वाराणसी। सफाई कार्य में अनियमितता बरतने एवं अधिकारियों एवं कर्मियों से दुर्व्यवहार करने के आरोप में सेवा प्रदाता मेसर्स शिफा इंटरप्राइजेज की सेवाएं समाप्त कर दी गई है। यह कार्रवाई नगर आयुक्त गौरांग राठी ने की है। अब एक जुलाई से शहरी आजीविका मिशन के जरिए सफाई कार्य कराया जाएगा।
सेवा समाप्ति का एक प्रमुख कारण यह भी है कि शिफा इंटरप्राइजेज ने अभी तक जमानत की धनराशि नगर निगम कोष में जमा नहीं कराई है। इस संबंध में संस्था को नोटिस भी दिया गया। इसके बाद भी जमानत राशि फर्म ने नहीं जमा कराई। शिफा इंटरप्राइजेज ने वाराणसी नगर निगम को कुल 346 सफाई श्रमिकों की आपूर्ति की है। जुलाई से अब यह कार्य जिला नगरीय विकास अभिकरण की शहरी आजीविका मिशन के माध्यम से की जाएगी। सफाई श्रमिकों को वेतन भी सीएलसी के माध्यम से दिया जाएगा जो जुलाई पेड अगस्त होगा। साथ ही जेम पोर्टल से सफाई कर्मचारियों की आपूर्ति हेतु कार्यवाही की जा रही है।
डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए सर्वे आज से
90 वार्डों में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए अपर नगर आयुक्त देवी दयाल ने अपने कार्यालय में बैठक की। कहा कि कूड़ा कलेक्शन करने वाली कंपनी एबी इनवायरो 90 वार्डों में सर्वे का काम शनिवार को सारनाथ वार्ड से शुरू करेगी। अपर नगर आयुक्त के अनुसार 10 दिन के भीतर कंपनी सर्वे कर अपनी रिपोर्ट देगी। जिसके आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।