फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वाराणसी समाचार: छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म केस में सुनवाई आज, दो किशोर सहित तीन की मौत; एक में हत्या का आरोप

Tue, 13 Oct 2026 12:08 PM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

वाराणसी में आईआईटी बीएचयू की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में आज सुनवाई होगी। वहीं, जिले में अलग-अलग हादसों में दो किशोरों सहित तीन लोगों की मौत का मामला भी चर्चा में है। एक मामले में परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

फास्टट्रैक कोर्ट (प्रथम) कुलदीप सिंह की अदालत में आईआईटी बीएचयू की छात्रा से हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले की सुनवाई सोमवार को टल गई। एक अधिवक्ता के निधन के कारण यह सुनवाई नहीं हो पाई। अब इस मामले की अगली सुनवाई 13 अक्तूबर को होगी। अभियोजन पक्ष की ओर से अपर जिला शासकीय अधिवक्ता मनोज गुप्ता की बहस अभी शेष है। सुनवाई के दौरान तीनों आरोपी कोर्ट में उपस्थित थे। 

विज्ञापन


यह मामला दो नवंबर 2023 की रात का है। उस रात बीएचयू परिसर में आईआईटी की छात्रा के साथ बाइक सवार तीन आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। पीड़िता ने लंका थाना में तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पिछली सुनवाई में कोर्ट ने बचाव पक्ष के सफाई साक्ष्य के रूप में गवाही का अवसर समाप्त कर दिया था। उसके बाद से अभियोजन पक्ष की ओर से बहस जारी है।

Trending Videos

नाबालिग को भगाने का आरोप
जंसा थाना क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग लड़की को अगवा करने के मामले में आरोपी आशीष यादव के खिलाफ सोमवार को जंसा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। पीड़ित पिता ने पुलिस को बताया कि सुंदरपुर निवासी आशीष यादव आए दिन उनकी बेटी को फोन कर परेशान करता था। उनका आरोप है कि युवक उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया। जंसा थाना प्रभारी सत्यजीत सिंह   ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। लड़की की बरामदगी के लिए दबिश  दी जा रही है। 

फंदा लगाकर दी जान, हत्या का आरोप
भेलूपुर के बजरडीहा में रविवार की रात बिनीता देवी (38) ने फंदे से लटककर जान दे दी। मायके वालों ने हत्या किए जाने का आरोप लगाया। पुलिस ने सोमवार की सुबह शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों  ने पुलिस को बताया कि बिनीता की शादी 16 साल पहले हुई थी। रात में महिला कमरे के अंदर पंखे की कुंडी के सहारे फंदे से लटक गई। सुबह बेटा और पति उठे तो कमरा अंदर से बंद था। अनहोनी की आशंका पर पति ने पुलिस को सूचना दी। भेलूपुर इंस्पेक्टर दुर्गा सिंह ने बताया कि पति सुरेंद्र कुमार की पान की दुकान है। महिला का एक बेटा और एक बेटी हैं। मायके वालों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

वरुणा नदी में डूबे किशोर का शव मिला
बड़ागांव थानाक्षेत्र के बलुआ गांव में शनिवार को वरुणा नदी में स्नान करते समय 14 वर्षीय शिवम लापता हो गया था। तीसरे दिन सोमवार को उसका शव गद्दोपुर (राखी नेवादा) के पास वरुणा नदी में उतराया मिला। सुबह आठ बजे नदी किनारे के गांव के लोगों ने पानी में शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। बड़ागांव पुलिस ने एनडीआरएफ की टीम को बुलाया। टीम ने शव को पानी से बाहर निकाला। थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि बलुआ गांव निवासी शिवम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

वाहन की चपेट में आने से किशोर की मौत, फुलवरिया फोरलेन पर हुआ हादसा
कैंट थाना क्षेत्र के फुलवरिया में रविवार की रात वाहन की चपेट में आने से स्कूटी सवार विकास (17 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं, उसके दो साथी घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। कैंट पुलिस ने विकास के शव को संरक्षण में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। भेलूपुर थाना क्षेत्र के सुदामापुर, बजरडीहा निवासी विकास अपने दोस्तों आशीष और गंगा के साथ घर से निकला। 

रात में फुलवरिया पर स्कूटी सवार दोस्तों को चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में घायलों को पुलिस ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल ले गई। वहां चिकित्सकों ने विकास को मृत घोषित कर दिया। विकास के साथ स्कूटी पर सवार उसके दोस्त आशीष और गंगा का उपचार किया गया। दोनों अभी अस्पताल में भर्ती हैं। विकास के पिता सबलू ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा दोस्तों के साथ घर से निकला था। विकास अपने भाई और एक बहन में सबसे बड़ा था। 

प्राथमिक विद्यालय से हजारों का सामान चोरी
बड़ागांव थानाक्षेत्र के लोकापुर (दयालपुर) स्थित प्राथमिक विद्यालय में रविवार की रात चोरी हो गई। चोर रसोईघर और स्टोर रूम का ताला तोड़कर हजारों रुपये मूल्य के भगोने, कुकर, बर्तन और अन्य सामान चुरा ले गए। चोरी की जानकारी सोमवार की सुबह विद्यालय खुलने पर हुई। प्रधानाध्यापक माधुरी देवी ने स्थानीय थाने में तहरीर दी है। थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

पेट्रोल पंप पर युवक को पीटा
बड़ागांव थानाक्षेत्र के पांचों शिवाला पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवा रहे अनुज तिवारी की कुछ लोगों ने पिटाई कर दी। पीड़ित ने दो नामजद सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ रविवार की रात थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। भोपतपुर गांव निवासी अनुज तिवारी ने पुलिस को बताया कि वह पेट्रोल पंप पर थे। इसी दौरान जंसा थाना क्षेत्र के जगापट्टी गांव निवासी चंदन यादव और उसका सहयोगी सन्नी अपने अन्य अज्ञात साथियों के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने गाली-गलौज की। विरोध करने पर बेरहमी से पिटाई कर दी। थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। 

