तीन दिवसीय प्रवास पर राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश शनिवार की रात वाराणसी पहुंचे। सर्किट हाउस से वे संकटमोचन मंदिर गए और वहां विधिवत दर्शन-पूजन किया। इसके बाद मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र से मुलाकात कर देश की मौजूदा परिस्थिति पर चर्चा की।
मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद उन्होंने महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र से कोरोना काल पर लंबी बात की। उन्होंने कहा, कोरोना की आपदा से बहुत संजीदगी से देश निपट चुका है। भारत ने वैक्सीन की पहल कर दुनिया को अपना दम दिखाया है। प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र ने बताया कि कोरोना काल में वाराणसी की जनता ने सेवा का अनूठा उदाहरण पेश किया। रविवार को उपसभापति काशी विश्वनाथ और काल भैरव में दर्शन-पूजन करेेंगे। शाम को गंगा आरती में शामिल होंगे। सोमवार को चंदौली के रामगढ़ स्थित लोकनाथ पीजी कालेज में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।