वाराणसी में 17 महीने में 178 चोरियां।
- फोटो : अमर उजाला
Varanasi News: 17 महीने में जिले में चोरी की 178 वारदात दर्ज की गईं, जिनमें 21 मामलों में 20 लाख की नकदी, जेवर और अन्य सामान चोरी हुए। पुलिस ने विशेष टीमें गठित कीं, सीसीटीवी फुटेज खंगाले, आरोपियों की गिरफ्तारी की और कुछ मामलों में मुठभेड़ भी सामने आई। पांच लाख रुपये से कम की चोरियों में 60 प्रतिशत फरियादियों को खुलासे का इंतजार है। उनकी शिकायतें अभी फाइलों में बंद पड़ी हैं।
आंकड़ों के अनुसार, छोटी चोरी के 60 प्रतिशत मामलों में पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। घरों, दुकानों और वाहनों से जुड़े दर्जनों मामलों में पीड़ितों को केवल प्राथमिकी दर्ज होने का भरोसा मिला, लेकिन जांच आगे नहीं बढ़ सकी।
कई शिकायतकर्ता महीनों बाद भी अपने नुकसान की भरपाई तो दूर, आरोपियों की गिरफ्तारी तक नहीं देख पाए हैं। दूसरी ओर हाईप्रोफाइल या बड़ी रकम वाले मामलों में पुलिस की सक्रियता है। बड़ी चोरी के मामलों में तकनीकी संसाधनों और विशेष टीमों के सहारे कार्रवाई संभव है, लेकिन ये तकनीकी छोटी चोरियों में अमल में नहीं लाई जा रही हैं।
शिवपुर चोरी का हॉटस्पॉट सबसे ज्यादा चोरियां शिवपुर थाना क्षेत्र में हुईं। हर सातवें दिन चोरी का मामला थाने में दर्ज होता है। कमिश्नरेट में हुई कुल चोरियों में 35 प्रतिशत अकेले शिवपुर थाना क्षेत्र में दर्ज की गई। चोरी पर लगाम ना लगाने के चलते थाना प्रभारियों को लाइन हाजिर तक किया गया। शहर के सापेक्ष ग्रामीणों इलाकों में चोरी की घटनाएं ज्यादा दर्ज की गई।
बड़े मामले... इसमें 48 घंटे तो किसी में सात दिन में हुई गिरफ्तारी
10 जनवरी को चौक थाना क्षेत्र के कर्णघंटा में हुई बड़ी चोरी के मामले में पुलिस ने एसओजी, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम गठित की। 48 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग तीन करोड़ रुपये मूल्य का सोना बरामद किया गया। जांच में केयरटेकर की संलिप्तता सामने आई।
संकट मोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वम्भर नाथ मिश्र के तुलसी घाट आवास से एक करोड़ से अधिक के आभूषण और तीन लाख रुपये चोरी हुए। पुलिस ने कार्रवाई कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामले में तीन आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया था।
दो वर्ष पूर्व सिगरा थाना क्षेत्र के गांधी नगर में एक शिक्षिका के घर से नकदी समेत लगभग 50 लाख रुपये की चोरी हुई थी। घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंची।
रोहनिया क्षेत्र में 6 अप्रैल 2026 को लगभग 30 लाख रुपये के जेवर और नकदी चोरी हुई थी। पुलिस ने लगातार जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से 15 दिनों के भीतर मामले का खुलासा किया। मुख्य आरोपी शनि धरकार गिरफ्तार हुआ तथा 19 लाख रुपये का माल बरामद किया गया।
चितईपुर क्षेत्र में 3 जून को परिवार के बाहर रहने के दौरान घर से 21 लाख रुपये की चोरी हुई। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
23 मई को मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के मडौली इलाके में नकदी और आभूषण समेत करीब 23 लाख रुपये की चोरी हुई। घटना के बाद पुलिस ने कई संदिग्धों को चिह्नित किया। त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई और जांच आगे बढ़ाई गई।