मकान में चोरी के तीन आरोपी गिरफ्तार
मकान में चोरी के तीन आरोपियों को जंसा पुलिस ने रविवार की रात रामेश्वर लॉन के पीछे वरुणा नदी के किनारे से गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से चोरी की समर्सिबल मोटर, एलपीजी सिलिंडर और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद हुए। आरोपियों में जगापट्टी निवासी सूरज यादव, भुइली निवासी सत्यम तिवारी और फूलपुर थाना क्षेत्र के थरी गांव निवासी अमन यादव शामिल हैं। थाना प्रभारी सत्यजीत सिंह ने बताया कि जंसा थाना क्षेत्र के रामेश्वर गांव में 24 सितंबर की रात एक बगीचे के मकान में चोरी हुई थी। प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

महिला से मारपीट और अभद्र व्यवहार
जंसा थाना क्षेत्र के महंगीपुर गांव में एक महिला से मारपीट, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार के आरोप में सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि रविवार की रात गांव के ही सुशील पटेल के परिवार के लोग उनके घर में घुस आए थे। उस समय उनके पति घर पर मौजूद नहीं थे। आरोपियों ने उनके और उनकी बेटी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा अभद्र व्यवहार किया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि सुशील पटेल का आपराधिक रिकॉर्ड है। थाना प्रभारी सत्यजीत सिंह ने बताया कि सुशील पटेल के परिवार सहित कुल सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

घर पर चढ़कर मारपीट, दो पर प्राथमिकी दर्ज
जंसा थाना क्षेत्र के लहिया गांव में घर पर चढ़कर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में दो लोगों के खिलाफ सोमवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। गांव के संपूर्णानंद पटेल ने पुलिस को बताया कि हेमंत पटेल और सुमंत पटेल रविवार की रात उनके घर में घुस आए। दोनों ने मारपीट और गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। जंसा थाना प्रभारी सत्यजीत सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 

छेड़खानी का विरोध करने पर युवती पर हमला
मिर्जामुराद क्षेत्र के करधना गांव में एक युवती पर धारदार हथियार से हमला किया गया। आरोप है कि छेड़खानी का विरोध करने पर उस पर हमला हुआ। पीड़िता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़िता के भाई ने पुलिस को बताया कि नौ अक्तूबर की शाम करीब 6:50 बजे उनकी बहन खेत से घर लौट रही थी।

रास्ते में रामकुमार ने उस पर अश्लील टिप्पणी की। बहन ने इसका विरोध किया। आरोप है कि विरोध करने पर रामकुमार ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और कपड़े भी फाड़ दिए। इसके बाद रामकुमार के परिवार की महिलाओं ने बहन पर धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया। थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। घटना के चार दिन बाद प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

ई-रिक्शा चोरी के मामले में दो गिरफ्तार
ई-रिक्शा चोरी के आरोप में दो आरोपियों जितेंद्र कुमार गुप्ता और रितिक जायसवाल को लंका पुलिस ने रविवार की रात सामनेघाट स्थित जजेज गेस्ट हाउस के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से ई-रिक्शा के पुर्जे, दो बैटरी, एक मोटर और पांच हजार रुपये नकद बरामद हुए। एक बाल अपचारी को भी पकड़ा गया। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में जौनपुर के बदलापुर थाना क्षेत्र के लेडुका बाजार, करनपुर निवासी जितेंद्र गुप्ता और प्रतापगढ़ के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के आमापुर पट्टी निवासी रितिक जायसवाल शामिल हैं। एक महिला ने रविवार को ई-रिक्शा चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। 

5 साल की बच्ची से छेड़खानी, आरोपी गिरफ्तार
पांच साल की बच्ची से छेड़खानी और अश्लील हरकत करने के आरोपी मो. वसीम उर्फ समीर को जैतपुरा पुलिस ने सोमवार की रात गिरफ्तार किया। थाना क्षेत्र की रहने वाली बच्ची शाम के वक्त घर के बाहर खेल रही थी। तभी मो. वसीम उर्फ समीर पहुंचा और बच्ची को कुछ दूर ले गया और उसके साथ छेड़खानी की। समीर की हरकत से डरकर बच्ची घर पहुंची और रोने लगी। बच्ची ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन जैतपुरा थाने पहुंचे और प्राथमिकी दर्ज कराई। जैतपुरा थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। सबूतों के आधार पर आरोपी समीर को चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।

6.35 ग्राम हेरोइन के साथ आरोपी गिरफ्तार
हेरोइन तस्करी के आरोपी विकास पटेल को लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने रविवार की रात ऐढ़े स्थित कांशीराम आवास के पीछे से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 6.35 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। लालपुर-पांडेयपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी थाना क्षेत्र के हासिमपुर का निवासी है। आरोपी के पास से 17 पुड़िया हेरोइन बरामद किया गया। आरोपी विकास का उसका आपराधिक इतिहास भी है, जिसमें हत्या, मारपीट और धोखाधड़ी के मामले शामिल हैं। 

दुकान से 140 किलो तांबा, लैपटॉप-नकदी चोरी
वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के फातमान रोड स्थित दुकान में चोरी हो गई। लगभग 140 किलोग्राम तांबा, एक लैपटॉप और नकदी पर चोरों ने हाथ साफ किया। दुकान मालिक मोहम्मद टिपु ने पुलिस को बताया कि शनिवार को जब वह दुकान पर पहुंचे तो दुकान का ताला टूटा हुआ था। चोरों ने गल्ले का ताला तोड़कर लगभग 30000 रुपये नकद भी चुरा लिए। चोरी हुए सामान में एक वाई-फाई डीवीआर भी शामिल है। सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। आसपास के सीसी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं।

