के बीच निरस्त किया गया है। 15108 लखनऊ-बनारस एक्सप्रेस को लखनऊ की जगह उतरेटिया स्टेशन से चलाया जाएगा।
ट्रेन नंबर 14523 बरौनी-अंबाला एक्सप्रेस को उतरेटिया-ट्रांसपोर्ट नगर-आलमनगर के रास्ते चलाया जाएगा। वापसी में ट्रेन नंबर 14524 अंबाला-बरौनी एक्सप्रेस को आलमनगर-ट्रांसपोर्ट नगर-उतरेटिया के रास्ते चलाया जाएगा। 15127 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस को उतरेटिया-ट्रांसपोर्ट नगर-आलमनगर के रास्ते और वापसी में 15128 नई दिल्ली-बनारस एक्सप्रेस को आलमनगर-ट्रांसपोर्ट नगर-उतरेटिया के रास्ते चलाने का निर्णय लिया गया है।
दिसंबर तक चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन
आगामी दिनों में दशहरा, दीपावली एवं छठ त्यौहारों को लेकर रेलवे ने पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। अहमदाबाद से चलने वाली ट्रेन वाराणसी होकर दरभंगा तक जाएगी। इसका आदेश रविवार को जारी किया गया है। ट्रेन नंबर 09465 अहमदाबाद-दरभंगा-अहमदाबाद पूजा विशेष गाड़ी का संचलन अहमदाबाद से 18, 25 सितंबर, 2, 9, 16, 23, 30 अक्तूबर और 6, 13, 20 और 27 नवंबर को हर शुक्रवार को चलेगी।
कान में सनसनाहट पर बर्लिन में व्याख्यान देंगे प्रो. विश्वंभर सिंह
आईएमएस बीएचयू में ईएनटी डिपार्टमेंट के प्रो.विश्वंभर सिंह बर्लिन (जर्मनी) में आयोजित व्याख्यान में टिनिटस ( कान में सनसनाहट) पर व्याख्यान देंगे। 16 से 18 सितंबर तक आयोजित सम्मेलन में भाग लेने के लिए सोमवार की सुबह प्रो.विश्वंभर बर्लिन के लिए रवाना होंगे।
यहां वह टिनिटस के कारण, इलाज के बारे में अब तक मरीजों के किए गए इलाज के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे। इसको लेकर शोध की भी चर्चा करेंगे।ईएनटी डिपार्टमेंट में चलने वाली ओपीडी में कान में दर्द, सुनाई देने की समस्या के साथ ही कान में सनसनाहट की समस्या लेकर भी मरीज आते हैं। प्रो.विश्वंभर का कहना है कि टिनिटस की समस्या इस समय आम होती जा रही है।
ओपीडी में महिलाओं, पुरुषों, बुजुर्गों के साथ ही युवा भी इस तरह की समस्या लेकर आते हैं। बर्लिन में टिनिटस रिसर्च इनिशिएटिव का 20वां वार्षिक अधिवेशन है। यहां प्रो. विश्वंभर व्याख्यान देने के साथ ही सत्र की अध्यक्षता भी करेंगे।
इंडक्शन में दिया जाए गीता का ज्ञान परंपरा के प्रति होगा जुड़ाव : कुलसचिव
बीएचयू में रविवासरीय गीता प्रवचन का सत्रारंभ रविवार को हुआ। इसमें पहुंचे कुलसचिव राजन श्रीवास्तव ने कहा कि आज के युग में भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और श्रीमद्भगवद्गीता के प्रति विद्यार्थियों में रुचि बढ़ानी होगी। सुझाव दिया कि पहली बार प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के इंडक्शन कार्यक्रम में गीता से संबंधित आयोजन शामिल हो। इससे उनमें शुरू से ही भारतीय ज्ञान-परंपरा के प्रति जुड़ाव विकसित होगा।
प्रो.हृदयरंजन शर्मा ने कहा कि ये महामना की शुरू कराई परंपरा है जो कि विद्यार्थियों के ओवरऑल पर्सनालिटी डेवलपमेंट के लिए जरूरी है। मानित निदेशक प्रो. पतंजलि मिश्रा ने कहा कि इन दिनों बढ़ती भौतिक प्रतिस्पर्धा और तनाव की वजह से इन्सान कई तरह की मानसिक और शारीरिक कष्टों से जूझ रहा है।
अभिनेता संजय मिश्रा छात्रों से हिंदी पर करेंगे बात
बीएचयू में मंगलवार को बॉलीवुड के हास्य अभिनेता संजय मिश्रा हिंदी पर बातचीत करेंगे। विज्ञान संस्थान के सेमिनार कॉम्प्लेक्स स्थित महामना हॉल में ये कार्यक्रम दोपहर 2:45 बजे से बतौर मुख्य अतिथि वह छात्र और छात्राओं को संबोधित करेंगे। इस दौरान अचिंत्य पत्रिका की नई कड़ी क्षितिज से परे का लोकार्पण भी किया जाएगा। यह कार्यक्रम बीएचयू के जंतु विज्ञान विभाग की ओर से कराया जा रहा है।
निबंध प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
केंद्रीय रेलवे महिला कल्याण संगठन, नई दिल्ली के आह्वान पर रविवार को रेल कर्मचारियों के बच्चों के लिए आयोजित ऑन द स्पॉट निबंध प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के महिला कल्याण संगठन की ओर से वाराणसी के साथ ही कई जगहों पर प्रतियोगिता में 6 से 15 वर्ष आयु वर्ग के रेल कर्मचारियों के बच्चों ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मंडल महिला कल्याण संगठन वाराणसी की अध्यक्षा वाणी जैन ने अधिकारी क्लब, लहरतारा में कार्यक्रम का शुभारंभ किया। बताया कि हर ग्रुप में प्रथम, द्वितीय, तृतीय तथा दो सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे, जिनका वितरण नई दिल्ली में आयोजित महिला दिवस समारोह में किया जाएगा।
