जानकारी के अनुसार वाराणसी जिले में एनएचएम के तहत करीब 2700 संविदा कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल हैं। ये कर्मचारी सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में अहम भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन समय से मानदेय न मिलने के कारण आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. अब्दुल जावेद ने बताया कि पिछले सप्ताह लखनऊ में हुई संघ की बैठक में मानदेय समेत विभिन्न समस्याओं को लेकर चर्चा हुई थी। बैठक में चरणबद्ध आंदोलन करने का निर्णय लिया गया था। इसी क्रम में मंगलवार को जिलेभर में विरोध प्रदर्शन किया गया।
उन्होंने बताया कि संघ के महामंत्री डॉ. कुंवर अमित सिंह के साथ 15 मई को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन भी सौंपा जा चुका है। इसके बावजूद अभी तक कोई समाधान नहीं निकला है। प्रदर्शन में डॉ. शैलेंद्र कुमार, डॉ. मनु चतुर्वेदी, डॉ. अरविंद कुमार, डॉ. अवनीश कुमार राय और बसंत लाल श्रीवास्तव समेत कई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।