अश्लील वीडियो भेजने का आरोपी गिरफ्तार
नाबालिग से दुष्कर्म और उसका अश्लील वीडियो ससुराल में भेजने के मामले में आरोपी पंकज कुमार स्वामी को मिर्जामुराद पुलिस ने सोमवार को लालपुर चट्टी के पास से गिरफ्तार किया। प्रयागराज-वाराणसी हाईवे की सर्विस लेन के पास से वह भागने के फिराक में था। उस पर पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट सहित कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है। गिरफ्तार आरोपी थाना क्षेत्र के पूरे गांव का निवासी है। मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि पीड़िता ने आरोपी पंकज कुमार स्वामी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। 

कुंभ एक्सप्रेस से 24 कछुए बरामद
कुंभ एक्सप्रेस के जनरल कोच से कैंट जीआरपी ने सोमवार की रात 24 कछुए बरामद किए। आरोपी मोनू को जीआरपी ने गिरफ्तार किया। आरोपी अमेठी के जगदीशपुर गांधीनगर का निवासी है। बरामद कछुओं में छह बड़े और अन्य शेष छोटे हैं। चार झोले में कछुओं को जनरल कोच के सीट के नीचे छिपाकर अमेठी से हावड़ा ले जाया जा रहा था। वन विभाग की टीम को सभी कछुओं को सौंप दिया गया। कैंट जीआरपी इंस्पेक्टर राजोल नागर ने बताया कि सूचना के आधार पर चेकिंग शुरू की। गिरफ्तार आरोपी मोनू कंजड़ ने जीआरपी को बताया कि उसे अमेठी में यह झोले दिए गए थे और इसे पश्चिम बंगाल तक पहुंचाना था। 

55 पेटी शराब बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
एसओजी-2 टीम और सारनाथ पुलिस ने सोमवार की रात शराब तस्करों के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस टीम ने अनुपम नगर कॉलोनी में एक पिकअप वाहन पर छापा मारकर लगभग 55 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। मौके से दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। मौसमी फल की पेटियों में शराब की पेटियां छुपाई गई थी। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि शराब की पेटियों को छुपाने के लिए उनके ऊपर मौसमी फल लादे गए थे। वाहन के ठीक बीच में अवैध अंग्रेजी शराब की पेटियां छिपाई गई थीं। 

सिपाही ने सीपीआर देकर बचाई बुजुर्ग की जान
लखनऊ में तैनात कांस्टेबल संदीप यादव ने रविवार को एक बुजुर्ग को सीपीआर देकर उनकी जान बचाई। महानगर चौराहे के पास अचेत हुए अनिल कुमार (65) को सीपीआर देकर जान बचाने पर लखनऊ के पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने सोमवार को संदीप को पुरस्कृत किया। चौबेपुर थाना क्षेत्र के मोकलपुर गांव निवासी संदीप यादव वर्ष 2018 में उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती लखनऊ के महानगर थाने में है। 

अधिवक्ता दंपती पर हमला अधिवक्ताओं ने किया प्रदर्शन
अधिवक्ता प्रभुनारायण सोनकर और उनकी पत्नी पर रामनगर में जानलेवा हमले के विरोध में अधिवक्ताओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। जिला जज को ज्ञापन सौंपकर मामले में प्रभावी कार्रवाई की मांग की। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं। तो सेन्ट्रल बार एसोसिएशन टोकन स्ट्राइक करेगा। 

अधिवक्ता अशोक सिंह प्रिंस, शशांक श्रीवास्तव, अरविंद राय, राजेश कुमार गुप्ता, प्रभाशंकर मिश्रा, उमाकांत सिंह यादव, वासुदेव पटेल और शारदा यादव के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने सेन्ट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष का घेराव किया। उन्होंने मामले में त्वरित न्याय कराने की मांग की। इसके बाद सेन्ट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम और महामंत्री आशीष सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला जज को ज्ञापन सौंपा। 

ट्रक चालक ने कार सवार की पत्नी को कुचलने का किया प्रयास
नेशनल हाईवे स्थित भिखारीपुर में रविवार शाम ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। आरोप है कि ट्रक चालक ने कार को करीब 150 मीटर तक घसीटा और कार सवार की पत्नी पर भी ट्रक चढ़ाने का प्रयास किया। इस मामले में पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

भदोही के घमहापुर निवासी विमल कुमार पाठक ने पुलिस को बताया कि वह अपनी कार से प्रयागराज से वाराणसी जा रहे थे। भिखारीपुर गांव के पास नेशनल हाईवे पर एक ट्रक ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर से कार अनियंत्रित होकर दाहिनी ओर चली गई। 

आरोप है कि चालक ने कार को करीब 150 मीटर तक घसीटा। विरोध किया तो चालक ने उनकी पत्नी पर भी ट्रक चढ़ाने की कोशिश की। इसके बाद ट्रक चालक मौके से भाग गया। थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग के आधार पर पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। 

यूजीसी नियमावली के विरोध में प्रदर्शन हिरासत में करणी सेना के 80 कार्यकर्ता 
यूजीसी कानून रोलबैक की मांग को लेकर करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह रघुवंशी के नेतृत्व 80 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। प्रदेश अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह समेत अन्य कार्यकर्ताओं को सिंधोरा थाने में बिठाया गया। राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष ने दो दिन पहले ही जिला कलक्ट्रेट के घेराव का एलान किया था। 

