डूडा कार्यालय पर नगर आयुक्त अक्षत वर्मा।
- फोटो : अमर उजाला
Varanasi News: नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने बुधवार को जिला नगरीय विकास अभिकरण डूडा कार्यालय और दीनदयाल जन आजीविका योजना (शहरी) के तहत स्थापित सुयोग केंद्र का निरीक्षण किया। कर्मचारियों से जानकारी ली। जन आजीविका योजना शहरी पायलट प्रोजेक्ट के रूप में देश के 25 शहरों और प्रदेश के तीन शहरों लखनऊ, आगरा और वाराणसी में संचालित है।
प्राप्त अनुभवों, सफलता और कठिनाइयों के अध्ययन के बाद यह योजना अन्य शहरों में लागू होगी। नगर आयुक्त ने डूडा कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग, श्रम विभाग, बैंक अधिकारियों और समूह की महिलाओं व वर्कर से बातचीत की। काम का हाल जाना। उन्हें संतुष्टि भरा जवाब मिला। योजना के तहत सर्वेक्षित शहरी गरीबों को जो विशेष आजीविका से संबंध रखते हैं, उनकी प्रोफाइलिंग कराते हुए सरकार की योजनाओं को वन नेशन वन राशन कार्ड से जोड़ा जाएगा।
नगर आयुक्त ने 10 लाभार्थियों को योजनाओं में ऋण भी दिलाया। नगर आयुक्त ने जन आजीविका मिशन शहरी के तहत मीना शुक्ला को सिलाई कार्य के लिए 50 हजार रुपये का ऋण, रामेश्वर प्रसाद को निर्माण कार्य के लिए चार लाख रुपये का ऋण, प्रहलाद घाट के अरविंद कुमार को ग्रिल कार्य के लिए एक लाख रुपये का ऋण, नेहा टिफिन एंड कैटरिंग समूह से सुर्याशीष मेन गुप्ता, अशोक कुमार शर्मा, सुमित मुखर्जी, नारायण सिंह को टिफिन कार्य के लिए दो लाख रुपये का समूह ऋण दिलाया।
सभी पायलट शहरों में प्रथम सामूहिक ऋण प्रदान किया गया है। इसके अलावा बदामा देवी को आयुष्मान कार्ड भी दिया गया। अब तक इस योजना के तहत 1766 परिवारों के 2540 लोगों की प्रोफाइलिंग की गई है।