वाराणसी। शहर में चल रही प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट की शनिवार को कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने समीक्षा की। इस दौरान कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि मार्च 2022 तक पूरे होने वाले प्रोजेक्ट को रिप्लानिंग कर दिसंबर 2021 में पूरा किया जाए। समस्त कार्यदायी संस्थाओं एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि बड़े प्रमुख प्रोजेक्ट का डॉक्यूमेंटेशन, वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी तैयार कराएंगे, जिसमें प्रोजेक्ट से पूर्व व बाद में विकास परिदृश्य होगा।
कमिश्नर सभागार में आयोजित बैठक के दौरान कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने कहा कि शहर में हैप्पी स्ट्रीट, गौरव पथ, वेंडरों की सिमेट्री, एफसीआई अप्रूव्ड फूड कोर्ट, वेंडरों से कैशलेस ट्रांजैक्शन होंगे। इसके लिए प्लानिंग की गई। इसके परिणाम एक से डेढ़ माह के अंदर शहर में दिखेंगे। पहले चरण में दुर्गाकुंड, लंका, अस्सी, कबीर चौरा, सारनाथ, सिगरा, रविंद्रपुरी क्षेत्रों को लिया गया है। नगर में लगभग 4500 वेंडर हैं। इनका रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है। इनको विभिन्न कार्य पद्धति का प्रशिक्षण होगा। वेंडरों के कार्ड एक समानता के होंगे। वेंडरो को बैंकों से लोन की व्यवस्था की गई है। शहर में 8 सीएनजी स्टेशन संचालित हैं। वर्तमान में क्रियान्वित बनारस में प्रोजेक्ट से शहर में प्रदूषण में क्या कमी आयी, उसका कंपैरेटिव स्टडी होगी।