सुबह 11 बजे भोजूबीर चौराहे से जुलूस पैदल ही मुख्यालय पहुंचा। सर्किट हाउस के सामने कैंट एसीपी प्रज्ञा पाठक के नेतृत्व में पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोका। पुलिस ने उन्हें ज्ञापन देकर वापस जाने के लिए कहा। इस पर कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग से आगे बढ़ने का प्रयास किया तो पुलिस ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ा। प्रदेश अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष को हिरासत में लेने के दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस में नोकझोंक हुई। नारेबाजी भी की। 

पैदल मार्च के जरिये महिलाओं को किया जागरूक
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने सोमवार को मिशन शक्ति अभियान चरण 6.0 का शुभारंभ किया। इसके तहत थाना कोतवाली से जागरूकता पैदल मार्च निकाला गया। मार्च का अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) शिवहरि मीणा और पुलिस उपायुक्त जोन काशी गौरव बंशवाल ने शुभारंभ किया। अपर पुलिस उपायुक्त महिला अपराध नम्रिता श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में पैदल मार्च कोतवाली से शुरू होकर मैदागिन, बुलानाला, ठठेरी बाजार, श्री काशी विश्वनाथ धाम मंदिर और मदनपुरा होते हुए गोदौलिया पर समाप्त हुआ। इस जागरूकता रैली में कुल 439 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। 

धोखाधड़ी, धमकी मामले में तीन युवकों पर प्राथमिकी दर्ज
सेवापुरी। न्यायालय के आदेश पर तीन युवकों के खिलाफ धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज किया गया है। इन युवकों ने एक महिला ब्यूटी पार्लर संचालिका से सामान बेचने के नाम पर 39000 रुपये ठगे और धमकी दी। पीड़िता पूजा ने कोर्ट में अधिवक्ता के जरिये आवेदन दिया। जंसा थाना प्रभारी सत्यजीत सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

दोपहर एक से 3 बजे तक एयर शो प्रस्तावित, एयरपोर्ट पर रहेगा नो फ्लाइंग जोन
काशी में 22, 24 और 25 अक्तूबर को होने वाले एयरशो का समय दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक प्रस्तावित है। हालांकि, इसे लेकर अभी प्रशासनिक मुहर नहीं लगी है। शो का समय तैयारियों और संभावनाओं के आधार पर बदला भी जा सकता है। बाबतपुर एयरपोर्ट पर इसी समय के अनुसार, तैयारियों की जा रही हैं। 22, 24 और 25 अक्तूबर को इसी समय पर एयरपोर्ट को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया जाएगा। 

एयरशो को लेकर एयरफोर्स, जिला प्रशासन और पुलिस समेत सभी विभाग तैयारियों में जुटे हैं। रोज उच्चाधिकारियों की ओर से समीक्षा भी की जा रही है। हालांकि एयरशो के समय को लेकर अभी कोई पुख्ता जानकारी साझा नहीं की गई है। फिर भी एयरपोर्ट पर हो रही तैयारियों को देखते हुए यह माना जा रहा है कि एयरशो का समय दोपहर 1 से 3 बजे तक होगा। अधिकारियों के अनुसार, 20 और 21 अक्तूबर को एयरशो के लिए अभ्यास किया जाएगा। इसके बाद तीन दिन शो में विमान एक से बढ़ कर एक करतब दिखाएंगे। शो के लिए 20 विमानों को बाबतपुर एयरपोर्ट पर पार्क किया जाएगा।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मामले में अब 23 अक्तूबर को होगी सुनवाई
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ भगवान श्रीराम पर अमर्यादित टिप्पणी के मामले में सोमवार को सुनवाई टल गई। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एमपी-एमएलए) नीरज त्रिपाठी की अदालत में यह सुनवाई एक अधिवक्ता के निधन के कारण स्थगित हुई। अब इस मामले की अगली सुनवाई 23 अक्तूबर को होगी। यह परिवाद अधिवक्ता हरिशंकर पांडेय ने दाखिल किया है। 

राहुल गांधी पर अमेरिका के बोस्टन स्थित ब्राउन विश्वविद्यालय में भगवान श्रीराम पर विवादित बयान देने का आरोप है। यह घटना 21 अप्रैल 2025 को छात्रों के साथ एक सत्र के दौरान हुई थी। राहुल गांधी पर भगवान राम को ‘पौराणिक’और उनके युग की कहानियों को ‘काल्पनिक’ बताने का आरोप है। इन बयानों से करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत होने का दावा किया गया है। उन पर राम मंदिर का विरोध करने का भी आरोप है। 

उन्होंने विदेश में जाकर भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए। पिछली सुनवाई में परिवादी ने राहुल गांधी की आपत्ति पर प्रति आपत्ति दाखिल की थी। राहुल गांधी के अधिवक्ताओं ने वकालतनामा दाखिल कर पक्ष रखने का आवेदन किया है। अवर न्यायालय ने 27 मई 2025 को परिवाद पत्र को पोषणीय न मानते हुए खारिज कर दिया था। 

प्रसन्ना प्रधान होंगे एयरपोर्ट के नए निदेशक
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की ओर से सोमवार की देर शाम जारी संशोधित प्रशासनिक आदेश के तहत लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट वाराणसी के नए निदेशक की जिम्मेदारी प्रसन्ना प्रधान को दी गई है। वहीं, पूर्व निदेशक पुनीत गुप्ता को मुख्यालय से अटैच किया गया है। वाराणसी एयरपोर्ट पर सेवाएं दे रहे पुनीत गुप्ता को अब मुख्यालय (सीएचक्यू) में जीएम (आरसीएस) (एक्स कैडर) के पद पर तैनात किया गया है। पूर्व के आदेश में इन्हें भुवनेश्वर का एयरपोर्ट निदेशक बनाया जाना था। इससे पहले पुणे एयरपोर्ट के निदेशक संतोष ढोके को निदेशक बनाने का आदेश जारी किया गया था। 

