इधर घर पर उनके पति हाजी सैयद कासिम अहमद अकेले थे। पत्नी की गंभीर हालत और बाद में मौत की सूचना मिलने के बाद वह गहरे सदमे में आ गए थे। बेटे ने कई बार फोन कर उनका हाल जानने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। रात करीब आठ बजे जब परिजन सैय्यदा बेगम का शव लेकर घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक और फिंगर प्रिंट टीम को बुलाया। जांच के बाद दरवाजा तुड़वाकर पुलिस अंदर पहुंची तो बाथरूम में सैयद कासिम अहमद अचेत अवस्था में पड़े मिले। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पत्नी की मौत के सदमे से उन्हें हृदयाघात आया होगा।
परिजनों और रिश्तेदारों ने पोस्टमार्टम न कराने की मांग की, लेकिन संदिग्ध परिस्थितियों में सूचना मिलने के कारण पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कराई। परिवार में एक बेटा और दो विवाहित बेटियां हैं। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।