एसएमएस वाराणसी में कॉमर्स में पीएचडी प्रोग्राम की शुरुआत
उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए एसएमएस वाराणसी को अपने संबद्ध विश्वविद्यालय महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी से कॉमर्स में पीएचडी प्रोग्राम शुरू करने की औपचारिक अनुमति प्राप्त हुई है। यह कार्यक्रम तत्काल प्रभाव से प्रारंभ किया जाएगा। गौरतलब है कि एसएमएस वाराणसी पूर्वांचल का पहला निजी स्वायत्तशासी संस्थान है. जहां कॉमर्स विषय में पीएचडी प्रोग्राम की शुरुआत हुई है।
संस्थान की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, यह उपलब्धि एसएमएस वाराणसी में निरंतर विकसित हो रहे शैक्षणिक उत्कृष्टता, शोध संस्कृति और नवाचार का महत्वपूर्ण प्रमाण है। कॉमर्स में डॉक्टोरल स्तर के शोध कार्यक्रम की शुरुआत से विद्यार्थियों और शोधार्थियों को उच्च स्तरीय अकादमिक अनुसंधान के लिए एक नया मंच उपलब्ध होगा। निदेशक प्रो. पीएन झा ने इस उपलब्धि को एसएमएस परिवार के लिए गौरवपूर्ण पड़ाव बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि संस्थान में विकसित हो रहे शोध एवं अकादमिक वातावरण को और मजबूत करेगी।
सीखो सिखाओ अवॉर्ड के लिए आवेदन 20 सितंबर तक, मिलेगा 3 लाख तक पुरस्कार
उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों, विद्यालयों, ग्राम पंचायतों और ब्लॉक संसाधन केंद्रों (बीआरसी) को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें ‘सीखो सिखाओ अवॉर्ड्स 2026’ से नवाजा जाएगा। इसमें 5 श्रेणियों में शिक्षकों, स्कूलों और ग्राम पंचायतों को पुरस्कृत किया जाएगा।
कुल 16 विजेता और 16 उपविजेता सम्मानित होंगे। पुरस्कार की राशि 3 लाख रुपये तक होगी। इस संबंध में बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव ने प्रदेश के सभी मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशकों और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी किया।
बीएसए भूपेंद्र सिंह ने बताया कि डालमिया भारत फाउंडेशन द्वारा समर्थित अलाभकारी शैक्षिक संगठन, सीखो सिखाओ फाउंडेशन (एसएसएफ) ने सीखो सिखाओ अवॉर्ड्स 2026 की घोषणा की। सीखो सिखाओ अवॉर्ड्स 2026 के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पांच प्रमुख श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा। शिक्षक पुरस्कार में प्रत्येक विजेता को एक लाख रुपये और उप-विजेता को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। वहीं विद्यालय, ग्राम पंचायत और बीआरसी पुरस्कार की प्रत्येक श्रेणी में विजेता को 3 लाख रुपये तथा उप-विजेता को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
जिस विषय में होगी पूरी संबद्धता, उसी में दाखिला ले सकेंगे महाविद्यालय
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से संबद्ध महाविद्यालयों को विद्यार्थियों का उसी विषय में दाखिला लेना होगा, जिस विषय में उनकी संबद्धता की प्रक्रिया पूरी हो। जिसमें संबद्धता न हो, उसमें प्रवेश अगर लिया गया तो उसकी जिम्मेदारी भी कॉलेजों की होगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इसी तरह की एडवाइजरी जारी की गई है। विश्वविद्यालय से जुड़े वाराणसी, चंदौली जिले के करीब 20 कॉलेज ऐसे हैं, जिसकी यूजी, पीजी के विषयों में संबद्धता की प्रक्रिया अभी अधूरी है। ऐसे में छात्रों को भी प्रवेश लेने से पहले पूरी जानकारी करनी होगी।
विवि से जुड़े वाराणसी, चंदौली जिले में इस समय 222 कॉलेज हैं। यहां सत्र 2026-27 में दाखिले की प्रक्रिया अंतिम दौर में चल रही है। आम तौर पर प्रवेश लेने के बाद छात्र-छात्राओं को पता चलता है कि कॉलेज की संबद्धता अभी अधर में हैं। इस वजह से समय-समय पर विश्वविद्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है।