दौलतपुर उपकेंद्र से 3 घंटे कटेगी बिजली
दौलतपुर उपकेंद्र से मंगलवार को तीन घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। यह कटौती सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक तीन घंटे के लिए होगी। नगरीय विद्युत निर्माण खंड-द्वितीय के अधिशासी अभियंता वीरेन्द्र सिंह ने बताया कि दौलतपुर उपकेंद्र से 11केवी रामरेपुर (आंशिक), 11केवी श्रीनगर और भक्ति नगर प्रभावित रहेंगे। 

शहरी सीमा से सटे इलाकों में कोहरे जैसा दृश्य
तीन दिन से दिन में बादलों की आवाजाही और हवा में नमी के बाद सोमवार सुबह मौसम का मिजाज बदला नजर आया। शहरी सीमा से सटे इलाकों में सुबह कोहरे जैसा दृश्य दिखा। सुबह ओस अधिक होने से सिहरन जैसा महसूस हुआ। इसके बाद धूप तो हुई, लेकिन बादलों की आवाजाही दिन भर जारी रहने की वजह से धूप का असर भी कम दिखा।

तापमान में भी लगातार उतार-चढ़ाव जारी है। सोमवार को अधिकतम तापमान औसत से 1.1 डिग्री सेल्सियस कम होकर 33.0 जबकि न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस कम होकर 21.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव का कहना है कि इस सप्ताह तक इसी तरह का मौसम बने रहने के आसार हैं। अगले सप्ताह से हवा में नमी बढ़ने के साथ ही सिहरन के भी बढ़ने की संभावना है। 

नामावली में गड़बड़ी से अटकेगा आवेदन, 15 तक सुधार का मौका
बोर्ड परीक्षा 2027 की तैयारियों के बीच माध्यमिक शिक्षा परिषद ने 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की अग्रिम पंजीकरण और परीक्षा आवेदन प्रक्रिया में आ रही विसंगतियों को दूर करने के निर्देश दिए हैं। विद्यार्थियों के नाम, फोटो, शुल्क और अभिलेखों से जुड़ी गलतियों के कारण दिक्कतों को देख विद्यालयों को 15 अक्तूबर तक सुधार कर नामावली जमा करने को कहा गया है। ऐसा न होने पर छात्रों का आवेदन अटक सकता है।

माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी के अपर सचिव भास्कर मिश्र ने पत्र जारी कर 15 जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं के अग्रिम पंजीकरण और परीक्षा आवेदन को पूरी सतर्कता से भरवाएं। आवेदन ऑनलाइन भरने के बाद विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पंजीकृत विद्यार्थियों की फोटोयुक्त नामावली डाउनलोड कर कोष पत्रक की एक प्रति के साथ क्षेत्रीय कार्यालय भेजनी है। 

विभिन्न जिलों से विद्यार्थियों की नामावली जनरेट और डाउनलोड नहीं होने की शिकायतें मिली हैं। इसके पीछे शुल्क जमा करने, चालान अपलोड करने, एक विद्यार्थी का एक से अधिक विद्यालयों में पंजीकरण होने, आवश्यक अभिलेखों की जानकारी अधूरी रहने और फोटो उपलब्ध नहीं होने जैसी विसंगतियां सामने आई हैं। 

हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज से निकली जागरूकता रैली
हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को मिशन शक्ति फेज–5 के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर रजनीश कुंवर ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर कोतवाली, मैदागिन होते हुए दशाश्वमेध तक गई। इस दौरान छात्राओं ने महिला अधिकारों एवं महिला सशक्तीकरण से संबंधित नारों के माध्यम से महिलाओं को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान उपप्राचार्य प्रो. विश्वनाथ वर्मा, प्रो. वंदना, डॉ. प्रज्ञा रहे। 

आईएमएस बीएचयू के 7 शिक्षकों को मिली सदस्यता
आईएमएस बीएचयू के सात संकाय सदस्यों को नेशनल एकेडमी ऑफ मेडिकल साइंसेज (एनएएमएस), नई दिल्ली की सदस्यता (एमएएमएस) मिली है। चेन्नई में आयोजित एनएएमएस के राष्ट्रीय सम्मेलन में नीति आयोग के सदस्य डॉ. गोवर्धन दास ने सभी को सम्मानित किया। ईएनटी विभाग के अध्यक्ष डाॅ. विश्वंभर सिंह, डॉ. भुवाल राम, डॉ. अखिलेश चंद्र, डॉ. दीपा रानी, डॉ. अभिषेक पाठक, डॉ. वरुण कुमार सिंह, डॉ. सौमिक घोष और डॉ. प्रसेनजीत बोस शामिल हैं। प्रो. टीपी चतुर्वेदी, प्रो. एसएन संखवार ने बधाई देते हुए सभी को प्रोत्साहित किया। 

मुस्कान बनीं एक दिन की जिला विद्यालय निरीक्षक
मिशन शक्ति विशेष अभियान फेज-6 के तहत सोमवार को कस्तूरबा बालिका इंटर कॉलेज में कक्षा-12 की छात्रा मुस्कान भारती को एक दिन के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक बनाया गया। मुस्कान ने भूमिका को बखूबी निभाया। जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पहल का उद्देश्य बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, प्रशासनिक समझ और निर्णय लेने की क्षमता बढ़ाना है। साथ ही उन्हें भविष्य में विभिन्न प्रशासनिक व अन्य जिम्मेदार पदों पर अपनी भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। मुस्कान ने विभागीय कार्यप्रणाली की जानकारी ली।  

बीएचयू में विद्यार्थियों ने फैशन शो में दिखाई प्रतिभा
बीएचयू के दृश्य कला संकाय के टेक्सटाइल डिजाइन अनुभाग में चल रही छह दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला ‘’डिजाइन प्रोसेस’’ का समापन फैशन शो के साथ हुआ। अंग्रेजी विभाग की प्रो. आरती निर्मल, दृश्य कला संकाय प्रमुख प्रो. जसमिंदर कौर, डॉ. किरन गुप्ता और टेक्सटाइल डिजाइन विशेषज्ञ श्याम शर्मा ने विद्यार्थियों के लिए इस तरह के आयोजन को उपयोगी बताया। रचनात्मकता, रंग-संयोजन, वस्त्रों के चयन और परिधानों की प्रस्तुति ने फैशन शो को सराहनीय और यादगार बनाया। प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र दिए गए। 

शिक्षण संस्थान की विरासत हैं पूर्व छात्र
बीएचयू में प्रबंध शास्त्र संस्थान में पुरातन छात्र सम्मेलन में पूर्व छात्रों ने कॉलेज के दिनों की यादों को साझा किया। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पूर्व छात्रों को सम्मानित किया गया। निदेशक प्रो. आशीष बाजपेयी ने कहा कि पूर्व छात्र किसी भी शैक्षणिक संस्थान के लिए उसकी विरासत और मूल्यों के ध्वजवाहक होते हैं। बीएचयू मैनेजमेंट एलुमनाई एसोसिएशन की ओर से प्रो. बाजपेयी ने पूर्व छात्रों से पुनः जुड़ने, पुरानी स्मृतियों को साझा करने और स्थान के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

समारोह में ओएनजीसी के सेवानिवृत्त महाप्रबंधक और संस्थान के पूर्व छात्र अनिरुद्ध माहेश्वरी, आईआईएम कोलकाता के निदेशक प्रो. आलोक कुमार राय और विपणन रणनीतिकार नवीन मिश्रा को सम्मानित किया गया। 2014 बैच के पूर्व छात्र मोहित रंगानी, अनुज अरोड़ा को यंग अचीवर्स अवॉर्ड दिया गया। अनुज ने सीखने और कौशल-विकास में निवेश के महत्व पर बल दिया।

बाजारों में समाजवादी व्यापार सभा ने थाली-चम्मच बजाकर किया विरोध
यूपीआई भुगतान पर प्रस्तावित एमडीआर चार्ज के विरोध में शहर के बाजारों में समाजवादी व्यापार सभा ने थाली-चम्मच बजाकर विरोध जताया। सोमवार को सभा के जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता, महानगर अध्यक्ष काशी नाथ गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों ने मैदागिन, बुलानाला, नीचीबाग, ठठेरी बाजार, चौक स्थित बाजारों में विरोध जताया। सरकार से प्रस्तावित एमडीआर चार्ज के संबंध में पुनर्विचार करने की मांग की। कार्यकर्ता हाथों में बैनर, तख्ती लेकर चल रहे थे। मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर प्रदेशव्यापी कार्यक्रम रहा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि केंद्र सरकार इस तुगलकी फैसले को जबरन दुकानदारों और आम जनता पर थोपेगी तो पूरे प्रदेश में आंदोलन होगा। प्रदर्शन में पारस नाथ जायसवाल, डॉ अजय चौरसिया, मो दिलशाद अहमद, ईशान श्रीवास्तव, मनीष सेठ शामिल रहे। 

97 किसानों के बैंक खाते में पहुंचे 2.42 लाख 
बाढ़ से फसल क्षति झेलने वाले तहसील सदर के 97 किसानों को शासन की ओर से राहत मिली है। सोमवार को इन किसानों के बैंक खातों में कृषि निवेश अनुदान के रूप में कुल 2,42,586 रुपये ई-पेमेंट के माध्यम से भेजे गए। तहसील सदर में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. सदानंद गुप्ता ने किसानों को अनुदान के प्रमाणपत्र भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान को कम करने के उद्देश्य से यह अनुदान दिया गया है। इस दौरान अपर नगर मजिस्ट्रेट द्वितीय देवेंद्र कुमार, तहसीलदार सदर आशीष सिंह, नायब तहसीलदार श्वेता मिश्रा, मिनी एल. शेखर आदि मौजूद रहे। 

किसानों का सर्किल रेट बढ़ाए सरकार
राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश सचिव श्याम किशोर सिंह ने बयान जारी कर सरकार का सहयोगी दल होने के नाते सरकार से किसानों के जमीनों का सर्किल रेट बढ़ाने की मांग की। पिछले 10 वर्षों में सोने सहित हर वस्तु के दामों में काफी बढ़ोतरी हुई लेकिन किसानों के जमीन का सर्किल रेट नहीं बढ़ा। इसके साथ ही प्रदेश में डबल इंजन की अच्छी सरकार है। अकेलवां रिंग रोड से भदोही जिले की मुख्य सड़क के अधूरी निर्माण को भी पूरा करने की मांग की। 

बालिकाओं ने भ्रूणहत्या के खिलाफ निकाली रैली
आशा ट्रस्ट के तत्वावधान में सोमवार को बेनीपुर में बालिकाओं ने नशा, भ्रूणहत्या, दहेज व बालविवाह के खिलाफ रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया। मिर्जामुराद क्षेत्र के बेनीपुर, नागेपुर, करधना, गनेशपुर, कुंडरिया व आसपास के गांव से 100 से ज्यादा बालिकाओं ने हिस्सा लिया। उद्घाटन ग्राम प्रधान उमेश पटेल, पंचायत सचिव अंकित प्रताप सिंह और लोक समिति संयोजक नंदलाल मास्टर ने दीप जलाकर किया। संयोजिका सोनी ने अपने विचार रखे। ओडिशा से आए सामाजिक कार्यकर्ता रंजीत देहुरी ने कहा कि नशा, दहेज, बाल विवाह व कन्या भ्रूण हत्या समाज में अभिशाप है। स्वागत आशा मौर्या व राजकुमारी ने किया। अध्यक्षता अनीता, संचालन आशा ने किया।

ट्राॅमा में इलाज से जुड़ी बारीकियां बताईं
आईएमएस बीएचयू में भारतीय ट्रॉमा एवं एक्यूट केयर सोसाइटी के चार दिवसीय वार्षिक सम्मेलन में ट्रॉमा में इलाज से जुड़ी बारीकियों से प्रतिभागियों को रूबरू कराया गया। इस दौरान विशेषज्ञों ने चोट से होने वाली मौत को कम करने के लिए एकीकृत ट्रॉमा व्यवस्था को उपयोगी बताया।  चार दिवसीय सम्मेलन में उत्कृष्ट शोध और वैज्ञानिक प्रस्तुतियों के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए। केएन उडुप्पा सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने साक्ष्य-आधारित उपचार पद्धतियों पर चर्चा की। समापन समारोह में आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने अकादमिक उत्कृष्टता और शोध योगदान को मान्यता देते हुए यंग फैकल्टी अवॉर्ड, रेजिडेंट पेपर अवॉर्ड, फ्री पेपर अवॉर्ड और पोस्टर प्रस्तुति पुरस्कार सहित विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार से विजेताओं को नवाजा। कार्यक्रम में प्रो. एसके भारतीय, डॉ. शशि प्रकाश मिश्रा, डॉ. सुमित शर्मा,डॉ. विवेक कटियार आदि मौजूद रहे। 

आईसार्क प्रयोगशाला ग्लोसोलन की सदस्य बनी
अंतरराष्ट्रीय धान अनुसंधान संस्थान के दक्षिण एशिया क्षेत्रीय केंद्र (आईसार्क) की पादप और मृदा प्रयोगशाला 7 अक्तूबर 2026 को वैश्विक मृदा प्रयोगशाला नेटवर्क (ग्लोसोलन) की सदस्य बन गई है। इससे उसे दुनिया भर की प्रयोगशालाओं से तकनीकी जानकारी साझा करने का अवसर मिलेगा। इरी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. एंथनी फुलफोर्ड ने कहा कि ग्लोसोलन की सदस्यता राष्ट्रीय संदर्भ प्रयोगशाला, आईसीएआर-भारतीय मृदा विज्ञान संस्थान के साथ संबंधों को मजबूत करेगी। इरी के मृदा वैज्ञानिक डॉ. देबब्रत नाथ ने बताया कि यह सदस्यता क्षेत्रीय मृदा विज्ञान को वैश्विक विश्लेषण मानकों से जोड़ेगी। 

बच्चों को सिखाया आपदा प्रबंधन
वन विभाग के चिड़िया घर पार्क में सोमवार को एनडीआरएफ और वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में स्कूली बच्चों को आपदा प्रबंधन के गुर सिखाए गए। मुख्य अतिथि वन संरक्षक डॉ. रवि कुमार सिंह ने कहा कि स्कूल में आपदा प्रबंधन का भी एक विषय होना चाहिए। जिसे विद्यार्थियों को आपदा में खुद और आसपास के लोगों को मदद कर सके। एनडीआरएफ के जवानों ने विद्यार्थियों को आपदा में घायल लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने, हृदयाघात में पीड़ित को सीपीआर देना सिखाया। इस दौरान डीएफओ निधि चौहान, रवींद्र यादव, वन दरोगा अमित दुबे, सहित विद्यालय के बच्चे उपस्थित रहे। 

रास्ता बनवाने के लिए ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन
सारनाथ के छांही गांव में सड़क नहीं बनने से परेशान ग्रामीणों ने मंगलवार को भाजपा के शक्तिकेंद्र संयोजक अवनीश कुमार के नेतृत्व में एडीओ पंचायत को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि करीब 500 मीटर लंबा रास्ता कई साल से कच्चा है। रास्ता बनवाने के लिए कई बार ग्राम प्रधान से गुहार लगाई गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। एडीओ पंचायत अशोक चौबे ने ग्रामीणों को जल्द सड़क बनवाने का आश्वासन दिया। 

500 श्रमिकों की जांच कर दिए चश्मे
करखियाव के एग्रो पार्क परिसर स्थित यूपीएसआईडीसी के प्रशासनिक भवन में सोमवार को श्रम विभाग और एग्रो पार्क इंडस्ट्रीज वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय मेडिकल कैंप लगाया गया। इसमें 800 श्रमिकों की नेत्र, शुगर, खून जांच की गई। 500 लोगों को चश्मे दिए गए। शुभारंभ एग्रो पार्क इंडस्ट्रीज सोसायटी के अध्यक्ष और उद्यमी मनोज मद्धेशिया ने किया। इस दौरान चिकित्सक डॉ. प्रवीण कुमार, डॉ. निहारिका मौर्य, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. श्रुति चतुर्वेदी, फार्मासिस्ट अजय मिश्रा मौजूद रहे। 

लोहिया ने जगाई थी समाजवाद की अलख 
समाजवादी चिंतक राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि सोमवार को मनाई गई। महानगर कार्यालय, भेलूपुर में उनके विचारों, नीतियों एवं आदर्शों पर गोष्ठी हुई। इसकी अध्यक्षता कर रहे महानगर अध्यक्ष दिलीप डे ने कहा कि डॉक्टर लोहिया ने जो समाजवाद का अलख जगाई, उसे आगे बढ़ाने का काम नेताजी मुलायम सिंह यादव ने किया। 

महानगर अध्यक्ष ने कहा कि उन्हीं की समाजवादी सोच और नीतियों पर आज हम सभी समाजवादी साथी चल रहे हैं। हम सभी यह शपथ लेते हैं कि डॉक्टर लोहिया का जो सपना था उसको पूरा करने के लिए लगातार संघर्ष करते हुए हर कुर्बानी देने के लिए तैयार रहेंगे। संचालन महानगर महासचिव योगेंद्र यादव और धन्यवाद ज्ञापन मीडिया प्रभारी रामजी यादव ने किया। इस अवसर पर डॉ. सूबेदार सिंह, डॉ. बहादुर सिंह यादव, आनंद सिंह, महेंद्र सिंह यादव, कलाम आजाद, अनिल साहू ने अपने विचार रखे। इस अवसर पर रामसिंह यादव, गोपाल पाण्डेय, आनंद प्रकाश तिवारी, रामकुमार यादव, संजय पहलवान मौजूद रहे। 

सुरमई भेंटों से भावविभोर हुए भक्त
मंडुवाडीह स्थित गणपति रेजिडेंसी सोसाइटी में सोमवार को शारदीय नवरात्र के अवसर पर माता की चौकी सजाई गई। इस दौरान घंटों तक भजनों की सुर सरिता बहती रही और मां के जयकारे लगते रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अखंड ज्योति प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद भजन गायक उर्वशी श्रीवास्तव और उनकी टीम ने माता रानी की भेंटें और भक्ति गीत प्रस्तुत किए। इन भजनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। गणपति रेजिडेंसी सोसाइटी के अध्यक्ष अरुण तिवारी ने कहा कि धार्मिक आयोजन सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं को मजबूत करते हैं। इस चौकी में सोसाइटी के संरक्षक रमेश सिंह, अजय सिन्हा, डॉ अनिल श्राव, अवध नारायण राय ने भाग लिया। 

नौ नवंबर को होगा दिवाली मिलन समारोह
सर्व वैश्य समाज समिति के ओर से आगामी दिवाली मिलन समारोह मनाने की तैयारियों को लेकर मारवाड़ी समाज भवन में पदाधिकारियों ने बैठक की। इसमें समिति के शीर्ष पदाधिकारी और वैश्य समाज के विभिन्न उपवर्गों व घटकों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में तय हुआ कि नौ नवंबर को नाटी इमली स्थित गणेश मंडपम में मनाया जाएगा। समिति के अध्यक्ष आरके चौधरी ने कहा कि दिवाली केवल दीप प्रज्वलन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आपसी प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता का सशक्त माध्यम है। इस वर्ष का आयोजन पूर्व के वर्षों की तुलना में अधिक व्यापक और भव्य स्तर पर होगा। समिति के महामंत्री दीपक कुमार बजाज ने समारोह के मुख्य आकर्षणों की घोषणा की। 

महाकवि प्रसाद की अमर कृति ‘ध्रुवस्वामिनी’ का मंचन हुआ
नागरी नाटक मंडली के मुरारी लाल प्रेक्षागृह में सोमवार को महाकवि जयशंकर प्रसाद की नाट्य रचना ध्रुवस्वामिनी का मंचन हुआ। यह आयोजन भारतेंदु नाट्य अकादमी, संस्कृति विभाग, नागरी नाटक मंडली न्यास और जिला प्रशासन वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

मुख्य अतिथि यूपी सरकार के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने कहा कि सरकार प्रदेश के भौतिक संसाधनों के विकास के साथ अपनी समृद्ध संस्कृति और संस्कारों के संरक्षण के लिए संकल्पित है। पद्मश्री डॉ. राजेश्वर आचार्य ने जयशंकर प्रसाद को नमन करते हुए कहा कि ध्रुवस्वामिनी भारतीय मातृ चेतना और स्वाभिमान को सशक्त रूप से अभिव्यक्त करती है। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीद सैनिकों के परिजनों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। 
विज्ञापन

कहइ रीछपति सुनु हनुमाना का चुप साधि रहेहु बलवाना
कहइ रीछपति सुनु हनुमाना, का चुप साधि रहेहु बलवाना... अर्थात् सौ योजन विस्तृत विशाल समुद्र को पार करने को लेकर जब सभी वानर असमंजस में थे, तब जाम्बवंत जी ने हनुमान जी को उनके असीम बल का स्मरण कराया। स्मरण होते ही हनुमान जी ने प्रचंड गर्जना की।

रामलीला के 18वें दिन सोमवार को बालि वध, सुग्रीव के राजतिलक और हनुमान जी के बल-स्मरण के प्रसंगों का सजीव मंचन किया गया। प्रभु श्रीराम ने सुग्रीव को दिया वचन निभाते हुए उन्हें बालि से पुनः युद्ध करने के लिए भेजा। दोनों भाइयों के एक समान रूप के कारण श्रीराम ने सुग्रीव की पहचान के लिए उन्हें माला पहनाई। जब युद्ध में सुग्रीव पराजित होने लगे, तब श्रीराम ने वृक्ष की ओट से बाण चलाकर बालि का वध किया। बालि के प्रश्नों पर प्रभु ने उसे न्यायसंगत उत्तर देकर शांत किया। इसके बाद बालि ने अपने पुत्र अंगद को श्रीराम के चरणों में सौंपकर प्राण त्याग दिए।

तत्पश्चात सुग्रीव का राजतिलक हुआ और वे किष्किंधा के राजा बने। वर्षाकाल बीतने पर भी जब सुग्रीव राजमद में डूबकर सीता की खोज भूल गए, तब श्रीराम के आदेश पर लक्ष्मण ने उन्हें चेताया। भयभीत सुग्रीव ने तुरंत वानर सेना को एक पखवाड़े की मोहलत देकर चारों दिशाओं में रवाना किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें